Unnao: GangRape आरोपियों ने पीड़िता के घर को आग लगाई, प्रियंका Vadra ने ट्वीट कर राज्य सरकार से सवाल पूछा
Unnao: मौरावां क्षेत्र में नाबालिग दलित लड़की से हुए रेप, और उसके घर में आगजनी मामला में अभी तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जबकि, तीन लोग अभी भी फरार हैं. इसी बीच, कांग्रेस की नेता प्रियंका Vadra ने ट्वीट कर राज्य सरकार से सवाल पूछा है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और शिवपाल यादव भी पूरे घटनाक्रम को लेकर सरकार पर तंज कस चुके हैं.
उत्तर प्रदेश में कुछ वर्षों से क्रूरता की एक ही कहानी बार-बार दोहराई जा रही है।
अपराधी इतने बैखौफ हैं कि उनकी क्रूरता का शिकार महिलाओं को वे वर्षों तक प्रताड़ित करते रहते हैं और नाकाम प्रशासन मौन होकर देखता रहता है।
प्रदेश की महिलाओं को झूठे विज्ञापन नहीं, सुरक्षा चाहिए। pic.twitter.com/9eBBJjMbRi
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) April 19, 2023
सामूहिक दुष्कर्म के दो आरोपी एक माह पहले जेल से जमानत पर छूटे थे. सोमवार की देर शाम वो अपने दो अन्य साथियों के साथ पीड़िता के घर आ धमके थे. पीड़िता व उसकी मां का आरोप है कि आरोपी उन पर मुकदमे में समझौते का दबाव बनाते हुए उनके साथ गाली-गलौज करने लगे. जब उन्होंने विरोध किया तो उनकी लाठी-डंडे से पिटाई की गई. पीड़िता व उसकी मां के हाथ व पैर पर चोट के गहरे निशान मिले हैं.
पीड़िता और उसकी मां का आरोप है कि आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए घर के भीतर रखे छप्पर में आग लगाकर मासूम बच्चों को जिंदा जलाने का प्रयास किया. इस अग्निकांड में पीड़िता का सात माह का बेटा व उसकी दो माह की बहन झुलस गई. सूचना मिलने पर वहां पहुंची मौरावां पुलिस ने घायल दोनों बच्चों को आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया है. इनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए यहां से इन्हें पहले कानपुर, फिर लखनऊ रेफर कर दिया गया है.
Unnao के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सिद्धार्थ शंकर मीणा ने बताया कि पूरे मामले में अभी तक चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है. आगे की कार्रवाई की जा रही है. घटना में तीन नामजद अभियुक्त अभी फरार बताए जा रहे हैं जिनकी तलाश जारी है.

