समाचार
मुजफ्फरनगर में दिनदहाड़े लूट की वारदात से मचा हड़कंप, घटना सीसीटीवी में कैद
मुजफ्फरनगर। जनपद में बेखौफ बदमाशों का आतंक लगातार बढ़ता ही जा रहा है। सिविल लाइन इलाके के महावीर चौक पर बाइक सवार बदमाशों ने युवक से पैसे छीने और मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े 1 लाख की लूट से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं लूट की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुटी है। आपको बता दें कि 2 दिन पूर्व भी दिनदहाड़े एक युवक से लूट की गई थी जिसको देखकर लगता है कि इंस्पेक्टर अपराध पर अंकुश लगाने में फेल हो रहे है।
पुलिस ने कई वांछितों को गिरफ्तार किया
मुजफ्फरनगर। अलग अलग स्थानों से कई वांछितों को गिरफ्तार किया। थाना नई मण्डी पर नियुक्त उ0नि0 योगेश कुमार द्वारा वारण्टी अभियुक्त मिन्टू उर्फ पिन्टू पुत्र बनी उर्फ बलिराम निवासी कूकडा थाना नई मण्डी मुजफ्फरनगर को अभियुक्त के मसकन से गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा थाना चरथावल पर नियुक्त उ0नि0 ओमेन्द्र सिंह द्वारा वांछित अभियुक्त आरिफ पुत्र नजीबूद्दीन निवासी सरवट थाना सिविल लाइन मुजफ्फरनगर को दधेडू तिराहे से गिरफ्तार किया गया। वहीं थाना रामराज पर नियुक्त उ0नि0 संजय कुमार द्वारा वांछित अभियुक्त इरफान राना पुत्र इकबाल राना नि0 कैराना बस स्टैण्ड शामली जनपद शामली को अभियुक्त के मसकन से गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा थाना तितावी पर नियुक्त उ0नि0 रमेश चन्द द्वारा वांछित अभियुक्त अब्बास पुत्र जबर निवासी कांधला थाना शामली मुजफ्फरनगर को अभियुक्त के मसकन से गिरफ्तार किया गया।
आरोपी को चोरी के माल सहित गिरफ्तार किया
मुजफ्फरनगर। थाना भोपा पर नियुक्त उ0नि0 वीर नारायण सिंह द्वारा अभियुक्त समरपाल पुत्र झडिया निवासी महमूदपुर माजरा थाना भोपा मुजफ्फरनगर को से गिरफ्तार कर सफल अनावरण किया गया। अभियुक्त के कब्जे से उपरोक्त मुकदमों से सम्बन्धित 37 पुडा बीडी-502 व 27 मार्का,01 साईकिल, 01 इन्वर्टर बैट्री व 03 एलईडी टीवी तथा 01 तमंचा मय 02 जिन्दा कारतूस 315 बोर बरामद किये गये।
जंगल मे मिला महिला के शव की नहीं हुई शिनाख्त
शाहपुर। जंगल मे मिले महिला के शव की आज तक कोई शिनाख्त नही हो पाई है। पुलिस हुलिये के आधार पर मृतक की पहचान कराने के प्रयास मे जुट गई है। पुलिस सूखे के अनुसार शाहपुर थाना क्षेत्र की मीरापुर पुलिस चौकी क्षेत्र मे विगत 15 सितम्बर 2021 को करीब 35 वर्षीय अज्ञात महिला का शव पडा मिला था। पुलिस मृतक की शिनाख्त के प्रयास मे लगी है। ताकि मृतका के परिवारजनो को इस हादसे की जानकारी दी जा सके।
चोरी करने की सूचना से पुलिस में हडकम्प मचा
चरथावल। बाईक सवार अज्ञात चोरो द्वारा एक व्यक्ति के हजारो रूपये चोरी करने की सूचना से पुलिस मे हडकम्प मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन मे जुट गई। सूत्रो के अनुसार कस्बा स्थित एक बैंक की शाखा से पैसे निकलवा कर अपने घर जा रहे व्यक्ति के करीब 49 हजार रूपये बाईक सवार अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिए जाने की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन मे जुट गई। पुलिस सूत्रो का कहना है कि मामले की जांच पडताल के बाद ही इस सम्बन्ध मे कुछ कहा जा सकेगा।
अवैध शराब सहित गिरफ्तार किया
मुजफ्फरनगर। थाना ककरौली पर नियुक्त उ0नि0 सतवीर सिंह द्वारा अभियुक्त कल्लू उर्फ सुमित पुत्र सोमपाल निवासी कमहेडा थाना ककरौली मुजफ्फरनगर को खोकनी रजवाहे पुलिया से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से 05 लीटर कच्ची शराब नाजायज बरामद की गयी। इसके अलावा थाना ककरौली पर नियुक्त उ0नि0 महेन्द्र त्यागी द्वारा अभियुक्त अंकुर पुत्र धर्मवीर निवासी चौरावाला थाना ककरौली मुजफ्फरनगर को दौलतपुर तिराहे से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से 05 लीटर कच्ची शराब नाजायज बरामद की गयी। वहीं थाना ककरौली पर नियुक्त उ0नि0 रामस्नेही द्वारा अभियुक्त मोनू पुत्र मदन निवास बेहडा सादात थाना ककरौली मुजफ्फरनगर को बेहडा सादात के पास से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से 05 लीटर कच्ची शराब नाजायज बरामद की।
सपा ने संघर्षकारी नेताओ को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी
मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी में सक्रिय संघर्षकारी नेताओ को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर उनका अभिनंदन किया गया।
सपा में जिला मीडिया प्रभारी व बेहद सक्रिय नेता साजिद हसन को पुरकाजी विधानसभा प्रभारी की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। वंही सपा के युवा नेता डॉ इसरार अल्वी को विपक्ष में निडरता के साथ सपा में लगातार सक्रिय भूमिका निभाने पर एक बार फिर सम्मान देते हुए सपा में समाजवादी लोहिया वाहिनी प्रदेश सचिव बनाकर सम्मान दिए जाने पर आज सपा कार्यालय पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में सपा कार्यक्रताओं व उनके समर्थकों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी एडवोकेट ने नए पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि जनता के हितों के लिए संघर्ष करने वाले सभी जुझारू कार्यकर्ताओं को सपा हमेशा सम्मान देती है। किसान मजदूर नौजवान का उत्पीड़न करने वाली व सबका सम्मान सबका विश्वास के अपने नारे को धोखे में बदलने वाली भाजपा सरकार को जनता हटाना चाहती है, तथा हर जाति वर्ग को सम्मान व अधिकार देने वाली सपा सरकार को लाना चाहती है। सपा जिला मीडिया प्रभारी साजिद हसन को सपा का पुरकाजी विधानसभा प्रभारी भी बनाए जाने पर उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में सपा प्रत्याशियों की जीत के लिए मजबूत संगठन बूथ स्तर तक पूरी तरह तैयारी पर है। साजिद हसन ने कहा कि जब तक जीत नहीं तब तक सपा कार्यकर्ता चैन से नहीं बैठेंगे। समाजवादी लोहिया वाहिनी प्रदेश सचिव बनाए गए डॉ. इसरार अल्वी ने कहा कि सपा में सक्रिय व जनता के लिए संघर्ष करने वालों को हमेशा सम्मान दिया जाता है मुझे जो सम्मान दिया गया है उसके लिए वह तथा उनका समाज हमेशा सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव का ऋणी रहेगा सपा कार्यालय पर आयोजित प्रोग्राम से पूर्व सपा नेता साजिद हसन डॉ इसरार अली का सुभाष नगर से सपा कार्यालय तक सैकड़ों समर्थकों द्वारा मालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी एडवोकेट ने सपा के पुराने निष्ठावान सपा कार्यकर्ता ईशान अग्रवाल को भी समाजवादी प्रबुद्ध सभा में जिलाध्यक्ष मुजफ्फरनगर मनोनीत करते हुए उनको मनोनयन पत्र सौंपते हुए नई जिम्मेदारी पर बधाई दी।
स्वागत कार्यक्रम का संचालन युवजन सभा के पूर्व प्रदेश सचिव अरशद मलिक द्वारा किया गया। स्वागत कार्यक्रम को सपा युवजन सभा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष गौरव जैन,सपा लोहिया वाहिनी राष्ट्रीय सचिव रोहन त्यागी,जिला कोषाध्यक्ष सचिन अग्रवाल,युवजन सभा जिलाध्यक्ष फिरोज अंसारी,समाजवादी लोहिया वाहिनी जिलाध्यक्ष सन्दीप धनगर,नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सपा प्रबुद्ध सभा जिलाध्यक्ष ईशान अग्रवाल,युवजन सभा जिला महासचिव शिवम त्यागी एडवोकेट,सपा लोहिया वाहिनी पूर्व महानगर अध्यक्ष शिव कुमार खटीक,विधानसभा अध्यक्ष नियाज हैदर,युवा सपा नेता सलमान त्यागी,नवेद रँगरेज ने सम्बोधित करते हुए नवमनोनित पदाधिकारियो को बधाई दी। सभा मे मुख्यरूप से मास्टर संजीव लांबा, नितिन कुमार, संजीव कुमार चांदपुर, मारूफ चौधरी, नईम अली, सलाउद्दीन अहमद, राजकुमार चौधरी, शकील कसाब, कमरुद्दीन आढ़ती, शेरखान राशिद, शाहरुख अल्वी, इंतजार अंसारी, राशिद अंसारी सहित सैकड़ों सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उपजिलाधिकारी ने वृद्धा आश्रम का निरीक्षण किया
मुज़फ्फरनगर। उपजिलाधिकारी खतौली द्वारा वृद्धा आश्रम की स्थिति का निरीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में आज उपजिलाधिकारी खतौली श्री इन्द्रकान्त द्विवेदी द्वारा आज तहसील खतौली में नगर पालिका खतौली अंतर्गत वृद्धा आश्रम की स्थिति का निरीक्षण करने के लिए वृद्धा आश्रम में मौके पर पहुॅचकर वृद्ध जनों से साफ सफाई भोजन की गुणवत्ता आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त करने के साथ ही साथ भोजन की गुणवत्ता एवं साफ सफाई आदि का निरीक्षण भी किया गया।
ओवरलोड वाहनों का चालान किया
मुज़फ्फरनगर। परिवहन अधिकारी द्वारा चलाए गए अभियान में ओवरलोड वाहनों का चालान किया गया। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में आज परिवहन अधिकारी द्वारा भोपा तथा जानसठ थाना क्षेत्र में ७ ओवरलोड वाहनों का चालान किया गया। इस अभियान से वाहन चालकों में हडकंप मचा रहा।
शिकायतों को गम्भीरता पूर्वक सुना
मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी महोदय चंद्र भूषण सिंह के आदेशों के अनुपालन में जिला गन्ना अधिकारी, डॉ. आर डी द्विवेदी, द्वारा अपने कार्यालय कक्ष में जनता दर्शन में सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन कराते हुए जन सामान्य की समस्याओं/शिकायतों को गम्भीरता पूर्वक सुन कर उसका समय से निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने निर्देशित किया कि संबंधित अधिकारी प्राप्त शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर करना सुनिश्चित करें। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जायेगी। इस अवसर सहित जनता दर्शन में आये आम जन उपस्थित रहे।
गांवों में विकास की जिम्मेदारी गांव की सरकार पर हैः उमेश मलिक
मुज़फ्फरनगर। विकास खण्ड बुढ़ाना में नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों के लिए आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में विधायक उमेश मलिक ने ग्राम प्रधानों से कहा कि वे पारदर्शी तरीके से काम करें ताकि जनता की योजनाओं का लाभ पात्रां तक पहुंचे और ग्राम में विकास कार्य तेजी से हों। विकासखण्ड बुढ़ाना में नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों के लिए आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में विधायक उमेश मलिक ने नव निर्वाचित ग्राम प्रधानों का स्वागत करते हुए कहा कि गांवों में विकास की जिम्मेदारी गांव की सरकार पर है। केंद्र और राज्य सरकारें कैसी भी योजना बनाएं उन्हें धरातल पर उतारने का काम ग्राम प्रधानों व उनकी टीम को ही करना है। ऐसे में जरूरत है कि ग्राम प्रधान पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता से अपना काम करें। इस अवसर पर राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स, विधायक उमेश मालिक, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि, जिला पंचायती राज अधिकारी व ब्लाक के प्रधान,सचिव व कार्यलय स्टाफ उपस्थित रहे।
निबंध प्रतियोगिता आयोजन किया
मुजफ्फरनगर। राज्यपाल सचिवालय उत्तर प्रदेश के पत्र के आलोक में महिलाओं के लिए संपादित होने वाले आउटरीच विस्तार गतिविधियों व कार्यक्रमों तथा मिशन शक्ति कार्यक्रमों के संदर्भ में चौधरी छोटूराम कॉलेज मुजफ्फरनगर में कॉलेज के प्राचार्य के निर्देशों के क्रम में कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वितीय के कार्यक्रम अधिकारी डॉ आई डी शर्मा ने महिला सशक्तिकरण के लिए स्वालंबन की आवश्यकता अथवा लैंगिक समानता किसी भी राष्ट्र की उन्नति में सहायक है में से किसी भी एक विषय पर हिंदी अथवा अंग्रेजी में निबंध लेखन के लिए निबंध प्रतियोगिता आयोजन किया। जिसमें कालेज के छात्र व छात्राओ ने सक्रिय रूप से भागीदारी की। निबन्ध प्रतियोगिता मे अंशिका, परनवदेव,परेणा,शिवम,तनु, संदीप आदि का लेखन अपने-अपने गु्रप मे सरहानीय रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में सहायक कृष्णपाल ने सक्रिय भागीदारी का निर्वाहन किया।
वहलना मंदिर में पूजा अर्चना की
मुजफ्फरनगर। जैन धर्म के दशलक्षण महापर्व में आज धूपदशमी के उपलक्ष में वहलना मंदिर में पूजा अर्चना की गई। इस मौके पर उत्तम तप धर्म की आराधना कर आत्म कल्याण की कामना की कामना की गई।
सुगंध दशमी व्रत कथा पढ़ने का साथ-साथ सभी जैन जिनालयों में २४ तीर्थंकरों, पुराने शास्त्रों तथा जिनवाणी के सम्मुख चंदन की धूप अग्नि पर खेवन किया गया। १९ सितंबर को अनंत चतुर्दशी और २१ सितंबर को अपनी परंपरागत तिथि के अनुसार क्षमापर्व यानी क्षमावाणी पर्व/ पड़वा ढोक का पर्व मनाया जाएगा। प्रतिवर्ष दशलक्षण पर्युषण महापर्व के अंतर्गत आने वाली भाद्रपद शुक्घ्ल दशमी को दिगंबर जैन समाज में सुगंध दशमी का पर्व मनाया जाता है। इसे धूप दशमी, धूप खेवन पर्व भी कहा जाता है। यह व्रत पर्युषण पर्व के छठवें दिन दशमी को मनाया जाता है। इस पर्व के तहत जैन धर्मावलंबी सभी जैन मंदिरों में जाकर श्रीजी के चरणों में धूप अर्पित करते हैं। जिससे वायुमंडल सुगंधित व स्वच्छ हो जाता है। धूप की सुगंध से जिनालय महक उठते है। वहलना जैन मंदिर के महामंत्री राजकुमार जैन नावला वालों ने बताया कि सुगंध दशमी व्रत का दिगंबर जैन धर्म में काफी महत्व है और महिलाएं हर वर्ष इस व्रत को करती हैं। धार्मिक व्रत को विधिपूर्वक करने से मनुष्य के सारे अशुभ कर्मों का क्षय होकर पुण्य की प्राप्ति होती है तथा मोक्ष की प्राप्ति होती है। साथ ही सांसारिक दृष्टि से उत्तम शरीर प्राप्त होना भी इस व्रत का फल बताया गया है। सुगंध दशमी के दिन हिंसा, झूठ, चोरी, कुशील, परिग्रह इन पांच पापों के त्याग रूप व्रत को धारण करते हुए चारों प्रकार के आहार का त्याग, मंदिर में जाकर भगवान की पूजा, स्वाध्याय, धर्मचिंतन-श्रवण, सामयिक आदि में अपना समय व्यतीत करने का महत्व है। इस दिन जैन धर्मावलंबी अपनी-अपनी श्रद्धानुसार कई मंदिरों में अपने शीश नवाकर सुंगध दशमी का पर्व बड़े ही उत्साह और उल्लासपूर्वक मनाते हैं। नगर के सभी जैन मंदिरों में विशेष तौर पर साज-सज्जा, आकर्षक मंडल विधान सजाने के साथ-साथ मनोहारी झांकियों का निर्माण किया गया। सुगंध दशमी कथा का वाचन किया गया तथा उत्तम तप धर्म की आराधना कर आत्म कल्याण की कामना की कामना की गई।
हमलावरां की गिरफ्तारी की मांग
मुजफ्फरनगर। हमलावरां की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आज बिहारगढ के ग्रामीण एसएसपी कार्यालय पर पहुंचे और वहां प्रदर्शन किया।
भोपा थाना क्षेत्र स्थित बिहारगढ़ गांव के दर्जनों महिला-पुरुष आज एसएसपी कार्यालय पहुंचे। इनमें शामिल मोहर सिंह पुत्र सोना ने बताया कि गांव के ही दूसरे पक्ष के साथ हो रही लड़ाई झगड़े में बीच-बचाव कराने पर दूसरे पक्ष ने उन लोगों पर जानलेवा हमला किया था। इसमें उनका पुत्र घायल हो गया था। उनका कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद भी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और हम लोगों पर नाजायज दबाव बना रहे हैं। इसी शिकायत को लेकर हम लोग आज एसएसपी कार्यालय आये है ओर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए पुलिस से मिले हैं हम चाहते हैं कि आरोपीयो के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो।
मासिक राशन वितरण किया
मुजफ्फरनगर। नई मन्डी पटेलनगर स्थित श्री वर्धमान जैन भवन में पी.एल.मनमोहन जैन पब्लिक चैरिटेबिल ट्रस्ट,नई मन्डी द्वारा प्रत्येक माह की भांति आज निराश्रित परिवारों को मासिक राशन वितरण किया गया। जिसमें दाल,आटा,घी,चीनी, चाय,बेसन आदि विभिन्न सामग्री उपलब्ध करायी गई। इस दौरान समाजसेवी मनमोहन जैन,अमित जैन आदि संस्था के पदाधिकारीगण मौजूद रहे।
ज्वैलर्स की दुकान में हुई चोरी का खुलासा किया, आरोपी गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। नई मण्डी में हाल में ही ज्वैलर्स की दुकान में चोरी की वारदात हुई, जिसका पुलिस ने खुलासा कर दिया था, लेकिन अब यहां नई मंडी चौड़ी गली पर सिंघल ज्वैलर्स के मालिक शिंवम से ठगों ने १० ग्राम सोने की चैन आंखों में धूल झौंककर ठग ली और फरार हो गये।
प्राप्त समाचार केअनुसार थाना नई मंडी क्षेत्र के चौड़ी गली चौराहे पर स्थित सर्राफ की दुकान पर ग्राहक बनकर आये ठगों ने जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। इन ठगों की चालाकी के आगे सर्राफा व्यापारी हाथ मलते ही रह गया। ठग अपना काम कर फरार हो गये। सोने की चौन गायब मिलने पर सर्राफ ने इसकी जानकारी आसपास व्यापारियों को दी। ठगी का पता चलते ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया। सर्राफा व्यापारी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले और व्यापारी से ठगों के खिलाफ तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सर्राफ से ठगी की सूचना मिलते ही व्यापारी नेता अनिल कंसल, संजय मित्तल व सभासद विकास गुप्ता मौके पर पहुंचे और व्यापारी से घटना के बारे में जानकारी ली। पुलिस को कड़ी कार्रवाई करने और इस घटना में संलप्ति दोषियों को शीघ्र पकड़ कर चौन बरामद कराने की मांग की। व्यापारी नेताओं ने कहा कि इस समय व्यापारी वैसे ही मंदे से परेशान है, ऊपर से ठगी जिसमें दो महिला व एक पुरुष ग्राहक बनकर आये व अंगूठी नाक के पिन देखते देखते चेन दिखाने को कहा और चौन के डिब्बे में से एक चेन व दो नाक के मोती गायब कर उठ कर मोटरसाइकिल पर बैठ कर रफूचक्कर हो गये। वहीं पुलिस ने बताया कि सर्राफ की दुकान पर आये तीनों ठगों ने चेहरे पर मास्क लगाया हुआ था, जिस कारण सीसीटीवी फुटेज में उनका चेहरा साफ नजर नहीं आ रहा है। जिससे उनकी पहचान करने में परेशानी हो रही है।
नई मंडी जैसे पाश एरिया में क्राइम कि घटनाओं का इजाफा होने से व्यापारियों में रोष बना हुआ है। हम व्यापार मंडल की और से सर्राफा एसोसिएशन से माँग करते हैं की सर्राफ की दुकान में प्रवेश करते ही ग्राहक को मास्क उतारने की अपील करनी चाहिये। धोखाधड़ी व लूट करने वालों की चेहरे के फोटो कैमरे में साफ आएं और दोषियों को पकड़ने में पुलिस को भी सहूलियत मिल सके।
किसान महापंचायत को अन्य किसान संगठनों ने भी समर्थन दिया
मुजफ्फरनगर। किसानों की समस्याओं के प्रमुख मुद्दों को लेकर हिन्दू मजदूर किसान समिति के द्वारा गठवाला खाप को साथ लेकर आयोजित की जा रही किसान महापंचायत को अब अन्य किसान संगठनों ने भी समर्थन दिया है। इसमें भाकियू नेता का भी समर्थन इस महांपचायत को मिला और २६ सितम्बर को सभी किसान संगठनों के नेता गठवाला खाप के मुखिया चौ. राजेन्द्र सिंह मलिक और परमधाम न्यास के प्रमुख चन्द्रमोहन महाराज के साथ मंच पर नजर आयेंगे। इसके साथ ही महापंचायत में भारी भीड़ आने का दावा किया गया है।
हिन्द मजदूर किसान समिति द्वारा गुरुवार को आदर्श कालोनी निकट भोपा बस स्टैण्ड मुजफ्फरनगर में एक बैठक का आयोजन हुआ। इस अवसर पर समिति के प्रवक्ता अमित मौलाहेड़ी ने बताया कि २६ सितम्बर की राष्ट्रप्रेमी मजदूर किसान महापंचायत को सफल बनाने अन्य कई संगठन सामने आयें हैं जिनका हिन्द मजदूर किसान समिति द्वारा हृदय से स्वागत किया गया है। इस अवसर पर गठवाला खाप के बाबा चौधरी राजेन्द्र सिंह मलिक ने बताया कि हिन्द मजदूर किसान समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजपाल सिंह दधेडू के आह्वान पर २६ सितम्बर को जीआईसी मैदान मुजफ्फरनगर में होने वाली राष्ट्रप्रेमी मजदूर किसान महापंचायत में भारतीय किसान यूनियन किसान सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अवनीत पंवार व किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरन सिंह ने भी भी अपना समर्थन दिया है। हिन्द मजदूर किसान समिति के प्रेरणास्त्रोत चन्द्रमोहन के साथ ये सभी किसान नेता महापंचायत के मंच पर उपस्थित रहेंगे। उनका राष्ट्रप्रेमी मजदूर किसान महापंचायत को पूरा समर्थन है।
इस अवसर पर किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठा. पूरन सिंह ने बताया कि यह पूर्ण रूप से गैरराजनैतिक किसान महापंचायत है। इसलिए हम किसानों के असली मुद्दों की लड़ाई के लिए साथ आये हैं। भारतीय किसान यूनियन किसान सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अवनीत पंवार ने बताया कि अगर सरकार इस महापंचायत के बाद भी हमारी यह मांगे नहीं मानती है तो हम लखनऊ के लिये कूच करेंगे। हिन्द किसान मजदूर समिति द्वारा किसान हितों के लिए जो मांगे उठाई गई हैं, वह जायज हैं और इनके पूर्ण होने पर देश का हर मजदूर और किसान खुशहाल हो जायेगा।
हिन्द मजदूर किसान समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजपाल सिंह ने बताया कि इसमें हिन्द मजदूर किसान समिति के प्रेरणास्त्रोत चन्द्रमोहन, गठवाला खाप के चौधरी बाबा राजेन्द्र सिंह मलिक, भारतीय किसान यूनियन किसान सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अवनीत पंवार व किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरन सिंह मंच पर उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों का इस महापंचायत को लयेकर बयान आया है कि ये सरकारी पंचायत है। हम उन लोगों को यह बताना चाहते हैं कि ये फंडिंग वाली महापंचायत नहीं है, इसलिए इस महापंचायत में किसानां के असली मुद्दों पर गहराई से चर्चा होगी और उनके निस्तारण के लिए मांग उठाई जाएगी। इसमें क्षेत्रीय किसानों का विराट समूह शामिल होगा। क्षेत्रीय किसान बड़े उत्साह और उमंग से इस महापंचायत की तैयारी में लगे हुए हैं। इस अवसर पर समिति के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तपेन्द्र सिंघलपुर, जिलाध्यक्ष धीर सिंह लिसौड़ा, जिला उपाध्यक्ष रमन मौलाहेड़ी, पदम सिंह मोरना, उपेन्द्र सिंह मोरना, मांगेराम चांदपुर, तेजपाल अहमदगढ़, विजय मोरना, पंकज भोकरहेड़ी, रामकुमार चांदपुर, अरविन्द मालैंडी शामली, विनोद सुजडू, दीपक शिवपुरी इत्यादि उपस्थित रहे।
हिन्दू मजदूर किसान समिति की ये हैं ७ मांग
मुजफ्फरनगर। आगामी महापंचायत में हिन्द मजदूर किसान समिति द्वारा किसान की खुशहाली के लिये कुछ मांगों को लेकर आवाज उठायी जायेगी जो निम्न हैं। १. किसानों की खुशहाली के लिये गन्ने का रेट बढ़ाया जाना चाहिये और समय पर भुगतान की सुविधा हो। २. बिजली का रेट आधा हो। ३. आज उत्तर प्रदेश का किसान आवारा पशुओं की समस्या से त्रस्त है। आवारा पशुओं की बढ़ती संख्या से फसल बर्बाद हो रही है। अतः इस समस्या का स्थायी समाधान हो। ४. किसान अपने जीवन में केवल एक बार ही ट्रैक्टर ले पाता है अतः किसान के ट्रैक्टर पर प्रतिबन्ध न लगे चाहे वो ५० साल पुराना हो। ५. कम्पनियां न्यूनतम समर्थन मूल्य से कम पर खरीद न करें। छोटे व्यापारियों व अन्य मजदूर आदि को न्यूनतम समर्थन मूल्य की हो। ६. हाईकोर्ट की एक बैन्च मेरठ में लायी जाये जिससे किसानों को हाईकोर्ट से न्याय मिलने में आसानी हो। ७. देश में केवल विद्यार्थी के लिये पढ़ाई, दवाई एक समान व साधन सहित फ्री करायी जाये।
प्रेमी युगल ने लगाई एसएसपी से गुहार
मुजफ्फरनगर। एक प्रेमी युगल ने एसएसपी कार्यालय पर पहुंचकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।
छपार थाना क्षेत्र के एक ही गांव के प्रेमी प्रेमिका ने की घरवालों के बिना मर्जी के शादी की थी। उनके प्रेम विवाह से परिजन खुश नहीं हैं। वे इसमें रोड़ा अटका रहे हैं। प्रेमी युगल ने लगाई पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई तो पुलिस ने प्रेमी युगल को सुरक्षा का भरोसा दिया है।
बाउंड्री निर्माण कार्य का निरीक्षण किया
मुज़फ्फरनगर। नगर पालिका परिषद की ओर से रुडकी चुंगी पुलिस चौकी के पास हो रही बाउंड्री निर्माण कार्य का निरीक्षण अधिशासी अधिकारी किया गया। नगर पालिका मुजफ्फरनगर क्षेत्र में रुडकी चुंगी पुलिस चौकी के पास हो रही बाउंड्री निर्माण कार्य का निरीक्षण हेमराज सिंह अधिशासी अधिकारी द्वारा किया गया। इसके अलावा संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत नगर पालिका क्षेत्र में साफ सफाई एवं फागिंग के कार्य कराए गए। अधिशासी अधिकारी हेमराज सिंह के नेतृत्व में नगर पालिका मुजफ्फरनगर क्षेत्र में मलेरिया, डेंगू , चिकनगुनिया, दिमागी बुखार, आदि संक्रामक रोगों से नियंत्रण हेतु वार्ड २२ एवं २३ में फॉगिंग कार्य कराया गया। इसमें ड्राइवर संजीव कुमार फागिंग कार्य सफाई नायक रवि की मौजूदगी में कराया गया।
अधिवक्ताओं ने नो वर्क को समाप्त किया
मुजफ्फरनगर। परिवार न्यायालय नम्बर २ के पीठासीन अधिकारी द्वारा जिला अधिवक्ताओं के साथ ही जिला बार संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों को लेकर टिप्पणी करने के मामले में कचहरी में अधिवक्ताओं का चल रहा नो वर्क गुरूवार को समाप्त कर दिया गया। जिला बार संघ और सिविल बार एसोसिएशन द्वारा इस प्रकरण में गठित संघर्ष समिति से जिला जज की वार्ता होने के बाद यह निर्णय लिया गया। हालांकि सम्बंधित न्यायालय के जज का तबादला होने तक उनके कोर्ट के बहिष्कार का निर्णय बार ने कायम रखा है। जानकारी के अनुसार परिवार न्यायलय नम्बर २ के पीठासीन अधिकारी पर वरिष्ठ अधिवक्ताओं के प्रति नकारात्मक व्यवहार करने के विरोध में जिला बार संघ और सिविल बार एसोसिएशन के द्वारा आंदोलन छेड़ दिया गया था। इसके लिए ८ सितम्बर को बार के आह्नान पर अधिवक्ताओं ने कचहरी में तालाबंदी करते हुए धरना प्रदर्शन किया और परिवार न्यायालय नम्बर २ के पीठासीन अधिकारी का तबादला किये जाने की मांग भी की। तबादला होने तक परिवार न्यायालय का बहिष्कार करने का भी ऐलान बार द्वारा किया गया। इसके लिए बार ने आगामी रणनीति बनाकर नो वर्क घोषित कर दिया था। अधिवक्ताओं के न्यायिक कार्य नहीं करने के कारण वादकारियों को भी भारी परेशानी हो रही है। इसको लेकर जिला जज द्वारा बार के पदाधिकारियों को वार्ता के लिए बुलाया गया। जिला बार संघ के महासचिव अरूण कुमार शर्मा और सिविल बार के महासचिव बिजेन्द्र सिंह मलिक ने बताया कि जिला जज से बार के पदाधिकारियों की वार्ता हुई। विवादित विषय पर जिला जज ने आवश्यक कार्यवाही कराने का आश्वासन बार को दिया है। इस आश्वासन के बाद इस प्रकरण में बार द्वारा गठित की गयी संघर्ष समिति के आदेशानुसार नो वर्क के अपने निर्णय को वापस लेते हुए न्यायिक कार्य गुरूवार से शुरू कर दिया है। बिजेन्द्र मलिक ने बताया कि वार्ता के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि पीठासीन अधिकारी का तबादला होने तक अधिवक्ता परिवार न्यायालय नम्बर २ का बहिष्कार जारी रखते हुए न्यायालय में कोई कार्य नहीं करेंगे।
फ्री हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन
मुजफ्फरनगर। नई मंडी के पटेल नगर स्थित श्री राधा गोविंद मंदिर में एक फ्री हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन किया जा रहा है। मंदिर के ट्रस्टी तरुण बंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कैंप आयुष्मान हॉस्पिटल बुढ़ाना मोड मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ चिकित्सकों द्वारा लगाया जाएगा। जिसमें बी पी चेकअप, शुगर चेकअप, फिजियोथैरेपी, डेंटल चेकअप व वरिष्ठ चिकित्सकों द्वारा परामर्श निशुल्क दिया जाएगा। जिसमें डॉक्टर आलोक कुमार, डॉक्टर मोहित कुमार गिल, डॉक्टर अनुराग गोयल, डॉ शिवानी लाल, डॉ शिवानी गिल, डॉ अभिनव शर्मा,व अन्य अनुभवी चिकित्सकों द्वारा कैंप में प्रत्येक व्यक्ति को निशुल्क परामर्श दिया जाएगा जो भी सज्जन परामर्श लेना चाहे वह निशुल्क परामर्श ले सकते हैं इसका समय प्रातः १०ः०० बजे से दोपहर २ः०० बजे तक श्री राधा गोविंद मंदिर पटेल नगर मुजफ्फरनगर में होगा।
रोडवेज बस स्टैंड पर छात्रों के 2 गुटों में जमकर मारपीट, वीडियो वायरल
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन थाने के रोडवेज बस स्टैंड पर छात्रों के 2 गुटों में मारपीट हो गई। मामूली कहासुनी को लेकर हुए विवाद में छात्रों ने एक दूसरे को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा और छात्रों के 2 गुटों में जमकर लात घुसे व बेल्ट चली। वहीं सड़क पर छात्रों की गुंडागर्दी का लाईव वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

