समाचार
ई-श्रम कार्ड वाले को 5 लाख तक का निशुल्क उपचार की सुविधा प्रदान की जाएगीः डीएम
मुजफ्फरनगर। लोकवाणी सभागार में असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिक कें ई-श्रम कार्ड बनाने के संबंध में समीक्षा बैठक संपन्न हुयी जिसमे सरकार की ओर से ०५ लाख तक का निशुल्क उपचार की सुविधा प्रदान की जाएगी। इस सुविधा का लाभ प्राप्त करने हेतु उन्हें ई-श्रम पोर्टल पर पंजीयन कराना होगा।
सहायक श्रम आयुक्त श्रीमति प्रतिभा तिवारी ने बताया कि असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिक श्रम एवं रोजगार मन्त्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित ई-श्रम पोर्टल पर अपना पंजीयन करा लें। ई-श्रम पोर्टल पर पंजीयन पूर्णतः निशुल्क है। जिसमें पंजीयन के लिए, आधार नम्बर, आधार लिंक्ड बैंक एकाउन्ट और आधार लिंक्ड मोबाइल नम्बर की आवष्यकता होगी। पंजीयन किसी भी जन सेवा केन्द्र,जन सुविधा केन्द्र, ई-सेवा केन्द्र, लोकवाणी अथवा स्वतः कम्प्यूटर लैपटाप या मोबाइल द्वारा किया जा सकता है। पंजीकृत श्रमिक को उप्र सामाजिक सुरक्षा बोर्ड द्वारा मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत ०५ लाख तक निशुल्क चिकित्सा की सुविधा मिलेंगी। सीएम दुर्घटना बीमा योजना के तहत ०२ लाख तक दुर्घटना हितलाभ अनुमन्य कराया जायेगा। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी ने असंगठित श्रमिकों के शत प्रतिशत पंजीयन की कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु कड़े निर्देश दिए है। जनपद में योजना के कार्यान्वयन हेतु जनपद स्तरीय कार्यान्वयन समिति का गठन किया गया है। डीएम की अध्यक्षता में गठित समिति में अध्यक्ष में सचिव सहायक श्रमायुक्त सहित विभिन्न विभागों के २० अधिकारी शामिल है। उन्होंने सभी असंगठित श्रमिकों से अपील करते हुए कहा कि वह भारत सरकार के ई-श्रम पोर्टल पर पंजीयन कराकर ०५ लाख तक निःशुल्क चिकित्सा की सुविधा का लाभ लें तथा ०२ लाख रूपये तक दुर्घटना बीमा का हितलाभ प्राप्त करें।
ये असंगठित कामगार हैं पात्र धोबी, दर्जी, माली, मोची, नाई, बुनकर,कोरी, जुलाहा, रिक्शा चालक, घरेलू कर्मकार, कूड़ा बीनने वाले कर्मकार, हाथ ठेला चलाने वाला, फुटकर फल-फूल व सब्जी विक्रेता, चाय-चाट का ठेला लगाने वाले, मोटर साईकिल व साईकिल मरम्मत करने वाले, गैरेज कर्मकार, परिवहन में लगे कर्मकार, भटटें पर कार्य करने वाले, मनरेगा मजदूर, आटो चालक, अगरबत्ती (कुटीर उद्योग) बनाने वाले कर्मकार, गाड़ीवान, घरेलू उद्योग में लगे मजदूर, भड़भूजे (मुर्रा चना फोड़ने वाले) पशुपालन, मत्स्य पालन, मुर्गी-बतख पालन में लगे कर्मकार, दुकानों में काम करने वाले मजदूर, खेतिहर कर्मकार, चरवाहा-दूध दोहने वाले, नाव चलाने वाला (नाविक), नट-नटनी, रसोईया, हड्डी बीनने वाले (हड्ड बिन्ने), समाचार पत्र बांटने वाले (हाकर), ठेका मजदूर, सूत, रंगाई, कताई, घुलाई, दरी-कम्बल-जरी-जरदौजी-चिकन कार्य, मीटषीप व पोल्ट्री फार्म पर कार्य करने वाले, डेयरी पर कार्य करने वाले श्रमिक, कांच की चूड़ी एवं अन्य कांच उत्पादों में स्व-रोजगार कार्य करने वाले कर्मकार योजनाओं के पात्र होंगे। इसी श्रेणी का कार्य करने वाले श्रमिक असंगठित श्रमिक की श्रेणी में आते हों। जिनकी उम्र १८ वर्ष से ५९ वर्ष के बीच है, कर्मचारी भविष्य निधि तथा राज्य कर्मचारी बीमा योजना से आवर्त नहीं है व आयकर दाता भी नहीं है।
किसानों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही भाजपा सरकारः जयंत चौधरी
सिसौली। प्रदेश सरकार किसानों की समस्याओं की अनदेखी कर रही है। सरकार द्वारा किसानों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। लखीमपुर खीरी प्रकरण ने अंग्रेजों के शासन याद दिला दिया है जिस प्रकार अंग्रेज उत्पीड़न करते थे उसी प्रकार मौजूदा सरकार में किसान हितों की अनदेखी की जा रही हैं इतना ही नहीं किसानें पर बर्बरतापूर्वक गाड़ी चढाकर उनकी हत्या कर दी गयी है। किसानों के मसीहा स्व. बाबा चौ. महेंद्र सिंह टिकैत जीवन पर्यन्त किसान हितों की रक्षा के लिए संघर्षरत रहे। उन्होंने अपने जीवनकाल में कई ऐतिहासिक संघर्ष किये। जिन्हे किसान हितों में मुकाम तक पहुंचाकर ही दम लिया। भाकियू की राजधानी सिसौली में भाकियू के संस्थापक अध्यक्ष किसानों के नेता स्व. चौ. महेंद्र सिंह टिकैत के 86वें जन्मदिन पर आयोजित किसान सभा एवं श्रद्धाजंलि सभा में किसानों के भाकियू कार्यकर्ताओं एवं दूर दराज से आये सैकडों किसानों को सम्बोधित करते हुए रालोद सुप्रीमो जयंत चौधरी ने उक्त उद्गार व्यक्त किये। रालोद सुप्रीमो जयंत चौधरी ने कहा कि किसान हितों के लिए वे हमेशा तत्पर है तथा आप सभी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर किसान मजदूरों की हितों की रक्षा के लिए सदैव साथ रहेंगे। रालोद सुप्रीमो जयंत चौधरी ने स्व. चौ. महेंद्र सिंह टिकैत की किसान भवन स्थित आदमकद मूर्ति पर माल्यार्पण कर श्रद्धाजंलि अर्पित की। भाकियू सुप्रीमो चौ. नरेश टिकैत के सिसौली स्थित घेर में आयोजित श्रद्धाजंलि सभा में भाकियू सुप्रीमो चौ. नरेश टिकैत, पूर्व विधायक राजपाल सिंह बालियान, पूर्व मंत्री धर्मवीर सिंह बालियान, पूर्व विधायक राव वारिस, भीम आर्मी अध्यक्ष चन्द्रशेखर, राकेश त्यागी, राजेंद्र तोमर, किसान नेता कमल मित्तल, किसान नेता राजीव बालियान एडवोकेट, रालोद जिलाध्यक्ष प्रभात तोमर, सोमपाल प्रधान, भाकियू नेता धर्मेन्द्र मलिक, गौरव टिकैत, चन्द्रसिंह टिकैत, शाह आलम आदि ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किये। किसान भवन में आयोजित श्रद्धाजंलि सभा से पूर्व जयंत चौधरी ने सिसौली में आयोजित प्रो. कबड्डी प्रतियोगिता का उदघ््ाटन किया। इस दौरान आयोजन समिति जयंत चौधरी को बुके भेंटकर स्वागत किया। इस अवसर पर जयंत चौधरी ने कहा कि सरकार को खेलों को प्रोत्साहन देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में वे प्रयास करेंगे कि खेलों को तहसील व ब्लॉक स्तर तक भी प्रोत्साहित किया जाये। इस दौरान जयंत चौधरी का खाप चौधारियों द्वारा पगडी पहनाकर स्वागत किया।
विशेष सफाई अभियान चलाया
मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह के आदेशों के अनुपालन में तथा अधिशासी अधिकारी हेमराज सिंह के कुशल निर्देशन में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया एवं दिमागी बुखार जैसी गंभीर बीमारियों के नियंत्रण हेतु शहर में चलाए जा रहे विशेष सफाई अभियान के अंतर्गत डॉ अतुल कुमार नगर स्वास्थ्य अधिकारी के संरक्षण में आज वार्ड ११ और वार्ड १२ में एंटी लारवा का छिड़काव कराया गया। साथ ही साथ सम्मानित नागरिकों को गड्ढे, कूलर आदि स्थानों पर जलभराव ना करने एवं अपने आस पास सफाई रखने की सलाह दी गई। जिसमें संजीव कुमार ड्राइवर उनकी पूरी टीम मौजूद रहे। इस अवसर पर सभासद नरेश चंद्र गुप्ता सभासद राहुल पंवार, उपस्थित रहे।
नवरात्रों की तैयारी जुटे श्रद्धालु
खतौली। शारदीय नवरात्र कल (आज) से शुरू हो रहे हैं। नवरात्र को श्रद्घालुओं ने तैयारी शुरू कर दी है। बाजार सज गए है। श्रद्घालु खरीददारी में जुट गए है। मंदिरों को भी सजाया जा रहा है। बाजारों में मॉ सांझी के साथ नारियल, चुनरी के अलावा व्रत में प्रयोग होने वाली सामग्री की बिक्री हो रही है। बुधवार शाम को सभी श्रद्धालुआों ने मां दुर्गा के शक्ति के स्वरूप सांझी की स्थापना की। बृहस्पतिवार को घट यात्रा के साथ ही कलश स्थापना की जायेगी।
शारदीय नवरात्र की रौनक घरों में ही नहीं, बल्कि मंदिरों और बाजार में भी देखी जा सकती है। नवरात्र की पूजा व व्रत विधि-विधान से करने पर मां दुर्गा प्रसन्न होकर भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं। शारदीय नवरात्रि सात अक्टूबर से शुरू हो रहे हैं। कलश स्थापना इसी दिन सुबह की जाएगी। मान्यता है कि अगर भक्त संकल्प लेकर नवरात्रि में अखंड ज्योति प्रज्वलित करें और उसे पूरी भावना और मन से जलाए रखे तो देवी प्रसन्न होती हैं और उसकी सभी मनोकामना पूर्ण करती हैं।
नवरात्र के दौरान माता रानी को प्रसन्न करने के लिए श्रद्धालु कलश स्थापना, अंखड ज्योति, माता की चौकी आदि तरह के पूजा अर्चना करते हैं। नवरात्र पर्व को लेकर श्रद्घालुओं में उत्साह है। बाजारों में खरीददारी करने के लिए महिलाएं जा रही है। जो विभिन्न प्रकार की मन मोह लेने वाली सांझी मां के साथ उसके भाई और टिकली आदि खरीदी। पूजा के लिए कलश, नारियल, चुनरी, रोली, पान, घी, धूप बत्ती, अगरबत्ती, लोंग, सुपारी, कपूर सहित पूजा में इस्तेमाल होने वाली सभी सामग्री खरीदी। नौ दिन के व्रत में अन्न से परहेज किया जाता है, इसलिए बाजार में कुट्टू, फल, व्रत के अन्य सामानों की भी दुकानें सज गई है। कोरोना काल के बाद इस बार त्योहार पर बाजारों में भीड़ देखने को मिली है। शहर में सदर बाजार, झांसी रानी बाजार, भगत सिंह, गांधी कालोनी, नई मंडी, आनंदपुरी आदि स्थानों पर खूब खरीदारी हुई।
गंगा घाट पर श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी
शुकतीर्थ। गंगा घाट पर तड़के से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। दोपहर तक स्नान का दौर चला, लेकिन श्रद्धालुओं की संख्या में कमी नजर नहीं आई। श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाने के बाद पितरों को जलदान किया। ज्यादातर लोगों ने घाट पर पितरों का श्राद्ध कराया। ब्राह्मणों की मानें तो अमावस्या वाले दिन गंगाघाट पर ज्ञात और अज्ञात पितरों का श्राद्घ कराने का विशेष पुण्य अर्जित होता है। घाट पर पूजा-अर्चना भी की गई।
गंगाघाट के आसपास आश्रमों में भी धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। संत-महात्माओं की मौजूदगी में संकीर्तन का दौर भी चला। घाट पर ही लगे अमावस्या मेला में हजारों की संख्या में भीड़ रही। महिलाओं ने घरेलू सामान की खरीददारी भी की और बच्चों ने मनोरंजन के संसाधनों का लुत्फ उठाया।
अमृत महोत्सव बड़ी धूमधाम के साथ मनाया
रोहाना। आईपीएल रोहाना चीनी मिल द्वारा ७५ वां आजादी का अमृत महोत्सव बड़ी धूमधाम से क्षेत्र के किसानों के साथ मनाया गया। अमृत इंटर कालेज के प्रांगण में आईपीएल द्वारा आजादी का ७५ वा अमृत महोत्सव किसानों के साथ बड़ी धूम धाम से मनाया गया।
महोत्सव में क्षेत्र के ग्राम रोहाना कलां, रोहाना खुर्द, बहेड़ी, बेगमपुर,मलीरा, मतोली, रेई ,बड़कली, घलोली ,बधाई कलां, जटनंगला, बांनगर, दीदहेड़ी,कल्लरपुर, आदि के हजारों किसानों ने भाग लिया। इस अवसर पर आईपीएल के ज्वाइंट एम दी सुधीर रेलन के साथ उच्चाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रजवलित कर शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम में मिल के प्रधान प्रबंधक लोकेश कुमार , दीपेंद्र कुमार, नरेशपाल, आर के तिवारी,राहुल सोलंकी,आदि उपस्थित रहे।
अवैध पटाखे व फूलझड़ी बनाने वालों को दबौचा
मुजफ्फरनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनगर द्वारा अपराधियों के विरूद्ध धरपकड हेतु चलाये जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी खतौली के कुशल निर्देशन व प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण मे ब०उ०नि० रामबीर सिंह उ.नि. रविन्द्र सिंह परिहार, उ०नि० सुखवीर सिंह की टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर चूना भट्टी भूड पर आबाद के मकान मे अवैध पटाखे व फूलझड़ी बनाने की सूचना प्राप्त हुई सूचना पर मय फोर्स के दबिश दी गयी जिसमे मौके पर अभि० सद्दाम पुत्र अबरार अहमद निवासी मैनरोड मोहल्ला तीरगान फरूखनगर थाना टीला मोड जनपद गाजियाबाद, आबाद पुत्र खलील अहमद निवासी चूना भटटी कालोनी जानसठ रोड थाना खतौली मु०नगर, सनव्वर पुत्र इकरामुद्दीन अब्बासी निवासी चूना भटटी कालोनी जानसठ रोड थाना खतौली मु०नगर को गिरफ्तार किया गया। जिनदो कब्जे से पटाखे व फूलझडी निर्मित व अर्थ निर्मित सामान बरामद किया गया। पुलिस पूछताछ में सद्दाम पुत्र अबरार अहमद निवासी मौहल्ला तीरगान फरूखनगर थाना टीला मोड जनपद गाजियाबाद, (किरायेदार मुख्य अभियुक्त), आबाद पुत्र खलील अहमद निवासी चूना भटटी कालोनी जानसठ रोड थाना खतौली मु०नगर (मकान मालिक), सनव्वर पुत्र इकरामुद्दीन अब्बासी निवासी चूना भटटी कालोनी जानसठ रोड थाना खतौली मु०नगर (वर्कर) बताया। गिरफ्तार करने वाली टीम में उ०नि० रामबीर सिंह, उ०नि० सुखवीर सिंह, उ०नि० रविन्द्र सिंह परिहार हे०का० रोहताश कुमार, का० संदीप त्यागी, का० राहुल कुमार, का० सन्नी अत्री, का० राजीव कुमार, रि०आ० अजीत सिंह शामिल रहे। जिनके कब्जे से एक कट्टे मे अति ज्वलनशील पदार्थ (नाईट्रोजन सेल्यूलोज), ७ (कट्टो) मे फुलझडी बनाने वाली नली कुल वजन ३ कुन्तल २० वजन ३२१ किलोग्राम, ३. पटाखे बनाने की सामग्री १ कुन्तल ५२ कि०ग्राम ४. एक गाडी ईको बरामदगी कुल वजन (५ कुन्तल ) बरामद की।
मामूली से विवाद में दो पक्षो के बीच चले लाठी-डंडे, कई घायल
मुज़फ्फरनगर/छपार। जनपद के थाना छपार अंतर्गत गांव छपार में बीती देर रात्रि को बच्चों- बच्चों के मामूली से विवाद में एक ही समुदाय के दो पक्षों में जमकर चले लाठी डंडे और धार दार हथियार जिसके चलते इलाके में अफरातफरी फैल गई किसी ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस के साथ ही यूपी ११२ डायल को भी दे दी जिस पर सूचना मिलते ही मोके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने लगभग दर्जन भर महिला पुरुष और बच्चों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया मामले में छपार पुलिस का कहना है की एक ही परिवार के दो भाइयों में कुछ विवाद हुआ था जिसमे सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया है अभी थाने में तहरीर नही आई तहरीर आने के बाद कार्यवाही की जायेगी। दरअसल पूरा मामला जनपद मुज़फ्फरनगर के छपार थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात बच्चों बच्चों में हुए विवाद को लेकर है जिसमे उस वक्त गांव में अफरातफरी फैल गई जब दोनों ही पक्षों ने जमकर लाठी डंडे, चाकू एंव धार दार हथियार चल गए जिसमे दर्जन भर महिला,पुरुष और बच्चे घायल हो गए और उनमे चीख पुकार मच गई। इस खूनी संघर्ष को देख आस पड़ोस में हड़कंप मच गया किसी ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस के साथ ही यूपी ११२ डायल को भी दे दी जहां मोके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को मुजफ्फरनगर के जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां से डॉक्टरों ने कुछ को रैफर कर दिया इस मार पीट में एक पक्ष के सात लोग गंभीर रूप से घायल बताये जा रहे है। उधर इस पुरे मामले में पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के दौरान पुलिस को संघर्ष की सूचना दी गई थी लेकिन यहां पुलिस घण्टो बाद पहुंची तब तक कई लोगों को चोटें आ चुकी थी पुलिस ने आरोपियों के खुलाफ कोई भी कार्यवाही अभी तक नही की है। जब इस मामले में थाना छपार पुलिस से जानकारी की गई तो थाना प्रभारी ने बताया की रात्रि में संघर्ष हुआ था दर्जन भर लोग घायल है जिन्हें अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है अभी तक कोई तहरीर नही आई है तहरीर आने के बाद कार्यवाही की जायेगी।।
शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया
मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया। शातिर बाइक चोर के कब्जे से दो चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस मुठभेड़ के दौरान उमरपुर इलाके में पुलिस ने उक्त शातिर बाइक चोर को गिरफ्तार किया। जिसके कब्जे से दो चोरी की बाइके भी बरामद की।
हाई कोर्ट बेंच की मांग को लेकर वकीलों ने किया प्रदर्शन किया
मुजफ्फरनगर। ब्रिजेंद्र सिंह मलिक महासचिव सिविल बार एसोसिएशन, मुजफ्फरनगर ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि हाई कोर्ट बेंच केंद्रीय संघर्ष समिति पश्चिम उत्तर प्रदेश के आह्वान पर पश्चिम उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट की मांग के संदर्भ में सिविल बार एसोसिएशन, मुजफ्फरनगर द्वारा एक आम सभा आयोजित की गई जिसकी अध्यक्षता सुगंध जैन अध्यक्ष व संचालन ब्रिजेंद्र सिंह मलिक महासचिव द्वारा किया गया ब्रिजेंद्र सिंह मलिक द्वारा अवगत कराया गया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के २२ जिलों का क्षेत्राधिकार इलाहाबाद उच्च न्यायालय में है जो कि ५०० किलोमीटर से लेकर ७५० किलोमीटर की दूरी पर है तथा सस्ता व सुलभ न्याय के सिद्धांतों के विपरीत है आम सभा को यह भी अवगत कराया गया कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय में लंबित वादों का ५२त्न भाग केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश के २२ जिलों से हैं ऐसे में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जनता को सस्ता व सुलभ न्याय प्राप्त नहीं हो पा रहा है, पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जनता ४५ वर्षों से अधिक हाईकोर्ट बैंच की मांग कर रही है तथा आंदोलनरत चली आ रही है, पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जनसंख्या वर्तमान में तकरीबन ८ करोड़ के लगभग है तथा उच्च न्यायालय की खंडपीठ अब तक स्थापित नहीं की गई है। कुछ और राज्य ऐसे हैं कि जिन की जनसंख्या लगभग पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बराबर है उन राज्यों में मात्र उतनी जनसंख्या पर हाईकोर्ट खंडपीठ है यह भी उल्लेखनीय है कि कुछ राज्य एवं यूनियन टेरिटरीज जिनकी जनसंख्या पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लगभग ५ वे भाग से भी कम है उनमें भी हाईकोर्ट खंडपीठ है कुछ स्थानों पर तो मात्र १ करोड़ की जनसंख्या पर या तो हाईकोर्ट है या हाईकोर्ट की खंडपीठ है फिर पश्चिमी उत्तर प्रदेश अपेक्षित क्यों है? शीघ्र व त्वरित न्याय प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश से हाईकोर्ट की दूरी यहां के वादकारियो के लिए जस्टिस एट दी डोर स्टेप की सरकार की नीतियों के विरुद्ध हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की निरीह जनता एवं वादीगण हाईकोर्ट बेंच की स्थापना हेतु संघर्षरत है अतीत से आंदोलन हो रहे हैं तथा प्रत्येक जनपद में पिछले ४५ वर्ष की अवधि से अधिक से प्रत्येक शनिवार को अधिवक्तागण/ जनता द्वारा न्यायालयों का बहिष्कार जारी है जब गांव स्तर पर अदालत बनाने हेतु निर्णय हो चुका है तो फिर उच्च न्यायालय की खंडपीठ स्थापना में देरी क्यों? आम सभा द्वारा प्रस्तावित किया गया कि हाई कोर्ट बेंच के समर्थन में एक ज्ञापन माननीय प्रधानमंत्री, भारत सरकार, को प्रेषित किया जाए उसी प्रस्ताव के अनुपालन में आज सिविल बार एसोसिएशन, मुजफ्फरनगर के सभी अधिवक्तागणों द्वारा न्यायिक कार्य से विरत रहकर एक ज्ञापन माननीय जिलाधिकारी महोदय, मुजफ्फरनगर के माध्यम से माननीय प्रधानमंत्री को प्रेषित किया गया। इस अवसर पर नेत्रपाल सिंह, राजसिंह रावत, अनुराग त्यागी, आदेश सैनी, सतेंद्र कुमार, सुधीर गुप्ता, सौरभ पवार, सोहनलाल, अशोक कुशवाहा, अर्जुन सिंह, संत कुमार अहलावत, राकेश पाल, आनंद कुमार आदि अधिवक्ता गण उपस्थित रहे।
एसएसपी का सम्मान किया
मुज़फ्फरनगर। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन मुजफ्फरनगर द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव को मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए गलेंट्री अवार्ड के लिए शुभकामनाएं दी गई एवं इब्जा संगठन द्वारा एसएसपी अभिषेक यादव को प्राइड ऑफ द सिटी मुजफ्फरनगर के सम्मान से सम्मानित किया गया एवं एसपी सिटी विजयवर्गीय को भी इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन द्वारा पटका पहनाकर एवं बुके देकर शहर की सुरक्षा में तन मन से मुस्तैद रहने के लिए सम्मानित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सम्मानित करते समय इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की ओर से जिला अध्यक्ष मनोज जैन, अभिनव स्वरुप, मनोज पुंडीर, बिनु जी सिद्धार्थ बंसल, विकास, नितिन कुछल, शशांक कुछल, राजीव वर्मा, अनमोल, शुभम जैन, तन्मय जैन, पुनीत आदि गणमान्य लोग उपस्थित रहे।।
कलाकारों ने सुंदर मंचन को देख झूमे श्रद्धालु
मुजफ्फरनगर। पुरकाजी में समाज सुधार समिति (रजि.) के तत्वावधान नें मर्यादा पुरुषोत्तम श्री रामलीला कमेटी महोत्सव में कलाकारों ने सुंदर मंचन को देख श्रद्धालु देर रात तक बैठे रहे। कमेटी अध्यक्ष व्यवस्था बनाने को लेकर मंचन के अंत तक डटे रहे।
खाईखेड़ी रोड पर सत्य विहार में हो रही रामलीला में वृंदावन की श्री राधा कृष्ण लीला के कलाकारों ने कैलाश की तलहटी, विश्वामित्र यग विध्वंस तथा विश्वामित्र का राजा दशरथ से राम लक्ष्मण को मांग कर ले जाने की सुंदर प्रस्तुति दी। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अनिल गर्ग व्यवस्था को लेकर देर रात तक पांडाल में मौजूद रहे। वीरेंद्र सिंह, विपिन सिघल, राबिन गोयल, संजीव गोयल व राकेश कुमार आदि मौजूद रहे।
पुलिस ने वांछित दबौचा
मुजफ्फरनगर। निरीक्षक संजय सिंह द्वारा पोक्सो अधि० के वांछित अभियुक्त सागर पुत्र रविन्द्र, पवन पुत्र हरेन्द्र नि० गण ग्राम बझैडी थाना नई मण्डी मुनगर को मुखबिर की सूचना पर सहारनपुर बस स्टैण्ड के पास से गिरफ्तार किया गया। चौकी प्रभारी रामलीला टीला बृहमजीत सिंह द्वारा अभियुक्त शिवा पुत्र विजेन्द्र नि० कम्बल वाली गली कोतवाली मु०नगर सम्बन्धित एनबीडब्लू अन्तर्गत गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त सुहैल पुत्र सरफराज व अनस पुत्र जाहिर नि० गण रहमत नगर खालापार को नावल्टी चौक चन्द्र सिनेमा के पास से दो नाबालिक लड़कियों के साथ छेडखानी व पीछा करने के आरोप में परिजनों द्वारा गिरफ्तार किया गया जिनके विरुद्ध पोक्सो अधि० पंजीकृत किया गया अभियुक्त गण को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
चंद्रशेखर उर्फ रावण पहुंचे मौलाना कलीम सिद्दीकी आवास पर, परिजनों से की मुलाकात
मुजफ्फरनगर। आजाद समाज पार्टी के चीफ चंद्रशेखर उर्फ रावण आज मुजफ्फरनगर पहुंचे जहां उन्होंने सबसे पहले नई मंडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ए टू जेड रोड पर एक कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लिया, जिसके बाद वह सिसौली में चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की जयंती में भाग लेने के लिए निकल गए ,सिसौली के बाद चन्द्रशेखर उर्फ़ रावण खतौली के फुलत में मौलाना क्लीम के घर भी जायेंगे, यहां पहुंचे चन्द्रशेखर उर्फ़ रावण ने बताया की एक तरफ किसानो के घरों में चिताएं जल रहीं है तो वहीं दूसरी तरफ देश के प्रधान मंत्री आजादी का महोत्सव मना रहे है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज जनपद मु० नगर में आजाद समाज पार्टी चीफ चन्द्रशेखर उर्फ़ रावण पहुंचे जहां उन्होंने सबसे पहले अपने लाव लश्कर के साथ ऐ टू जेड रोड पर स्थित एक बॅंकेट हाल में चल रहे कार्य कर्ता सदस्यता सम्मेलन में भाग लिया और नए सदस्यों को पार्टी की सदयस्ता ग्रहण कराई। यहां चन्द्रशेखर उर्फ़ रावण ने पत्रकारों से हुई बात चीत के दौरान केंद्र व प्रदेश सरकार पर तुस्टिकरण का आरोप लगाते हुए अंग्रेजो जैसा शासन चलाये जाने का आरोप लगाया। उन्होंने प्रदेश के लखीमपुर खीरी कांड को लेकर प्रदेश सरकार व केंद्र सरकार की जमकर आलोचना करते हुए कहा की एक तरफ लखीमपुर खीरी में किसानो के घरों में चिताएं जल रहीं है तो वहीं दूसरी तरफ देश के प्रधान मंत्री आजादी का अमृत महोत्सव मना रहें है यहां प्रदेश सरकार पर भी उन्होंने जमकर तंज कैसे है सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा की किसानों के कुचलने वाली वीडियो के आधार पर ऐसा लग रहा है जैसे अंग्रजों का राज स्थापित हो रहा हो। कार्यक्रम के बाद उन्होंने अपने दो अगले कार्यक्रमो की भी जानकारी दी है जिसमे वे सिसौली में आज चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की बरसी पर उनके गांव जायेंगे तो वहीं बाद में क़स्बा खतौली स्थित फुलत में मौलाना कलीम के परिजनों से भी मुलाकात करने की बात कही है।।
सीएमओ ने सुनी समस्याएं
मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह के आदेशों के अनुपालन में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. महावीर सिंह फौजदार, द्वारा अपने कार्यालय कक्ष में जनता दर्शन में सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन कराते हुए जन सामान्य की समस्याओं/शिकायतों को गम्भीरता पूर्वक सुन कर उसका समय से निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने निर्देशित किया कि संबंधित अधिकारी प्राप्त शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर करना सुनिश्चित करें। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जायेगी। इस अवसर सहित जनता दर्शन में आये आम जन उपस्थित रहे।
पुलिस ने वांछितो को गिरफ्तार किया
मुजफ्फरनगर। अलग अलग स्थानों से कई वांछितों/वारंटियों को गिरफ्तार किया। कोतवाली नगर पर नियुक्त उ0नि0 ब्रहमजीत सिंह द्वारों वारंटी अभियुक्त हाजी अहमद अली पुत्र यामीन नि0 नियाजुपुरा थाना कोतवाली नगर मु0नगर को अभियुक्त के मस्कन से गिरफ्तार किया गया।इसके अलावा छपार पर नियुक्त उ0नि0 रणवीर सिंह द्वारा वारंटी अभियुक्त पप्पू पुत्र राजपाल नि0 ग्राम व थाना छपार मु0नगर को बस स्टैण्ड छपार से गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा थाना चरथावल पर नियुक्त उ0नि0 जयप्रकाश भास्कर द्वारा वांछित अभियुक्त फरहान उर्फ कल्लू पुत्र मेहराज थाना थाना भवन जनपद शामली को बिरालसी बस स्टैण्ड से गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा थाना शाहपुर पर नियुक्त उ0नि0 सत्यवीर सिंह द्वारा वांछित अभियुक्त अरूण पुत्र प्रेमपाल नि0 हरसौली थाना शाहपुर मु0नगर को हरसौली मन्दिर से गिरफ्तार किया गया।इसके अलावा थाना तितावी पर नियुक्त उ0नि0 रमेश चन्द द्वारा वांछति अभियुक्त कैफ पुत्र मौहम्मद अब्बास नि0 कस्बा व थाना कांधला जनपद शामली को मैन बाजार कांधला से गिरफ्तार किया गया।
थाना कोतवाली नगर पर नियुक्त उ0नि0 ब्रहमजीत सिंह द्वारा अभियुक्त इरशाद पुत्र मौहम्मद अली नि0 कम्बल वाली गली लद्दावाला थाना कोतवाली नगर मु0नगर को मिमलाना रोड से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे 01 जरब देशी पिस्टल मय 02 जिन्दा कारतूस 32 बोर बरामद किया गया।
इसके अलावा सिविल लाइन पर नियुक्त उ0नि0 मोहित कुमार द्वारा वारंटी अभियुक्त अजय शर्मा पुत्र रामपाल शर्मा नि0 394 इन्द्रा कालौनी थाना नई मण्डी मु0नगर को अभियुक्त के मस्कन से गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा थाना खतौली पर नियुक्त उ0नि0 मुनेश कुमार द्वारा अभियुक्तगम अमी उर्फ सोनू पुत्र सीनू, आस मौहम्मद पुत्र सीनू नि0गण किदवई नगर खालापार थाना कोतवाली नगर मु0नगर को बुआडा कंला रेलवे क्रांसिग से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तगण के कब्जे से 01-01 चाकू नाजायज बरामद किया गया। इसके अलावा मंसूरपुर पर नियुक्त उ0नि0 अनित कुमार यादव द्वारा वाद वारंटी अभियुक्त भोला पुत्र रामदिया नि0 पुरबालियान थाना मंसूरपुर मु0नगर को अभियुक्त के मस्कन से गिरफ्तार किया।
थाना रतनपुरी पर नियुक्त उ0नि0 विक्रम सिंह भाटी द्वारा दौराने पुलिस कार्यवाही थाना शाहपुर से टॉप-10 अपराधी गुलजार पुत्र शीनू, अब्दुल रहमान पुत्र सीनू नि0गण ग्राम नंगला थाना रतनपुरी मु0नगर को ग्राम नंगला ईंट के भट्टे के पास से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तगण के कब्जे से 02 तंमचे मय 03 जिन्दा व 01 खोखा कारतूस 315 बोर व 01 मोटर साइकिल प्लेटिना चोरी की बरामद की गयी।
रामलीला में आग लगने से मचा हडकंप
मुज़फ्फरनगर। बीती रात चरथावल कस्बे में रामलीला में कलाकार को मंचन के दौरान आग लग गयी जिससे वहां हडत्रकम्प मच गया। कलाकार व्यापार मंडल के नेता श्रृंगी ऋषि का कर रहे थे अभिनय आग लगने से व्यापार मंडल अध्यक्ष जख्मी हो गये। जिन्हे उपचार हेतु चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। ककरौली। सड़क से गुज़र रहे बाइक सवार श्रद्धालुओं के सामने आवारा पशु आ जाने से बाइक सवार दम्पत्ति घायल हो गये। जिससे वहां मौके पर एकत्रित लोगों ने घायलों को उपचार हेतु चिकित्सालय में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार शुकतीर्थ से गंगा स्नान कर वापस लौट रहे मेरठ के श्रद्धालु ककरौली थाना क्षेत्र के गाँव खाईखेड़ा में अचानक आवारा पशुओँ भोजन की तलाश में सामने आ गये जिससे उनका संतुलन बिगड गया और बाइक सवार दम्पत्ति गिरकर घायल हो गये। मौके पर एकत्रित लोगों ने घायलों को उपचार हेतु चिकित्सालय में भर्ती कराया।
वर्कशाप का आयोजन
मुजफ्फरनगर। दीन मोहम्मद राजकीय इंटर कालेज-कम्हेड़ा में शैक्षिक एवं मानसिकता संवर्धन विषय पर वर्कशाप का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई। मुख्य वक्ता और अतिथि एमिटी विश्वविद्यालय के प्रोफेसर देवेंद्र कुमार ने छात्र-छात्राओं से कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए सकारात्मक रहना और समय का सदुपयोग करना बेहद जरूरी है। यदि छात्र बचपन से ही शिक्षा को लेकर सजग बने रहेंगे तो वह जीवन की उच्चतम सफलता हासिल कर पाएंगे। डा. देवेंद्र कुमार ने छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने को टिप्स टिए। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राधानाचार्य डा. रणवीर सिंह ने बच्चों से जीवन में सकारात्मक सोच के साथ स्वाध्याय करने पर भी जोर दिया। इसके बाद विद्यालय के समस्त स्टाफ ने डा. देवेंद्र कुमार को सम्मानित किया। कार्यक्रम में पुनीत कुमार, कुलदीप कुमार, मानसी, मनीषा, सोनू कुमार, संजीव कुमार व फरागत अली आदि मौजूद रहे।
विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
मुजफ्फरनगर। पुरकाजी के शेरपुर नगला गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर पुलिस भी पहुंची और मामले की छानबीन शुरु कर दी। बताया जा रहा है कि विवाहिता की मौत फांसी लगाने से हुई, डेढ़ साल पहले मृतका की शादी हुई थी। वहीं मृतका के परिजनों हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
पुरकाजी नगर पंचायत बनी आदर्श पंचायत
मुजफ्फरनगर। पुरकाजी विधायक प्रमोद उटवाल और चेयरमैन जहीर फारुकी की जुगलबंदी ने कस्बे को आदर्श की श्रेणी में ला दिया है। शासन की ओर से नगर पंचायत को आदर्श का तमगा मिला है। सूबे के विशेष सचिव ने जिलाधिकारी को खत लिखकर नगर पंचायत को आदर्श घोषित किया है। चेयरमैन जहीर फारुकी ने बताया कि आदर्श पंचायत बनने से कस्बे में और ज्यादा विकास कार्य होंगे।
गरीब व मजदूरों को मिलेंगे रोजगार
मुजफ्फरनगर। दो वक्त की रोटी के लिए जूझने वाले गरीब अब दूसरों को रोजगार दे रहे हैं। गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले इन युवाओं के पास अपनी पक्की दुकान है तो कोई बिना ब्याज के लोन हासिल कर कारोबार को आगे बढ़ रहा है। अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम की 9 से अधिक योजनाओं ने इन युवाओं की तकदीर बदलने का काम किया है। स्वरोजगार, अपनी दुकान, बिना ब्याज का लोन हासिल कर युवा व महिलाएं अपने सपनों को पूरा कर रही हैं। अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम की पंडित दीन दयाल उपाध्याय स्व रोजगार योजना अनुसूचित जाति के युवाओं के जीवन में बड़ा बदलाव लेकर आई। इसमें बैंकों की मदद से विभाग ने युवाओं को कृषि, उद्योग व सेवा व्यवसाय के क्षेत्र में महज 4 प्रतिशत की ब्याज दर पर 10 लाख रुपए तक का लोन उपलब्ध कराया। इसमें 25 प्रशित की मर्जिन मनी भी दी गई। विभाग के अनुसार वित्तीय वर्ष 2021-22 में इस योजना में जुलाई महीने तक 20,516 आवेदन किए गए थे। इसमें से 1,767 आवेदनकर्ताओं को लोन दिए गए, जिससे वह अब अपना कारोबार कर रहे हैं। नगरीय क्षेत्र दुकान निर्माण योजना के तहत जुलाई में 1000 दुकानों के सापेक्ष 250 दुकानों का निर्माण कराया गया जबकि 396 दुकानें निर्माणाधीन हैं। इस योजना के तहत बीपीएल कार्ड बेरोजगारों को जिनके पास अपनी भूमि होती है। उनको 78 से 85 हजार रुपए तक ब्याज मुक्त लोन दिलाया जाता है। इसमें 10 हजार रुपए की अनुदान राशि विभाग की ओर से दी जाती है।
गआटा चक्की लगाकर महिलाएं होंगी आत्मनिर्भर-अनुसूचित वित्त विकास निगम युवाओं के साथ महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनाने का काम कर रहा है। आटाध्मसाला चक्की योजना के तहत प्रत्येक जनपद में 2250 महिलाओं को इस योजना के जरिए जोड़ा जाएगा। महिलाओं को 20 हजार रुपए ब्याज मुक्त लोन दिलाकर उनको आटाध्मसाला चक्की लगवाई जाएगी। इसमें 10 हजार रुपए का अनुदान विभाग की ओर से दिया जाएगा जबकि शेष राशि महिलाओं को 36 महीने में देना होगी। फिलहाल 17 महिलाओं का चयन इस योजना के तहत किया जा चुका है। इसके अलावा आशा योजना, टेलरिंग योजना, व्यवसाय संवाददाता समेत अन्य योजनाओं के जरिए गरीबों को सपनों को पूरा करने का काम किया जा रहा है।
‘‘श्रीराम कॉलेज में चल रहे तीन दिवसीय योग चिकित्सा शिविर का हुआ समापन’’
श्रीराम कॉलेज में चल रहे तीन दिवसीय योग चिकित्सा शिविर के समापन के अवसर पर श्रीराम कॉलेज के निदेशक डा0 आदित्य गौतम, श्रीराम कॉलेज की प्राचार्या डा0 प्रेरणा मित्तल, महाविद्यालय के डीन एकेडमिक्स डा0 विनीत कुमार शर्मा तथा शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागध्यक्ष प्रमोद कुमार उपस्थ्ति रहे। शिविर में बडी संख्या में लोगो ने हिस्सा लिया और अपनी शारीरिक और चिकित्सा जांच के साथ-साथ योग के संबंध में जानकारी ली।
इस अवसर पर श्रीराम कॉलेज की विभिन्न संकाय के अध्यापक गण तथा छात्र-छात्राओं द्वारा बडी उत्सुकता से हिस्सा लिया गया। योगाचार्य डा0 अरविन्द वैदवान ने जानकारी देते हुये बताया कि यह योग चिकित्सा शिविर दिनांक 04.10.2021 से 06.10.2021 तक चला जिसमें लगभग 160 लोगो ने पंजीकृत होकर स्वास्थ्य लाभ उठाया। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय द्वारा प्रतिमाह ऐसे चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जायेगा। इसी क्रम मे आगे जानकारी देते हुये बताया कि आगामी 07 अक्टूबर 2021 से महाविद्यालय में प्रतिदिन सुबह प्रातः 6 बजे से प्रातः 7 बजे तक निःशुक्त योग की कक्षायें भी चलाई जायेगी।
तीन दिवसीय योग चिकित्सा शिविर के तीसरे दिन समापन अवसर पर शिविर में उपस्थित लोगो ने सर्वप्रथम वैदिक प्रार्थना की गई उसके बाद डा0 अरविन्द वैदवान, योगी सुनील कुमार एवं योगाचार्या साक्षी शर्मा द्वारा शिविर मे उपस्थिति लोगो की विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों जैसे- मर्म चिकित्सा, एक्यूप्रेशर चिकित्सा, प्राकृतिक चिकित्सा, स्वर योग एवं योगासन, प्राणायाम, ध्यान जैसी अनेक प्रकार की योग क्रियाओं द्वारा प्रभावी चिकित्सा की गयी।
इस अवसर पर डॉ0 आदित्य गौतम, निदेशक, श्रीराम कॉलेज ने कहा कि श्रीराम कॉलेज के योग शिक्षा विभाग के आचार्यो के द्वारा समाज की सेवा अनुकरणीय है। शिविर में भारतीय संस्कृति के अनुरूप चिकित्सा पद्धति से रोगियों की स्वास्थ्य सेवा बड़ी उपलब्धि है। इस कार्य से श्रीराम कॉलेज के योग शिक्षकों में अपने पेशे के प्रति श्रद्धा व सेवा का भाव प्रदर्शित किया है। शिविर के बाद भी योग-चिकित्सा का लाभ देने के लिए कॉलेज परिसर में योग शिविर का नियमित संचालन कराना भी प्रस्तावित है
इस अवसर पर श्रीराम कॉलेज की प्राचार्य डा0 प्रेरणा मित्तल द्वारा शिविर में उपस्थिति प्रतिभागियों को योग के लाभ बताते हुये कहा कि उत्तम स्वास्थ्य की प्राप्ति मनुष्य की अमूल्य निधि है जिसके आधार पर मनुष्य जीवन के सभी उददेश्यों को परिपूर्ण करने के लिये कुछ न कुछ कर्म करता ही रहता है। ऐसा दौर जब हमारे आस-पास मोबाईल फोन टेलिविजन और कई अन्य सुविधाएं है वही हमारे लिये योग की ओर ध्यान केंद्रित करना भी जरूरी हो गया है।
इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने कहा कि सांसारिक मनुष्य सदैव सुख की कामना करता है तथा सुख की प्राप्ति के बिना समग्र स्वास्थ्य की प्राप्ति संभव नही है। उन्होंने बताया कि योग का व्यावहारिक लाभ देखे जाये तो यह शारीरिक एवं मानसिक रोगो को दूर करने के लिये एक उत्तम चिकित्सा पद्धति है।
इसके पश्चात ्योगाचार्य डॉ0 अरविन्द वेदवान ने बताया कि योग चिकित्सा पद्धति कारगर है। अन्य पद्धतियों में जहां शरीर में कोई दूसरा रोग घर जाता है और वह वर्तमान की बीमारी का ही इलाज करते हैं। वहीं इस पद्धति में रोग को जड़ से मिटाया जाता है। योग चिकित्सा शिविर में मरीजों के रोगों के अनुसार योग व आसन की जानकारी दी गई तथा खानपान में बदलाव एवं दिनचर्या में सुधार की सलाह दी गई
इस अवसर पर महाविद्यालय के कोषाध्यक्ष देवेन्द्र चौधरी, साक्षी, भूपेन्द्र कुमार, संदीप कुमार, अमरदीप, सुनील, प्रशान्त आदि उपस्थित रहें।

