News
खबरें अब तक...

समाचार (Muzaffarnagar News)

नगर निकायः नामांकन प्रक्रिया शुरू-डीएम ने किया निरीक्षणMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । जनपद में नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया आज से प्रारम्भ हो गई है। नगरपालिका अध्यक्ष व सभासद पद के लिए कचहरी में नामांकन पत्र दाखिल किए जायेंगे, जबकि चरथावल व पुरकाजी नगर पंचायत के चेयरमैन व सभासद पद के पर्चे सदर तहसील में भरे जा रहे हैं। जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने कचहरी परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
नगरपालिका के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में बैरिकेड लगाकर रास्ता बंद कर दिया गया है। पुरकाजी और चरथावल के लिए तहसील सदर में नामांकन हो रहें हैं। पहले चरण के निकाय चुनाव के लिए मुजफ्फरनगर में नामांकन प्रक्रिया आज से शुरू हो गई। मुजफ्फरनगर पालिका सीट के लिए कलेक्ट्रेट में और नगर पंचायत पुरकाजी और चरथावल के लिए सदर तहसील में नामांकन की व्यवस्था की गई है। नामांकन आज से १७ अप्रैल तक होंगे और जनपद के १० निकायों में ४ मई को पहले चरण का मतदान होगा।
जिले की दो नगरपालिका और आठ नगर पंचायत अध्यक्ष और वार्ड सदस्य पद चुनाव के लिए जिले में नामांकन प्रक्रिया आज से शुरू हो गई। जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, आज से १७ अप्रैल तक नामांकन होंगे, जबकि २० अप्रैल को नाम वापसी होगी । सभी दस निकाय में ४ मई को मतदान और १३ मई को मतगणना होगी।
मुजफ्फरनगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए न्यायालय नगर मजिस्ट्रेट में नामांकन हो रहें हैं, जबकि वार्ड १-६ और ७ से १२ सदस्य पद के लिए न्यायालय चकबंदी उपसंचालक, वार्ड १९ से २४ और २५ से ३० के लिए एडीएम प्रशासन कोर्ट में नामांकन पत्र जमा किए जा रहे हैं, जबकि वार्ड ३१ से ३६ और ३७ से ४२ के लिए न्यायालय बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी कलेक्ट्रेट में नामांकन होंगे। वार्ड ४३ से ४८ और वार्ड १९ से ५५ के नामांकन न्यायालय चकबंदी अधिकारी कलेक्ट्रेट में होंगे।
नगर पंचायतों में आरक्षण की घोषणा के साथ ही अब चुनावी तैयारियां शुरू हो गई हैं। निकाय चुनाव में मुजफ्फरनगर शहर सीट सामान्य महिला हेतु आरक्षित, भोकरहेड़ी नगर पंचायत अध्यक्ष पद की सीट अनुसूचित जाति महिला और सिसौली नगर पंचायत अध्यक्ष पद अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित किया गया है, जबकि नगर पंचायत चरथावल, मीरापुर और पुरकाजी अध्यक्ष पद को अनारक्षित रखा गया है। वहीं बुढाना नगर पंचायत अध्यक्ष पद महिला के लिए आरक्षित किया गया है।

 

चोरी की स्कूटी सहित दबोचा
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा शातिर अभियुक्त की मय चोरी की स्कूटी सहित गिरफ्तार किया। १० अप्रैल को मनोज कुमार नि० रामपुरी द्वारा थाना को०नगर पर अज्ञात चोर द्वारा वादी की स्कूटी एक्टीवा को चोरी कर ले जाने के सम्बंध मे शिकायत दर्ज करायी जिस पर मुकदमा पंजीकृत किया गया । घटना के सफल अनावरण हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन व पुलिस अधीक्षक नगर के निकट पर्यवेक्षण मे तथा सहायक पुलिस अधीक्षक नगर/क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में थाना पुलिस द्वारा घटना का अनावरण कर अभियुक्त रंजीत सिंह पुत्र हरनेक सिंह नि० जाट कालोनी थाना सिविल लाईन जनपद मुजफ्फरनगर को मुखबिर की सूचना पर रूडकी रोड शाहबुद्दीन कट से चोरी की स्कूटी उपरोक्त सहित गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त को जेल भेजा जा रहा है। गिरफ्तार अभियुक्त रंजीत सिंह पुत्र हरनेक सिंह नि० जाट कालोनी जिसके कब्जे से चोरी की स्कूटी एक्टीवा बरामद हुई। गिरफ्तार करने वाली टीम में उ०नि० देवा सिंह, जितेन्द्र सिंह, कां० रविन्द्र सिंह, देशराज सिंह शामिल रहे।

 

महिला सहित तीन की सड़क हादसे में मौतMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । देर रात सड़क हादसा हो गया। बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक महिला सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हादसा थाना बुढ़ाना के पास हुआ है। पुलिस के मुताबिक, हादसे में महिला, उसके जेठ और गांव के ही एक युवक की मौत हुई है। वहीं, महिला के दोनों बेटे घायल हैं। उनका इलाज चल रहा है। एक ही गांव के तीन लोगों की मौत से गम का माहौल है।
थाना तितावी गांव जलालपुर के धीरज ने बताया कि गांव के ही जयकुमार पिलखुवा में प्राइवेट नौकरी करते हैं। उनके दो बेटे मनोज और अंकुर उनके साथ पिलखवा में ही रह रहे थे। गांव जलालपुर में उनकी पत्नी पूनम रहती थी। सोमवार को पूनम को सूचना मिली कि मनोज और अंकुर की तबीयत खराब है। बच्चों की चिंता होने लगी तो उसने पिलखुवा जाने की इच्छा जाहिर की।
इसके बाद पूनम अपने जेठ वजिस से मिली। ये दोनों पड़ोसी विनीत की बोलेरो गाड़ी से पिलखुवा के लिए निकल पड़े। बताया जा रहा है कि कल शाम तक ये तीनों पिलखुवा में ही थे। इसके बाद रात में वहां से अंकुर और मनोज भी गाड़ी में सवार होकर जलालपुर गांव आने लगे।
इस समय गाड़ी में पूनम, उसके दोनों बेटे अंकुर व मनोज, जेठ वजिस और पड़ोसी विनीत (गाड़ी चालक) सवार थे। पुलिस ने बताया कि वे लोग देर रात पिलखुवा से लौट रहे थे। जैसे बोलेरो गाड़ी बुढ़ाना क्षेत्र में रोहतक रोड भारद्वाज हॉस्पिटल के समीप पहुंची तो अचानक एक पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में विनीत (३५), पूनम (४५) और वजिस (५०) की मौत हो गई।
वहीं, उसके दोनों बेटे घायल हो गए। आस पास के लोगों ने ही पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों के शवों को किसी तरह गाड़ी से बाहर निकाला। शव गाड़ी में बुरी तरह से फंस गए थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उधर, दोनों भाइयों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
आशंका जताई जा रही है कि कार चालक विनीत को नींद की झपकी लगने से ये हादसा हुआ। मरने वालों में दो लोग एक ही परिवार के हैं, इसलिए परिवार में मातम छाया है। वहीं, बताया जा रहा है कि गाड़ी चालक विनीत भी पूनम का ससुराली रिश्तेदार ही था। फिलहाल एक ही गांव के तीन लोगों की मौत से गांव में शोक की लहर है।

 

नोडल अधिकारी किया निरीक्षण
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) जिला मुख्यालय पहुंचे स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डा.अनिल कुमार ने आज दोपहर के वक्त जिला अस्पताल पहुंच कर जिला अस्पताल मे लगे दोनो ऑक्सीजन प्लांट का नोडल अधिकारी ने गहनता से निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान सीएमओ डा.महावीर सिंह फौजदार, सीएमएस राकेश कुमार, एएसीएमओ,डा.शूरवीर सिंह सजवाण,डा. नवनीत बंसल, डा.शमशेर अली, डा.गीतांजली वर्मा आदि मौजूद रहे।

 

छात्रों ने दिया ज्ञापन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । डीएवी पीजी कॉलेज के छात्रसंघ संयुक्त सचिव अमन जैन ने छात्रों के साथ परास्नातक व्यक्तिगत पाठ्यक्रम प्रथम वर्ष व द्वितीय वर्ष के परीक्षा फॉर्म भरे जाने के लिये पुनः अवसर प्रदान करने के संबंध में मां शाकम्भरी विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक के नाम डीएवी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजीव मित्तल को ज्ञापन दिया।
छात्रसंघ संयुक्त सचिव अमन जैन ने बताया कि डीएवी पीजी कॉलेज मुजफ्फरनगर के छात्रसंघ पदाधिकारी छात्र हित में सदैव कार्यरत रहते है । इसी कड़ी में आज हमनें परास्नातक, व्यक्तिगत पाठ्यक्रम प्रथम वर्ष व द्वितीय वर्ष के परीक्षा फॉर्म भरे जाने के लिये पुनः अवसर प्रदान करने के संबंध में ज्ञापन दिया है, क्योंकि परास्नातक स्तर के व्यक्तिगत परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि ७ अप्रैल थी, जिसके समाप्त होने से प्रथम और द्वितीय वर्ष के अधिकांश परीक्षार्थी अपने परीक्षा फॉर्म भरने से वंचित रहे गए हैं।
जिससे उनका भविष्य अंधकार मे है और हमारी मांग है कि परीक्षा फॉर्म भरने का पोर्टल विश्वविद्यालय द्वारा पुनः खोलकर छात्रों को परीक्षा फॉर्म भरने का अवसर प्रदान किया जाये जिससे छात्रों का हित हो सके। ज्ञापन देने वालों में मुख्य रूप से कपिल कुमार और निखिल शर्मा सहित अन्य विद्यार्थी भी उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम हुआ आयोजित
बुढ़ाना। मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) कंपोजिट स्कूल हुसैनाबाद भनवाड़ा व प्राथमिक विद्यालय न० २ हुसैनाबाद हुसैनाबाद भनवाड़ा में स्कूल रेडीनेस के तहत चेक प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कोकंपोजिट स्कूल हुसैनाबाद भनवाड़ा व प्राथमिक विद्यालय नंबर २ हुसैनाबाद भनवाड़ा ,बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर) में खंड शिक्षा अधिकारी महोदया श्रीमती किरण यादव के निर्देशन में स्कूल रेडीनेस के तहत चेक प्रोग्राम का भव्य आयोजन किया गया। आंगनबाडी से आये हुए कक्षा १ मे प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओ का स्वागत किया गया। कक्षा१ मे प्रवेश लेने आये विधार्थियो के साथ आये उनके अभिभावको से कहा गया कि वे अपने बच्चो को स्कूल समय पर भेजे व समयकृसमय पर स्कूल आकर अपने बच्चे की गतिविधियो से संबधित जानकारी प्राप्त करते रहे। ग्रामीणों ने स्वीकारा कि यह बच्चों के माता-पिता की ड्यूटी बनती है कि वह अपने बच्चों को समय से स्कूल भेजें। कक्षा एक से कक्षा दो में प्रोन्नत हुए बच्चो ने कविता सुनाई। और अपनी सीखे ज्ञान का अच्छी तरह से प्रदर्शन किया। अभिभावकों में अध्यापकों के प्रति विश्वसनीयता के भाव दिखाई दिए।

 

प्रतियोगिता का एसडी कन्या इंटर कालेज में हुआ आयोजन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) एस. डी. कन्या इंटर कॉलेज (झांसी की रानी) मुजफ्फरनगर में छात्राओ को संचारी रोग नियंत्रण एंव दस्तक से बचाओ के अंतर्गत अन्तयाक्षरी प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया। जिलाधिकारी महोदय अरविन्द मल्लप्पा बंगारी के निर्देशानुसार एस. डी. कन्या इंटर कॉलेज (झांसी की रानी) मुजफ्फरनगर में छात्राओं को संचारी रोग नियंत्रण एंव दस्तक से बचाओ के अंतर्गत अन्तयाक्षरी प्रतियोगिता कराई गयी साथ ही प्रधानाचार्या जी और अध्यापिकाओं द्वारा छात्राओं को संचारी रोगों के बारे में जागरूक किया ।

 

ज्योतिबा फुले की जंयती पर भाजपाईयों ने किया नमन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पर महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती को ओबीसी मोर्चा मुजफ्फरनगर ने बड़े ही धूमधाम से मनाया जिसमें मुख्य अतिथि श्री सत्यपाल सिंह सैनी एमएलसी, विजय शुक्ला जिलाध्यक्ष, रुपेंद्र सैनी क्षेत्रीय महामंत्री, सुंदर पाल जिला अध्यक्ष ओबीसी मोर्चा, विक्रम सैनी पूर्व विधायक, हरीश अहलावत क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी, रेनू गर्ग ओबीसी मोर्चा प्रभारी, मिथिलेश पाल पूर्व विधायक, जगदीश पांचाल पिछड़ा आयोग सदस्य कविता सैनी जिला महिला मोर्चा मनोज पांचाल, जयकरण गुर्जर जिला मंत्री,अमित बंजारा जिला उपाध्यक्ष एवं विजय वर्मा जिला मंत्री ओबीसी मोर्चा आदि लोगों द्वारा इस कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया गया जिसमें सम्मानित मुख्य अतिथि ने महात्मा ज्योतिबा फुले के जीवन के बारे में विस्तार से बताया और लोगों को उनके बताए हुए रास्ते पर चलने का संदेश दिया साथ ही भूपेंद्र सैनी क्षेत्रीय महामंत्री ने बताया कि यह कार्यक्रम पूरे भारतवर्ष के प्रत्येक जिले में ओबीसी मोर्चा द्वारा कराया जा रहा है और उन्होंने भी ज्योतिबा फुले के बारे में विस्तार से सबको बताया इसके पश्चात ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष एवं उनकी पूरी टीम ने संघ एवं भाजपा के पुराने कार्यकर्ताओं को स्मृति चिन्ह व शॉल उड़ाकर सम्मानित किया और उन सब लोगों से आशीर्वाद लेकर २०२४ में भारतीय जनता पार्टी को बहुत अधिक बहुमत से जिताने का संकल्प भी लिया। इस कार्यक्रम में सचिन प्रजापति, विजय प्रजापति, रविंद्र पाल, तरुण पाल, कपिल पाल, सतीश, विराट आदि लोग उपस्थित थे

 

चला संचारी रोग नियंत्रण अभियान
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) दीपचंद ग्रेन चैंम्बर इंटर कॉलेज, नई मंडी मुजफ्फरनगर के छात्रो द्वारा को संचारी रोग नियंत्रण एंव दस्तक से बचाओ के अंतर्गत अन्तयाक्षरी प्रतियोगिता रैली व मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत डोर टू डोर जनसंपर्क का आयोजन कराया गया। जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी के निर्देशानुसार दीपचंद ग्रेन चैंम्बर इंटर कॉलेज, नई मंडी मुजफ्फरनगर में छात्रो को संचारी रोग नियंत्रण एंव दस्तक से बचाओ के अंतर्गत अन्तयाक्षरी प्रतियोगिता कराई गयी साथ ही प्रधानाचार्य की देखरेख मे रैली निकालकर डोर टू डोर जाकर जनमानस से संपर्क कर उन्हे मतदान के प्रति जागरूक कर मतदान करने के महत्व को समझाया।

 

खिलाडियो को दिये टिप्स
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) शूटर दादी प्रकाशी तोमर ने शहर के एसडी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग मे शूटिंग रेंज के उदघाटन अवसर पर खिलाडियों को टिप्स दिए तथा खेल सम्बन्धी अपने अनुभव साझा किए। एसडी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग मे चल रही शूटिंग रेंज के उदघाटन अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि पहुंची शूटर दादी प्रकाशी तोमर का कॉलेज प्राचार्य एवं कॉलेज प्रशासन के अधिकारियो ने माल्यार्पण कर स्वागत किया।

सफाई व्यवस्था दुरूस्त कराने की मांग
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) शहर की पॉश कालोनी गांधी कालोनी स्थित श्री गोलोक धाम मंदिर के समीप उचित साफ-सफाई व्यवस्था ना होने से स्थानीय नागरिको में नाराजगी बनी हुई है। श्री गोलोकधाम मंदिर के आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि पालिका प्रशासन की सुस्ती के कारण क्षेत्र मे सफाई व्यवस्था दुरूस्त नही है। उन्हे डर है कि कहीं संक्रमण रोग ना फैल जाए। अतः क्षेत्र मे पर्याप्त सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करायी जानी चाहिए।

बचाव को दी जानकारी
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) राजकीय हाई स्कूल रेई मुजफ्फरनगर में छात्र छात्राओं को संचारी रोग नियंत्रण एंव दस्तक से बचाओ के अंतर्गत इस रोग से बचाव के बारे मे जागरूक करने के लिए जानकारी दी गई। जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी के निर्देशानुसार राजकीय हाई स्कूल रेई मुजफ्फरनगर में छात्र छात्राओं को अध्यापको द्वारा संचारी रोग नियंत्रण एंव दस्तक से बचाओ के अंतर्गत इस रोग से बचाव के बारे मे जागरूक करने के लिए जानकारी दी गई कि कैसे छोटे-छोटै कार्य जैसे अपने आस पास सफाई रखकर हम इस रोग से बचाव कर सकते है। इस मौके पर सभी अध्यापकगण मौजूद रहे।

नालो की पडी शिल्ट साफ कराने की मांग
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) पचेन्डा रोड पर १० दिन पहले नगर पालिका ने नालो की सफाई की थी लेकिन उसमें से निकला कूड़ा सड़क पर छोड़ दिया गया और इसे साफ नहीं किया गया जिस कारण यह गन्दगी लोगो को दिक्कत कर रही है जिस कारण लोग बीमार पड़ रहे है जिस कारण कुछ लोगो ने तो अपनी दुकान ही बन्द कर रखी है । नगर पालिका से और उच्च अधिकारियों से निवेदन है कि जल्द से जल्द इस कूड़े को उठाया जाए ताकि लोगो को इस गन्दगी और बीमारी से छुटकारा मिल सके क्योंकि एक ओर जहां नालो की सफाई की गयी वहीं दूसरी ओर उससे निकला हुआ कूडा सड़कों पर डाल दिया गया जिस कारण गंदगी से निकलना भी दुर्भर हो रहा है। वहां के स्थानीय नागरिकों ने इस ओर ध्यान देकर सफाई व्यवस्था कराने की मांग की।

 

होम्योपैथी दिवस मनाया
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । स्थानीय लिंक रोड आदर्श कॉलोनी स्थित एक पार्टी हॉल में मुजफ्फरनगर होम्योपैथिक डॉक्टर्स एसोसिएशन के द्वारा विश्व होम्योपैथिक दिवस को बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया। एसोसिएशन के अध्यक्ष तथा वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ विवेक कुमार सचिव डॉ प्रमोद कश्यप एवं कोषाध्यक्ष डॉ अमित ने विशिष्ट अतिथि जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉक्टर अक्षय कात्यान के साथ महात्मा हनीमैन की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन करके एवं साथ केक काटकर होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति के जनक डॉक्टर सैमुअल हनीमैन का का २६८ वा जन्मदिवस मनाया। डॉक्टर अक्षय कात्यायन ने होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति के प्रचार एवं प्रसार पर अपने विचार रखें तत्पश्चात डॉक्टर विवेक एवं उनकी टीम ने उनको गेस्ट ऑफ ऑनर का सम्मान दिया। वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ राधेश्याम बेदी ने डॉ हनीमैन के जीवन वृतांत तथा असाध्य रोगों में होम्योपैथिक की उपयोगिता पर अपने विचार रखे। एसोसिएशन के द्वारा इस अवसर परडॉ अशोक कुमार को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार प्रदान किया गया इसी क्रम में डॉक्टर सिद्धांत भारद्वाज को मोस्ट प्रोमाइजिंग यंग होम्योपैथिक डॉक्टर का अवार्ड तथा महिला चिकित्सक डॉक्टर सुषमा कश्यप को मोस्ट प्रोमाइजिंग फीमेल होम्योपैथिक डॉक्टर के अवार्ड से नवाजा गया .एसोसिएशन परिवार के बच्चों तथा सदस्यों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। इस अवसर पर डॉक्टर सीके शर्मा, डॉ पी कुंवर, कार्यक्रम संयोजक डॉक्टर हिमांशु चौधरी तथा डॉक्टर विभांशु त्यागी, डॉ मंजीत राज डा .अमित सैनी, डा. डी के शर्मा, डा. संजीव कुमार आदि चिकित्सक सपरिवार उपस्थित रहे। सभी चिकित्सकों को एसोसिएशन की तरफ से मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ विवेक कुमार तथा डॉ मंजीत राज ने किया।

 

बाइक सवार की मौत
छपार। मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) सडक हादसे मे युवक की मौत से घर मे शोक छा गया। जानकारी के अनुसार छपार निवासी करीब 40 वर्षीय राशिद पुत्र सरफराज की बाईक द्वारा किसी काम से जाते वक्त सडक हादसे मे मौत हो गई। उधर से जा रहे कुछ अन्य वाहन चालको ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सडक हादसे मे युवक की मौत की खबर से परिजनो मे कोहराम मच गया। ग्रामीणो की सूचना पर कुछ ही देर मे मौके पर पहुंची पुलिस ने वहां मौजूद भीड की मदद से मृतक की शिनाख्त कर उसके परिजनो को इसकी सूचना दी। युवक की मौत की खबर से परिवारजनो मे शोक छा गया। पडौसियों सहित कुछ ही देर मे घटना स्थल पर पहुंचे पडौसियों की मौजूदगी मे पुलिस ने पंचनामा भरकर शव कोपोस्ट मार्टम के लिए मोर्चरी पर भिजवा दिया।

 

वारंटी को किया गिरफ्तार
चरथावल/मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) गैंगस्टर एक्ट के मामले में काफी दिनों से फरार चल रहे वारंटी को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दिल्ली से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।दरअसल चरथावल प्रभारी निरीक्षक राकेश शर्मा के नेतृत्व में उप निरीक्षक कौशल गुप्ता ने हेड कांस्टेबल मनोज सिरोही,देवदर्शन,सोनवीर सिंह आदि ने गैंगस्टर एक्ट के मामले में काफी दिनों से फरार चल रहे वारंटी भगत सिंह पुत्र सौराज सिंह निवासी ग्राम दुधली को यूनिटेक पुलिस चौकी के पास दिल्ली रोड स्थित गोदाम से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है पुलिस ने पकड़े गए आरोपी का चालान करते हुए जेल भेज दिया है

 

जहरीले पदार्थ का किया सेवन
छपार। मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) अज्ञात कारणो के चलते एक युवक ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इस हादसे से घबराए परिजनो ने उक्त युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
सूत्रो के अनुसार थाना क्षेत्र के निकटवर्ती गांव छपरा निवासी राशिद नामक युवक ने आज सुबह अज्ञात कारणो के चलते जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जिससे उसकी हालत बिगड गई। इस हादसे से घबराए परिजनो ने पडौसियो की मदद से आनन-फानन मे ही उक्त युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।

 

चुनाव मे कूकडा मंडी के व्यापारियों ने ंदुकानों के अधिग्रहण का जताया विरोध
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) दी गुड खाण्डसारी एण्ड ग्रेन मर्चेन्टस एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय मित्तल एवं मंत्री श्याम सिह सैनी ने संयुक्त रूप से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से अवगत कराया कि उन्होने मुख्य चुनाव अधिकारी, मुजफ्फरनगर, मुख्य चुनाव आयुक्त, नई दिल्ली व राज्य निर्वाचन आयुक्त को पत्र लिखकर मांग की है कि कई वर्षो से नगरपलिका, लोकसभा व विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया वोटिंग मशीन रखने व मतगणना हेतु जिला प्रशासन, नवीन मण्डी स्थल, मुजफ्फरनगर की दुकानो का अधिग्रहण करता रहा है। इससे गुड मण्डी,अनाज मण्डी स्थल मे गुड-शक्कर, गेहूं व सरसो की भरपूर आवक चल रही है एवं किसानो के गेहूं खरीदने के 5 विभिन्न विभागों के क्रय केन्द्र शुरू हो गए है। नगरपालिका चुनाव व 2024 मे लोकसभा चुनाव होने के कारण महीनो तक नवीन मण्डी का कारोबार पूरी तरह बाधित हो जायेगा। जिससे केन्द्र व प्रदेश सरकार को भी भारी राजस्व की हानि होगी। नवीन मंडी स्थल मे पेटी रखने व मतगणना होने से महीनो तक नवीन मण्डी का व्यापार प्रभावित रहता है। व्यापारियो ने जिला प्रशासन से अपील की है कि चुनाव मे नवीन मण्डी की दुकानो के अधिग्रहण की परम्परा को समाप्त कराया जाए। ताकि मंडी के व्यापारियों का व्यापार सुचारू रूप से चलता रहे। सरकार को राजस्व का नुकसान ना हो और किसान समय पर अपनी फसल की कटाई व बुआई कर सके।

 

अखिल भारतीय ब्राहमण चेतना मंच की बैठक सम्पन्न
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) अखिल भारतीय ब्राहमण चेतना मंच अखिल भारतीय ब्राहमण चेतना मंच के राष्ट्रीय संयोजक समाजसेवी पंडित सतीश शर्मा करवानो ने जारी प्रेस विज्ञप्ति मे कहा कि ब्राहमण समाज राजनीति मे पिछड रहा है। देश-प्रदेश मे ब्राहमणो का एक भी सर्वमान्य नेता नही है। उन्होने कहा कि सभी ब्राहमणो को दलगत राजनीति से त्यागपत्र देकर एक मंच पर एकत्र होना चाहिए। ब्राहमणो का सम्मेलन सम्मान समारोह परशुराम जयन्ति, मालवीय जयंति आदि पर राजनैतिक बैनर ना लगाए जाए। बैठक में अरविंद गौतम, प्रदीप शर्मा, पं.रामानुज दूबे, ललित भारद्वाज, राकेश शर्मा पेशकार, कोमल गौतम, अशोक शर्मा आचार्य, गोपाल त्यागी,तेलूराम, विकास शर्मा आदि मौजूद रहे।

 

निकाय चुनावः निर्वाचन नियंत्रण कक्ष की स्थापना
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) नगर निकाय सामान्य निर्वाचन २०२३ के दृष्टिगत जनपद में आदर्श आचार संहिता के पालन कराने हेतु जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी के निर्देशानुसार कलेक्ट्रेट के आई०सी०सी०सी० कन्ट्रोल रूम में निर्वाचन नियंत्रण कक्ष की स्थापना कर दी गई है जिसके अंतर्गत दूरभाष नंबर ०१३१-२४३६९१८, ०१३१-२४३७७७८ एवं ९४१२२१००८० को जारी किया गया है इसके अतिरिक्त समस्त तहसीलों में भी तहसील स्तरीय निर्वाचन नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है जिसमें निम्न नम्बरों पर आम जनमानस आदर्श आचार संहिता का उलंघन करने वालों के विरूद्ध शिकायत दर्ज करा सकते हैः
तहसील सदर-०१३१-२४३१५०४
तहसील खतौली-०१३९-६२७०३९१
तहसील बुढाना-०१३९-२२३४०५०
तहसील जानसठ-८५३२८४०५०२
उक्त नम्बरों पर आम जनमानस की आदर्श आचार संहिता के उल्लघंन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्व संबंधित शिकायतों को दर्ज कर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी महोदय द्वारा निर्देशित किया गया कि जनपद में आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन कराया जाए जो भी व्यक्ति आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए पाया गया उसके विरोध कानूनी कार्रवाई को अमल में लाया जाएगा। जिला प्रशासन निष्पक्ष एवं सुरक्षित चुनाव कराने हेतु सजग है जिसके लिए तैयारियां भी चरम पर है।

 

मजदूर की दीवार गिरने से मौत
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । अचानक दीवार गिर जाने से मकान के निर्माण कार्य में लगे मजदूर की मलबे के नीचे दबकर मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परीक्षण के लिये भेज दिया है।
पुलिस सूत्रों ने जानकारी देते हुए बताया कि भौराकलां थाना क्षेत्र के गांव सिसौली निवासी ३५ वर्षीय बबलू पुत्र राजेश्वर चिनाई मिस्त्री का काम करता था। आज गांव में ही एक मकान में काम करते समय अचानक दीवार गिर जाने से वह मलबे के नीचे दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परीक्षण के लिये भेज दिया है।

 

युवक की मौत से कोहराम
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । युवक की मौत से उसके परिवारजनो मे शोक छा गया। जानकारी के अनुसार कस्बा खतौली निवासी संदीप पुत्र सतबीर बाईक द्वारा रिश्तेदारी मे जाते वक्त चौधरी चरण सिंह मार्ग नहर की पटरी के समीप सडक किसी अज्ञात वाहन की चपेट मे आकर मौत हो गई। आसपास के खेतो मे काम कर रहे ग्रामीणो ने पुलिस को इसकी सूचना दी। सडक हादसे की जानकारी मिलने पर कुछ ही देर मे स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने मृतक के परिवारजनो को हादसे से अवगत कराया। युवक की मौत की सूचना से उसके घर मे शोक छा गया। परिजन तथा पडौसी टै्रक्टर-ट्रालियो मे सवार होकर उस पाइंट पर पहुंच गए। जिस स्थान पर यह हादसा हुआ। पुलिस ने ग्रामीणो की मौजूदगी मे शव को पोस्ट मार्टम के लिए मोर्चरी पर भिजवा दिया।

 

लायन्स क्लब ने राहगीरों को गन्ने का रस पिलाया
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । लायन्स क्लब मुजफ्फरनगर उन्नति ने गर्मी से राहत देने के लिए जानसठ रोड़ पर उपस्थित राहगीरों को ठंडा ठंडा गन्ने का रस पिलाया। लायन्स क्लब मुजफ्फरनगर उन्नति के प्रचार चेयरमैन अनिल कंसल ने बताया कि लायन्स क्लब उन्नति के द्वारा आज गर्मी से राहत के लिए जानसठ अड्डे के पास ताजे गन्ने के ठंडे रस को राहगीरों को लायन्स क्लब के अध्यक्ष निखिल मित्तल की अध्यक्षता में व सचिव मनीष जैन की उपस्थिति में गन्ने का ठंडा रस पिलवाया गया जिसमें मुख्य रूप से सीए मनीष गर्ग, अनिल कंसल, कोषाध्यक्ष हिमांशु गुप्ता, सीए अजय अग्रवाल लायन रीना अग्रवाल, मुकुल गोयल, राजेश मित्तल, गिरीश अरोरा, लवली अरोरा, नरेन्द्र गोयल, आदि लायन उपस्थिति रहे ।

News

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: [email protected]

News-Desk has 21118 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

9 + six =