News
खबरें अब तक...

समाचार (Muzaffarnagar News)

मीरापुर उपचुनाव की रणनीति पर रालोद की बैठक में हुई चर्चाMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News)रालोद की मासिक बैठक में बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूती देने के साथ मीरापुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव की तैयारियों को लेकर रणनीति तय की गई।
सरकूलर रोड स्थित रालोद जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष संदीप मलिक की अध्यक्षता में मासिक बैठक आयोजित की गई। जिसमें प्रान्तीय नेतृत्व के निर्देशो के चलते बैठक मे मौजूद समस्त पदाधिकारियो एवं कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक माह की 3 तारीख को मासिक बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में प्रभारी संजय पनवाडी शामिल रहे। बैठक के दौरान मीरापुर उपचुनाव की तैयारियों सम्बन्धी रणनीति बनाई गई। जिलाध्यक्ष संदीप मलिक इस दौरान उपचुनाव के मददेनजर बूथ व सैक्टर प्रभारियों की नियुक्ति करते हुए सभी बूथ कमैटियों के विस्तार के निर्देश दिए। बैठक को सम्बोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि संगठन मे ही शक्ति नीहित है। अतः सभी को पार्टी व संगठन हित मे कंधे से कंधा मिलाकर काम करना चाहिए। रालोद जिलाध्यक्ष संदीप मलिक ने बताया कि मीरापुर विधानसभा उपचुनाव के लिए कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार को पार्टी हाईकमान द्वारा चुनाव प्रभारी एवं शामली विधायक प्रसन्न चौधरी को संगठन प्रभारी नियुक्त किया गया है। बैठक मे कैबिने ट मंत्री अनिल कुमार, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमति रमा नागर, पूर्व मंत्री योगराज सिंह, वरिष्ठ नेता रामनिवास पाल, पूर्व चेयरमैन कृष्णपाल राठी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य संजय राठी, रालोद नेता पराग चौधरी, अंकित सहरावत, वरिष्ठ नेता सुधीर भारतीय आदि मौजूद रहे।

 

लोग उमसभरी गर्मी से बिलबिलाएंMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) उमसभरी गर्मी से हर कोई परेशान है। बीते दिन हुई बारिश के बाद उमसभरी गर्मी से हर कोई बेहाल है। क्योंकि शरीर को चिपचिपाने वाली इस गर्मी से राहत का कोई रास्ता नजर नही आ रहा है।
नागरिकों का कहना है कि अभी तक शहर मे कोई ठीक बरसात नही हुई है। यदि चार-पांच अच्छी सी बारिशें हो जाए तो काफी हद तक गर्मी से राहत मिल सकती है। इस बार हर वर्ष से औसतन बहुत कम बारिश हुई है। जिसका परिणाम यह रहा कि श्रावण के महीने मे ही भादवे जैसी गर्मी महसूस हो रही है। हर कोई गर्मी से राहत की जुगत मे है। परन्तु गर्मी के सामने सब तरकीब फेल होती नजर आ रही हैं।

 

एसएसपी और सीडीओ ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में सुनी समस्याएंMuzaffarnagar News
बुढ़ाना। मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News)वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक व मुख्य विकास अधिकारी द्वारा तहसील बुढ़ाना पर किया गया सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन। जनसमस्याओं को सुनकर उनके गुणवत्तापूर्ण व त्वरित निस्तारण हेतु सम्बन्धित को किया गया निर्देशित। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह व मुख्य विकास अधिकारी सन्दीप भागिया द्वारा तहसील बुढ़ाना में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान महोदय द्वारा जनता की जनसमस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना गया तथा समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारी/कर्मचारीगण को मौके पर जाकर शिकायतों का शत-प्रतिशत निस्तारण करने हेतु निर्देशित किया गया। समस्त अधिकारी/कर्मचारीगण को निर्देशित किया गया कि समाधान दिवस में आईं सभी शिकायतों की मौके पर जाकर निष्पक्ष जाँच करें एवं समयावधि में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें तथा महिला अपराध सम्बन्धी शिकायतों की जाँच प्राथमिकता के आधार पर की जाए। इसके अतिरिक्त महोदय द्वारा समाधान दिवस में उपस्थित सभी अधिकारी/ कर्मचारीगण व शिकायतकर्ताओं को साइबर अपराध एवं साइबर ठगी के सम्बन्ध में भी जागरूक किया तथा साइबर अपराध से बचने के उपायों के बारे में विस्तार से बताया। समाधान दिवस के दौरान क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेन्द्रपाल सिंह, क्षेत्राधिकारी फुगाना सन्त प्रसाद उपाध्याय सहित अन्य पुलिस, प्रशासनिक एवं राजस्व विभाग के अधिकारी/ कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

 

बैंक की खिड़की तोड़कर चोरी का प्रयास, हड़कंप मचाMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News)अज्ञात बदमाशों ने रात्रि के समय थाना सिविल लाइन क्षेत्र में मेरठ रोड पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में खिड़की तोड़कर चोरी का प्रयास किया। चार बदमाश बाथरूम की खिड़की तोड़कर बैंक में घुसकर नकदी चुराने की कोशिश करते रहे, लेकिन वे इसमें सफल नहीं हो पाए तो एक मोनीटर चोरी कर ले गए। जानकारी के अनुसार मधय रात्रि को थानाक्षेत्र सिविल लाईन के अन्तर्गत मेरठ रोड पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक में चार अज्ञात चोरों के द्वारा बैंक की खिड़की को तोडकर बैंक के अन्दर घुसकर चोरी का प्रयास किया गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने फिंगर प्रिंट व अन्य सबूत इकट्ठा किए। घटना के सम्बन्ध में थाना सिविल लाईन पुलिस द्वारा गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के सम्बन्ध में सहायक पुलिस सीओ सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि रात्रि लगभग ढाई बजे चार चोर बैंक के बाथरूम की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे और नकदी चोरी का प्रयास किया लेकिन उन्हें कामयाबी नही मिली, तो चोरों ने एक मोनीटर चोरी किया और फरार हो गए। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और अज्ञात चोरों की तलाश में पुलिस जुटी है।

 

कार्यकर्ता मीरापुर उपचुनाव को लेकर तैयारी में जुटेः जिया चौधरी
वरिष्ठ सपा नेता सुधाकर कश्यप के निधन पर मासिक बैठक में दी गयी श्रद्धांजलिMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News)सपा जिला मीडिया प्रभारी साजिद हसन ने बताता की समाजवादी पार्टी कार्यालय पर आयोजित मासिक बैठक की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी जिलाध्यक्ष जिया चौधरी एडवोकेट व संचालन जिला महासचिव चौधरी विकिल गोल्डी अहलावत द्वारा किया गया।
मीटिंग को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी एडवोकेट ने कहा की आने वाले विधानसभा उपचुनाव मीरापुर के लिए समाजवादी पार्टी पूरी तरह तैयार है तथा सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रत्येक जोन, सेक्टर व बूथ को पुनर्गठित करते हुए पूरे विधानसभा में सेक्टर जोन की मीटिंग के जरिए बूथ कमेटी को सक्रिय किया जा रहा है। उन्होंने कहा की पीडीए समाज को समाजवादी पार्टी में पूर्ण सम्मान के साथ उपचुनाव के लिए जागृत करने का अभियान निरंतर जारी है। मीटिंग को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी प्रदेश सचिव नौशाद अली पूर्व जिलाध्यक्ष सत्येंद्र सैनी वरिष्ठ सपा नेता विनय पाल, साजिद हसन ने कहा कि जनपद में सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार रिश्वतखोरी आम हो गई है। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार रिश्वतखोरी भेदभाव के चलते जनता का उत्पीड़न चरम पर है। भाजपा सरकार इस पर अंकुश लगाए अन्यथा समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता इसके विरुद्ध आंदोलन छेड़ने को बाध्य होंगे। मीटिंग में सपा विधानसभा अध्यक्ष सादिक चौहान,सतबीर त्यागी,अकरम खान, नगर अध्यक्ष ऐश मोहम्मद मेवाती ब्लॉक अध्यक्ष कृष्णपाल सिंह पाल द्वारा मीरापुर विधानसभा चुनाव को लेकर टीम बनाकर प्रत्येक गांव तथा कस्बे के वार्ड में सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का विकास व भाईचारे का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया गया। मीटिंग पश्चात वरिष्ठ सपा नेता व पूर्व दर्जा राज्य मंत्री श्री सुधाकर कश्यप के आकस्मिक निधन पर शोक प्रकट करते हुए २ मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मीटिंग में मुख्यरूप से सपा जिला उपाध्यक्ष आमिर कासिम,सुरेश पाल सिंह प्रजापति, पवन बंसल, सपा पिछड़ा वर्ग जिलाध्यक्ष सतीश गुर्जर, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड जिलाध्यक्ष राशिद मलिक, सपा अल्पसंख्यक सभा जिलाध्यक्ष अब्दुल्ला कुरैशी,सपा छात्र सभा जिलाध्यक्ष कुंवर विश्वास,सपा जिला सचिव रमेशचंद शर्मा, पंकज सैनी,अंकित शर्मा,इमरान सिद्दीकी, पवन पाल,इकबाल कुरैशी,नगर अध्यक्ष खतौली काजी इरफान, सपा नेता असद पाशा, हाजी गुफरान,बाल मुकुंद ग्रेड,मास्टर अल्ताफ सपा सभासद शहजाद चीकू,सुंदर सिंह,हसीब राणा,पूर्व जिलाध्यक्ष अल्पसंख्यक सभा डॉ इसरार अल्वी, नगर अध्यक्ष भोकरहेड़ी डॉ अलीशेर अंसारी, नगर अध्यक्ष अल्पसंख्यक सभा डॉ हनीफ अंसारी एडवोकेट, सपा पिछड़ा वर्ग प्रदेश सचिव सुमित पंवार बारी,सपा नेत्री दीप्ति पाल,अनिता कश्यप,सपा नेता सचिन पाल, नरेश पाल,राशिद जैदी,मौ मेहंदी,हनीफ इदरीसी, शानू ठेकेदार, शादाब राणा,रवि कुमार, अनेश कुमार,जियाउल चौधरी,प्रधान अर्जुन नैन,अनुराग पाल, जुल्फिकार अली सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

समाधान दिवस पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व उप जिलाधिकारी ने सुनी समस्याएं
जानसठ। मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News)अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व उप जिलाधिकारी जानसठ द्वारा तहसील जानसठ में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन कर जनसमस्याओं को सुना गया एवं उनके गुणवत्तापूर्ण व त्वरित निस्तारण हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया गया। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण महोदय श्री आदित्य बंसल व उप जिलाधिकारी जानसठ सुबोध कुमार द्वारा तहसील जानसठ में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त कुल २३ शिकायतों में राजस्व, पुलिस विकास आदि से संबंधित शिकायतें मुख्य रूप से प्राप्त हुई। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान अधिकारीगण द्वारा जनता की जनसमस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना गया तथा समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु सम्बन्धित राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारीध्कर्मचारीगण को मौके पर जाकर शिकायतों का शत प्रतिशत निस्तारण करने हेतु निर्देशित किया गया। समस्त अधिकारीध्कर्मचारीगण को निर्देशित किया गया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में आईं सभी शिकायतों की मौके पर जाकर निष्पक्ष जाँच करें एवं समयावधि में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें तथा महिला अपराध सम्बन्धी शिकायतों की जाँच प्राथमिकता के आधार पर की जाए। उक्त सम्पूर्ण समाधान दिवस में तहसीलदार जानसठ सहित अन्य प्रशासन व पुलिस विभाग के सम्बन्धित अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद रहे ।

 

प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
मुजफ्फरनगर। विद्यालय प्रांगण में शनिवार को राष्ट्रीय बॉब वंडरकिड प्रतियोगिता के साथ ही निबंध प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। निबंध प्रतियोगिता में कक्षा ३ से ८ तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में लेखन कौशल और सृजनात्मकता को प्रोत्साहित करना था। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ मृणालिनी अनंत ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, किष्निबंध लेखन प्रतियोगिता न केवल विद्यार्थियों की भाषा क्षमता को बढ़ाती है, बल्कि उन्हें अपनी सोच को सटीक तरीके से व्यक्त करने का अवसर भी प्रदान करती है। विद्यार्थियों ने अपने निबंधों में विचारों को बड़े ही रोचक और विचारशील तरीके से प्रस्तुत किया। निबंध प्रतियोगिता का आयोजन विजडम क्लब के सदस्यों द्वारा कराया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सीनियर अकेडमिक कोऑर्डिनेटर मोनिका अग्रवाल ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

प्रसाद का किया वितरण
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) शिवरात्रि पर्व के अवसर पर भगवान शिव का जलाभिषेक करने के उपरांत प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी ने उत्तर प्रदेश के विभाजन के लिए संघर्ष करने का संकल्प लेते हुए कहा कि प्रदेश के युवाओं, किसानों, मजदूरों और व्यापारियों के हितों और सर्वसमाज की खुशहाली के लिए यूपी का विभाजन समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय मंत्री जयंत चौधरी अच्छा काम कर रहे हैं, उनको अपने पिता के सपने को पूरा करने के लिए यूपी के विभाजन की मांग संसद में उठानी चाहिए।
शिवरात्रि के पर्व पर शहर के हृदय स्थल शिव मूर्ति पर प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी ने अपनी समाजसेवी टीम के सदस्यों के साथ शिव भक्तों को भगवान भालेनाथ के प्रसाद का वितरण किया। इसके बाद उन्होंने अपनी टीम के साथ भगवान शिव शंकर का जलाभिषेक करते हुए सभी के लिए सुख समृ( और देश प्रदेश में शांति की प्रार्थना की। इस अवसर पर उन्होंने सभी की खुशहाली के लिए उत्तर प्रदेश के विभाजन की मांग को उठाते हुए भगवान शिव के जलाभिषेक के साथ इसके लिए जनता के बीच जाकर जनजागरण करते हुए मांग पूरी होने तक संघर्ष का संकल्प भी लिया।
प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी ने कहा कि इस साल कांवड़ यात्रा के दौरान अधिकांश युवाओं ने बेहतर नौकरी या रोजगार के लिए भगवान शिव की आराधना करते हुए कांवड़ उठाई है। यह इस बात का प्रमाण है कि यूपी का नौजवान आज बेरोजगारी के कारण काफी परेशान है और कई चुनौतियों का सामना कर रहा है। इसका मुख्य कारण यहां की अधिक जनसंख्या है। उत्तर प्रदेश में आज २४ करोड़ लोग निवास कर रहे हैं और यह जनसंख्या देश के किसी भी प्रदेश से कहीं अधिक है। उत्तर प्रदेश के पडौसी राज्यों हरियाणा में ढाई करोड़, पंजाब में तीन करोड़, उत्तराखंड में सवा करोड़ और दिल्ली प्रदेश में दो से ढाई करोड़ की जनसंख्या है। ऐसे में उत्तर प्रदेश को दो हिस्सों में विभाजित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यहां से सांसद और केन्द्र में मंत्री रहे डॉ. संजीव बालियान भी यूपी के विभाजन की वकालत अपनी ही सरकार में कर चुके हैं। उनको भी अब जनता के साथ मिलकर इसके लिए संघर्ष करना चाहिए। साथ ही उन्होंने एनडीए सरकार में सहयोगी रालोद के मुखिया और केन्द्र सरकार के शिक्षा राज्यमंत्री जयंत चौधरी को भी याद दिलाया कि उनके पिता स्वर्गीय अजित सिंह का सपना भी यूपी विभाजन रहा है। उन्होंने हरित प्रदेश के नाम से अलग राज्य की मांग करते हुए कई अांदोलन किये और संघर्ष किया है। आज उनके इस सपने को पूरा करने के लिए जयंत चौधरी को अपनी सरकार में इसका प्रस्ताव पारित कराना चाहिए, क्योंकि यूपी और केन्द्र सरकार में रालोद की पूरी हिस्सेदारी है। उनको संसद में जनता की आवाज बनकर पुरजोर तरीके से इसकी आवाज उठानी होगी। प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी ने कहा कि जनता यूपी का विभाजन चाहती है। यदि यह हुआ तो यहां नौजवान, किसान, व्यापारी और मजदूरों के साथ ही उद्योगपतियों के लिए भी खुशहाली के रास्ते खुलेंगे और नये अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि हम अपनी पूरी टीम के साथ यूपी विभाजन का मुद्दा लेकर जनता के बीच जायेंंगे और सभी को इससे जोड़ने का काम किया जायेगा। समाजसेवी टीम का यह संकल्प है कि जब तक यूपी को दो हिस्सों में विभाजित करने का काम सरकार नहीं करती तब तक हमारा संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।
देर रात्रि प्रसाद वितरण के दौरान इस अवसर पर प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी के साथ भारत लोक सेवक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के पी चौधरी, एंटी करप्शन टीम से विक्की चावला, संजय मदान, साध्वी ममता त्यागी, कश्यप समाज से जिला महिला मोर्चा की रमन कश्यप, नवीन कश्यप, नेपाल कश्यप और हंसराज कश्यप आदि ने हजारों श्रद्धालुओं को खीर का प्रसाद वितरित किया।

 

रमेश केस्टो सांस्कृतिक ग्रुप द्वारा शिवरात्रि पर भव्य भजन संध्या आयोजितMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News)जनपद में शिवरात्रि पर्व के अवसर पर शिवमूर्ति संचालक मण्डल रजि० द्वारा भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी, एसएसपी अभिषेक सिंह, वरिष्ठ उद्योगपति भीमसैन कंसल मौजूद रहें। शिवमूर्ति संचालक मण्डल रजि० के अध्यक्ष शंकर स्वरूप बंसल द्वारा पधारे सभी मुख्य अतिथियो का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथियो द्वारा दीप प्रज्वल्लित कर भजन संध्या का शुभारम्भ किया गया। भव्य भजन संध्या के संयोजक रमेश केस्टो द्वारा आमंत्रित भजनो गायको ने भजन संध्या में एक से बढकर एक भजन प्रस्तुत कर समा बांधे रखा और श्रद्धालुओ को झूमने पर मजबूर कर दिया। लुधियान(पंजाब) से आये प्रसिद्ध भजन गायक संजू भारती ने गणेश वंदना व भगवान भोलेनाथ के एक से बढकर एक भजन प्रस्तुत कर मौजूद सभी श्रद्धालुओ को मंत्रमुग्ध कर दिया। दिल्ली से पधारी टी-सीरीज, श्रद्धा, संस्कार एवं आस्था चौनल फेम सुरेखा ने सत्यम शिवम सुन्दरम, आया बाबा का त्यौहार, भोले का जादू है सर चढकर बोलेगा, मेरी झोपडी के भाग खुल जायेगे भोले आयेंगे जैसे अनेको भजन सुनाकर रातभर समा बांधे रखा। दिल्ली से आये कलाकारो द्वारा शिव पार्वती नृत्य, २८ मुखी मां काली झांकी, भगवान गणेश, शिव तांडव, बजरंग बली आदि विभिन्न झांकियां प्रस्तुत कर दर्शको को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद दिल्ली से आये श्रद्धा, संस्कार टीवी फेम रोहन कुमार ने हे शम्भू बाबा, ओम नमः शिवाय का तू करते रहना जाप, मेरे भोलेनाथ भण्डारी का जग में डंका बाजे, डमक डम डमरू रे बाजे, भोले ओ भोले, बगड बम बम बम लहरी, बम भोले बम भोले आदि प्रसिद्ध भजनो से सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। मेरठ से आये मदनगोपाल तिवारी ने घुंघरू की आवाज निकाल खूब तालियां बटोरी। संगीत साज देने में बाबू ग्रुप कलाकारो ने भजन गायको के साथ अच्छी संगत की।
कार्यक्रम के अंत में शिवमूर्ति संचालक मण्डल के अध्यक्ष शंकर स्वरूप बंसल द्वारा सभी कलाकारों एवं मुख्य अतिथियो को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। मंच संचालन प्रसिद्ध कलाकार एवं स्टैण्डअप कॉमेडियन रमेश केस्टो द्वारा किया गया।

 

चाकू से किया घायलMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। आपसी विवाद मे कुछ युवकों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। जिसे गंभीर हालत मे जिला चिकित्सालय भिजवाया गया।
जानकारी के अनुसार नई मन्डी थाना क्षेत्र के जानसठ रोड स्थित निकटवर्ती गांव शेरनगर निवासी अमोल शर्मा पुत्र विनोद शर्मा का किसी बात को लेकर गांव के ही कुछ युवकों से आपसी विवाद हो गया। जिसमे आरोपी नीटू व उसके साथियों अमोल पर चाकू से हमला बोल उसे बुरी तरह घायल कर दिया तथा मौके से फरार हो गए। चीख-पुकार एवं शोर-शराबे की आवाज सुनकर कई लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणो ने इसकी सूचना परिजनों को दी। मामले की जानकारी मिलते ही परिजन तुरंत ही घटना स्थल पर पहुंच गए। परिजनो ने पुलिस को इस घटना से अवगत कराया तो घटना की जानकारी मिलते ही गांव मे पहुंची पुलिस ने तुरंत ही गंभीर रूप से घायल युवक अमोल शर्मा को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया। पुलिस ने इस सम्बन्ध मे मिली तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन व जांच पडताल शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रो का मानना है कि मामले की जांच के बाद ही इस सम्बन्ध मे कुछ कहा जा सकेगा।

 

सांसद को पत्र सौंपा
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) बी एस एन एल पेन्शनरस द्वारा माननीय सांसद हरेन्द्र मलिक को मुजफ्फरनगर मे सीजीएचएसी डिस्पेंसरी खुलवाने के लिए पत्र सौंपा। सांसद हरेन्द्र मलिक जी को मुजफ्फर नगर मे सीजीएचएसी डिस्पेंसरी खुलवाने के लिए एक पत्र सौंपा , जिसमे बीएसएनएल के भारी संख्या मे पेन्शनरस उपस्थित रहे। इस डिस्पेंसरी के खुल जाने से हजारो केंद्रीय कर्मचारियो , पैरा मेडिकलफोर्स आदि के कर्मचारी ,पेन्शनरस एवम उनके परिजन लाभान्वित होंगे। सांसद द्वारा मुजफ्फरनगर मे सीजीएचसी डिस्पेंसरी एवम बीएसएनएल पेन्शन रिवीजन मे अपने भरपूर सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर बीएसएनएल पेन्शनरस ए के अग्रवाल, आर यू सिंह, रामबीर सिंह, गणेश दत्त शर्मा, जनार्दन शर्मा,ओमकार, कान्ति प्रसाद, घनश्याम सैनी, जयकिशन आदि उपस्थित रहे।

 

राष्ट्रीय लोक अदालत 14 को

मुजफ्फरनगर । अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रितिश सचदेवा ने बताया कि १४.०९.२०२४ दिन द्वितीय शनिवार को दीवानी न्यायालय परिसर तथा वाह्य न्यायालय बुढाना, ग्राम न्यायालय खतौली, ग्राम न्यायालय जानसठ, तथा कलक्ट्रेट मुजफ्फरनगर मे राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।

 

News

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: [email protected]

News-Desk has 21174 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

7 − two =