समाचार (Muzaffarnagar News)

मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण) एवं नवरात्रि सप्ताह के अंतर्गत आईटीआई, मुजफ्फरनगर में मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का किया गया आयोजन, महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा के प्रति किया जागरूक। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण) एवं नवरात्रि सप्ताह के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से, पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ के निर्देशन में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), मुजफ्फरनगर परिसर में मुजफ्फरनगर पुलिस की मिशन शक्ति टीम द्वारा जागरूकता स्टॉल लगाया गया। इस दौरान मिशन शक्ति टीम द्वारा उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में महिलाओं को उनकी सुरक्षा से संबंधित कानूनों, हेल्पलाइन नंबरों (1090, 112, 181), साइबर अपराध से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, घरेलू हिंसा, बाल विवाह एवं महिला उत्पीड़न जैसे मुद्दों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही बताया गया कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या उत्पीड़न की स्थिति में महिलाएं बिना संकोच पुलिस हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। साथ ही “वीमेन पावर लाइन 1090” एवं “आपातकालीन सेवा 112” के प्रभावी उपयोग के बारे में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति टीम द्वारा उपस्थित सभी को यह संदेश दिया गया कि महिला सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना आवश्यक है। उक्त जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से बड़ी संख्या में महिलाओं एवं बालिकाओं ने लाभ प्राप्त किया तथा मुजफ्फरनगर पुलिस के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की। मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा भविष्य में भी इसी प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित एवं सशक्त वातावरण प्रदान किया जा सके।कन्या पूजन के साथ श्रद्धालुओं ने खोला व्रतः माता रानी को मंदिरों में भोग लगाने को उमड़ी भीड

मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। जिलेभर में गुरुवार को दुर्गाष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिरों में विशेष पूजन और अनुष्ठान आयोजित किए गए। सुबह से ही देवी मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।चैत्र नवरात्रि पर दुर्गाष्टमी के पावन पर्व पर भक्तों ने कन्या पूजन कर अपना व्रत खोला। मंदिरों, घरों और सामुदायिक केंद्रों में सुबह से ही भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा। कन्याओं को मां दुर्गा का रूप मानकर पूजन-अर्चन किया गया, जिससे वातावरण गुंजायमान हो गया।
दुर्गाष्टमी के अवसर पर परंपरा के अनुसार छोटी कन्याओं को आसन पर बिठाकर उनके चरण धोए गए, भोजन कराया गया और दक्षिणा दी गई। मुजफ्फरनगर के प्रमुख देवी मंदिरों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड रही। चैत्र नवरात्रि के आठवें दिन दुर्गा अष्टमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की विशेष पूजा-अर्चना की गई। सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं, जहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। शहर के प्रमुख देवी मंदिरों को भव्य रूप से सजाया गया था। माता के दरबार में फूलों की आकर्षक सजावट और रोशनी की व्यवस्था की गई थी। श्रद्धालुओं ने आरती की और जयकारे लगाए। कई स्थानों पर दुर्गा सप्तशती का पाठ और भजन-कीर्तन का भी आयोजन हुआ, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने छोटी कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर उनके चरण धोए, माथे पर तिलक लगाया और उन्हें आसन पर बैठाकर पूड़ी, हलवा और चने का प्रसाद खिलाया। कन्याओं को उपहार और दक्षिणा भी दी गई। कई परिवारों ने इसी दिन अपने नौ दिनों के नवरात्रि व्रत का समापन किया। महिलाओं में विशेष उत्साह देखा गया, जिन्होंने विधि-विधान से पूजा कर परिवार की सुख-शांति की कामना की। बाजारों में भी पूजा सामग्री, फल, मिठाई और प्रसाद की खरीदारी के लिए दिनभर चहल-पहल रही। श्रद्धालुओं का मानना है कि दुर्गा अष्टमी पर मां महागौरी की पूजा से जीवन के कष्ट दूर होते हैं और घर में सुख, शांति तथा समृद्धि आती है। मुजफ्फरनगर में इस पर्व ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और पारंपरिक संस्कृति को भी प्रदर्शित किया।
राजकीय संप्रेक्षण गृह का जनपद न्यायाधीश ने किया निरीक्षण
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर), मुजफ्फरनगर का जनपद न्यायाधीश बीरेंद्र कुमार सिंह द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान अपर जिला जज श्रीमती दिव्या भार्गव, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डॉ. सतेंद्र चैधरी, मुख्य न्याय मजिस्ट्रेट, श्रीमती कविता अग्रवाल, सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ मिश्रा एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी, संजय कुमार अधिकारी उपस्थित रहे। संस्था में निरुद्ध किशोरों से समस्याओं की जानकारी ली गई तथा पूर्व निर्देशों के क्रम में अनुपालन की जानकारी ली गई, निरीक्षण के समय संस्था प्रभारी मोहित कुमार, सहायक अध्यापक सहित समस्त स्टाफ व सुरक्षा बल मौजूद रहा।
दो शातिरों को किया गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। थाना को0नगर पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र अन्तर्गत जुआ खेलने वाले दो शातिर अभियुक्तों को सट्टा पर्ची व नकदी सहित गिरफ्तार किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन व पुलिस अधीक्षक नगर व सहायक पुलिस अधीक्षक नगर/क्षेत्राधिकारी नगर के निकट पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी बबलु सिंह वर्मा के नेतृत्व में थाना कोतवाली क्षेत्र में शातिर अपराधी जुआ के अवैध कार्य करने वाले 02 अभियुक्तगण अफसर अब्बास उर्फ अफसर जैदी पुत्र कैसर अब्बास निवासी इमामबाडा के पास लद्दावाला, दीपक वर्मा पुत्र रमेशचन्द निवासी हनुमान चैक हाल पता लद्दावाला जुआ के माल (08 अदद सट्टा पर्ची, एक अदद डायरी सट्टा व एक नीला पैन, कुल 20,020/- रूपये) सहित गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना प्रभारी बबलू सिंह वर्मा, उ0नि0 विक्रान्त कुमार, पवन प्रताप सिंह, का. हर्ष कुमार, बलदेव कुमार शामिल रहे।
धूमधाम के साथ श्री राम जन्मोत्सव मनाया
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।झांसी की रानी पर स्थित श्री सनातन धर्म सभा भवन में आज रामनवमी कार्यक्रम बड़े धूमधाम और हर्ष के साथ आयोजित किया गया। सभा भवन में इस कार्यक्रम के दौरान अनेक झांकियां प्रस्तुत की गई। जिसमें सर्वप्रथम भगवान विष्णु का स्वरूप उसके बाद श्रीराम व उनके भाइयों का बालक स्वरूप में जन्म और बाद में बड़े राम के रूप में उनकी भूमिका का सजीव चित्रण किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सभासद राजीव शर्मा, मनोज वर्मा, शोभित गुप्ता एवं अरविंद भारद्वाज आदि उपस्थित हुए। इसके बाद महाआरती का आयोजन किया गया और तत्पश्चात प्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम में पर्व पत्रिका का भी विमोचन कर भक्तों को पर्व पत्रिका वितरित की गई। इस अवसर पर अध्यक्ष शंकर स्वरूप, मंत्री सतीश ठेकेदार, उपाध्यक्ष शिवचरण दास,ं अमित कोषाध्यक्ष, अंजुल कार्यालय मंत्री, सुखदेव मित्तल एडवोकेट, नवीन ठेकेदार, अनुराग अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, जनार्दन स्वरूप, प्रवीण गुप्ता, अनिल बंसल प्रचार मंत्री, अजय गर्ग, साधुराम गर्ग एडवोकेट एवं व्यवस्था प्रमुख सुरेश पांडे ने आए हुए सभी अतिथियों का भव्य स्वागत किया। इसके साथ ही श्री रामनवमी की भव्य यात्रा आज टाउन हॉल के मैदान से शुरू होकर नगर के विभिन्न मार्गो से होता हुआ वापस टाउन हॉल पहुंची। और नगर वासियों ने श्री राम परिवार की आरती कर उनका दर्शन लाभ प्राप्त किया और प्रसाद ग्रहण किया। रामनवमी के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम बहुत लंबे अरसे से लगातार चल रहा है जिसे सनातन धर्म सभा भवन प्रतिवर्ष आयोजित करती रही है।
रामकथा में भगवान श्री राम सहित चारों भाइयों के नामकरण संस्कार का वर्णन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।श्री बालाजी जन्मोत्सव के बीच बालाजी धाम संकीर्तन भवन में आयोजित श्री राम कथा के तीसरे दिन आचार्य श्री शांतनु जी महाराज ने विभिन्न प्रसंगों के साथ भगवान श्री राम सहित चारों भाइयों के नामकरण संस्कार व अहिल्या उद्धार की कथा का बहुत ही सुंदर वर्णन किया, कथा को आरंभ करते हुए महाराज श्री ने कहा की प्रभु श्री राम के अयोध्या में प्रकट होते हैं सारी अयोध्या के घर-घर में आनंद छा गया, एक माह तक भगवान श्री राम के पूरी अयोध्या में मनाया गया उन्होंने कहा परमात्मा का दरबार नर्सिंग होम जैसा ही होता है क्योंकि परमात्मा ही सभी कष्टहो का निवारण करते हैं संस्कारों एवं परंपराओं को अपने बच्चों के जीवन में जरूर लाइए ताकि बच्चे अपनी परंपरा से हमेशा जुड़े रहे उन्होंने भगवान श्री राम के अयोध्या में जन्म लेने पर कहा कि भारतमे व सनातन धर्म में जन्म लेना ही सौभाग्य की बात है इस अवसर पर अतिथियों द्वारा श्री बालाजी भजनावली पुस्तक का विमोचन भी किया गया, कथा मे मुख्य रूप से राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, पूर्व विधायक अशोक कंसल, उद्यमी भीमसेन कंसल, व्यापारी नेता संजय मित्तल, ब्रजेश कुमार, श्री मोहन तायल, सभासद देवेश कौशिक, राहुल पंवार, उधमी कुशपुरी, नगर मजिस्ट्रेट, सी ओ नई मंडी, प्रभारी निरिक्षक नई मंडी, शिवम् सिंघल, श्रवंण गोयल, अंकित गर्ग, हरिशंकर तायल, रजत राठी, रजत गोयल, मनोज खंडेलवाल, सहित काफी संख्या मे श्रद्धालु उपस्थित रहे।
27 को होगा गीता पाठ
मुजफ्फरनगर। मनकामनेश्वर महादेव शिव मंदिर, भरतिया कालोनी में प्राण प्रतिष्ठा वार्षिकोत्सव एवं रामनवमी के शुभावसर पर श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार द्वारा गीता पाठ ,भजन भाव का भव्य आयोजन किया जायेगा। परम पूज्य गुरुदेव महामण्डलेश्वर गीता मनीषी स्वामी श्री ज्ञानानन्द जी महाराज द्वारा संचालित श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार मुजफ्फर नगर के महा मंत्री श्री अतुल कुमार गर्ग एवं पण्डित अरूण मिश्रा स्वामी जी ने एक संयुक्त वक्तव्य मे बताया कि मनकामनेश्वर महादेव शिव मन्दिर , भरतिया कालोनी मुजफ्फर नगर में मन्दिर की प्राण प्रतिष्ठा वार्षिकोत्सव एवं रामनवमी के शुभावसर पर श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार मुजफ्फरनगर द्वारा गीता पाठ, भजन भाव का भव्य आयोजन कथाव्यास पंडित अरुण मिश्रा (स्वामी जी) के सौजन्य से 27 मार्च 2026,शुक्रवार को प्रातः 09 बजे से होना निश्चित हुआ है , जिसमें आप सभी सपरिवार/ईष्ट मित्रो सहित सादर आमंत्रित हैं। मन्दिर की प्राण प्रतिष्ठा वार्षिकोत्सव अत्यंत उत्साह पूर्वक मनाया जायेगा, जिसमे 12 बजे भोग ध्प्रसाद का आयोजन किया गया है। अधिक से अधिक संख्या मे पहुंच कर धर्म लाभ उठाए।
धोखाधडी की रकम कराई वापस
छपार। साइबर हेल्पडेस्क थाना छपार द्वारा आवेदक से धोखाधड़ी कर निकाली गई सम्पूर्ण धनराशि 1,75,000/- वापस कराई गई। साइबर अपराधों की रोकथाम एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ के निकट पर्यवेक्षण में साइबर हेल्पडेस्क थाना छपार द्वारा एक आवेदक से धोखाधड़ी कर निकाली गई सम्पूर्ण धनराशि 1,75,000/- उनके बैंक खाते में वापस कराई गई है। उल्लेखनीय है कि 14 अक्टूबर 2025 को थाना छपार पर गठित साइबर हेल्प डेस्क टीम को आॅनलाइन पोर्टल पर आवेदक श्री राम कुमार शर्मा नि0 ग्राम सिम्भालकी थाना छपार जनपद मुजफ्फरनगर के साथ 1,75,000 रुपये का साईबर फ्रॉड होने के सम्बन्ध में शिकायत प्राप्त हुई। थाना छपार साइबर हेल्प डेस्क टीम द्वारा उक्त शिकायत पर तत्काल कार्यवाही की गयी तथा आवेदक से साइबर फ्रॉड कर निकाली गयी सम्पूर्ण धनराशि 1,75,000/- रूपये उनके खाते में वापस कराये गये। मुजफ्फरनगर पुलिस जनपदवासियों से अपील करती है कि प्रलोभन में आकर किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजी गई लिंक, गिफ्ट/ऑफर, लॉटरी, केवाईसी अपडेट अथवा बैंक खाते से संबंधित संदेशों पर बिना सत्यापन क्लिक न करें, “डिजिटल अरेस्ट” के नाम पर साइबर अपराधी स्वयं को पुलिस, सीबीआई, ईडी या अन्य सरकारी अधिकारी बताकर वीडियो कॉल के माध्यम से डराते-धमकाते हैं और कार्रवाई/गिरफ्तारी का भय दिखाकर पैसे ट्रांसफर कराने का प्रयास करते हैं। आमजन अवगत रहें कि इस प्रकार की कोई भी कार्यवाही फोन या वीडियो कॉल के माध्यम से नहीं की जाती। किसी भी स्थिति में अपनी बैंकिंग जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड, यूपीआई पिन अथवा अन्य गोपनीय विवरण साझा न करें। साइबर अपराध से संबंधित किसी भी शिकायत पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा ीजजचेरूध्ध्बलइमतबतपउमण् हवअण्पदपोर्टल पर शिकायत दर्ज करें अथवा मुजफ्फरनगर साइबर सेल 9454401617 या निकटतम थाने पर स्थित साइबर हेल्प डेस्क से संपर्क करें।
सड़क हादसे में दम्पत्ति व बच्चे घायल
जानसठ। सड़क हादसे में बाइक सवार एक ही परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब क्षेत्र के घटायन गांव के पास सामने चल रही एक अज्ञात कार चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे पीछे आ रही बाइक असंतुलित होकर गिर गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में परवेज अली, उनकी पत्नी नाजमीन और उनके तीन बच्चे जुनैद, मरियम व अमजा घायल हो गयी। सूचना मिलते ही पीआरबी 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि आए दिन इस रोड पर हादसे होते रहते हैं, ऐसे में प्रशासन को सख्त कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
तलवार लहराकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वाले को दबोचा
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। सार्वजनिक स्थान पर तलवार लहराते हुए असामाजिक कृत्य करने व वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वाले अभियुक्त को थाना नई मण्डी पुलिस ने किया गिरफ्तार। जनपद में अपराधों की रोकथाम एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत के निकट पर्यवेक्षण में एवं क्षेत्राधिकारी नई मण्डी व थाना प्रभारी नई मण्डी के नेतृत्व में थाना नई मण्डी पुलिस द्वारा की गयी कार्यवाही। सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हुई जिसमें कुछ युवक इक्ट्ठा है तथा एक युवक द्वारा सार्वजनिक स्थान पर तलवार लहराते हुए असामाजिक कृत्य किया जा रहा था, जिससे आमजन में भय एवं असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो रही थी। थाना नई मण्डी पुलिस द्वारा उक्त वीडियो का तत्काल संज्ञान लिया गया तथा जांचोपरांत संबंधित व्यक्ति की पहचान सुनिश्चित कर उसके विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया एवं पुलिस टीम द्वारा प्रभावी कार्यवाही करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त रिंकु पुत्र राम सजीवन निवासी सैनिक विहार थाना नई मण्डी के कब्ज से एक तलवार नाजायज बरामद की। गिरफ्तार करने वाली टीम में उ0नि0 शुभम चैहान, का. अभिषेक नागर, नरेश कुमार थाना नई मण्डी शामिल रहे।
माँ भगवती जागरण में श्रद्धालु झूमे
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।श्रद्धा और उत्साह के साथ खतौली के दुर्गापुरी स्थित सिद्ध पीठ श्री दुर्गा मंदिर में 138वां मां भगवती का विशाल जागरण बड़े ही आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पूरी रात भक्ति रस में सराबोर रहे। इस अवसर पर कैथल से पधारी श्री सोनू चंचल एंड पार्टी ने मां भगवती के भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी। उनके मधुर भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे और वातावरण भक्तिमय हो गया। जागरण के दौरान विधिवत पूजा-अर्चना एवं ज्योति प्रज्वलन का कार्य श्री रवि ग्रोवर जी (तिलक रेस्टोरेंट) द्वारा संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में मां भगवती के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री तेजेंद्र मोहन भाटिया, श्री धीरज सूरी, श्री राजीव ग्रोवर, श्री राजकुमार मंगवानी, श्री राजेंद्र लोहिया, श्री हरीश भसीन, श्री दिनेश सूरी, कुशांक ग्रोवर, रमित खरबंदा, रिंकू सलूजा, विपिन कोहली, रवि ग्रोवर, संजय लोहिया, नरेश गुंबर, श्री प्रवीण ठकराल, राम जी (टेंट वाले), मुकेश कुमार टोनी, गौरी शंकर गौरी, राजेंद्र तनेजा, हनी ग्रोवर, मनीष सहगल, करण सूरी सहित अनेक भक्तों का सराहनीय सहयोग रहा।श्रद्धालुओं ने मां भगवती से सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा और अंत में प्रसाद वितरण के साथ संपन्न हुआ।
आईटीआई में चल रहे प्रशिक्षण केंद्र का हुआ समापन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। जनपद मुजफ्फरनगर में प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित नौ दिवसीय कार्यक्रम का गुरुवार को भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम में विकास, सुशासन और जनकल्याण की उपलब्धियों को प्रदर्शित करते हुए आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। मेरठ रोड स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान परिसर में आयोजित नौ दिवसीय कार्यक्रम का समापन समारोह उत्साह और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमिता विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समापन समारोह में पहुंचने पर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही, जहां सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को सरल भाषा में प्रदर्शित किया गया। अपने संबोधन में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश ने विकास, सुशासन, सुरक्षा और निवेश के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्रभावी नीतियों के कारण उत्तर प्रदेश देश की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। गरीबों के कल्याण, महिलाओं के सशक्तिकरण, युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, किसानों के हित में उठाए गए कदमों और कानून व्यवस्था में सुधार को सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया। उन्होंने भाजपा की डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त पहल से विकास कार्यों को गति मिली है और आम जनता को योजनाओं का सीधा लाभ प्राप्त हो रहा है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए और उन्हें योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। इसके अलावा छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने प्रदेश की समृद्ध परंपरा और विकास यात्रा को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। समापन समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, अधिकारीगण और विद्यार्थी उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रदर्शनी और कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश की विकास यात्रा को करीब से देखा और समझा।
3 को निकलेगी बालाजी की शोभायात्रा
मीरापुर। भगवान श्री बालाजी जन्मोत्सव की तैयारियों की हर ओर शुरू हो चुकी है भक्तजन बाबा के जन्मदिन को मनाने के लिए जुट गये है। इसी के साथ-साथ भक्तों द्वारा भंडारे आदि के लिए भी हलवाई की बुकिंग शुरू कर दी गयी है। आगामी 3 अप्रैल को होने वाली श्री बालाजी शोभायात्रा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। बालाजी शोभायात्रा कमेटी के सदस्यों ने भक्तों को निमंत्रण देने के लिए नगर में कैलेंडर वितरित किए हैं। शोभायात्रा को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से बालाजी शोभायात्रा कमेटी के सदस्यों ने एक बैठक की। इस बैठक में तैयारियों को तेज करने पर जोर दिया गया। आगामी शोभायात्रा के संबंध में बालाजी शोभायात्रा कमेटी के मोहित गर्ग ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस दौरान विभिन्न धार्मिक आयोजन जैसे शोभायात्रा, जागरण और भंडारे का आयोजन किया जाएगा। यात्रा मुक्कलपुरा रोड स्थित हनुमानपुरी श्री बाला जी मंदिर से शुरू होकर थावर वाली मस्जिद, मेन बाजार, मदान चैक और मीरापुर थाने से होते हुए मुख्य मार्गों से गुजरेगी। यह यात्रा अंत में वापस मंदिर प्रांगण में संपन्न होगी। श्री बालाजी शोभायात्रा को लेकर भक्तों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। कमेटी ने सभी भक्तों से इस पावन अवसर पर शामिल होने की अपील की है। इस अवसर पर अशोक सैनी, अमित डागा, शशि सहित कमेटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे।


