समाचार (Muzaffarnagar News)
राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल के मुजफ्फरनगर जिलाध्यक्ष बने सोनू त्यागी
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल ने संगठन का विस्तार करते हुए सोनू त्यागी को मुजफ्फरनगर का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। उनके मनोनयन पर कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीकांत त्यागी के निर्देश पर क्षेत्रीय अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने सोनू त्यागी की सक्रियता और संगठन के प्रति निष्ठा को देखते हुए मुज़फ्फरनगर में जिलाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष बनने पर सोनू त्यागी ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ संगठन को जिले में मजबूत करने का कार्य करेंगे और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएंगे। उधर नियुक्ति की खबर मिलते ही उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने बधाई दी।
गणपति जन्मोत्सव में मंत्री कपिल देव और गणमान्य हस्तियों ने की पूजा-अर्चना
धूमधाम व श्रद्धा के साथ निकली शोभायात्रा
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। भरतीया कॉलोनी स्थित श्री गणपति खाटू श्याम मंदिर में श्री सिद्धिविनायक भगवान श्री गणपति जी के जन्मोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। इस पावन अवसर पर मंदिर प्रांगण में पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। जन्मोत्सव के अवसर पर धूमधाम के साथ मंडी क्षेत्र में श्री गणपति जी की भव्य शोभायात्रा निकली जहां शोभायात्रा का मार्ग पर फूलों से भव्य स्वागत भी किया गया। इस दौरान कई जगह प्रसाद का वितरण भी किया गया। रथ में सवार भगवान श्री गणेश जी का विभिन्न स्थानों पर आरती कर स्वागत किया गया। शोभायात्रा में एक दर्जन झाकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रही। बैण्ड मधुर ध्वनि व भजनों के साथ वातावरण को भक्तिमय करते दिखाई दिये। कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रदेश के राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, पूर्व विधायक अशोक कंसल, भाजपा नेता गौरव स्वरूप, व्यापारी नेता संजय मित्तल, उद्यमी राकेश बिंदल, अंकित बिंदल, राजेश जैन, रघुराज गर्ग, श्रवण गर्ग एवं कुश पुरी सहित कई प्रमुख हस्तियों ने उपस्थित होकर भगवान गणपति जी की विधिवत पूजा-अर्चना की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों भीमसेन कंसल, उद्यमी राकेश बिंदल, डा. एमएल गर्ग, अशोक गर्ग, जिंप प्रशासक डा. वीरपाल निर्वाल, रामकुमार शर्मा रागी, अनिल गोयल, रजत राठी, रजत गोयल एवं जेपी गोयलकृने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों का पटका पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत व अभिनंदन किया। जन्मोत्सव के शुभारंभ पर पूरा मंदिर परिसर गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गुंजायमान रहा।
अपंजीकृत क्लीनिकों पर स्वास्थ्य विभाग का छापा, 3 सेंटरों को नोटिस
खतौली। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देशों के अनुपालन में स्वास्थ्य विभाग ने खतौली के ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध व अपंजीकृत क्लीनिक, अस्पताल, डेंटल सेंटर और पैथोलॉजी लैबों के खिलाफ विशेष सघन जांच अभियान चलाया। सोमवार (14 सितंबर 2026) को चलाए गए इस अभियान के तहत ब्लॉक प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवनीश कुमार सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्राम पीपलहेड़ा, ग्राम गालिबपुर और ग्राम अंती में स्थित विभिन्न क्लीनिकों एवं लैबों पर औचक छापेमारी की। जांच के दौरान संबंधित केंद्रों के संचालक मौके पर कोई भी वैध पंजीकरण प्रमाण पत्र या चिकित्सा से संबंधित शैक्षणिक अहर्ता (डिग्री/डिपोमा) प्रस्तुत नहीं कर सके। न ही संचालक टीम के सवालों का कोई संतोषजनक जवाब दे पाए। कार्रवाई करते हुए टीम ने उपाध्याय क्लीनिक, माधव लैब और कल्याण आयुर्वेदिक सेंटर को नियमानुसार नोटिस जारी कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से ग्रामीण क्षेत्रों में बिना मान्यता के क्लीनिक व पैथोलॉजी लैब चला रहे संचालकों में हड़कंप मचा रहा। ब्लॉक प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि अवैध और अपंजीकृत स्वास्थ्य केंद्रों के खिलाफ यह जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।
ट्रेन की चपेट में आने से मौत
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। रोहाना क्षेत्र में बड़कली रेलवे क्रॉसिंग के पास एक अज्ञात व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष आंकी गई है, हालांकि अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। जानकारी के अनुसार, यह हादसा रेलवे लाइन संख्या 132/29 पर बड़कली रेलवे क्रॉसिंग से मलीरा की दिशा में हुआ। सुबह के समय रेलवे ट्रैक के पास व्यक्ति का शव पड़ा देख आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। रोहाना चैकी प्रभारी मोहित कुमार ने बताया कि हादसे में करीब 45 वर्षीय व्यक्ति की जान गई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और आसपास के थानों व गांवों में सूचना भेजकर मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। शव को पंचनामे के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मुठभेड में लूट के शातिर दबोचे
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। थाना रामराज पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान मुठभेड़ के बाद महिला से लॉकेट छीनने की वारदात को अंजाम देने वाले तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से छीना गया लॉकेट, दो अवैध तमंचे, कारतूस, एक चाकू और बिना नंबर की टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल बरामद की है। 14 सितंबर को रामराज पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि 10 सितंबर को प्राथमिक स्कूल के पास महमूदपुर मंगूर के जंगल में महिला से लॉकेट छीनने वाले गिरोह के सदस्य रामराज की ओर आ रहे हैं। इस पर थानाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र सिरोही ने एसओजी देहात टीम को साथ लेकर अहमदवाला तिराहे पर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। चेकिंग के दौरान एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रोकने का इशारा करने पर बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने बाल-बाल बचते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक अभियुक्त घायल हो गया। वहीं, दो अन्य अभियुक्तों को पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग कर मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तार व घायल अभियुक्त शहिद पुत्र शौकीन अहमद (निवासी मोहल्ला कुंदन कॉलोनी गोहर अली खां, थाना कोतवाली अफजलगढ़, जिला बिजनौर) गोली लगने से घायल, राशिद पुत्र मो. तारिक (निवासी कस्बा व थाना अफजलगढ़, जिला बिजनौर), मो. फिरोज पुत्र महमूद (निवासी कस्बा व थाना अफजलगढ़, जिला बिजनौर) जिनके कब्जे से 01 पीली धातु का लूटा गया लॉकेट, 02 अवैध तमंचे (315 बोर), 03 जिंदा कारतूस व 01 खोखा कारतूस (315 बोर), 01 अवैध चाकू व 01 बिना नंबर की टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल बरामद की। इस सफल कार्रवाई को थानाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र सिरोही (थाना रामराज) और एसओजी देहात प्रभारी उपनिरीक्षक मोहित चैधरी के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में उपनिरीक्षक ऋषभ रंधावा, हेड कांस्टेबल रोहताश कुमार, दीपक कुमार, कालूराम (सर्विलांस सैल), तथा कांस्टेबल गौरव कुमार, राजकुमार, नरेंद्र कुमार, धर्वेंद्र, ललित मोरल, अशफाक और प्रशांत सिरोही शामिल रहे। वरिष्ठ अधिकारियों के पर्यवेक्षण में गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और उनके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
15 सितंबर को डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ लगायेगा रक्तदान शिविर
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी अभियंता दिवस (इंजीनियर डे) और संगठन के पुरोधा स्व. आर.के. दत्त की पुण्यतिथि के अवसर पर 15 सितंबर को वृहद रक्तदान शिविर व सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। महासंघ के जनपद अध्यक्ष इंजी. विकास कुमार ने जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर को पत्र भेजकर कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा की है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन पचेण्डा रोड स्थित गांधी कॉलोनी बारात घर के हकीकत राय हॉल (गेट नं.-1) में संपन्न होगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9ः30 बजे हवन पूजन के साथ होगी, जिसके बाद सुबह 10 बजे वृक्षारोपण किया जाएगा। इसके पश्चात मुख्य अतिथि के स्वागत व दीप प्रज्वलन के साथ सुबह 11रू30 बजे रक्तदान शिविर का विधिवत उद्घाटन होगा। दोपहर 12 बजे उत्कृष्ट कार्य करने वालों के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। आयोजकों ने रक्तदान को महादान बताते हुए जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों से इस पुनीत कार्य में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी और ब्लड बैंक टीम को भी समय से उपस्थित रहने हेतु सूचित किया गया है।
सीएनजी कार में आग से मचा हडकम्प
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मदीना चैक के पास रात सड़क किनारे खड़ी एक सीएनजी स्विफ्ट डिजायर कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। सड़क पर कार को धू-धू कर जलता देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही कच्ची सड़क पुलिस चैकी से पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। कार में सीएनजी किट लगी होने के कारण धमाके की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से आसपास मौजूद भीड़ को दूर किया और तत्काल दमकल विभाग को सूचित किया। सूचना मिलने के कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर पूरी तरह काबू पाया। हालांकि, तब तक कार बुरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। आग इतनी विकराल थी कि कार का अधिकांश हिस्सा पूरी तरह नष्ट हो गया। कार मालिक के रिश्तेदार मोहम्मद शिबली के अनुसार, उनके बहनोई इंचैली से मुजफ्फरनगर आए थे। उन्होंने कार को घर के पास सड़क किनारे खड़ा किया था। माना जा रहा है कि कार के अत्यधिक गर्म होने या शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लगी, जो इतनी तेजी से फैली कि किसी को कार संभालने का मौका नहीं मिला। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। गनीमत यह रही कि जिस समय आग लगी, कार के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद काफी देर तक मौके पर लोगों की भीड़ जमा रही।
लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हिंदी दिवस व गणेश चर्तुथी पर्व मनाया
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हिंदी दिवस एवं गणेश चतुर्थी पर्व बड़े हर्षाेल्लास से मनाया गया। साथ ही अखिल भारतीय टीएससी शूटिंग प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतने वाले एनसीसी कैडेट वरदान तोमर को भी सम्मानित किया गया। हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में शिक्षक विकास शर्मा ने हिंदी भाषा के महत्व को विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि हिंदी हमारे देश की मातृभाषा है। लेकिन वर्तमान में यह भाषा उपेक्षा का शिकार है। आज हमारे हिंदी भाषी देश में हिंदी के स्थान पर अंग्रेजी भाषा को महत्ता दी जा रही है। भारतेन्दु हरिश्चन्द्र ने हिंदी भाषा के महत्व के विषय कहा कि हिंदी भाषा के बिना भारतवर्ष की उन्नति नही हो सकती। अतः हम सभी हिंदी भाषा के महत्व को समझे तथा इसका सम्मान करें। तभी हमारा हिंदी दिवस मनाना सार्थक साबित होगा। हिंदी प्रवक्ता विवेक शर्मा ने एक स्वरचित कविता के माध्यम से आज के समय में हिंदी भाषा की उपेक्षा पर जमकर व्यंग्य किए। इसके अतिरिक्त हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में एक निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन कराया गया। जिसमें कक्षा 6 से कक्षा 12 तक के सभी बच्चों ने प्रतिभाग किया। इसके अतिरिक्त गणेश चतुर्थी पर्व के अवसर पर हिंदी प्रवक्ता विवेक शर्मा ने बताया कि इस पर्व का उद्देश्य देश की संस्कृति एवं प्राचीन परम्परा को संरक्षित करना है। देवताओं में अपनी सर्वाेच्चता सिद्ध करने के पर सबसे पहले गणेश जी का ही पूजन किया जाता है। गणेश जी के चरित्र को हमें अपने जीवन में उतारना चाहिए। इस अवसर पर विद्यालय के होनहार एनसीसी कैडेट वरदान तोमर को दिल्ली में एनसीसी के तत्वाधान में आयोजित अखिल भारतीय थल सैनिक कैंप शूटिंग प्रतियोगिता में अचूक निशाना लगाकर गोल्ड मेडल प्राप्त करने पर प्रधानाचार्य शिव शंकर ने मेडल एवं ट्रॉफी प्रदानकर सम्मानित किया। गोल्ड मेडल विजेता एनसीसी कैडेट वरदान तोमर को अपनी शुभकामनायें प्रदान करते हुए प्रधानाचार्य शिव शंकर शर्मा ने कहा कि वरदान की इस उपलब्धि से विद्यालय के अन्य छात्रों को भी प्रेरणा लेनी चाहिए। कार्यक्रम का संचालन वाणिज्य प्रवक्ता धन प्रकाश वर्मा ने किया। इस अवसर पर उप-प्रधानाचार्य महेश कुमार, सोनिया गोयल, नीलम शर्मा, रीता मावी, मोतीराम सैनी आदि सहित समस्त शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
ऐतिहासिक जाहरवीर मेले में दूसरे दिन भी उमड़ा जनसैलाब
चरथावल। क्षेत्र के दूधली गांव स्थित ऐतिहासिक जाहरवीर गोगा म्हाड़ी पर आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक मेले के दूसरे दिन श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह तड़के से ही दूर-दराज के क्षेत्रों और आसपास के गांवों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु म्हाड़ी स्थल पर पहुंचने लगे थे। श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ माथा टेककर पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मेले के दौरान श्रद्धालु हाथों में नीले निशान और छड़ी लिए जयकारे लगाते हुए म्हाड़ी परिसर की ओर बढ़ते दिखे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं की आवाजाही के कारण दूधली मार्ग पर दिनभर भारी चहल-पहल बनी रही मेला परिसर में बच्चों के आकर्षण के लिए बड़े झूले और खेल-खिलौनों की दुकानें सजाई गई हैं। इसके अलावा खान-पान, प्रसाद और घरेलू सामान के स्टालों पर लोगों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है।
श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल द्वारा यातायात व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन पर लगातार नजर रखी जा रही है, जिससे मेला शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो रहा है।
ग्रीनलैंड मॉडर्न स्कूल में हिंदी दिवस पर सुलेख प्रतियोगिता आयोजित
मेधावी छात्र-छात्राएं हुए पुरस्कृत
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। हिंदी हमारी राजभाषा है। हमें अपनी राजभाषा का सम्मान करना चाहिए। उक्त विचार ग्रीनलैंड मॉडर्न जूनियर हाई स्कूल मुजफ्फरनगर में हिंदी दिवस के अवसर पर विद्यालय प्रबंधक योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य ने व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा के द्वारा हिन्दी को लंबे विचार विमर्श के बाद राजभाषा का दर्जा दिया गया। पहला हिंदी दिवस 14 सितंबर 1953 को मनाया गया। जिस भाषा में बच्चा बोलना सीखता है वह उसकी मातृभाषा होती है।जैसे हमारे देश में अधिकतर बच्चे हिंदी में बोलना सीखते हैं तो इसलिए हमारी मातृभाषा हिंदी है। हमें अपने अधिकतर कार्य हिंदी में ही करने चाहिए। हिंदी दिवस के अवसर पर राजनीतिक लोग लंबे-लंबे भाषण देते हैं परंतु आज भी हमारे न्यायालयों में तथा अन्य कार्यालयों में अधिकतर कार्य अंग्रेजी में किया जाता है जो हमारी मातृभाषा का अपमान है। इसलिए मेरा देश के सर्वाेच्च नेताओं व अधिकारियों से निवेदन है कि भारतवर्ष में कार्यालयों व दफ्तरों में हिंदी भाषा में ही कार्य संपन्न होना चाहिए ताकि ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले तथा पिछड़े इलाकों में रहने वाले सभी नागरिकों को अपना कार्य कराने में सुविधा हो। उन्होंने बताया कि आज विद्यालय में प्रति वर्ष की भांति हिंदी दिवस के अवसर पर सुलेख प्रतियोगिता करवाई गई। विद्यालय में सुलेख प्रतियोगिता कराने का मुख्य उद्देश्य बच्चों का लेखन में सुधार कराना तथा हिंदी विषय में रुचि पैदा करना होता है। आज बच्चे हिंदी में गिनती बोलना तक नहीं जानते।जो एक सोचनीय विषय है। आज हिंदी दिवस पर विद्यालय के 60 छात्र छात्राओं ने सुलेख प्रतियोगिता में भाग लिया। जूनियर वर्ग में शिवांगी शर्मा प्रथम,विवेक द्वितीय तथा आकांशु ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा 3 से 5 में आराध्या प्रथम ,खुशी द्वितीय तथा माही ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा एक और दो में रमा प्रथम,रुद्र द्वितीय तथा दिव्यांशु तोमर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी मेधावी छात्र छात्राओं को विद्यालय प्रधानाचार्य अंकुर मान,प्रबंधक सुरेंद्र पाल आर्य एवं समस्त स्टाफ के द्वारा पुरस्कृत किया गया।
श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार के समिति सदस्य गीता ज्ञान संस्थानम् कुरूक्षेत्र गोष्ठी में सम्मिलित हुये
मुजफ्फरनगर। महामण्डलेश्वर गीता मनीषी स्वामी श्री ज्ञानानन्द जी द्वारा गीता ज्ञान संस्थानम् कुरूक्षेत्र मे उत्तर प्रदेश, हरियाणा,पंजाब के सभी जनपदों के समिति पदाधिकारियो की एक बैठक की गई तथा गीतापाठ का आयोजन भी हुआ। जिसमे सैकडो की संख्या मे गणमान्य जन उपस्थित रहे। गोष्ठी मे राधाष्टमी,शरद पूर्णिमा, कार्तिक मास/श्राद्ध पक्ष,गीता जयन्ती आदि वर्षभर मे होने वाले कार्यक्रमो के बारे मे विस्तार से मंथन हुआ तथा सभी समितियो से उनके द्वारा रक्खे गये सुझाव पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम मे एड अमरकांत गुप्ता,कमल गोयल,गिरीश अग्रवाल, अतुल कुमार गर्ग,रामबीर सिंह, सुभाष गर्ग आदि ने भाग लिया तथा महाराज जी का आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
खेल के क्षेत्र में की शानदार उपलब्धी हासिल
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। । खेल के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल कर भागवंती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की छात्राओं ने विद्यालय और जनपद का नाम रोशन किया है। कक्षा 11 की छात्रा आरवी ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीता है। वहीं, पहलवान लक्षी का चयन राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती प्रतियोगिता के लिए हुआ है। सोमवार सुबह आयोजित कार्यक्रम में दोनों छात्राओं को विद्यालय की ओर से सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, 12 सितंबर को सहारनपुर में आयोजित ओपन टूर्नामेंट की सब यूथ कैटेगरी में आरवी ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता में करीब 200 खिलाड़ियों ने भाग लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच आरवी ने दूसरा स्थान हासिल कर रजत पदक अपने नाम किया। विद्यालय लौटने पर प्रधानाचार्या डॉ. वंदना शर्मा ने छात्रा को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने आरवी को उज्ज्वल खेल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्या ने कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां दूसरे छात्र-छात्राओं को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। विद्यालय की प्रतिभावान पहलवान लक्षी का चयन विद्या भारती अखिल भारतीय राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता के लिए हुआ है। राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता 30 सितंबर से 5 अक्टूबर 2026 तक मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में आयोजित की जाएगी। लक्षी इस प्रतियोगिता में कुश्ती स्पर्धा में विद्यालय और प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। उसके राष्ट्रीय स्तर पर चयन से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। प्रधानाचार्या डॉ. वंदना शर्मा और विद्यालय परिवार ने लक्षी को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। विद्यालय की ओर से उम्मीद जताई गई कि लक्षी राष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक हासिल करेंगी और विद्यालय, जनपद व प्रदेश का नाम रोशन करेंगी। दोनों खिलाड़ियों की सफलता में विद्यालय की खेल शिक्षिकाओं और प्रशिक्षिकाओं की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। खेल प्रमुख सीमा सिंह, शशि प्रभा और सपना पुंडीर ने खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और तैयारी में योगदान दिया।
विद्यालय परिवार ने तीनों शिक्षिकाओं को खिलाड़ियों की मेहनत को सही दिशा देने और लगातार प्रशिक्षण देने के लिए बधाई दी। आरवी के रजत पदक और लक्षी के राष्ट्रीय स्तर पर चयन से विद्यालय की खेल प्रतिभाओं को लेकर उत्साह बढ़ा है। विद्यालय परिवार ने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हरिद्वार में किया आईआईए मुजफ्फरनगर की युवा इकाई के उद्यमियों ने औद्योगिक भ्रमण
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। युवा उद्यमियों को उद्योगों की वास्तविक कार्यप्रणाली से जोड़ने, उन्हें व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराने तथा आपसी संपर्क, सहयोग और एकजुटता को मजबूत करने के उद्देश्य से इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) मुजफ्फरनगर की युवा विंग द्वारा हरिद्वार में औद्योगिक भ्रमण एवं दो दिवसीय प्रवास का आयोजन किया गया। युवा विंग के कैप्टन अनमोल अग्रवाल के नेतृत्व में युवा उद्यमियों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंतर्गत हरिद्वार स्थित आरजी पेट्रोडाइन में औद्योगिक भ्रमण किया गया। इस भ्रमण की व्यवस्था आईआईए हरिद्वार के चेयरमैन राहुल शर्मा के सहयोग से की गई। राहुल शर्मा ने युवा उद्यमियों के लिए इस भ्रमण को व्यवस्थित एवं उपयोगी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आरजी पेट्रोडाइन के डायरेक्टर एवं आईआईए हरिद्वार के सदस्य मानिक मोदी ने युवा उद्यमियों का आत्मीय से स्वागत किया। उन्होंने उद्यमियों को कारखाने की विभिन्न उत्पादन प्रक्रियाओं, कार्यप्रणाली एवं व्यावसायिक गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी। युवा उद्यमियों ने उत्पादन प्रक्रिया को नजदीक से देखा तथा उद्योग संचालन से जुड़े विभिन्न व्यावहारिक पहलुओं को समझा। इस अवसर पर आईआईए हरिद्वार के चेयरमैन राहुल शर्मा, सचिव, कोषाध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। हरिद्वार के पदाधिकारियों ने मुजफ्फरनगर से पहुंचे युवा उद्यमियों का गर्मजोशी से स्वागत किया तथा उनके साथ उद्योग जगत से जुड़े अपने अनुभव एवं विचार साझा किए। दोनों जिलों के उद्यमियों के बीच हुए संवाद से आपसी संपर्क, व्यावसायिक संबंध और भविष्य में सहयोग की संभावनाओं को और मजबूती मिली। औद्योगिक भ्रमण के बाद युवा उद्यमियों ने प्राकृतिक वातावरण से भरपूर ऋषिकेश के नीरज रिसोर्ट में रात्रि प्रवास किया। यहां व्यवसायिक चर्चा के साथ मनोरंजन एवं आपसी मेलजोल के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कैप्टन अनमोल अग्रवाल के नेतृत्व में तैराकी, व्यवसाय आधारित तंबोला तथा विभिन्न व्यापार संबंधी मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से युवा उद्यमियों को एक-दूसरे को बेहतर ढंग से जानने, अपने व्यवसायिक अनुभव साझा करने तथा नए विचारों से सीखने का अवसर मिला। पूरे आयोजन के दौरान आपसी संवाद, सहयोग की भावना, समूह भावना और आत्मीय संबंधों को विशेष रूप से बढ़ावा मिला। ऋषिकेश से वापसी के दौरान युवा उद्यमियों ने अजरानंद अंध विद्यालय, सप्तऋषि आश्रम रोड, हरिद्वार का भी दौरा किया। यहां उन्होंने दृष्टिबाधित बच्चों से मुलाकात कर उनके साथ समय बिताया तथा उनके जीवन, शिक्षा एवं आवश्यकताओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर आईआईए मुजफ्फरनगर की युवा विंग द्वारा विद्यालय को आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया गया। युवा उद्यमियों ने इस पहल को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और जरूरतमंद बच्चों के साथ संवेदनशीलता एवं सहयोग की भावना को बढ़ावा देने वाला सार्थक प्रयास किया । युवा उद्यमियों ने कहा कि यह आयोजन केवल एक भ्रमण नहीं था, बल्कि उद्योग को समझने, अनुभवों से सीखने, नए व्यावसायिक संबंध बनाने और आपसी एकजुटता को मजबूत करने का सार्थक अवसर रहा। सभी प्रतिभागियों ने आयोजन की सफल योजना एवं संचालन के लिए कैप्टन अनमोल अग्रवाल तथा औद्योगिक भ्रमण की व्यवस्था में सहयोग के लिए आईआईए हरिद्वार के चेयरमैन राहुल शर्मा का विशेष आभार व्यक्त किया। आईआईए मुजफ्फरनगर की युवा विंग द्वारा युवा उद्यमियों को उद्योग जगत से जोड़ने, उनके ज्ञान एवं अनुभव को बढ़ाने तथा उद्यमियों के बीच आपसी सहयोग और संपर्क को मजबूत करने के लिए लगातार इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। हरिद्वार का यह आयोजन भी इसी उद्देश्य की दिशा में एक सफल एवं प्रेरणादायक पहल रहा। इस अवसर पर आईआईए मुजफ्फरनगर के सचिव राहुल मित्तल, कोषाध्यक्ष सुधीर अग्रवाल, पब्लिक रिलेशन कमैंट्टी चेयरमैन राज शाह, अर्णव अग्रवाल, अधिवक्ता तुषार गुप्ता, अनमोल गर्ग, प्रेरक जैन, कृष्णा गर्ग, स्पर्श अग्रवाल, मृदुल भाटिया, मयंक मित्तल, कश सिंगल, कार्तिक जलौत्रा एवं कार्तिक मित्तल सहित युवा उद्यमी उपस्थित रहे।
20 को होगा सामाजिक समरसता सम्मेलन
कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने चलाया जनसंपर्क अभियान
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। चरथावल ब्लॉक के पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत प्लेटिनम बैंकेट हाल में आगामी 20 सितंबर को विशाल ‘सामाजिक समरसता सम्मेलन’ का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन की तैयारियों के सिलसिले में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने गांव बहेडी में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। जनसंपर्क अभियान के दौरान ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री का ढोल-नगाड़ों और फूलमालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया। इस दौरान मंत्री अनिल कुमार ने ग्रामीणों से संवाद कर सम्मेलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में एकता, आपसी भाईचारा और सामाजिक न्याय की भावना को मजबूत करना है। इस सम्मेलन में राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चैधरी जयंत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। उनके आगमन को लेकर क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने और सामाजिक एकजुटता का संदेश देने के लिए क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान लगातार जारी रहेगा।
सत्संग-भंडारे की तैयारियां तेज, एसडीएम ने कार्यक्रम स्थल का लिया जायजा
शाहपुर। क्षेत्र के नया गांव मन्धेडा में आयोजित होने वाले विशाल सत्संग एवं भंडारा कार्यक्रम को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक अमला पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए उपजिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों की टीम के साथ कार्यक्रम स्थल का औचक निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने आयोजकों और विभागीय अधिकारियों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल और सफाई व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल के आसपास यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए मजबूत डायवर्जन और पार्किंग प्लान लागू किया जाए। प्रशासनिक अधिकारियों ने सख्त निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य सेवा और दमकल वाहनों की तैनाती भी सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं। आयोजकों ने भी प्रशासन को आश्वस्त किया कि कार्यक्रम में सभी नियमों और निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाएगा।
हिंदी भवन गाजियाबाद में 2 अक्टूबर कोमचेगा परफाॅर्मिंग आट्र्स चैम्पियनशिप का धमाल
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। गांधी कॉलोनी स्थित गांधी वाटिका के सामने, मेन रोड स्थित मैजिक डांस अकादमी के संस्थापक एवं डांस कोरियोग्राफर मोहन अरोड़ा (प्रशिक्षित श्यामक डावर इंटरनेशनल डांस केंद्र मुंबई एवं नेशनल सिंगिंग-डांस स्पोट्र्स चैम्पियनशिप उत्तर प्रदेश प्रभारी) और अंतरराष्ट्रीय कथक डांस टीचर, साउथ एशियन कप श्रीलंका गोल्ड मेडल विजेता कथक डांसर विशा अरोड़ा ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली-एनसीआर कप के लिए परफॉर्मिंग आट्र्स चैम्पियनशिप कॉम्पिटिशन का आयोजन आगामी 2 अक्टूबर को हिंदी भवन, गाजियाबाद में होने जा रहा है। इस प्रतियोगिता में डांस और सिंगिंग का ज़बरदस्त टैलेंट कॉम्पिटिशन देखने को मिलेगा, जिसमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा राज्य के प्रतिभावान कलाकार भाग लेंगे और अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे। प्रतियोगिता में विजयी रहने वाले सभी प्रतिभागी आगे चलकर नेशनल सिंगिंग-डांस स्पोट्र्स चैम्पियनशिप में हिस्सा ले सकेंगे। कार्यक्रम का आयोजन विभिन्न आयु वर्गों के अनुसार किया जाएगा। इसमें प्रतिभागी म्यूजिकल डांस, वेस्टर्न डांस, ट्रेडिशनल डांस, इंडियन क्लासिकल डांस के साथ-साथ सिंगिंग में हिंदी, इंग्लिश और रीजनल गानों की शानदार प्रस्तुतियां देंगे।


