लड्डू खिलाकर व गुलाल उडाकर किया खुशी का इजहार


लंबे समय से कश्मीर में धारा ३७० हटने का इंतजार कर रहे लोगों को आज संसद में सरकार द्वारा इस आर्टीकिल को हटाने के ऐलान के बाद एक बड़ी खुशखबरी मिली। तमाम लोगों ने इस धारा को समाप्त किए जाने का स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक दिन बताया। इस ऐलान के बाद आज शिवचौक पर बड़ी संख्या में भाजपा तथा हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता एकत्र हो गए।
उन्होंने एक दूसरे को इसकी बधाई देते हुए जमकर गुलाल उडाया। कार्यकर्ताओं ने घंटे बजाते हुए जमकर आतिशबाजी की और केंद्र सरकार को इसके लिए धन्यवाद दिया। इस मौके पर भाजपा विधायक कपिलदेव अग्रवाल ने कहा कि देश के इतिहास से आज एक काले अध्याय का अंत हो गया है। अब कश्मीर वास्तविक रूप में भारत का हिस्सा बन गया है और आज पहली बार ऐसा लग रहा है कि कश्मीर भारत का अंग है। भारत का कोई भी नागरिक अब वहां जाकर भूमि आदि खरीद कर सकता है। इसके साथ ही वहां आतंकवाद को खत्म करने की एक बड़ी शुरूआत सरकार पहले ही कर चुकी है। विधायक कपिल देव अग्रवाल ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का दूरदर्शी फैसला बताते हुए कहा कि जिस काम के लिए मुखर्जी ने बलिदान दिया था आज उनके बलिदान को सार्थक किया गया है। इस मौके पर सभासद विपुल भटनागर, संजय सक्सेना, कन्हैया लाल, विजय शुक्ला, वैभव त्यागी, विपुल त्यागी आदि के अलावा महिला कार्यकर्ता भी मौजूद रहीं।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जो निर्णय आज लिया गया है, इससे देशभर में खुशी का माहौल है। उन्होंने सरकार को भी इसके लिए बधाई देते हुए कहा कि आज सरकार के इस निर्णय के चलते आज का दिन देश के लिए ऐतिहासिक दिन बन गया है।

