वैश्विक

पाकिस्तान-आज कुलभूषण को राजनयिक पहुंच

पाकिस्तानी मीडिया का कहना है कि पाक से राजनयिक पहुंच की अनुमति दिए जाने के बाद इस्लामाबाद में वरिष्ठ भारतीय राजनयिक गौरव अहलूवालिया ने कुलभूषण जाधव से मुलाकात की। सरकारी सूत्रों के अनुसार भारतीय उप-उच्चायुक्त ने जाधव से करीब दो घंटे तक बातचीत की। दोनों के बीच बातचीत पाकिस्तान की एक जेल के अंदर हुई। इससे पहले भारत ने कहा था कि हमें उम्मीद है कि पाकिस्तान सही माहौल उपलब्ध कराएगा ताकि बैठक स्वतंत्र, निष्पक्ष, सार्थक और अंतरराष्ट्रीय न्याय अदालत (आईसीजे) के आदेशों की भावना के अनुरूप हो सके। रविवार को पाकिस्तान ने कहा था कि वह अंतरराष्ट्रीय न्याय अदालत के आदेश पर कुलभूषण जाधव को सोमवार को राजनयिक पहुंच देगा।

पाकिस्तान ने रविवार को कहा कि वह अंतरराष्ट्रीय न्याय अदालत के आदेश पर कुलभूषण जाधव को सोमवार को राजनयिक पहुंच देगा। सेवानिवृत्त नौसेना अधिकारी की राजनयिक से मुलाकात की शर्तों पर भारत और पाकिस्तान में मतभेद के कारण करीब छह हफ्ते बाद पाकिस्तान ने यह एलान किया है।

पाकिस्तान विदेश विभाग के प्रवक्ता मोहम्मद फैसल ने रविवार को ट्वीट कर कहा, जाधव को वियेना समझौते, आईसीजे के आदेश और पाकिस्तान के कानून के तहत राजनयिक पहुंच दी जाएगी। फैसल ने हालांकि यह नहीं बताया कि बातचीत के दौरान पाकिस्तानी अधिकारी रहेगा या नहीं।

इससे पहले पाकिस्तान ने कहा था कि बातचीत के दौरान एक पाकिस्तानी अधिकारी मौजूद रहेगा। बृहस्पतिवार को फैसल ने कहा था कि राजनयिक पहुंच को लेकर दोनों देश एक दूसरे के संपर्क में थे। उसी दिन भारत ने भी कुलभूषण को बाधा रहित, तुरंत और प्रभावी राजनयिक पहुंच देने को कहा था।

गौरतलब है कि 49 वर्षीय सेवानिवृत्त भारतीय नौसेना अधिकारी को जासूसी और आतंकवाद के आरोप में पाकिस्तान की सैन्य अदालत ने मौत की सजा सुनाई थी। जिसके बाद भारत ने आईसीजे में इस मामले को उठाया था। भारत का कहना है कि जाधव को 2016 में ईरान में अगवा कर लिया गया था और गलत तरीके से फंसाया गया था। 

Image Result For Kulbhushan Jadhav

राजनयिक पहुंच देने से इनकार करता रहा है पाक

पाकिस्तान जाधव को राजनयिक पहुंच देने से हमेशा इनकार करता रहा है। भारत हर बार विएना संधि का हवाला देकर अपने नागरिक से मुलाकात की अपील करता रहा लेकिन पाक उसे ठुकराता रहा। अंतरराष्ट्रीय दबाव में उसने जाधव की उनकी मां और पत्नी से मुलाकात कराई थी लेकिन इसका भी उसने तमाशा बना दिया था जिसकी अंतरराष्ट्रीय और घरेलू स्तर पर काफी आलोचना हुई थी।

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 21425 posts and counting. See all posts by News-Desk