Muzaffarnagar News: भाकियू नेता राकेश टिकैत ने स्वामी कल्याण देव को दी श्रद्धांजलि
मुजफ्फरनगर। Muzaffarnagar News: भाकियू नेता राकेश टिकैत ने शुक्रवार को शुकतीर्थ स्थित शिक्षा ऋषि स्वामी कल्याण देव महाराज की समाधि पर पहुंच श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शैक्षिक जगत में स्वामी कल्याण देव के योगदान को याद किया। कहा कि उनकी प्रेरणा से ही वह किसानों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने में सफल रहे।
शिक्षा क्षेत्र में अग्रणी स्थान-शुक्रवार को घर्मनगरी शुकतीर्थ पहुंचे राकेश टिकैत ने कहा कि शिक्षा ऋषि ने जनपद व आसपास के क्षेत्र में शिक्षा की जो अलख जगाई थी उसका प्रतिफल आज हमारे बच्चों को मिल रहा है। कहा कि स्वामी कल्याण देव के बलिदान को हमारा जिला और देश के लोग कभी भुला नहीं पाएंगे।
राकेश टिकैत ने कहा कि यदि हमें स्वामी कल्याण देव को सच्ची श्रद्धांजलि देनी है तो उनके कार्यों को आगे बढाना होगा। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा व्यवस्था में और भी अधिक सुधार कर उनकी आत्मा को शांति पहुंचा सकते हैं।
भाकियू नेता ने कहा कि स्वामी कल्याण देव हमारी प्रेरणा है, उनकी प्रेरणा से हम कितना आगे बढ़ पाते हैं यह हम पर ही निर्भर करता है। भाकियू राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि वह किसी राजनीति की बात नहीं करेंगे। लेकिन इतना जरूर है कि यदि हमारे बच्चे शिक्षित हो जाएंगे तो वह हर राजनीति को बेहतर तरीके से समझ सकेंगे।
उन्नत शिक्षा से ही किसी भी समाज का सर्वागीण विकास संभव है। हालात कैसे भी रहें लेकिन शिक्षा का उजियारा हमारे बच्चों को किसी भी अंधकार से बाहर निकालने में सक्षम रहेगा। शुकदेव आश्रम पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद ने कहां की शिक्षा सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि क्या गलत है, और क्या सही है।
इसका ज्ञान हमें शिक्षा से ही होता है। यदि हम और हमारे बच्चे इस सत्य को एक बार समझ लेंगे तो जीवन भर उनके सामने कोई कठिनाई नहीं आएगी। इस मौके पर भाकियू प्रदेश अध्यक्ष शामिल रहे।

