वैश्विक

तीस हजारी कोर्ट परिसर: भारी बवाल

उत्तरी दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट परिसर में शनिवार दोपहर बाद लॉकअप के बाहर कार पार्क करने पर वकीलों और पुलिस के बीच भारी बवाल हो गया। गुस्साए वकीलों ने पुलिसकर्मियों को घेरकर उनके साथ बदसलूकी शुरू कर दी। वकीलों की भीड़ बढ़ती देख पुलिसकर्मियों ने हवा में गोली चलाई, जो एक वकील को लग गई। इससे गुस्साए वकीलों ने पुलिसकर्मियों को पीटने के साथ ही कोर्ट परिसर में खड़ी एक जिप्सी व 13 बाइकों सहित 17 वाहनों को आग के हवाले कर दिया।

दोपहर बाद करीब 3 बजे उस समय विवाद शुरू हुआ जब कोर्ट लॉकअप के बाहर जहां सरकारी वाहन पार्क होते हैं वहां एक वकील अपनी कार पार्क करने लगा। कोर्ट में पेशी के लिए कैदियों को लेकर आए तीसरी बटालियन के पुलिसकर्मियों ने वकील से कार कहीं और पार्क करने के लिए कहा तो इस बात पर उनके बीच कहासुनी हो गई, जो मारपीट तक पहुंच गई।

वकीलों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने पीड़ित वकील व दो अन्य को लॉकअप में बंद कर पीटा। इसकी जानकारी मिलते ही लॉकअप के बाहर वकीलों की भीड़ ने हंगामा करते हुए पुलिसकर्मियों को खदेड़ना शुरू कर दिया।

Image May Contain: 10 People, People Standing, Crowd And Outdoor

आरोप है कि इसी दौरान एक पुलिसकर्मी ने हवा में गोली चला दी जो वकील विजय वर्मा के सीने में लगी। इसके बाद वकीलों की भारी भीड़ ने हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने कोर्ट परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों को पीटना शुरू कर दिया और पुलिस की आठ बसों में तोड़फोड़ कर दी। इसके साथ ही एक जिप्सी व 13 बाइकों सहित 17 वाहनों को आग के हवाले कर दिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को बवाल के दौरान लॉकअप में 100 से अधिक कैदी थे। उनकी सुरक्षा करने में पुलिसकर्मियों के पसीने छूट गए। उन्होंने अतिरिक्त पुलिस बल के आने तक लॉकअप को घेरे रखा। 5 बजे फोर्स अंदर दाखिल हुई और वकीलों को खदेड़ा गया।

इस बीच पूरी कोर्ट में अफरा-तफरी का माहौल रहा। कुछ वकील अपने चैंबर बंद कर चले भी गए, जबकि बड़ी संख्या में कोर्ट में मौजूद रहे। दूसरी ओर, कोर्ट परिसर में मौजूद जिन आम लोगों और मीडियाकर्मियों ने बवाल का वीडियो बनाने का प्रयास किया, उनके मोबाइल छीनकर तोड़ दिए गए। कुछ की पिटाई भी कर दी गई

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 21452 posts and counting. See all posts by News-Desk