इमरान खान ने करतारपुर परिसर शानदार तस्वीरें साझा कीं
करतारपुर गलियारे के नौ नवंबर को होने वाले उद्घाटन से पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने रविवार को करतारपुर परिसर और गुरुद्वारा दरबार साहिब की कुछ शानदार तस्वीरें साझा कीं और कहा कि आस्था का यह केन्द्र गुरु नानक देव की 550वीं जयंती पर सिख श्रद्धालुओं का स्वागत करने के लिए तैयार है।
I want to congratulate our govt for readying Kartarpur, in record time, for Guru Nanak jee's 550th birthday celebrations. pic.twitter.com/dwrqXLan2r
— Imran Khan (@ImranKhanPTI) November 3, 2019
गौरतलब है कि करतारपुर गलियारे का उद्घाटन नौ नवंबर को होना है ऐसे में खान ने ट्विटर पर तस्वीरें साझा करके पवित्र स्थान की एक झलक दी है। उन्होंने ट्वीट किया कि ‘सिख श्रद्धालुओं का स्वागत करने के लिए तैयार है करतारपुर।’ एक अन्य ट्वीट में उन्होंने निर्माणकार्य वक्त पर पूरा करने के लिए अपनी सरकार को बधाई दी।खान ने ट्वीट किया कि ‘गुरु नानक जी के 550वीं जयंती पर्व के लिए करतारपुर को रिकॉर्ड समय में तैयार करने के लिए मैं अपनी सरकार को बधाई देना चाहता हूं।’
खान धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की कोशिश कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने यहां आने के इच्छुक सिख श्रद्धालुओं के लिए पासपोर्ट की शर्त को समाप्त कर दिया था। इसके साथ ही करतारपुर गलियारे के उद्घाटन और गुरुनानक देव की 550वीं जयंती के दिन पाकिस्तान द्वारा लिया जाने वाला 20 अमेरिकी डालर (करीब 1400 रुपये) का शुल्क भी नहीं लिया जाएगा।
Kartarpur ready to welcome Sikh pilgrims. pic.twitter.com/P0uEQgWyMs
— Imran Khan (@ImranKhanPTI) November 3, 2019
करतारपुर गलियारे का उद्घाटन ऐसे वक्त में हो रहा है जब राजधानी इस्लामाबाद में हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी मौजूद हैं और उनके नेता मौलाना फजलुर रहमान खान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। गौरतलब है कि सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव ने पाकिस्तान के करतारपुर में रावी नदी के किनारे स्थित दरबार साहिब गुरुद्वारे में अपने जीवन के अंतिम 18 वर्ष बिताए थे।
