Muzaffarnagar और आसपास से प्रमुख खबरें

मीनाक्षी चौक के पास उग्र भीड़ ने प्रदर्शन कर पथराव, तोड़फोड़ और आगजनी की

मुजफ्फरनगर में भी एक युवक की मौत हो गई है। शहर के मीनाक्षी चौक के पास उग्र भीड़ ने प्रदर्शन कर पथराव, तोड़फोड़ और आगजनी कर दी। पांच बाइक और स्कूटी के अलावा कारों में आग लगा दी। अस्थायी पुलिस चौकी भी फूंक दी। गोली बारी में तीन लोग घायल हुए। पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। मीनाक्षी चौक और शिव चौक पर अलग अलग पक्ष की भीड़ इकट्ठा हो गई। मीनाक्षी चौक के अलावा महावीर चौक पर पथराव और लाठीचार्ज हुआ। कच्ची सड़क पर प्रदर्शनकारियों को रोकने के दौरान लाठीचार्ज हुआ। सरवट चौक पर जाम लगाया, पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा।

नागरिकता संसोधन कानून के विरोध में मेरठ, मुजफ्फरनगर और बिजनौर में शुक्रवार को भारी बवाल हुआ है। जहां मेरठ में चार की मौत हुई तो वहीं बिजनौर में गोली लगने से दो लोगों की मौत हो गई। मुजफ्फरनगर में भी एक की मौत हो गई है। मेरठ में इंटरनेट सेवा भी शनिवार शाम तक बंद कर दी गई है।

मेरठ में शुक्रवार को जमकर बवाल हुआ। बवालियों ने पुलिस की दो दर्जन से ज्यादा गाड़ियों को फूंक दिया। जमकर पथराव और फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में तीन बवालियों की पुलिस की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि तीन-चार बवाली गोली लगने से घायल हुए हैं। तीन सिपाहियों को भी गोली लगी है। पथराव में डीएम, एसएसपी, एसपी सिटी और एडीएम सिटी समेत कई पुलिसकर्मी चोटिल हो गए।

मेरठ में बवाल होने का इनपुट था। जुमे की नमाज को देखते हाई अलर्ट घोषित किया गया था। दोपहर करीब दो बजे कोतवाली स्थित जामा मस्जिद से नमाज के बाद लोगों की भीड़ सीएए के विरोध में काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन करते हुए बाहर निकली। पुलिस फोर्स ने उनको रोकने की कोशिश की तो भीड़ ने नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ दिया। उसके बाद 15-20 बवाली लिसाड़ीगेट चौराहे पर पहुंचकर हंगामा करने लगे। भीड़ बढ़ती गई। जिसके बाद बवालियों ने पुलिस पर पथराव और फायरिंग करनी शुरू कर दी।

सूचना पर डीएम और एसएसपी फोर्स लेकर लिसाड़ी गेट में पहुंचे। दोनों तरफ से पथराव होने के साथ गोलियां चलने लगीं। इसके बाद हापुड़ अड्डे पर पहुंचे बवालियों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव करते उनकी गाड़ियों में तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी। हापुड़ रोड पर पुलिस फोर्स की कमी होने के चलते बवालियों की भीड़ बढ़ गई। एसडीएम सहित 20 रंगरूट (ट्रेनी सिपाहियों) को एक मकान में बवालियों ने बंधक बना लिया। पथराव और पुलिस के वाहनों में आगजनी होने पर हापुड़ रोड पर भगदड़ मच गई। जिसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। 

पुलिस की गोली से आसिफ (20) पुत्र जुग्गी निवासी झिलमिल कालोनी दिल्ली, जहीर (25) पुत्र मुंशी निवासी रशीदनगर लिसाड़ीगेट, मोहसिन (25) पुत्र अहसान निवासी भूमिया पुल ब्रह्मपुरी और आसिफ (30) पुत्र शाहिद निवासी ऊंचा सद्दीक नगर थाना लिसाड़ी गेट की मौत हो गई। जबकि चार बवाली रहसू, अमजद निवासी भूमिया का पुल, समीर निवासी मुजफ्फरनगर और खुर्शीद निवासी लखनऊ घायल हुए हैं। बवालियों ने पुलिसकर्मियों पर कई राउंड फायरिंग की, जिसमें सिपाही बीडी शुक्ला, अनुज कुमार और अंकित राठी गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देर रात तक हापुड़ रोड और लिसाड़ी गेट में बवाल चलता रहा और पुलिस फोर्स हालात काबू पाने के प्रयास में लगी थी।

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 21391 posts and counting. See all posts by News-Desk