Unnao News: दुल्लापुरवा अस्पताल की दीवार पर युवती का लटका मिला शव, स्थानीय लोगों ने जताई गैंगरेप, हत्या की आशंका
Unnao News: बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में एक युवती ने संदिग्ध हालत में फंदे से झूलकर जान दे दी। युवती की लाश हरदोई-उन्नाव मार्ग पर दुल्लापुरवा गांव स्थित एक निजी अस्पताल के पीछे की दीवार में सरिया से झूलती मिली। शनिवार सुबह आसपास के लोगों ने युवती का शव फंदे से लटकता देखा। जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृत युवती के परिजन और स्थानीय लोगों ने हत्या की आशंका जताई है।
जिले के आसीवन थाना क्षेत्र के टिकाना गांव के रहने वाले राशिद की बेटी नाजिया शुक्रवार को नव संचालित निजी अस्पताल में पहले दिन ही काम पर आई थी। लेकिन, अगली सुबह अस्पताल के पीछे सरिया से लटकी उसकी लाश मिली। नाजिया का शव जब लटकता मिला तब, उसके मुंह पर मास्क और हाथ में रुमाल पकड़े हुए थी। जबकि, दोनों हाथ सीने पर दीवार के बीच दबे थे। अस्पताल कर्मियों के अनुसार, रात में वह अस्पताल में ही सोई थी। मगर, शनिवार सुबह कर्मियों के जागने पर उसका शव लटका मिला। जानकारी मिलने पर, सीओ बांगरमऊ विक्रमाजीत सिंह व इंस्पेक्टर बृजेन्द्र नाथ शुक्ल ने मौके पर पहुंच कर जांच-पड़ताल की।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव को फंदे से लटका कर फांसी का रूप दिया गया है। हालांकि, अब जो भी सच्चाई होगी वो पोस्टमार्टम और जांच-पड़ताल के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। बता दें कि, मृतका नाजिया कुल 8 बहनों में चौथे नंबर पर थी। वह अविवाहित थी। उसके पिता की करीब 7 साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। घर चलाने के लिए वह निजी अस्पताल में नौकरी कर गृहस्थी चलाने में सहयोग करती थी। नाजिया करीब डेढ़ साल पहले से निजी अस्पतालों में कार्य कर रही है। इससे पहले वह सफीपुर क्षेत्र में कार्य करती थी। नाजिया के अलावा उसकी छोटी बहन सुबुही भी बांगरमऊ नगर के एक निजी अस्पताल में काम करती है।
बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के हरदोई-उन्नाव मार्ग स्थित दुल्लापुरवा गांव स्थित यह निजी अस्पताल चार दिन पहले ही संचालित हुआ है। अस्पताल का उद्घाटन बांगरमऊ विधायक श्रीकांत कटियार ने किया था।निजी अस्पताल परिसर की दूसरी मंजिल की छत पर पहुंचने के बाद किसी ने ऊपर से ही कुंडी बंद कर दी थी। पुलिस ने पीछे की छत से सीढ़ी लगाकर ऊपर पहुंच कर दरवाजा खुलवाया।
जबकि, इसी छत से सटी एक मंजिला इमारत में पीछे शव लटका मिला। ऐसी स्थितियों में संशय लगातार बना हुआ है। सवाल यही है कि आखिर दूसरी मंजिल पर बाहर से कुंडी कैसे बंद हुई? जबकि इस छत पर बाहर जाने का कोई रास्ता नहीं है।मृतका की मां ने पुलिस को तहरीर दी है। बांगरमऊ कोतवाली में उन्होंने गैंगरेप के बाद हत्या का केस दर्ज करवाया है।

