भारतीय मूल की डॉक्टर को विशेष सम्मान: ‘ड्राइव ऑफ आनर’ से सम्मानित
अमेरिका में लोगों ने एक भारतीय मूल की डॉक्टर को विशेष सम्मान दिया है। भारत के मैसूर की रहने वाली डॉ. उमा मधुसूदन द्वारा कई कोरोना मरीजों का इलाज करने और उन्हें ठीक करने के बाद वहां के लोगों ने उन्हें ‘ड्राइव ऑफ आनर’ से सम्मानित किया।
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को कई बड़ी हस्तियों ने शेयर किया है और यह लगातार वायरल हो रहा है। ट्विटर पर बॉलीवुड एक्टर आदिल हुसैन ने भी अपने अकाउंट से इस वीडियो को शेयर किया जिसे हजारों लोगों ने रिट्वीट किया है।
https://twitter.com/_AdilHussain/status/1252538926637572097?s=20
डॉ. उमा इस वक्त अमेरिका के कनेक्टिकट स्थित दक्षिणी विंडसर अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रही हैं। उनके द्वारा कई मरीजों का सफलतापूर्वक इलाज करने पर वहां के स्थानीय लोग पुलिस और फायरमैन के साथ मिलकर सैकड़ों गाड़ियों के काफिले के साथ उनके घर के सामने से निकले और उनका धन्यवाद दिया और आभार जताया।
वीडियो में डॉ. उमा अपने घर के बाहर खड़ी हैं और उनके सामने सड़क से लगातार एक के बाद एक सैकड़ों गाड़ियां निकल रही हैं। गाड़ियों में बैठे लोग धन्यवाद लिखे पोस्टर, बैनर के साथ आगे बढ़ते जा रहे हैं, वहीं खुद उमा भी हाथ हिलाकर और हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन स्वीकार कर रही हैं।
