Muzaffarnagar News: मेधावी छात्र व प्रतिभा सम्मान समारोह- शिक्षा जीवन के लिए जरूरीः मंत्री कपिलदेव
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) शिक्षा हमारे जीवन का अभिन्न अंग है। शिक्षा के बिना मानव जीवन अधूरा है। उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राएं अपने परिवार ही नही बल्कि अपने देश-प्रदेश का नाम रोशन करते हैं। मेधावी छात्र छात्राओं के गुरूजन एवं अभिभावक बधाई के पात्र हैं।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज दोपहर के वक्त जानसठ रोड स्थित लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर इण्टर कॉलेज मे प्रदेश सरकार द्वारा लक्ष्य सफलता यू.पी.बोर्ड परीक्षा 2022 के अर्न्तगत मेधावी छात्र व प्रतिभा सम्मान समारोह माध्यमिक शिक्षा विभाग,मुजफ्फरनगर के कार्यक्रम मे मुख्य अतिथि के रूप मे पधारे प्रदेश सरकार के मंत्री कपिलदेव अग्रवाल का कार्यक्रम मे पहुंचने पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डा.विकास कुमार सहित विद्यालय प्रबन्ध समिति के पदाधिकारियो ने मंत्री कपिलदेव अग्रवाल को बुके भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने कहा कि हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट परीक्षा मे उच्च अंक प्राप्त करने वाले सभी छात्र-छात्राओं के साथ साथ उनके गुरूजन एवं अभिभावकगण भी बधाई के पात्र हैं। मै सभी बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं।
कार्यक्रम के दौरान परिषदीय परीक्षा 2022 मे हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट परीक्षा मे जिला स्तर पर प्रथम 10 स्थान प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों,उनके माता-पिता व उस विद्यालय के प्रधानाचार्य को जिले मे आयोजित एक माह की डिजिटल शिक्षक शिक्षक कार्यशाला में प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले प्रधानाचार्यों/शिक्षक/शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक गजेन्द्र कुमार, प्रधानाचार्य डॉ.विकास कुमार सहित विभिन्न विद्यालयो के प्रधानाचार्य, अभिभावगण एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

