किशोर की करंट लगने से मौत, मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाये जाने की मांग
मुजफ्फरनगर। चरथावल क्षेत्र के गांव भंगेला में हुए दर्दनाक हादसे में एक किशोर की करंट की चपेट में आ जाने से मौत हो गयी। बताया जाता है कि भंगेला निवासी तेरह वर्षीय हर्षित पुत्र कर्मवीर लग्गी से पेड पर लगे आमों को तोड रहा था।
आरोप है कि विद्युत लाइन काफी नीचे से गुजर रही है। जिससे हर्षित की लग्गी विद्युत लाइन से जा टकरायी और करंट की चपेट में आ जाने से उसकी मौत हो गयी।
घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी लेकिन गुस्साएं ग्रामीणों ने पुलिस को शव नहीं उठाने दिया।
ग्रामीण विद्युत अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि विद्युत विभाग के अधिकारियों को कई बार लिखित में शिकायत कर विद्युत लाइन को ऊपर कराने की मांग की गयी
लेकिन अधिकारियों ने एक भी सुनवाई नहीं की। जिसके चलते आज मासूम किशोर की मौत हो गयी। ग्रामीण विद्युत विभाग के अधिकारियों के विरूद्ध कार्यवाही और मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाये जाने की मांग कर रहे थे।
मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने ग्रामीणों को कार्यवाही व मुआवजे का आश्वासन देकर शांत किया। तब पुलिस शव को कब्जे में ले सकी।
