देवरिया में बोले सीएम योगी, ‘चीनी मिलों को बेचने वाले किस मुंह से मांग रहे वोट’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को राजकीय इंटर कॉलेज में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए बिना किसी दल का नाम लिए कहा कि उपचुनाव में किस मुंह से वोट ऐसे दल मांग रहे हैं, जो चीनी मिलों को बेचने का काम किया है। उन्होंने कहा कि संक्रमण नहीं आया होता तो हम चीनी मिलों को चलाने की तैयारी में जुटे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की 24 करोड़ जनता ही मेरा परिवार है। डेढ़ करोड़ लोगों को रोजगार से जोड़ने का कार्य हमने किया है। 20 लाख नौजवानों को रोजगार मुहैया कराया है।
लाइव: देवरिया में जनसभा को संबोधित कर रहा हूँ… https://t.co/KDWW6c7Iod
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 31, 2020
राशन कार्ड, पेंशन, रसोई गैस, विद्युत कनेक्शन हर गरीब को देने का कार्य हमारी सरकार ने किया है। बिना किसी भेदभाव के योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का हम लोगों ने कोशिश की है।
भाजपा सबका साथ सबका विकास का लक्ष्य लेकर चल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सहानुभूति सभी तबके के साथ है। जबकि सपा की सहानुभूति माफियाओं के साथ है।
मुख्यमंत्री ने मौजूद लोगों से पूछा कि आप ही बताएं माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए कि नहीं, उनकी अवैध संपत्ति पर बुलडोजर चलना चाहिए कि नहीं, उनकी संपत्ति जब्त होनी चाहिए कि नहीं।
लोगों ने दोनों हाथ उठाकर समर्थन किया तो मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा अध्यक्ष को ऐसा करना बुरा लगता है। नई श्रृंखला शुरू करना चाहते हैं। प्रदेश को दंगा की आग में झोकने की कोशिश करने वालों की जगह जेल में होगी। माफियाओं ने व्यापारियों की जो संपत्ति अर्जित की है उसे वापस की जाएगी। प्रदेश में माफियाओं को पनपने नहीं दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देवरिया से मेरा काफी लगाव है। जब देवरिया आता था तो सड़कों पर नौजवानों को दौड़ लगाते देखकर नीरज शाही और प्रमोद सिंह से पूछता था कि यह क्यों दौड़ रहे हैं तो वह बताते थे कि भर्ती की तैयारी कर रहे हैं। हमने पुलिस में एक लाख 37 हजार हजार नौजवानों को भर्ती कराया।

