प्रतियोगिता में विजयी छात्र-छात्राओं को Muzaffarnagar जनपद न्यायाधीश ने सम्मानित किया
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में महात्मा गाँधी जी की १५४वीं जयन्ती के अवसर पर जनपद के माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा विभाग के अन्तर्गत ०२ अक्टूबर २०२३ को स्वच्छता जागरूकता अभियान के अवसर पर निबन्ध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन जनपद के विद्यालयों में किया गया। दोनों प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त छात्रध्छात्राओं को मान० जनपद न्यायाधीश मुजफ्फरनगर श्री विनय कुमार द्विवेदी जी के द्वारा स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं मा० अपर जिला सत्र न्यायाधीश श्री अनिल कुमार ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए अवगत कराया कि महात्मा गाँधी जी के जन्म दिवस के अवसर पर दिनांक ०२-१०-२०२३ से ०८-१०-२०२३ तक सम्पूर्ण प्रदेश में जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों के माध्यम से स्वच्छता जागरूकता अभियान के रूप में साप्ताहिक कार्यक्रम के साथ-साथ जनपद में स्थित विद्यालयों में निबन्ध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
दोनों प्रतियोगिताओं में बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग से जनपद के विकास खण्डों से १२२ चित्रकला एवं १२२ निबन्ध प्रतियोगिताओं की प्रविष्टियाँ जनपद स्तर पर प्राप्त हुई। माध्यमिक शिक्षा के अन्तर्गत चित्रकला में कु० रश्मि (वैदिक पुत्री पाठशाला इण्टर कॉलेज, मु०नगर) ने प्रथम स्थान, दीपक कुमार (किसान इण्टर कॉलेज, अलीपुर खेड़ी-बघरा) ने द्वितीय स्थान एवं कु० मेधावी (एसडी कन्या इण्टर कॉलेज, झाँसी रानी, मु०नगर) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसी क्रम में निबन्ध प्रतियोगिता में कु० सलोनी (राजकीय हाईस्कूल, जन्धेड़ी), कु० मनीषा (राष्ट्रीय इण्टर कॉलेज, शाहपुर) एवं कु० अपूर्वा सैनी (एसडी कन्या इण्टर कॉलेज, झाँसी रानी, मु०नगर) ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किये। इसी प्रकार बेसिक शिक्षा के अन्तर्गत चित्रकला व निबन्ध प्रतियोगिता में क्रमशः महक फात्मा (कम्पोजिट विद्यालय, बुड़ीना खुर्द) एवं अफ्शां (कम्पोजिट विद्यालय, अमीरनगर) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर मान० जनपद न्यायाधीश मुजफ्फरनगर श्री विनय कुमार द्विवेदी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं मा० अपर जिला सत्र न्यायाधीश श्री अनिल कुमार, अपर जिला मजिस्ट्रेट (प्रशासन) नरेन्द्र बहादुर सिंह, पुलिस अधीक्षक (यातायात) कुलदीप सिंह सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी व नोडल अधिकारी तथा सम्मानित होने वाले छात्रध्छात्राओं के साथ उनके शिक्षक व प्रधानाचार्य उपस्थित थे।

