समाचार (Muzaffarnagar News)
साइबर ठगी करने वाले चार गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।पुलिस ने एक बड़े साइबर फ्रॉड नेटवर्क का खुलासा करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि यह गिरोह ग्रामीण और सीधे-सादे लोगों को लोन दिलाने का झांसा देकर उनके बैंक खाते खुलवाता था और बाद में उन्हीं खातों का इस्तेमाल देशभर में होने वाले साइबर अपराधों में किया जाता था। मामले का खुलासा उस समय हुआ जब भोपा क्षेत्र की एक महिला ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि कुछ युवकों ने फाइनेंस के माध्यम से लोन दिलाने का भरोसा देकर बैंक ऑफ महाराष्ट्र में उसका खाता खुलवाया था। खाता खुलने के बाद आरोपियों ने पासबुक, चेकबुक और एटीएम कार्ड अपने कब्जे में ले लिए। काफी समय तक लोन न मिलने पर महिला को शक हुआ और उसने पुलिस से शिकायत की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि महिला के खाते से साइबर ठगी से जुड़े लाखों रुपये के संदिग्ध लेन-देन हुए थे। मामले की गहराई से पड़ताल करने पर सामने आया कि गिरोह कई अन्य ग्रामीणों को भी इसी तरीके से अपने जाल में फंसा चुका था। एसएसपी संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर मॉल रोड के पास घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में आर्यन तोमर उर्फ शुभम निवासी बड़ौत, बादल राणा निवासी दोघट, आशू त्यागी और नवनीत त्यागी निवासी धनौरा मंडी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सात एटीएम कार्ड, चार फर्जी आधार कार्ड, कई पासबुक, मोबाइल फोन और एक कार बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लोगों को कुछ रुपये देकर उनके बैंक खाते और बैंकिंग किट अपने कब्जे में ले लेते थे और बाद में इन खातों की जानकारी साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी संगठित तरीके से लोगों के बैंक खातों का दुरुपयोग कर साइबर अपराधियों को सुविधा उपलब्ध करा रहे थे। मामले में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं और गैंग से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी व्यक्ति के कहने पर अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक या ओटीपी किसी को न दें। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है, जशबकि गिरोह के अन्य सदस्यों और इससे जुड़े बड़े साइबर नेटवर्क की तलाश जारी है।
डीएम-एसएसपी ने शुकतीर्थ में किया निरीक्षण
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।।महेश नवमी एवं गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ एवं सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर द्वारा थानाक्षेत्र भोपा स्थित शुक्रताल गंगा घाट का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारीगण द्वारा गंगा घाट पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, गोताखोरों एवं जल पुलिस की तैनाती सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण कर ली जाएं तथा पर्व के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त दिनांक 28.06.2026 को समनदास आश्रम, शुक्रताल में पूज्य गुरु ज्ञान भिक्षुक दास जी की 66वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम के दृष्टिगत आश्रम संचालकों एवं आयोजकों के साथ वार्ता कर कार्यक्रम की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों द्वारा आयोजकों से समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रम को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी श्री कमल किशोर कंडारकर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री अक्षय संजय महाडीक, उपजिलाधिकारी जानसठ श्रीमती रश्मि लाम्बा सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी /कर्मचारीगण उपस्थित रहें।
शातिर को दबोचा
खतौली। अपर पुलिस महानिदेशक “मेरठ जोन मेरठ” एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक “सहारनपुर परिक्षेत्र सहारनपुर” के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण, पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी खतौली के कुशल नेतृत्व में व प्रभारी निरीक्षक दिनेश चन्द बघेल के पर्यवेक्षण में चलाये गये अभियान मे 01 वारंटी अभियुक्त नरेन्द्र पुत्र भगवानदास नि0 ग्राम सरधना थाना खतौली को गिरफ्तार किया गया । अभि0गण को समय से माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया । गिरफ्तार करने वाली टीम में उ0नि0 राघव बंसल, हे0का0 नवीन कुमार, कमल, का. विनीत शामिल रहे।
चित्र प्रदर्शनी के द्वितीय दिवस पर किया अवलोकन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने एवं प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर सूचना विभाग द्वारा जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र (सोल्जर बोर्ड ) के माॅनिक्शाॅ सभागार में केंद्र सरकार एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याण कारी योजनाओं नीतियों उपलब्धियों विषयक पर दिनांक 17 से 20, जून 2026 तक लगी विकास चित्र प्रदर्शनी पूर्व विधायक बुढ़ाना श्री उमेश मलिक व अन्य जनप्रतिनिधियोंने तथा जनपद के वरिष्ठ नागरिकों के द्वारा लगी विकास चित्र प्रदर्शनी के द्वितीय दिवस पर अवलोकन किया। पूर्व विधायक बुढ़ाना द्वारा भारत सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने एवं प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियां की उपस्थित नागरिकों को जान कारी प्रदान की गई। पूर्व विधायक बुढ़ाना ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री जन धन योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, पीएम स्वानिधि, पीएम सूर्यघर, , पीएम विश्वकर्मा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, स्वास्थ्य सुरक्षा आवास एवं शिक्षा आजीविका के साधन यातायात कनेक्टिीविटी यथा-फोर लेन व एक्सप्रेस वे रोड सहित सभी योजनाओ पर एवं प्रदेश सरकार द्वारा जेवर एयरपोर्ट, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला, सामूहिक विवाह, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना, मुख्यमंत्री कृषक दुघर्टना सहायता, पेंशन योजनाओ सहित प्रदेश में यातायात कनेक्टिविटी, एवं प्रदेश सरकार द्वारा जनपदों में कराए गए विभिन्न लाभकारी कार्यों विकास पर आधारित चित्र व फोटो के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। जिसके माध्यम से भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी नागरिकों को विकास चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से मिल सकेगी । पूर्व विधायक ने जनपद के वरिष्ठ नागरिकों से अपील कि कि अधिक से अधिक संख्या में लोग आकर विकास चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन कर भारत सरकार एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं तथा उपलब्धियां की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। पूर्व विधायक बुढ़ाना व जनप्रतिनिधियों तथा जनपद के वरिष्ठ नागरिकों के द्वारा विकास चित्र प्रदर्शनी में माननीय प्रधानमंत्री जी एवं माननीय मुख्यमंत्री जी के साथ सेल्फी प्वाइंट पर अपना फोटो भी कराया। इससे पूर्व विधायक बुढ़ाना, अन्य जनप्रतिनिधियोंने तथा वरिष्ठ नागरिकों ने भारत मां व डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर व माल्यार्पण कर नमन किया। इससे पूर्व जिला उपाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी श्री विशाल गर्ग जिला सूचना अधिकारी सहारनपुर/मुजफ्फरनगर श्री दिलीप कुमार, अपर जिला सूचना अधिकारी मुजफ्फरनगर श्री नरसिंह ने पूर्व विधायक बुढ़ाना जी को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
हिंदू संघर्ष समिति ने सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन
मुजफ्फरनगर। मोहर्रम पर ताजिए के जुलूस शिव चैक व हनुमान चैक से ना निकाले जाने की मांग को लेकर हिन्दू संघर्ष समिति के पदाधिकारियो ने सिटी मजिस्टैªट को एक ज्ञापन सौंपा। हिन्दू संघर्ष समिति के बैनर तले एकत्रित दर्जनो कार्यकर्ताओ ने वरिष्ठ नेता नरेन्द्र पंवार उर्फ साधु के नेतृत्व मे कचहरी परिसर स्थित डीएम कार्यालय पहुंच कर सिटी मजिस्टैªट पंकज प्रकाश राठौर को एक ज्ञापन सौंपा। जिसमे जुलूस का रूट डायवर्ट करने की मांग की गई। इस दौान हिन्दूवादी नेता नरेन्द्र पंवार उर्फ साधु, सुरेन्द्र मित्तल बिटटू सिखेडा आदि मौजूद रहे।
ईंट निर्माता समिति ने दिया ज्ञापन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। ईंट निर्माता कल्याण समिति ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जनपद में सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है। समिति ने कहा है कि चूंकि मुजफ्फरनगर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में आता है, इसलिए यहां ईंट भट्ठों के संचालन को लेकर निर्धारित समयसीमा का पालन कराया जाना चाहिए। समिति के अध्यक्ष प्रमोद कुमार की ओर से दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि एनसीआर क्षेत्र में ईंट भट्ठों के संचालन की अवधि 1 मार्च से 30 जून तक निर्धारित है। ऐसे में 30 जून के बाद जनपद के सभी ईंट भट्ठों पर फुकाई और संचालन का कार्य पूरी तरह बंद कराया जाए। ज्ञापन में कहा गया है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार निर्धारित अवधि के बाद ईंट भट्ठों का संचालन नहीं किया जा सकता। इसलिए प्रशासन समय रहते सभी भट्ठा संचालकों को आदेशों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करे। ईंट निर्माता कल्याण समिति का कहना है कि अधिकांश भट्ठा संचालक नियमों का पालन करना चाहते हैं और इस संबंध में प्रशासन से सहयोग की अपेक्षा रखते हैं। समिति ने मांग की है कि सभी भट्ठों पर एक समान नियम लागू कराए जाएं, ताकि किसी प्रकार की असमानता या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।
सिखाये आत्मरक्षा के गुर
मुजफ्फरनगर। जीवन में जरा सी लापरवाही बहुत बड़े पतन का कारण बनती है। उक्त विचार भारतीय योग संस्थान के तत्वावधान में ग्रीनलैंड मॉडर्न जूनियर हाई स्कूल मुजफ्फरनगर में चल रहे किशोर बालक एवं बालिका चरित्र निर्माण योग शिविर में योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य ने व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि बचपन से ही बच्चों में अच्छे संस्कारों का बीजारोपण करना चाहिए।एक ही बुरी आदत जीवन को नरक बना देती हैं।जिस प्रकार किसान खेत फसल उगाता है। फसल में खरपतवार स्वयं ही उग जाते हैं। किसान खाद अपनी फसल में डालता है परन्तु खरपतवार अधिक वृद्धि करता है इसी प्रकार बुरी आदतें व्यक्ति को बर्बाद कर देती है। इसलिए माता-पिता और शिक्षकों का कर्तव्य है कि वें बच्चों को बचपन में ही अच्छे संस्कारों का कवच पहना दें ताकि बुराई उनके जीवन को छू न सके।
इस अवसर पर सर्वप्रथम आर्यवीर दल के कार्यकर्ता श्री अर्जन आर्य ने किशोर बालक एवं बालिकाओं को सर्वांग सुंदर व्यायाम, लाठी चलाना, तलवार चलाना आदि आत्मरक्षा के गुर सिखाए। योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य ने 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में होने वाले आसन और प्राणायाम करवाएं। अंत में वैदिक प्रार्थना और शांति पाठ से आज के कार्यक्रम का समापन हुआ। किशोर बालक एवं बालिकाओं का उक्त शिविर दिनांक 20 जून तक प्रातः और सायं दोनों समय 6बजे से 7ः30 बजे तक आयोजित होगा।
गुरुमत समागम आयोजित
भोपा। गांव कासमपुरा में गुरुद्वारा बाबा लक्खी शाह बंजारा सेवा समिति द्वारा बाबा लक्खी शाह बंजारा की 346वीं पुण्यतिथि पर तीन दिवसीय महान गुरुमत समागम कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम बुधवार को श्री अखण्ड पाठ के साथ शुरू हुआ। कार्यक्रम के तहत श्री अखण्ड पाठ के समापन के बाद एक भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। इस नगर कीर्तन में युवाओं की टीम ने विभिन्न करतब दिखाए, जो आकर्षण का केंद्र रहे। महिलाओं ने भी नगर कीर्तन मार्ग पर झाड़ू लगाकर सफाई व्यवस्था में सहयोग किया।
इस अवसर पर सरदार बचित्रर सिंह ने बाबा लक्खी शाह बंजारा के योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बाबा लक्खी शाह ऐसे गुरु के सिख थे, जिन्होंने हिंद की चादर को मैली होने से बचाया और औरंगजेब की चाल को नाकाम किया। कार्यक्रम में भाजपा के सतनाम बंजारा, ज्ञानी सुरेंद्र सिंह, ज्ञानी योगेंद्र सिंह, हरकेश सिंह, श्रवण सिंह, गुरदीप सिंह, पितम्बर सिंह, प्रदीप, संजय, प्रवीण सिंह, गुरनाम सिंह, चंद्र बोस, हरपाल सिंह, आशु, पप्पन और अमित नायक सहित कई गणमान्य व्यक्ति और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
हीट स्ट्रोक को लेकर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने फिर जारी की एडवाइजरी
सभी सरकारी कार्यालयों में प्राथमिक उपचार किट उपलब्ध रखने के निर्देश
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। जिले में लगातार बढ़ रहे तापमान के बीच हीट स्ट्रोक का खतरा गहरा गया है। एक बार फिर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक खुली धूप से बचने की सलाह दी है। प्राधिकरण का कहना है कि इस दौरान लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के नोडल अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने बताया कि बढ़ती गर्मी और हीट वेव का असर मनुष्यों के साथ-साथ पशु-पक्षियों पर भी पड़ रहा है। जनहानि रोकने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि दोपहर 12 बजे से तीन बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। घर की निचली मंजिल पर रहने का प्रयास करें और ढीले व हल्के रंग के कपड़े पहनें। बासी और दूषित भोजन से परहेज करें। तबीयत खराब होने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।
प्रशासन ने बच्चों और पालतू जानवरों को बंद वाहनों में न छोड़ने की अपील की है। सभी सरकारी कार्यालयों में प्राथमिक उपचार किट उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी संस्थान में किट नहीं मिलने पर संबंधित विभागाध्यक्ष की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
हीट स्ट्रोक के लक्षण…
कमजोरी, चक्कर आना, सिरदर्द, घबराहट, उल्टी या उबकाई, अधिक पसीना आना और बेहोशी हीट स्ट्रोक के प्रमुख लक्षण हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर प्रभावित व्यक्ति को तुरंत छायादार स्थान पर ले जाएं, गीले कपड़े से शरीर को ठंडा करें और चिकित्सक से संपर्क करें।
बचाव के उपाय..
पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें।
खुले में काम करने के दौरान सिर और चेहरे को गीले कपड़े से ढकें।
छाते, टोपी या गमछे का उपयोग करें।
यात्रा के समय पानी साथ रखें।
घर को ठंडा रखने के लिए पर्दों और खिड़कियों का इस्तेमाल करें।
कार्यस्थलों पर ठंडे पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
पशु-पक्षियों के लिए भी करें इंतजाम
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घरों के बाहर या बालकनी में छायादार स्थान पर पानी से भरे बर्तन रखें। समय-समय पर पानी बदलते रहें, ताकि भीषण गर्मी में पशु-पक्षियों को राहत मिल सके।
इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर से मिलेगी सहायता…
कलेक्ट्रेट परिसर स्थित इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर एक्टिव मोड़ में है। किसी भी आपात स्थिति में लोग टोल फ्री नंबर 1077, 0131-2436918 और 9412210080 पर संपर्क कर सहायता मांगी जा सकती है।
भीषण गर्मी में घर से निकलना हुआ मुश्किल
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।गर्मी का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है गर्मी के कारण आम आदमी त्रस्त हो रहा है। पसीने सूखने का नाम नहीं ले रहे है दोपहरी में बाजार भी और सडके भी सूनी सूनी नजर आ रही है। जरूरी कामों के लिए लोग सुबह व शाम के समय निकल रहे है। साथ ही पेय पदार्थो का सेवन भी कर रहे है जैसे गन्ने का रस, बेल का शरबत आदि का सेवन कर गर्मी से बचाव का प्रयास कर रहे है। भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन हवा की बेहद धीमी रफ्तार और बढ़ी हुई उमस के कारण लोगों को लगभग 43 डिग्री सेल्सियस जैसी झुलसा देने वाली गर्मी का एहसास हुआ। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को हवा की रफ्तार महज 10 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। हवा की रफ्तार कम होने से वातावरण में उमस बढ़ गई, जिससे गर्मी और अधिक परेशान करने वाली साबित हुई। दोपहर के समय सड़कों पर निकलने वाले लोग पसीने से तरबतर नजर आए। तेज धूप से बचने के लिए लोग तरह-तरह के उपाय करते दिखाई दिए। कई लोग चेहरे को मास्क, गमछे और साफे से ढककर निकले, जबकि कुछ महिलाओं ने धूप से बचाव के लिए छाते का सहारा लिया। शहर के प्रमुख चैराहों और बाजारों में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दिया। आमतौर पर भीड़ से गुलजार रहने वाले भगत सिंह रोड, शिव चैक, झांसी की रानी चैक और आसपास के बाजारों में दोपहर के समय सन्नाटा पसरा रहा। जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकले। दुकानदारों का कहना है कि भीषण गर्मी के कारण बाजारों में ग्राहकों की संख्या काफी कम हो गई है, जिससे कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल गर्मी से तत्काल राहत मिलने के आसार नहीं हैं। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।
सुधांशु महाराज पहुंचे मुजफ्फरनगर-खाया गुड़, शीघ्र जाएंगे शुकतीर्थ व संभलहेडा
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।भारत के विश्व प्रसिद्ध राष्ट्रीय संत सुधांशु महाराज मुजफ्फरनगर पहुंचे। मुजफ्फरनगर पहुंचने पर उनका बैगराजपुर औद्योगिक क्षेत्र में गर्म जोशी से स्वागत किया गया। सुधांशु महाराज प्रातः 8ः30 बजे मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज के सामने रेशू फैक्ट्री पहुंचे। जहां रेशू एडवरटाइजिंग टीम ने उनका शंख बजाकर, शॉल ओढाकर, माला पहनाकर, तिलक करके स्वागत किया। सत्यप्रकाश रेशू ने सुधांशु महाराज से मुजफ्फरनगर की जनशक्ति-बौधिकशक्ति-धनशक्ति को भारत की विश्व महाशक्ति बनाने के लिए आर्शीवाद लिया। सुधांशु महाराज की साथ मनोज शास्त्री, विरेन्द्र स्वामी, अंजु शास्त्री, प्रयाग दत्त, रीना दत्त, हर्षित शस्त्री, चैधरी प्रेमचंद आदि का भी राम नाम का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया। दिल्ली से हरिद्वार जाते समय राष्ट्रीय संत सुधांशु महाराज सत्यप्रकाश रेशू के माध्यम से मुजफ्फरनगर के जनमानस को अपना आर्शीवाद देने के लिए रेशू एडवरटाइजिंग पर रूके तो पूरा वातावरण भक्तिमय व देश भक्ति के नारो से गूंज उठा। महाराज श्री को मुजफ्फरनगर का गुड़-शक्कर सभी की ओर से भेंट किया गया। जिसे खाकर संत श्री ने मुजफ्फरनगर के किसानो को भी बधाई दी। साथ ही श्रीमद्भागवत कथा की उद्गम स्थली शुकतीर्थ व पंचमुखी शिव मंदिर संभलहेडा में शीघ्र दर्शन को आने के लिए भगवान से प्रार्थना की। सुधांशु महाराज ने फैक्ट्री में भ्रमण करने के बाद गऊशाला देखकर प्रसन्नता व्यक्त की व गऊ पूजन किया। रेशू टीम ने संत श्री को बताया कि रेशू एडवरटाइजिंग भारत की एम.एस.एम.ई. रजिस्टर्ड औद्योगिक क्षेत्र में स्थित पहली आधुनिकतम फैक्ट्री है। जिसमे हर प्रकार के विज्ञापन पट् बनाने के संयंत्र उपलब्ध है। संत श्री के स्वागत में शोभित गर्ग, मोहित गर्ग, अतुल कौशिक, जोगेन्द्र हुड्डा, प्रियंका, शोभित शर्मा, सुशील चैधरी आदि रहे।
गुरूवाणी कीर्तन का हुआ आयोजन
मुजफ्फरनगर। रोडवेज बस स्टैण्ड के बराबर में स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा मुजफ्फरनगर में सिखों के पाचवें गुरु श्री अर्जन देव जी महाराज जी का 420 वां शहीदी गुरूपर्व पर गुरूबाणी कीर्तन करके बनाया गया जिसमें पंथ प्रसिद्ध जत्था भाई ओमवीर सिंह जी देहरादून वालों ने कीर्तन कर संगतों को निहाल किया और ज्ञानी जोगा सिंह व ज्ञानी हरजीत सिंह ने गुरू साहिब की शहीदी के बारे में सिख इतिहास पर प्रकाश डालते हुए गुरूजी के बताये गये सत्य के मार्ग पर चलने के लिये बताया।
भक्ति और संगीत के संगम से गूंजा जैन मंदिर
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। कस्बे के पिसनोपाड़ा स्थित ऐतिहासिक श्री दिगंबर जैन मंदिर खतौली में श्रुत सप्ताह महोत्सव के पावन अंतर्गत आयोजित होने वाले त्रिदिवसीय तीन लोक विधान का गुरुवार को अत्यंत हर्षाेल्लास, भव्यता और भक्तिमय वातावरण के बीच शुभारंभ हुआ। इस धार्मिक अनुष्ठान के पहले दिन मंत्रोच्चारण, जाप्य अनुष्ठान और मंडप में कलश स्थापना के साथ विधाता की आराधना शुरू हुई। राजस्थान के उदयपुर से विशेष रूप से पधारे सुप्रसिद्ध विधानाचार्य हिमालय शास्त्री ने जैन परंपरा के अनुसार पूर्ण विधि-विधान और शुद्धता के साथ सभी मांगलिक क्रियाएं संपन्न कराईं। विधान के शुभारंभ अवसर पर सुबह एक भव्य एवं नयनाभिराम मंगल कलश यात्रा का आयोजन किया गया। यह कलश यात्रा स्थानीय श्रद्धालु मुकेश आढ़ती के निवास स्थान से प्रारंभ हुई, जिसमें जैन समाज की महिलाएं पारंपरिक केसरिया और लाल वस्त्रों में सिर पर मंगल कलश धारण कर भजनों पर झूमती नजर आईं। कलश यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई श्री दिगंबर जैन मंदिर पहुंची। इसके उपरांत मुख्य वेदी के समक्ष शशांक सर्राफ परिवार द्वारा भक्तिभाव के साथ गगनभेदी जयकारों के बीच जैन ध्वजारोहण किया गया।
विधानाचार्य के निर्देशन में मुख्य यज्ञ मंडप के चारों कोनों पर पवित्र कलश स्थापित किए गए तथा पंच परमागम की गरिमापूर्ण प्रतिष्ठा की गई। इस दौरान अनूठा दृश्य तब देखने को मिला, जब सोने के अक्षरों में लिखित अलौकिक श्तत्त्वार्थ सूत्रश् ग्रंथ को बाल ब्रह्मचारी श्रेणिक जी द्वारा पूर्ण विनय के साथ वेदी पर विराजमान कराया गया। इसके साथ ही मंडप में पांच मेरु, आठ मंगल द्रव्य और आठ प्रातिहार्यों की भव्य स्थापना की गई, जिससे पूरा मंदिर परिसर अलौकिक आभा से दमक उठा। इस महाविधान के लिए पात्रों का चयन व मनोनयन भी किया गया। जिसमें सौधर्म इंद्र के रूप में शशांक जैन, यज्ञ नायक के रूप में राहुल जैन, कुबेर इंद्र के रूप में शशांक जैन तथा चक्रवर्ती सम्राट के रूप में मुकेश जैन को मनोनीत कर तिलक लगाया गया। इसके अतिरिक्त कुलदीप जैन, राजकुमार जैन, अनंतवीर्य जैन, गौरव सर्राफ, नवीन जैन, संदीप जैन एवं प्रतीक जैन सहित अन्य प्रबुद्ध श्रद्धालुओं ने विभिन्न इंद्र पदों का दायित्व संभालते हुए अष्टद्रव्य से अघ्र्य समर्पित किए। विधान के दौरान दिल्ली से पधारे जैन दर्शन के अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त विद्वान डॉ. वीर सागर जैन ने ज्ञानमयी प्रवचनों की वर्षा की। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा, मनुष्य को अपने जीवन से मैं और अहंकार की भावना का सर्वथा त्याग कर देना चाहिए। अहंकार एक ऐसा आत्मघाती दुर्गुण है जो इंसान द्वारा किए गए बड़े से बड़े पुण्य कार्यों के प्रभाव को भी पल भर में नष्ट कर देता है। उन्होंने आगे कहा कि जैन दर्शन के अनुसार संसार का प्रत्येक जीव मूल रूप से ज्ञाता और द्रष्टा स्वरूप है, इसलिए मानव को भौतिक चकाचैंध से हटकर आत्मकल्याण के लिए अपने वास्तविक और शुद्ध आत्मस्वरूप को पहचानने का पुरुषार्थ करना चाहिए।
विशेष योग शिक्षण शिविर का आयोजन
मुजफ्फरनगर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में एस.डी. कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में योग शिक्षण शिविर का आयोजन आज आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आज एस. डी. कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज, मुजफ्फरनगर में एक विशेष योग शिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को योग के महत्व से परिचित कराना तथा उन्हें स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। शिविर में बी.बी.ए., बी.सी.ए., बी.एससी. (कम्प्यूटर साइंस) एवं बी. एफ. ए. विभाग के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लियज्ञं कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संदीप मित्तल ने अपने संदेश में कहा कि योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा का एक महत्वपूर्ण अंग है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास का आधार है। आज के प्रतिस्पर्धात्मक और तनावपूर्ण वातावरण में योग विद्यार्थियों को स्वस्थ, एकाग्र एवं सकारात्मक बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। हमें योग को एक दैनिक अभ्यास के रूप में अपनाकर स्वयं के साथ-साथ समाज को भी स्वस्थ और सशक्त बनाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने योग शिक्षण शिविर के सफल आयोजन के लिए सभी आयोजकों, शिक्षकगणों एवं विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। इसके पश्चात उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम की संयोजक डॉ. संगीता गुप्ता तथा सह-संयोजक लवी वर्मा ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताया और कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित और अनुशासित बनाने की एक संपूर्ण प्रक्रिया 1 कार्यक्रम के मुख्य प्रशिक्षक एवं योग विशेषज्ञ पवन बालियान ने विद्यार्थियों को योग के विभिन्न आयामों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि योग शरीर, मन और आत्मा को एक सूत्र में बाँधने का माध्यम है। योग के नियमित अभ्यास से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि मानसिक तनाव भी कम होता है तथा व्यक्ति के आत्मविश्वास और एकाग्रता में वृद्धि होती है । इस अवसर पर बी.बी.ए. विभागाध्यक्ष राजीव पाल सिंह ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की विश्व को दी गई एक अनमोल देन है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आग्रह किया । बी.सी.ए. एवं बी.एससी. (कम्प्यूटर साइंस) विभागाध्यक्ष डॉ संजीव तायल ने कहा कि आज के डिजिटल युग में विद्यार्थियों के सामने एकाग्रता बनाए रखना एक बड़ी चुनौती है। योग एवं प्राणायाम मानसिक संतुलन बनाए रखने तथा अध्ययन में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने कहा कि योग के माध्यम से विद्यार्थी तनावमुक्त रहकर अपने लक्ष्यों को अधिक प्रभावी ढंग से प्राप्त कर सकते हैं। बी. एफ. ए. विभागाध्यक्ष कुमार वैभव ने अपने संबोधन में कहा कि योग और कला दोनों ही व्यक्ति के आंतरिक विकास से जुड़े हुए हैं। जिस प्रकार कला मनुष्य की रचनात्मकता को अभिव्यक्ति प्रदान करती है, उसी प्रकार योग मनुष्य के शरीर और मन को संतुलित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को योग के माध्यम से सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त करने और उसे अपनी रचनात्मक गतिविधियों में उपयोग करने के लिए प्रेरित किया । योग विशेषज्ञ पवन बालियान ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के योगासन करवाए तथा उनके लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सर्वप्रथम ताड़ासन का अभ्यास कराया और बताया कि यह आसन शरीर के संतुलन को बेहतर बनाता है तथा रीढ़ की हड्डी को मजबूत करता है। इसके बाद विद्यार्थियों को वृक्षासन सिखाया गया, जो मानसिक एकाग्रता और शारीरिक संतुलन बढ़ाने में सहायक होता है ज् उन्होंने भुजंगासन का अभ्यास कराते हुए बताया कि यह आसन रीढ़ की लचक बढ़ाता है तथा पीठ दर्द की समस्या को कम करने में सहायक होता है। इसके अतिरिक्त वज्रासन के माध्यम से विद्यार्थियों को पाचन तंत्र को मजबूत बनाने के लाभ बताए गए। पवनमुक्तासन के अभ्यास से गैस एवं पेट संबंधी समस्याओं में राहत मिलने की जानकारी दी गई। योग शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने त्रिकोणासन, पद्मासन, सूर्य नमस्कार, अनुलोम-विलोम, कपालभाति तथा भ्रामरी प्राणायाम का भी अभ्यास किया। पवन बालियान ने बताया कि सूर्य नमस्कार सम्पूर्ण शरीर के लिए अत्यंत लाभकारी व्यायाम है, जबकि अनुलोम-विलोम एवं कपालभाति प्राणायाम श्वसन तंत्र को मजबूत बनाते हैं और मानसिक तनाव को कम करते हैं । भ्रामरी प्राणायाम मन को शांत करने तथा एकाग्रता बढ़ाने में अत्यंत प्रभावी माना जाता है प् उन्होंने विद्यार्थियों को यह भी बताया कि आज के आधुनिक एवं तकनीकी युग में युवा वर्ग मोबाइल, कंप्यूटर एवं इंटरनेट पर अत्यधिक समय व्यतीत करता है, जिसके कारण तनाव, चिंता और शारीरिक निष्क्रियता जैसी समस्याएँ बढ़ रही हैं। ऐसी परिस्थितियों में योग स्वस्थ जीवन का सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट योग करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर कॉलेज के सभी विभागों के शिक्षकगण, दीपक गर्ग, मोहम्मद अंजर, सोनिका, पूरवी, प्राची, रोहन त्यागी, चन्दना दीक्षित, हिमांशु शर्मा, रजत शर्मा, हर्षित गोयल, हर्षिता, निरंकार शर्मा, देवेश भारद्वाज, नवनीत चैहान, अंकुर अग्रवाल, अनुज गोयल, राहुल शर्मा, रोबिन मलिक, शेखर, कुमार वैभव, कुलदीप सैनी, प्राची गर्ग, अंजलि शुक्ला, दानिया अंसारी, ज्योति, करिश्मा, प्रियांका एवं अंजलि सेठी. प्रशांत गुप्ता, विनीता चैधरी, अमित, सतीश, शशांक भारद्वाज, उपस्थित रहे तथा विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया । कार्यक्रम की समग्र संयोजक डॉ. संगीता गुप्ता ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता प्रदान की गई है। आज विश्व के अनेक देशों में योग का अभ्यास किया जा रहा है और भारत की यह प्राचीन परंपरा वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य एवं कल्याण का माध्यम बन चुकी है। उन्होंने कहा कि योग मानव जीवन को स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक बनाने का सशक्त साधन है। सह-संयोजक लवी वर्मा ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि योग केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से योगाभ्यास करने तथा अपने परिवार और समाज में भी योग के प्रति जागरूकता फैलाने का आग्रह किया । कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ योगाभ्यास किया। योग विशेषज्ञ द्वारा बताए गए आसनों और प्राणायाम तकनीकों को विद्यार्थियों ने ध्यानपूर्वक सीखा तथा उनके स्वास्थ्य संबंधी लाभों को समझा। शिविर के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। कॉलेज प्रशासन ने योग विशेषज्ञ पवन बालियान, सभी विभागाध्यक्षों, शिक्षकगणों तथा विद्यार्थियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
महिला आयोग सदस्य ने सुनीं शिकायतें
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। मुजफ्फरनगर में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य सपना कश्यप ने लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में महिलाओं से जुड़े मामलों की जनसुनवाई की। इस दौरान घरेलू हिंसा, पारिवारिक विवाद, पुलिस, श्रम विभाग और विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित कुल 24 शिकायतें प्राप्त हुईं। सभी मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया, जहां महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाएं वितरित की गईं। इसके बाद सपना कश्यप ने जिला कारागार पहुंचकर महिला बैरक का निरीक्षण किया और महिला बंदियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। जेल प्रशासन से महिला कैदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी भी ली। उन्होंने आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस में अधिक से अधिक लोगों से भाग लेने की अपील की और योग दिवस से संबंधित जागरूकता सामग्री का वितरण भी किया। कार्यक्रम में महिला कल्याण, स्वास्थ्य, पुलिस, श्रम, शिक्षा, बाल विकास एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
प्रोफेसर आर. के. सिंह बने मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय के कृषि संकाय अध्यक्ष
मुज़फ्फरनगर /सहारनपुर। शिक्षा एवं कृषि जगत के लिए अत्यंत हर्ष एवं गौरव का विषय है कि प्रोफेसर आर. के. सिंह, विभागाध्यक्ष हॉर्टिकल्चर विभाग, सी.सी.आर. (पी.जी.) कॉलेज, मुज़फ्फरनगर (उ.प्र.) को मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय, पुवारका, सहारनपुर (उ.प्र.) में कृषि संकाय अध्यक्ष के महत्वपूर्ण पद पर सेवा करने का अवसर प्राप्त हुआ है। प्रोफेसर सिंह कृषि शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित नाम हैं, जिन्होंने अपने दीर्घ शैक्षणिक अनुभव, शोध कार्यों एवं प्रशासनिक दक्षता के माध्यम से सदैव उत्कृष्टता का परिचय दिया है। उनकी इस नियुक्ति से न केवल विश्वविद्यालय बल्कि समूचे क्षेत्र में कृषि शिक्षा, अनुसंधान एवं नवाचार को नई दिशा मिलने की अपेक्षा की जा रही है। इस अवसर पर प्रोफेसर आर. के. सिंह ने कहा कि वे अपने इस दायित्व को पूर्ण निष्ठा, परिश्रम एवं ईमानदारी के साथ निभाते हुए कृषि शिक्षा, अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्टता स्थापित करने हेतु निरंतर प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उनका उद्देश्य केवल पद की गरिमा को बनाए रखना ही नहीं, बल्कि उसे नई ऊँचाइयों तक पहुँचाना है, जिससे विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं समाज को अधिकतम लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने अपने सहयोगियों, वरिष्ठजनों एवं शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग एवं मार्गदर्शन से वे कृषि संकाय को विकास के नए आयामों तक ले जाने का प्रयास करेंगे। प्रोफेसर सिंह की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर शिक्षाविदों, सहकर्मियों एवं क्षेत्रवासियों में हर्ष का वातावरण है तथा उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी जा रही हैं।
आपसी विवाद में मारपीट
सिखेडा। आपसी विवाद मे हुई मारपीट मे एक युवक बुरी तरह घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया गया।
सूत्रो के अनुसार बीती देर रात सिखेडा थाना क्षेत्र के समीपवर्ती गंाव बहादरपुर निवासी कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर आपसी विवाद हो गया। जिसमे मारपीट की नौबत आ गई। बताया जाता है कि इस दौरान एक युवक बुरी तरह घायल हो गया। शोर-शराबे की आवाज सुनकर कई ग्रामीण मौके आ गए। ग्रामीणो ने जब इसकी सूचना पुलिस को दी तो मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस गंाव मे पहुंची तथा घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
मारपीट में युवक घायल
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।मारपीट मे एक युवक घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार बीती रात शहर कोतवाली क्षेत्र के गंाव बाननगर कट पर शाम ढलते ही कुछ अज्ञात युवको ने गंाव कछौली निवासी एक के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए। ग्रामीणो ने जब इसकी सूचना पुलिस को दी तो मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुची तथा घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस मामले की जंाच पडताल मे जुट गई है।
पूर्व प्रधानाचार्य का हुआ निधन
ककरौली। किसान इंटर काॅलेज के पूर्व प्रधानाचार्य सोहनवीर सिह के निधन से क्षेत्र मे शोक की लहर दौड गई।
मिली जानकारी के अनुसार किसान इंटर काॅलेज ककरौली के पूर्व प्रधानाार्य सोहनवीर सिंह का बीमारी के चलते निधन हो गया। इस दुखद खबर से क्षेत्र मे शोक की लहर दौड गई। क्षेत्र के गणमान्य लोगो ने शोक संतप्त परिजनो से मिलकर अपनी शोक संवेदना व्यक्त की। गमगीन माहौल के बीच स्व.सोहनवीर सिह के शव का अंतिम संस्कार किया गया।
ईमाम बारगाहों में शुरू हुआ मजलिस का आयोजन
मोरना। मोहर्रम मां की दूसरी तारीख को मोरना में स्थित इमामबारगाह बदरुल हसन में हुसैनी मजलिस का आयोजन अंजुमने अब्बासिया द्वारा किया गया। जिसमें मौलाना गुलाम इमाम अमरोही ने भावपूर्ण संबोधन किया। फरशे अजा पर मौजूद अजादारों ने या हुसैन की सदा बुलन्द की व दरूद पेश किया। मौलाना गुलाम इमाम ने अपने संबोधन में कहा कि कल तक किसी की औकात क्या थी यह बात महत्वपूर्ण नहीं है आज किसी का मरतबा क्या है यह बड़ी बात है। हुसैन के मानने वाले कभी गरीब नहीं हो सकते। खुदा फकीर दौलतमंद होते हैं। कुरान कहता है एहसान करो खुद पर, सच सुनने वाले सच कहने के भी आदत डालें।तलब उसके पाने की करो जो प्रत्येक को रोजी देता है। पालनहारा है। जिसके हाथ नहीं होते उसे भी भूखा नहीं रखता। सबको देने वाले पर ही विश्वास करो। सच्चाई के साथ रहो।दुनिया व आखरत में सफलता निश्चित है।
मौलाना गुलाम इमाम ने कहा कि कपड़े बदलने से इज्जत नही मिलती किरदार चरित्र उच्च करने से सम्मान मिलता है। किरदार बुलन्द होगा तो आपकी बात में असर होगा। अंत मे मौलाना ने करबला के वाकये को भावपूर्ण अंदाज में प्रस्तुत किया जिसपर अजादार जार जार होकर रोये। वहीं मर्सिया ख्वान के रूप में शबाब हैदर, गाजी अब्बास,मंजर अब्बास, शाम हैदर,जलाल हैदर,मोहम्मद शोएब,मौ. लारेब जैदी आदि मौजूद रहे। वही मौलाना रजा अब्बास, मौलाना मोहम्मद खतीब हैदर, मौलाना अकील तुराबी मुंबई, मौलाना शाहिद रिजवी मुंबई, मौलाना रजा अब्बास मूसी जौली ने भी अन्य मजलिसों को सम्बोधित किया।
इस दौरान दुआ कराई गयी,शहीदे करबला की याद में मातम किया गया व तबर्रुक का वितरण किया गया। मोरना, तिस्सा,जौली,बेलड़ा, बेहड़ा सादात,ककरोली में स्थित विभिन्न इमाम बारगाहों में मजलिसों का आयोजन किया जा रहा है।


