बेटियों के नाम से होगी तालाबों की पहचान: ग्रामीणों में जोश पैदा करने के प्रयास
मुजफ्फरनगर। गिरते भूजल स्तर को बचाने और तालाबों को जीवित रखने के लिए चल रहे प्रयास में अब तालाबों को बालिकाओं का नाम देने के प्रयास जनपद में शुरू हो गए हैं। जल्द ही गांव की प्रतिभावान बालिकाओं के नाम से उनके गांव में तालाबों की पहचान होने लगेगी।
जिला प्रशासन ने अपनी इस महत्वाकांक्षी योजना को परवान चढ़ाने के लिए सक्षम पोर्टल के तहत जिला प्रोबेशन विभाग से प्रारूप तैयार कराया है, जो सभी एसडीएम को भेजा गया है।
जिला प्रशासन ग्रामीण क्षेत्रों में तालाबों की सही देखभाल और ताबालों को संरक्षित रखने के लिए ग्रामीणों में जोश पैदा करने के प्रयास में जुट गया है। जनपद के सभी तालाबों का नामकरण करने की तैयारी की जा रही है।
नामकरण प्रतिभावान बालिकाओं के नाम से किए जाने के लिए कार्य भी शुरू हो गए हैं। एडीएम प्रशासन अमित सिंह ने जिला प्रोबेशन अधिकारी को जनपद के सभी तालाबों का डाटा और प्रतिभावान बालिकाओं की सूची तैयार करने के निर्देश दिए है।
इसी कड़ी में जिला प्रोबेशन अधिकारी ने सभी तहसीलों से डाटा जुटाने के लिए प्रारूप तैयार किया है, जो तहसीलों में एसडीएम को भेजा गया है, जिसमें प्रतिभावान बालिकाओं का नाम और विवरण फोटो सहित, तालाबों का नाम, गांव का नाम, तहसील का नाम मांगा गया है। जल्द ही बालिकाओं के नाम से तालाबों का नामकरण कर बालिकाओं के सम्मान के साथ तालाबों को जिदा किया जाएगा।

