IPL 2021: कोलकाता ने जीता टॉस, ब्रावो की जगह सैम कर्रन को मिला मौका
IPL 2021 अबू धाबी के शेख जाएद स्टेडियम में खेले जाने वाले आईपीएल 2021 के 38वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान इयोन मोर्गन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फैसला किया है. एमएस धोनी की अगुवाई वाली चेन्नई सुपर किंग्स की टीम पहले गेंदबाज़ी करेगी. चेन्नई ने इस मैच के लिए अपनी टीम में एक बदलाव किया है. ड्वेन ब्रावो की जगह सैम कर्रन की टीम में वापसी हुई है. वहीं केकेआर ने अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया है.
टॉस के बाद एमएस धोनी ने कहा, “हमने अपनी टीम में एक बदलाव किया है. ड्वेन ब्रावो की जगह सैम कर्रन आए हैं. ब्रावो को सीपीएल में ही निगल्स था. तो हम चाहते थे कि उनकी चोट और ना बढ़े. सपोर्ट स्टाफ बहुत महत्वपूर्ण है. टीम में अनुभवी खिलाड़ी होने से मदद मिलती है. आईपीएल में यह संयोजनों के प्रबंधन के बारे में है.”
चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की टीमें अब तक कुल 25 बार आमने सामने आई हैं. इस दौरान चेन्नई ने 16 मैचों में जीत दर्ज की है. वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स को सिर्फ 9 मैचों में ही जीत नसीब हुई है.
आईपीएल 2021 के पहले हाफ में चेन्नई ने कोलकाता को मात दी थी. उस मैच में चेन्नई ने पहले खेलने के बाद 20 ओवर में तीन विकेट पर 220 रन बनाए थे. इसके जवाब में केकेआर की टीम 202 रनों पर ऑल आउट हो गई थी. चेन्नई के लिए इस मैच में फाफ डू प्लेसिस ने नाबाद 95 और रुतुराज गायकवाड़ ने 64 रनों की पारी खेली थी.
