Agra: निकाह के महज दो घंटे बाद ही बीवी को दिया तीन तलाक
Agra : निकाह के महज दो घंटे बाद ही दूल्हे ने होटल में ही मुस्लिम युवती को तीन तलाक दे दिया. इससे परिवार में हड़कंप मच गया. तलाक देने की वजह शादी में कार न देना सामने आई है.
आगरा के डोलीखार के निवासी कामरान वारसी की दो बहनों की शादी थी. एक बहन का रिश्ता नाई की मंडी के नाला चुन पचान निवासी आसिफ से तय हुआ था. शादी की तारीख तय हुई. बुधवार को थाना ताजगंज क्षेत्र स्थित प्रियांशु फार्म हाउस में बारात आई.
एक बहन की तो निकाह के बाद विदाई हो गई. लड़की पक्ष का आरोप है कि दूसरी बहन के ससुरालीजन निकाह के बाद कार की मांग करने लगे. कार न मिलने पर उन्होंने होटल के अंदर ही तीन बार तलाक बोल दिया, और सोने चांदी के आभूषण, कैश लेकर फरार हो गए. लड़की पक्ष में मारपीट का भी आरोप लगाया है.
पीड़िता के भाई कामरान वारसी के बताया कि उन्होंने अपनी हैसियत से ज्यादा की शादी की थी. दहेज के अलावा सोने चांदी के आभूषण के साथ चार लाख रुपए कैश निकाह में दिए थे लेकिन आसिफ और उसके परिवारीजन कार की मांग करने लगे. जब हमने कार देने से इंकार कर दिया तो दूल्हा आसिफ ने सभी के सामने तीन बार तलाक बोल दिया. इतना ही नहीं सोने चांदी के आभूषण और कैश लेकर लड़का पक्ष फरार हो गया.

