कांवड यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व एसएसपी ने किया कांवड मार्गो का निरीक्षण
मुजफ्फरनगर। कांवड यात्रा को लेकर असमंजस की स्थिति के बावजूद बारिश के बीच एसएसपी अभिषेक यादव ने आगामी कांवड यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित रुप से सम्पन्न कराने हेतु गंग नहर मार्ग का निरीक्षण किया।
एसएसपी द्वारा सम्बन्धित थाना प्रभारियों को कांवड यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व गंग नहर मार्ग में सीसी टीवी कैमरे लगवाने, कांवड मार्ग पर सुरक्षा के दृष्टिगत नियमित रुप से पेट्रोलिंग करने, कांवड मार्ग पर साफ-सफाई, लाईट एवं पानी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
इससे श्रद्धालुओं को कांवड मार्ग में किसी भी प्रकार की कठिनाई न होने पाये तथा कांवड यात्रा शांतिपूर्वक व सकुशल सम्पन्न करायी जा सके।
झमाझम बारिश से से गर्मी से राहत
मुजफ्फरनगर। भीषण गर्मी का दंश झेल रहे लोगों को मानसून की झमाझम बारिश से बड़ी राहत मिली। इससे मौसम सुहावना हो गया। बारिश से किसानों के चेहरे भी खिल गए हैं। बारिश से शहर के नाले-नालियां व सड़कें जलमग्न हो गई। निचली बस्तियों व चौराहों पर पानी भर गया। अब धान रोपाई का कार्य तेज होगा।
बीते कई दिन से भीषण गर्मी पड़ रही थी। गर्मी से लोग परेशान थे और बारिश का इंतजार कर रहे थे। बिना बारिश के फसलें सूख रही थीं। गत दिवस से ही बादलों की आवाजाही रही। आज भी सवेरे से ही झमाझम बारिश शुरू हो गयी। थोड़ी ही देर में नाले, नालियां और सड़कें जलमग्न हो गए। शहर की हृदयस्थली शिव चौक, मीनाक्षी चौक, शहीद चौक, नावेल्टी चौक, अंसारी रोड, भोपा रोड आदि के अलावा मोहल्ला नई मंडी, द्वारिकापुरी, जनकपुरी, किदवई नगर, दक्षिणी कृष्णापुरी व रामपुरी आदि मोहल्लों में पानी भर गया।
नाले-नालियों का गंदा पानी सड़कों पर आ गया। हालात यह हो गए कि पूरा शहर जलमग्न हो गया। बारिश ने नगरपालिका के विकास कार्या की पोल खोलकर रख दी। बारिश रुकने के घंटों बाद सड़कों से पानी उतर सका। बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली वहीं मौसम भी सुहावना हो गया।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि १८ जुलाई तक बादलों की आवाजाही के साथ रुक-रुककर बारिश होगी। कृषि वैज्ञानिक डा. पीके सिंह ने किसानों से धान की मध्यम व देर से पकने वाली प्रजातियों की रोपाई जुलाई के प्रथम पखवाड़े में तथा शीघ्र पकने वाली प्रजातियों की रोपाई जुलाई के दूसरे पखवाड़े तक पूरा करने की सलाह दी।

