Bhiwani: लापता पुलिसकर्मी का 70 दिन बाद मिला कंकाल,ईएचसी जसबीर के रूप में शिनाख्त
Bhiwani जिले के तोशाम थाने में तैनात ईएचसी का कंकाल दादरी में मिला है. पास मिले मोबाइल और फटे कपड़ों के आधार पर कंकाल की शिनाख्त ईएचसी जसबीर के रूप में हुई है. जसबीर 70 दिनों से लापता था और तोशाम थाने में इस संबंध मे गुमशुदगी का केस दर्ज था. ढाई माह बाद मिले कंकाल को लेकर परिजन असंतुष्ट परिजनों ने सिटी पुलिस थाना में बवाल काटा. परिजनों ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए डीएनए टेस्ट करवाकर हत्या का केस दर्ज करते हुए विजिलेंस जांच की मांग उठाई.
ईएचसी जसबीर तोशाम थाना से समन लेकर गत 26 अगस्त को निकला था. इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं लग पाया. तोशाम थाने में इस संबंध में गुमशुदगी का केस दर्ज किया गया था. वहीं, पुलिस की जांच में जसबीर की अंतिम लोकेशन दादरी की मिली थी. लेकिन, इससे आगे उसके बारे में कोई जानकारी पुलिस को नहीं मिल पाई थी.
Bhiwani पुलिस ने दादरी पुलिस के साथ मिलकर जांच की तो दादरी सिविल अस्पताल के पिछली तरफ से गुजर रही सड़क से करीब 30 मीटर अंदर एक कंकाल बरामद किया. डीएसपी हेडक्वार्टर विरेंद्र सिंह, तोशाम थान प्रभारी इंस्पेक्टर सुखबीर जाखड़, दादरी सिटी थाना कार्यवाहक प्रभारी एसआई राजकुमार अपनी टीम समेत कंकाल वाली जगह पहुंचे और सर्च अभियान चलाया. इस दौरान पुलिस ने घटनास्थल से मृतक की खोपड़ी और शरीर के अन्य अंगों की हड्डियां अलग-अलग जगहों पर मिलीं.
कंकाल मिलने की सूचना पर गायब पुलिसकर्मी के परिजन दादरी के सिटी अस्पताल पहुंचे और पुलिस की कार्यप्रणाली पर अंसतोष व्यक्त करते हुए काफी देर तक बवाल काटा. मृतक के परिजन मंगल सिंह व मोनिका ने कहा कि ढाई माह बाद पुलिस कंकाल को जयबीर की डेड बॉडी बता रही है.
कंकाल का डीएनए टेस्ट हो और हत्या का केस दर्ज करते हुए विजिलेंस जांच होनी चाहिए. वहीं, पुलिस जांच अधिकारी सुखबीर जाखड़ ने कहा कि कंकाल का डीएनए टेस्ट करवाया जाएगा. रिपोर्ट आने के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी.
Courtesy: This article is extracted with thanks & zero benefits from: रिपोर्ट- प्रदीप साहू

