Bulandshahr News: बच्ची के यौन शोषण के आरोपी को 10 साल की जेल, 5 साल की कानूनी लड़ाई के बाद मिला न्याय
Bulandshahr News: एडीजे 2 पोक्सो कोर्ट के विशेष लोक अभियोजक भरत शर्मा ने बताया कि 2015 में एक युवक ने अपनी 8 साल की मासूम बच्ची के साथ यौन शोषण करने का आरोप लगाते हुए आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दर्ज रिपोर्ट में कहा गया था कि उसकी बच्ची घर के बाहर खेल रही थी l तभी अतुल ने बच्ची को 2 रुपए देकर गुटखा लाने के लिए कहा। जैसे ही बच्ची गुटखा लेकर आई, तो आरोपी ने बच्ची को किडनैप कर उसके साथ दुष्कर्म किया।
एडीजे 2 पोक्सो कोर्ट के विशेष लोक अभियोजक भरत शर्मा ने बताया कि आरोपी अपने परिवार के साथ राम विहार कॉलोनी में रहता था। वह कोई काम नहीं करता था। हालांकि, कोर्ट ने आरोपी को यौन शोषण का ही दोषी मानते हुए सजा मुकर्रर की है।
मासूम बच्ची के पिता ने सजा मुकर्रर होने के बाद न्याय प्रक्रिया के प्रति भरोसा जताया। पिता का कहना है कि आरोपी को फांसी की सजा होनी चाहिए, मगर न्यायालय द्वारा सुनाई गई सजा को भी अब पीड़ित परिवार पर्याप्त मान रहा है और न्यायालय के प्रति आभार व्यक्त कर रहा है। पीड़िता के परिजनों का कहना है कि 5 साल की कानूनी लड़ाई के बाद आखिर उन्हें न्याय मिल ही गया।