उत्तर प्रदेश

Bulandshahr News: दिवाली के मौके पर गंधक पोटाश पीसते समय विस्फोट, पुलिस को गंधक-पोटाश बेचने वाले की तलाश

Bulandshahr News: गांव छपरावत में दीपावली पर्व पर पटाखे बैन होने के कारण कुछ बच्चे धमाके के लिए बाजार से गंधक पोटाश खरीद लाए। राहुल नाम के बच्चे के घर जमा हुए। यहां कुल 6 बच्चे एकत्रित हुए। सभी गंधक-पोटाश पीसने में व्यस्त थे। दरअसल, उन्हें ये ज्ञान नहीं था कि गंधक और पोटाश एक साथ मिलाकर पीसने से बड़ा विस्फोट हो सकता है। हुआ भी ऐसा ही। इसी दौरान एक बड़ा धमाका हुआ। धमाके से पीसने वाले सामान के कई टुकड़े हो गए।

इस विस्फोट से दक्ष और वंश पुत्र राहुल, दीपक पुत्र नितिन, करन पुत्र रतनलाल, सूरज पुत्र रतनलाल ,प्रिंस धर्मेंद्र झुलस गए। धमाके की आवाज सुन आनन-फानन में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायलों को तुरंत गुलावठी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने दक्ष (6 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया। जबकि 5 अन्य घायलों को मेरठ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। ग्राम प्रधान बॉबी ने बताया कि घायल बच्चों की हालत गंभीर है।

2 घंटे बाद तक पुलिस घटना से अनभिज्ञता जताती रही

गुलावठी पुलिस कितनी सक्रिय है इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हादसे के 2 घंटे बाद तक पुलिस घटना से अनभिज्ञता जताती रही। जब मामले को लेकर उच्चाधिकारियों से पता किया गया तब पुलिस मौके पर दौड़ी आई। पुलिस जानकारी जुटाने में लगी है। एसपी सिटी को जैसे ही हादसे की जानकारी मिली उन्होंने इसे गंभीरता से लिया। गुलावठी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को मौके पर भेजा। पुलिस ने मृतक बच्चे का शव पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बड़ा सवाल ये है कि प्रतिबंध के बावजूद चोरी-छुपे कुछ लोग गंधक-पोटाश बेच रहे हैं। गंधक-पोटाश बेचने वाले को पुलिस तलाश रही है। पुलिस पता लगा रही है कि बच्चों ने कहां से गंधक-पोटाश खरीदी थी। फिलहाल, अभी तक पुलिस के हाथ खाली हैं। किसी की गिरफ़्तारी नहीं हो सकी है।

जिस परिवार के बच्चे की मौत हुई है, उस परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गयी। दिवाली की खुशियां मातम में बदल गई। अचानक हुए इस धमाके से इलाके में दहशत व्याप्त है। 

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 21352 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

nineteen − four =