भोपा: युवती को धोखे से घर बुलाकर सामूहिक दुष्कर्म
भोपा। क्षेत्र के गांव में युवती को काम के बहाने बुलाकर कमरे में बंद कर दो आरोपितों ने दुष्कर्म किया। पीड़िता के भाई ने महिला समेत तीन के विरुद्ध थाने पर तहरीर दी है। घटना से गांव में रोष है।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव निवासी व्यक्ति ने थाने पर तहरीर देकर बताया कि उसकी बहन सिलाई करती है। गुरुवार शाम वह घर पर सिलाई कर रही थी। आरोप है कि तभी पड़ोस की महिला ने एक बच्चे के जरिए बहन को अपने घर पर कपड़े की नाप के लिए बुला लिया तथा छत पर बने कमरे में बंद कर दिया।
आरोप है कि वहां मौजूद दो युवकों ने उसे दबोच लिया और उसके भाई की हत्या करने की धमकी देते हुए सामूहिक दुष्कर्म किया। युवती के देर तक घर न पहुंचने पर वह पड़ोसी के घर गए और कमरे का दरवाजा खुलवाकर युवती को आरोपितों के चंगुल से मुक्त कराया।
पीड़ित ने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कार्यवाहक थानाध्यक्ष सुनील शर्मा ने बताया कि घटना की जांच व मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

