गांव सोरम में जलभराव से परेशानी
मुजफ्फरनगर। शाहपुर क्षेत्र के ऐतिहासिक गांव सोरम में ग्रामीणों को जलभराव की परेशानी से झेलनी पड़ रही है।गांव सोरम के मुख्य मार्ग तालाब में तब्दील हैं। शाहपुर कस्बे से सोरम आने वाले रास्ते पर रजवाहे से लेकर मस्जिद तक लगभग ५०० मीटर रास्ता जलमग्न हो रहा है।
आलम यह है कि बिना बरसात हुए भी यह मार्ग घरों से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी ना होने से सड़क पर भर जाता है। इसी मार्ग से गोयला, शाहजुडडी, मंडावली, डबल, कितास, इंचौडा, व रतनपुरी व खतौली के दर्जनों गांवों के लिए यह आम रास्ता है।
जिन्हें यहां से या तो वापस जाना पड़ता है या गन्दे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस मुख्य मार्ग से जलनिकासी के लिए क्षेत्रीय जन प्रतिनिधियों से भी कई बार मांग की जा चुकी है।
ग्रामीण तनवीर चौधरी, खालिद चौधरी, कासिम अली, तालिब, बबलू, घनश्याम, जाहिद, हसीन, जमील, फारुख, नवाब आदि ने जलनिकासी कराकर सड़क ठीक कराने की मांग की है।

