आश्रम में विवाहिता को बंधक बनाकर पांच दिनों तक दुष्कर्म
मुजफ्फरनगर। एक विवाहिता को नशीली कोल्डड्रिंक पिलाकर पड़ोसी युवक ने उसकी बेटी समेत अपहरण कर लिया। आरोप है कि आरोपी ने हरिद्वार के एक आश्रम में बंधक बनाकर उसके साथ पांच दिनों तक दुष्कर्म किया। आरोप यह भी है कि आरोपी ने उसकी दो साल की बेटी को सिगरेट से दागा। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में एक कॉलोनी निवासी इस पीड़िता ने नई मंडी पुलिस को तहरीर दी।
बताया कि वह 30 जून को अपनी दो वर्षीय पुत्री को साथ लेकर जनकपुरी में अपनी मौसी के यहां जाने के लिए घर से निकली थी। जब वह विश्वकर्मा चौक पर टेंपू का इंतजार कर रही थी, तो उसी समय उसके मोहल्ले का ही आरोपी युवक बाइक से वहां पहुंचा। आरोपी उसे और उसके पति को अच्छे से जानता था। युवक ने कहा कि वह भी जनकपुरी की तरफ ही जा रहा है और वह उसे छोड़ देगा।
विवाहिता अपनी बच्ची को लेकर आरोपी युवक की बाइक पर बैठ गई। आरोप है कि कुछ दूर जाकर आरोपी ने बाइक रोक दी। उसने गर्मी होने का बहाना कर उसे नशीली कोल्डड्रिंक पिला दी। उसके पीने के बाद विवाहिता को नशा हो गया। जब उसे होश आया, तो उसने अपने आपको एक आश्रम में बंधक पाया। आरोप है कि युवक ने विवाहिता के साथ वहां पर पांच दिन तक दुष्कर्म किया। पीड़िता के विरोध करने पर आरोपी युवक उसकी पुत्री को सिगरेट से दागता था और पीड़िता की सरियों से पिटाई करता था। आरोपी ने उसकी पुत्री को उससे अलग रखा। आरोपी उसे लगातार नशा देता रहा। एक दिन वह मौका पाकर वहां से भाग आई।
पीड़िता ने घर आकर परिजनों को सारी बात बताई। विवाहिता का आरोप है कि आरोपी युवक ने उसकी वीडियो क्लिप भी बना ली है। आरोपी उसे लगातार धमकी दे रहा है कि यदि उसने कोई कार्रवाई की तो वह उसकी वीडियो को वायरल कर देगा। पीड़िता ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर न्याय की गुहार लगाई है। नई मंडी पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है।