मुजफ्फरनगर में फिर महापंचायत का ऐलान, 17 जातियों को धोखे देने का आरोप
मुजफ्फरनगर। जनपद में लगातार महापंचायतों का आयोजन जारी है। हाथरस में जयंत चौधरी पर यूपी पुलिस की लाठी बरसी तो रालोद ने राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में महापंचायत कर अपनी ताकत का अहसास कराया।
किसान आंदोलन के दौरान जब दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर पर राकेश टिकैत भावुक हुए तो फिर से राजकीय इंटर कॉलेज का मैदान एक ओर महापंचायत का गवाह बना। अब 23 फरवरी को फिर से इसी मैदान पर एक ओर महापंचायत का ऐलान किया गया है।
आज 14 फ़रवरी को संवैधानिक आरक्षण संघर्ष मोर्चा के तत्वाधान में आरक्षण ज्योत रथयात्रा का 14 वे दिन कुरावा गाँव पहुंचने पर कश्यप समाज के लोगो ने फूल माला पहनाकर और फूलों की वर्षा करके यात्रा का भव्य स्वागत किया और तन मन धन से भरपूर सहयोग किया।
ई. देवेन्द्र कश्यप ने कहा कि मोदी जी और योगी जी को 17 जातियों से आरक्षण का किया हुआ वादा पूरा करना चाहिए। उन्होने बीजेपी सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि 2022 से पहले सरकार अगर संविधान में लिखा 17 जातियों का अनुसूचित जाति का आरक्षण लागू नहीं करती तो बीजेपी सरकार को ये समाज वोट की चोट से सत्ता से बाहर करने का काम करेगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश कश्यप और प्रमुख महासचिव जयभगवान कश्यप ने बीजेपी सरकार पर 17 जातियों को धोखे देने का आरोप लगाया।
उन्होनें कहा कि 23 फ़रवरी को 17 जातियों के लोग मुजफ्फरनगर में एकजुट होकर राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में महापंचायत करेंगे। यात्रा में प्रमुख रूप से प्रदीप कश्यप, मुकेश कश्यप, मा. सुरेशपाल कश्यप, आनंद कश्यप, संचित कश्यप, सचिन कश्यप, प्रवीण कश्यप, अर्जुन कश्यप, अरविंद कश्यप, ओमदत्त कश्यप आदि लोग उपस्थित रहे।

