उत्तर प्रदेश

किसानों के आंदोलन के समर्थन में बाजना के मोरकी मैदान पर महापंचायत, जयंत चौधरी समेत कई बड़े नेता शामिल

दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर पर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के नेता राकेश टिकैत की सिसकियों के बाद मथुरा जिले में माहौल गरमा गया है। किसानों के आंदोलन के समर्थन में शनिवार को बाजना के मोरकी मैदान पर महापंचायत हुई।

इसमें राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी समेत कई बड़े नेता शामिल हुए। महापंचायत में जयंत चौधरी ने आरपार की लड़ाई का एलान किया।

उन्होंने कहा कि राकेश टिकैत के हर आंसू का बदला किसान लेंगे। किसानों पर लाठी चलवा कर सरकार ने अपना इकबाल खो दिया है। इससे क्रूर और निर्दयी सरकार आज तक नहीं आई। 

रालोद उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि सोते हुए किसानों पर सरकार ने लाठीचार्ज करवाया है। किसानों का बदन लोहा है और दिल सोना है। पुलिसकर्मियों को भी थोड़ा लिहाज करना था। जयंत ने कहा कि चौधरी साहब (अजित सिंह) ने भी कहा है कि यह हमारे जीवन-मरण का सवाल है। किसान पर लठ चलवाए हैं, इसका सरकार को खामियाजा भुगतना ही पड़ेगा। 

किसान महापंचायत के मंच से समाजवादी पार्टी (सपा) के एमएलसी संजय लाठर एवं पूर्व मंत्री ठा. तेजपाल सिंह ने कहा कि भाजपा को 2022 और 2024 के चुनाव में सबक सिखाया जाएगा।

राकेश टिकैत के हर आंसू का हिसाब सरकार से समय पर लिया जाएगा। मंच पर रालोद नेता कुंवर नरेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष राजकुमार तौमर, जयवीर सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चेतन मलिक, पूर्व विधायक भगवती सूर्यवंशी, पूर्व सांसद शाहिद सिद्दीकी समेत कई नेता मौजूद रहे। 

किसान महापंचायत में सुबह से ही किसान ट्रैक्टरों पर सवार होकर पहुंचने लगे थे। दोपहर होते-होते किसानों की भीड़ लग गई। महापंचायत के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं था।

पुलिस और पीएसी के जवानों ने महापंचायत के आसपास के क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया। जिले का प्रशासन पूरी तरह महापंचायत स्थल पर मुस्तैद नजर आया और खुफिया विभाग भी अपने आला अधिकारियों को पल-पल की जानकारी देता रहा। 

किसान आंदोलन को लेकर शनिवार को यमुना एक्सप्रेसवे के जाबरा टोल प्लाजा पर आगरा रेंज के एडीजी और आईजी ने निरीक्षण किया। बाजना में किसानों की महापंचायत को देखते हुए एडीजी अजय आनंद, आईजी सतीश ए गणेश, डीएम नवनीत चहल एवं एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर टोल प्लाजा पर सात घंटे तक बैठे रहे। दिल्ली की तरफ जाने वाले प्रत्येक वाहन की सघन चेकिंग के निर्देश दिए हैं। 

 

News Desk

निष्पक्ष NEWS,जो मुख्यतः मेन स्ट्रीम MEDIA का हिस्सा नहीं बन पाती हैं।

News Desk has 6029 posts and counting. See all posts by News Desk

Avatar Of News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

2 × five =