Mathura News: अशोक विहार कॉलोनी में घर की छत पर मिला बुजुर्ग का लहूलुहान शव
Mathura News: अशोक विहार कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बुजुर्ग का शव लहूलुहान हालत में उनके ही घर में पड़ा हुआ मिला। सूचना मिलते ही मौके पर एसपी सिटी व सीओ सिटी भी पूरे दलबल के साथ पहुंच गए और घटना के जल्द खुलासे के कई टीमों को लगाने की बात कही है। पुलिस इस मामले को हत्या का बताते हुए जांच में जुट गई है।
अशोक विहार कॉलोनी निवासी करीब 80 वर्षीय हुकम चंद सैनी अपने बेटे व उसके बच्चों के साथ रहते थे। बीती रात वह छत पर बने कमरे के बाहर चारपाई बिछाकर सो रहे थे। उनके पुत्र व बच्चे नीचे सोए हुए थे। सुबह जब बुजुर्ग हुकुम चंद सैनी के परिजन छत पर पहुंचे तो उनका लहूलुहान शव खाट पर पड़ा हुआ था।
यह देख मृतक के परिजनों में हड़कंप मच गया। थोड़ी ही देर में घटना की सूचना आस पड़ोस में लग गई तो मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। एसपी सिटी एमपी सिंह फॉरेंसिक टीम व डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंचकर बारीकी से घटनास्थल की जांच की गई।
एसपी सिटी एमपी सिंह ने बताया कि मामला हत्या का लग रहा है। उन्होंने कहा कि अभी परिजनों ने किसी से अपनी दुश्मनी नहीं बताई है। कोई तहरीर भी नहीं दी है, लेकिन पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। मृतक हुकुम चंद सैनी के घर से थोड़ा दूर रह रहे मृतक के दूसरे पुत्र अनिल कुमार सैनी से जब बात की गई तो उन्होंने घटना के विषय में कुछ भी पता होने से अनभिज्ञता जताई।

