Muzaffarnagar News:पुलिसकर्मियों पर कप्तान हुए मेहरबान-हैड कांस्टेबल को बनाया चौकी इंचार्ज
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। व्यवहार में शालीनता और ड्यूटी के प्रति ईमानदारी कहीं न कहीं काम आती है। ऐसा ही पुलिस विभाग में देखने को मिला। अभी तक गलत काम करने के मामले में पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्ती दिखा रहे पुलिस कप्तान आईपीएस संजीव सुमन अब बेहतर पुलिसिंग करने के लिए गुड नेचर वाले पुलिस कर्मियों पर मेहरबान हुए हैं।
उन्होंने थाने और चौकियों में नई तैनाती देने के लिए पुलिस कर्मियों को उनकी काबिलियत की कसौटी पर परखने का काम किया और इसमें खरा साबित होने वाले पुलिस कर्मियों को नई पोस्टिंग दी गई। इस फैसले में एक हैड कांस्टेबल को चौकी इंचार्ज बनाने के पुलिस कप्तान के फैसले की चहुंओर सराहना हो रही है। एसएसपी के साथ कामकाज को लेकर हुए एक छोटे से इंटरव्यू में खरा उतरते ही हेड कांस्टेबल को अपने कप्तान की ओर से ऐसा इनाम मिला कि उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
कप्तान को अपने जवाब से प्रभावित करने वाले इस हैड कांस्टेबल ने सपने में भी नहीं सोचा था कि वो इस श्रेणी में रहकर चौकी इंचार्ज के ओहदे पर भी पहुंचेगा, लेकिन उसके एक जवाब ने इस नामुमकिन काम को भी मुमकिन बना दिया और एसएसपी ने परम्परा से अलग जाकर पुलिस विभाग में अच्छे कार्य करने की प्रेरणा के लिए एक नई परम्परा को जन्म दिया है। एसएसपी ने बेहतर पुलिसिंग का इनाम हेड कांस्टेबल को चौकी इंचार्ज बनाकर दिया गया है।
हेड कांस्टेबल रोहताश कुमार
एसएसपी ने शुक्रवार को जिले में कई पुलिसकर्मियों को इधर से उधर किया है। इनमें सबसे महत्वपूर्ण कदम शाहपुर थाने की मीरापुर बाईपास चौकी इंचार्ज का माना जा रहा है। यहां हेड कांस्टेबल रोहताश कुमार को चौकी इंचार्ज बनाया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार एसएसपी संजीव सुमन ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों से थानों और चौकियों में नई पोस्टिंग के लिए कुछ बेहतर पुलिस कर्मियों की तलाश पर चर्चा की थी। काफी नाम उनमे सामने आये।
इनमें से बेस्ट निकालने के लिए एसएसपी ने नया फार्मूला अपनाया और इन पुलिसकर्मियों से अपराध नियंत्रण समेत अन्य पहलुओं पर सवाल किए। अधिकारियों से उनके गुड नेचर के लिए फीडबैक लिया। इसमें हेड कांस्टेबल रोहताश भी शामिल रहे, रोहताश के जवाब से एसएसपी संतुष्ट नजर आए। इसी आधार पर उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है। माना जा रहा है कि हेड कांस्टेबल की काबिलियत का अंदाजा करते हुए एसएसपी ने यह कदम उठाया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार जनपद के पुलिस लाइन और विभिन्न थानों में तैनात ३० पुलिस कर्मियों का एसएसपी संजीव सुमन ने तबादला किया है। इनमें एक महिला उप निरीक्षक सहित २९ उपनिरीक्षक शामिल हैं। जिनमें सात चौकी इंचार्ज के इलाकों में परिवर्तन किया गया है। जिनमें चार चौकी इंचार्ज से चार्ज हटाकर उनको थानों में भेजा गया है, जबकि तीन चौकी इंचार्ज को दूसरी चौकियों में चार्ज दिया गया है। इन सूची में एक हैड कांस्टेबल के चौकी इंचार्ज बनने को लेकर पुलिस विभाग में कप्तान के फैसले पर सार्थक और सकारात्मक चर्चा का दौर बना हुआ है।
जनपद में कार्यभार संभालने के साथ ही एसएसपी संजीव सुमन ने साफ कर दिया था कि वह ट्रांसफर-पोस्टिंग योग्यता अनुसार करेंगे। तैनाती के बाद से एसएसपी ने जनपद के कई थाना प्रभारी निरीक्षकों और सर्कल ऑफिसर को इधर से उधर किया है। खरा साबित नहीं होने वाले कुछ पुलिस कर्मियों को निलंबित भी किया गया। एसएसपी द्वारा ३० पुलिसकर्मियों का तबादला किया गया है।
इनमें पुलिस लाइन में प्रतीक्षारत चल रहे उप निरीक्षकों को थानों में भेजा गया है। शहर कोतवाली में तैनात हेड कांस्टेबल रोहताश कुमार को थाना शाहपुर क्षेत्र के अन्तर्गत मीरापुर बायपास चौकी का इंचार्ज बनाया गया है। परंपरा से हटकर हेड कांस्टेबल को चौकी इंचार्ज बनाया जाना चर्चा का विषय बना हुआ है।
इन पुलिसकर्मियों का हुआ तबादला
मुजफ्फरनगर एसएसपी संजीव सुमन द्वारा प्रभारी चौकी शुक्रताल थाना भोपा ललित कुमार को प्रभारी चौकी बघरा थाना तितावी, प्रभारी चौकी बघरा ओमेन्द्र सिंह को चौकी इंचार्ज शुक्रताल और प्रभारी चौकी कच्ची सड़क सिविल लाइन संदीप कुमार को प्रभारी चौकी बागोवाली नई मण्डी बनाया है।
थाना कोतवाली नगर से उप निरीक्षक अमरेश कुमार को प्रभारी चौकी कच्ची सड़क, उप निरीक्षक शिव सिंह को थाना चरथावल से प्रभारी चौकी दधेडू, प्रभारी चौकी दधेडू रामवीर सिंह को थाना कोतवाली नगर, थाना मन्सूरपुर से उप निरीक्षक विजय कुमार शर्मा को प्रभारी चौकी भण्डूर थाना सिखेडा, पुलस लाइन से उप निरीक्षक जय सिंह नागर को प्रभारी चौकी कल्याणपुरी थाना रतनपुरी, प्रभारी चौकी कल्याणपुरी शैलेन्द्र कुमार गौड को थाना मन्सूरपुर, प्रभारी चौकी हिण्डन थाना चरथावल नितिन कुमार को थाना मन्सूरपुर, थाना मन्सूरपुर से उप निरीक्षक महेन्द्र गौतम को प्रभारी चौकी हिण्डन, प्रभारी चौकी मीरापुर बायपास शाहपुर सर्वेश शर्मा को थाना मीरापुर में तैनात किया गया है।
इसके अलावा रिजर्व पुलिस लाइन में प्रतीक्षारत चल रहे उपनिरीक्षक जसवंत सिंह को थाना मीरापुर, रवि कुमार को चरथावल, मोहन सिंह को कोतवाली नगर, रामकुमार सिंह को जानसठ, बने सिंह को कोतवाली नगर, महिला उप निरीक्षक कमलेश कुमार को एएचटीयू, दुजेन्द्र कुमार को खतौली, सही राम सिंह को कोतवाली नगर, धर्म सिंह को सिविल लाइन, हरेन्द्र सिंह को शाहपुर, बिजेन्द्र सिंह को भौराकलां, सत्यवीर सिंह को ककरौली, तेजवीर सिंह को नई मंडी, नरबीर सिंह को सिविल लाइन, राजू सिंह को सखिडा, सतीश शर्मा को पुरकाजी थाना में तैनाती दी गई है। उप निरीक्षक रणपाल सिंह को सिविल लाइन थाने में ही एसएसआई बनाया गया है।

