उत्तर प्रदेश

Muzaffarnagar News: सगाई से पहले 10 लाख रुपए की मांग: आरोपित लड़के सहित उसके परिवार के 6 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज

मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) बेटी की सगाई करने पहुंचे लड़की वालों से टीके की रस्म अदायगी यानी सगाई से पहले 10 लाख रुपए की मांग की गई। न देने पर लड़के वालों ने अपमानित करते हुए दिये गए उपहार भी रख लिए। लड़की के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित लड़के सहित उसके परिवार के 6 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।

रुपयो को लेकर बिगड़ी दोनों परिवारों में बात-मेरठ के थाना मवाना के गांव भैंसा निवासी कर्ण सिंह पुत्री मोनी उर्फ मोहिनी की शादी खतौली के गांव बिहारीपुर निवासी नितिन के साथ तय की थी। इसके लिए दोनों परिवारों की सहमति बन जाने पर 4 फरवरी 2022 को कर्ण सिंह के घर नितिन और उसके परिजन मांग भराई की रस्म अदा करने के लिए पहुंचे थे।

मांग भराई के बाद रिश्ता पक्का हो जाने के बाद दोनों परिवार एक दूसरे के नजदीक आ गए। इसके बाद एक मई को टीका की रस्म अदायगी का दिन तय हुआ। इसी रस्म के दौरान दोनों परिवारों में बात खराब हो गयी और मामला पुलिस तक जा पहुंचा।

खतौली थाने में पीड़िता के पिता कर्ण सिंह ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि 4 फरवरी को रिश्ता तय हो जाने के बाद 1 मई 2022 को वह सगाई की रस्म पूरी करने के लिए अपने रिश्तेदारों और परिजनों के साथ ग्राम भैंसा से करीब 11 बजे बिहारीपुर भरत सिंह के घर पहुंचा था।
कर्ण सिंह ने आरोप लगाते हुए पुलिस को बताया कि वह सगाई के लिए तीन लाख रुपये नगद, लड़के के परिजनों और रिश्तेदारों के सोने चांदी के आभूषणों के साथ ही लड़के के सोने के आभूषण, 101 लोगों को कपड़ों के जोड़े फलों के टोकरे, मिठाई आदि के साथ खुशी खुशी बेटी की सगाई की रस्म अदा करने के लिए यहां आया था।

लड़के नितिन के पिता, माता, बहन, बहनोई और मामा ने उनको प्यार से बुलाकर कहा कि गांव का माहौल खराब है इसलिए यह सारा सामान मकान में ऊपर बने कमरे में रख दो।

कर्ण सिंह के अनुसार उनके कहने पर तमाम उपहार, नगदी, आभूषण और अन्य सामान उनके सुपुर्द कर दिया गया। इसके बाद नाश्ता कराया गया। कर्ण सिंह का कहना है कि नाश्ता कराने के बाद नितिन और उसके परिजनों ने उसके साथ ही उसके पुत्र को अपमानित करना शुरू कर दिया।

आरोप है कि नितिन ने अपने परिजनों के साथ मिलकर उन पर दबाव बनाया कि टीके की रस्म में नगद तीन नहीं बल्कि 10 लाख चाहिए। लड़की के पिता ने आग्रह किया कि यहां पर टीका की रस्म पूरी कर लो, बाद में हमसे जो बनेगा हम वह दे देंगे, लेकिन लड़का और परिजन जिद पर अड़े रहे।

कर्ण सिंह ने आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही करने की मांग के साथ ही पुलिस को बताया कि इस रिश्ते में रस्मों रिवाज को निभाने के दौरान लड़के वालों पर उन्होंने करीब 11 लाख रुपये खर्च किये। वह रकम दिलाई जाए।थाना प्रभारी खतौली संजीव कुमार ने बताया कि इस मामले में आरोपी नितिन, उसके पिता भरत सिंह के साथ ही माता, बहन, बहनोई और मामा के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 406, 504 के साथ ही दहेज प्रतिबंध अधिनियम 1961 की धारा 3 और 4 के अन्तर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम को लगाया गया है। प्रकरण की जांच की जा रही है।

 

दूल्हे पर दूसरी शादी करने का आरोप

मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) एक होटल में चल रहे शादी समारोह में फरीदाबाद की युवती ने हंगामा कर दिया। युवती ने बरात लेकर पहुंचे दूल्हे पर दूसरी शादी करने का आरोप लगाया। हंगामे की सूचना पर पुलिस पहुंच गई और दूल्हे को हिरासत में ले लिया।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र निवासी एक युवक अपनी बरात लेकर सोमवार रात एक होटल में पहुंचा था। शादी समारोह के दौरान वहां फरीदाबाद निवासी एक युवती अपने स्वजन के साथ पहुंच गई।

युवती ने शादी समारोह में हंगामा करते हुए दूल्हे पर दूसरी शादी करने का आरोप लगाया। इस दौरान युवती ने दावा किया कि वह उससे पहले ही आर्य समाज मंदिर में शादी कर चुका है, जिसका प्रमाण भी उसके पास है। युवती के आरोप सुनकर वंहा अफरा तफरी मच गई। हंगामा बढ़ने पर नई मंडी पुलिस पहुंची पुलिस ने युवती की बात सुनकर दूल्हे को हिरासत में लिया और थाने ले गई।

देर रात दोनों पक्षों में समझौते के प्रयास जारी रहे। नई मंडी कोतवाल पंकज पंत ने बताया कि फरीदाबाद की युवती ने युवक पर दूसरी शादी करने का आरोप लगाया है। अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। समझौते की बात चल रही है।

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: [email protected]

News-Desk has 20852 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

2 + six =