Muzaffarnagar News: सत्संग भवन में श्री राम कथा-श्री रामायण के अनेक प्रसंगो का उल्लेख
मुजफ्फरनगर।Muzaffarnagar News शामली रोड स्थित सत्संग भवन में श्री राम कथा का शुभारंभ करते हुए मानस मर्मज्ञ पं0 श्याम सुन्दर मिश्रा ने प्रथम दिवस कहा कि श्री राम से बडा राम का नाम है, जो कि सत्य है। उन्होने राम नाम की महिमा का उल्लेख करते हुए अनेकों उदाहरण प्रस्तुत किये। श्री तुलसीदास जी का भी वर्णन करते हुए उन्होने श्री रामायण के अनेक प्रसंगो का उल्लेख किया।
कथा के दौरान सती के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कथाव्यास ने बताया कि पति की आज्ञा में भ्रांति होने से, सती माता को पुनः अलग से जन्म लेना पडा। उन्होने श्रोताआें से कहा कि समाज -राष्ट्र हित में पति-पत्नि में सन्देह न हो, अपितु पारस्परिक प्रेम बढे, जिससे हमारा राष्ट्र मजबूत हो।
उन्होने कथा के दौरान, श्राद्ध पक्ष में उन सब शहीदो की आत्मा की शांति के लिए भी प्र्रार्थना की, जो राष्ट्र हित में अपने प्राणों का बलिदान करने से पीछे नही रहे। कथा को विश्राम देने के साथ ही कर्म काण्ड विशेषज्ञ पं0 राजेश शास्त्री ने श्री राम नाम की एक माला के उद्बोधन के साथ, महाआरती सम्पन्न करायी।
यजमान के रूप में स्व0 श्री मुकेश गर्ग की धर्मपत्नि श्रीमती रीता गर्ग व विराट गर्ग उपस्थित रहें। बाद मे सभी श्रोताओं को भोग प्रसाद का वितरण किया गया। कथा के दौरान सत्संग भवन के तुलसी मानस मंदिर मे सोशल डिस्टेंस व मास्क के प्रयोग का विशेष ध्यान रखा गया।
श्री राम कथा के आयोजन में सत्संग भवन ट्रस्ट की ओर से श्यामलाल बंसल (दालवाले) शिव कुमार, राकेश वशिष्ठ, पं0 राजेश शास्त्री, पं0 शिवांश मिश्रा, पं0 विश्वास मिश्रा सुभाष चन्द्र अग्रवाल (शिक्षा विभाग वाले) की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

