योगी की तरह तपस्या कर रहे राहुल, Salman Khurshid ने राहुल को बताया भगवान राम
कांग्रेस नेता Salman Khurshid ने भारत जोड़ो यात्रा निकालने वाले राहुल गांधी को भगवान राम बताया है। कांग्रेसियों को भरत बताने के साथ ही Salman Khurshid ने कहा कि खड़ाऊं को बहुत दूर तक लेकर चलना पड़ता है और अब खड़ाऊं उत्तर प्रदेश पहुंच गई है। रामजी भी जल्दी ही उत्तर प्रदेश पहुंचेंगे। खुर्शीद के इस बयान पर विवाद बढ़ गया है क्योंकि भाजपा ने इसे लेकर तीखी आपत्ति जताई है। भाजपा ने खुर्शीद के बयान को हिंदू आस्था का अपमान बताया है।
राहुल गांधी की अगुवाई में निकली भारत जोड़ो यात्रा फिलहाल 9 दिन के लिए रुकी हुई है। दिल्ली में यात्रा के विश्राम के मौके पर राहुल गांधी ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला था। नए साल में 3 जनवरी को यात्रा की गाजियाबाद से फिर शुरुआत होने वाली है।
भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियों के सिलसिले में मुरादाबाद पहुंचे Salman Khurshid ने कहा कि भगवान राम की खड़ाऊं बहुत दूर तक जाती है। भगवान राम हर जगह नहीं पहुंच पाते। इसलिए कभी-कभी खड़ाऊं लेकर बहुत दूर तक चलना पड़ता है। उनके भाई भरत जी खड़ाऊं लेकर चलते हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि खड़ाऊं लेकर हम सभी उत्तर प्रदेश पहुंच गए हैं और हमारा विश्वास है कि जल्द ही रामजी भी पहुंचेंगे।
भारत जोड़ो यात्रा के लिए Salman Khurshid को यूपी में कोआर्डिनेटर बनाया गया है। कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी के साथ मीडिया से बातचीत के दौरान सलमान खुर्शीद ने ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा 3 जनवरी को गाजियाबाद के गोकुलपुरी चौक पर पहुंचेगी। इसके बाद यात्रा बागपत और शामली होते हुए हरियाणा की ओर रवाना हो जाएगी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में यात्रा का ठहराव तीन दिनों के लिए होगा।
पूर्व केंद्रीय मंत्री Salman Khurshid ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी योगी की तरह तपस्या करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। इस समय देश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और लोग भीषण सर्दी के कारण ठिठुर रहे हैं मगर इसके बावजूद राहुल गांधी सिर्फ एक टी-शर्ट में भारत को जोड़ने की कोशिश में जुटे हुए हैं। खुर्शीद ने कहा कि इस यात्रा को कामयाब बनाने के लिए राहुल एक योगी की तरह तपस्या में जुटे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि इस यात्रा ने पार्टी में भी जुड़ाव पैदा किया है। पहले नसीमुद्दीन कभी भी मुरादाबाद आते थे तो मेरी बात नहीं करते थे मगर अब वे कर रहे हैं। भाजपा में इसी कारण बेचैनी पैदा हो रही है क्योंकि इस यात्रा ने लोगों में जुड़ाव पैदा किया है। Salman Khurshid ने कहा कि कांग्रेस के बहुत सारे कार्यकर्ता अटल बिहारी वाजपेयी का सम्मान करते हैं मगर आपको कांग्रेस का कोई कार्यकर्ता ऐसा नहीं मिलेगा जो मौजूदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सम्मान करता हो। खुर्शीद ने कांग्रेस नेता गौरव पांधी की ओर से अटल बिहारी वाजपेयी को अंग्रेजों का एजेंट बताए जाने के बयान से खुद को अलग कर लिया। उन्होंने इसे गौरव का निजी बयान बताया।
दूसरी ओर भाजपा ने राहुल गांधी को भगवान राम बताए जाने के Salman Khurshid के बयान पर तीखी आपत्ति जताई है। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने Salman Khurshid की टिप्पणी को हिंदू आस्था का अपमान बताया। उन्होंने इस बाबत ट्वीट करते हुए कहा कि खुर्शीद ने राहुल गांधी की तुलना भगवान श्रीराम से की और खुद की तुलना भरत से। खुर्शीद का यह बयान चौका देने वाला है।

