वैश्विक

बिहार में कम पड़ गई चंदे की रसीद:राम जन्मभूमि निर्माण के लिए 50.6 लाख रसीदें और मांगी गई, एक डॉक्टर ने 11 लाख दिए; अब तक 25 करोड़ जमा।

देशस्तर पर हो रहे राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण निधि संग्रह में महज 72 घंटों में 243 करोड़ जमा हो चुके हैं। 15 जनवरी से शुरू हुए इस अभियान में 18 जनवरी तक जमा हुई राशि का यह ब्यौरा है।
इसमें अभी बिहार से जमा हुई राशि नहीं जुड़ पाई है। बिहार के जाने-माने हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉक्टर आरएन सिंह ने व्यक्तिगत तौर पर अभी तक बिहार से सबसे बड़ा दान दिया है।

उन्होंने अपनी तरफ से 11 लाख रुपए दिए हैं। पटना के महावीर मंदिर ट्रस्ट की तरफ से 1 करोड़ रुपए निधि को सौंप दिए गए हैं। आने वाले दिनों में एक करोड़ की और राशि महावीर मंदिर ट्रस्ट की तरफ से इस निधि में सौंपी जानी है। बिहार के राज्यपाल फागू चौहान ने राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण निधि में 2 लाख 1 हजार की राशि दी है।

बिहार में कम पड़ गई रसीद

बिहार में निधि संग्रह अभियान समिति के प्रमुख परशुराम कुमार बने हैं, जो विहिप के प्रांत मंत्री भी हैं। परशुराम कुमार ने भास्कर को जो जानकारी दी है, उसके मुताबिक बिहार की निधि संग्रह समिति को पहले चरण में 10 रुपये की कुल 12 लाख रसीद, 100 रुपये की कुल 18 लाख, 1000 के 15 हजार और 25 हजार सादी रसीदें मिली थी।

ये महज 3 दिनों में खत्म होने की कगार पर पहुंच गई हैं। बिहार की अभियान समिति ने केंद्रीय निधि संग्रह समिति को और रसीदें भिजवाने के लिए पत्र लिख दिया है। बिहार की अभियान समिति ने 10 रुपये की 25 लाख रसीद, 100 रुपये की 25 लाख रसीद, 1000 की 50 हजार रसीद और 10,000 सादी रसीद की मांग की है।

बैंको में नहीं जमा हो रही एकत्रित राशि

बिहार में धन संग्रह अभियान 15 जनवरी से शुरू हो चुका है। दानकर्ताओं की तरफ से लगातार संग्रह टोलियों को दान की राशि भी दी जा रही है। इसके बावजूद बिहार में राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के लिए एकत्रित हो रहा धन बैंकों में जमा नहीं हो पा रहा।

वजह कि इस राशि को राम जन्मभूमि जमा पर्ची पर ही जमा करना है। लेकिन बिहार के ज्यादातर बैंकों के पास अब तक यह जमा पर्ची पहुंची ही नहीं है। लिहाजा संग्रह की गई राशि अब तक राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण निधि संग्रह के खाते में जमा नहीं हो पा रही है। ना ही औपचारिक रूप से इसका कोई ब्यौरा सामने आ पाया है।

लगभग 25 करोड़ की राशि हुई संग्रहित

अनुमानित आंकड़ों के मुताबिक बिहार से अब तक लगभग 25 करोड़ की राशि संग्रहित हो चुकी है। हालांकि इसका कोई पुख्ता ब्यौरा नहीं है, क्योंकि बैंकों में यह राशि फिलहाल जमा नहीं हो पाई है।

लेकिन रसीदों की खपत से अभियान समिति मोटे तौर पर बिहार में लगभग 25 करोड़ संग्रह होने का अनुमान लगा रही है। अभियान समिति की तरफ से कहा जा रहा है कि 1 से 2 दिन में बैंकों में ये राशि जमा होने लगेगी और जमापर्ची की परेशानी को सुलझा लिया जाएगा।

तब तक इस राशि को पूरे ब्यौरे के साथ अलग-अलग क्षेत्रों में राम जन्मभूमि धन संग्रह अभियान समिति के कोष में रखा गया है। जैसे ही बैंकों में राम जन्मभूमि से जुड़ी जमा पर्ची उपलब्ध हो जाएगी, उसके साथ ही इसे बैंकों में जमा कर दिया जाएगा।

News Desk

निष्पक्ष NEWS,जो मुख्यतः मेन स्ट्रीम MEDIA का हिस्सा नहीं बन पाती हैं।

News Desk has 5915 posts and counting. See all posts by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1 × two =