उत्तर प्रदेश

मुजफ्फरनगर -शादी में रेप की शिकार युवती ने खोला ऐसा राज कि पूरी बारात पहुंच गई हवालात

मुजफ्फरनगर। शहर में सोमवार रात हो रही दुष्कर्म के आरोपी की शादी में पीड़ित युवती ने पहुंचकर हंगामा कर दिया। नाराज दुल्हन पक्ष ने शादी से इंकार करते हुए दूल्हे और बरातियों को बंधक बना लिया।

इस घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दूल्हे और उसके परिजनों को हिरासत में ले लिया। मंगलवार शाम दुल्हन पक्ष से समझौते के बाद दूल्हे और उसके परिजनों को हिरासत से मुक्त किया गया। लड़की पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया। समझौता होने पर दूल्हा बिना शादी के ही बैरंग लौट गया।

शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवती ने दस जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि गांव कसियारा निवासी युवक ने शादी का झांसा देकर उससे प्रेम संबंध बनाए। आरोपी ने इसी दौरान कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिला दिया। आरोप है कि आरोपी युवक ने उससे दुष्कर्म किया।

फिर लगातार शारीरिक शोषण करता रहा। आरोप है कि गर्भवती होने पर उसका जबरन गर्भपात भी करा दिया। युवक ने इसके बाद शादी करने से इनकार कर दिया।

इस मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस के मुताबिक जमानत पर छूटने के बाद आरोपी युवक का रिश्ता शहर से सटे एक गांव निवासी युवती से तय हो गया, जिसकी सोमवार रात गांव में शादी थी। किसी तरह दुष्कर्म पीड़िता को इसकी भनक लग गई

जिस पर रात में ही पीड़िता गांव में चल रहे शादी समारोह में जा पहुंची और हंगामा कर दिया। दुष्कर्म पीड़िता की बात सुनकर दुल्हन पक्ष नाराज हो उठा और शादी से इंकार कर दूल्हे के साथ ही उसके परिजनों को भी बंधक बना लिया।

घटना की सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दुल्हन पक्ष की तहरीर आने के बाद दूल्हे और उसके परिजनों को हिरासत में ले लिया।

दिन भर दूल्हा-दुल्हन पक्ष में समझौते की कवायद चलती रही। आखिरकार मंगलवार शाम थाना परिसर में ही दोनों पक्षों में समझौता हो गया। इसके बाद पुलिस ने दूल्हे व उसके परिजनों को छोड़ दिया।

युवक बिना शादी के ही बैरंग लौट गया। शहर कोतवाली इंस्पेक्टर अनिल कपरवान का कहना है कि निकटवर्ती गांव में युवक बरात लेकर आया था।

वहां पर एक युवती ने पहुंच कर दूल्हे बने युवक के बारे में बताया। लड़की पक्ष ने दूल्हे और उसके परिजनों को बंधक बना लिया था। शिकायत मिलने पर पुलिस मौके पर गई थी तथा आरोपी युवक और परिजनों को कोतवाली लाई थी। दोनों पक्षों में समझौता होने पर उन्हें छोड़ दिया गया।

News Desk

निष्पक्ष NEWS,जो मुख्यतः मेन स्ट्रीम MEDIA का हिस्सा नहीं बन पाती हैं।

News Desk has 5915 posts and counting. See all posts by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

sixteen − 10 =