United Arab Emirates: मिसाइलों को बीच में ही किया गया इंटरसेप्ट- हूती विद्रोहियों का हमला
United Arab Emirates ने यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा सोमवार तड़के दागी गई बैलिस्टिक मिसाइल को बीच में ही इंटरसेप्ट करके नष्ट कर दिया है. यह मिसाइल ऐसे समय पर दागी गई, जब इज़राइल के राष्ट्रपति आइजक हरजोग यूएई की यात्रा पर हैं. यूएई की सरकारी एजेंसी ‘डब्ल्यूएएम’ ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि हमले से कोई नुकसान नहीं हुआ है, क्योंकि नष्ट की गई बैलिस्टिक मिसाइल के टुकड़े आबादी वाले क्षेत्रों के बाहर गिरे हैं.
देश की नागरिक हवाई यातायात नियंत्रण एजेंसी ने कहा कि संयुक्त अरब अमीरात में हवाई यात्रा पर तत्काल कोई प्रभाव नहीं पड़ा है. इससे पहले भी हूती विद्रोहियों ने यूएई की राजधानी आबू-धाबी को निशाना बनाते हुये दो बैलिस्टिक मिसाइल दागीं थी जिनको युएअई ने इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया था.
जनवरी के तीसरे हफ्ते में यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने यूएई पर हमले शुरू कर दिये थे. अधिकारियों के मुताबिक अबुधाबी के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोमवार को दो धमाके हुए. दुबई के अल-अरबिया इंग्लिश की रिपोर्ट के मुताबिक इस हमले में तीन लोग मारे गए थे. जिनमें दो भारतीय नागरिक और एक पाकिस्तानी नागरिक था जबकि छह लोग घायल हुए थे. यह हमला ड्रोन के जरिए किया गया था.
पिछले साल अगस्त 2021 में हूती विद्रोहियों ने सऊदी के एयरपोर्ट को निशाना बनाया था. इससे पहले फरवरी 2021 में हूती विद्रोहियों ने दक्षिणी सऊदी अरब के एक एयरपोर्ट पर ड्रोन से हमला किया था, जिसके चलते एक नागरिक विमान में आग लग गई थी. हूती विद्रोही पहले भी सऊदी के एयपोर्ट को निशाना बना चुके हैं. हालांकि, ये पहली बार है जब हूतियों ने संयुक्त अरब अमीरात के किसी एयरपोर्ट पर हमला किया है.
