वैश्विक

चार साल की जेल की सजा काटने के कुछ दिन बाद तमिलनाडु लौटीं वी के शशिकला

अन्नाद्रमुक से निष्कासित नेता वी के शशिकला आय से अधिक संपत्ति मामले में चार साल की जेल की सजा काटने के कुछ दिन बाद सोमवार को तमिलनाडु लौटीं जहां उनका भव्य स्वागत किया गया।

इसके साथ ही यह संकेत भी मिले कि सत्तारूढ़ दल जिसका नियंत्रण कभी शशिकला के हाथ में था, उसके साथ उनका आमना-सामना हो सकता है। हालांकि अन्नाद्रमुक शशिकला से किनारा करती दिखी। अन्नाद्रमुक ने कहा कि शशिकला का पार्टी से कोई लेना देना नहीं है।

वहीं इससे पहले तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत जयललिता की करीबी सहयोगी शशिकला करीब 10 बजे कर्नाटक से सटे तमिलनाडु के जिले कृष्णागिरि के अथपल्ली पहुंची तो नाचते-गाते उनके समर्थकों ने काफिले पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने बेंगलुरु से करीब 40 किमी दूर जिले के होसुर में देवी मरियम्मन मंदिर में पूजा-अर्चना की।

शशिकला के साथ मौजूद उनके भतीजे टीटीवी दिनाकरण ने कहा कि बाद में वह चेन्नई स्थित दिवंगत मुख्यमंत्री एवं अन्नाद्रमुक के संस्थापक एमजी रामचंद्रन के आवास पर जाएंगी।

उन्होंने दावा किया कि अन्नाद्रमुक के कई पदाधिकारी शशिकला का स्वागत करने आए। उन्होंने यह भी दावा किया जिस वाहन में शशिकला सवार थीं वह भी सत्तारूढ़ दल के एक पदाधिकारी की ही है।

तमिलनाडु में शशिकला की वापसी इस लिहाज से महत्वपूर्ण कि अगले कुछ महीनों में यहां चुनाव होने हैं और उनके राजनीतिक प्रभाव पर नजरें टिकी हैं।

अन्नाद्रमुक ने दोहराया कि शशिकला और जो उनके साथ हैं उनसे पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है। अन्नाद्रमुक ने यह भी कहा कि पार्टी का झंडा लगे वाहन में उनका घूमना अवैध है और वह गत दो सप्ताह में दूसरी बार ऐसा करते दिखी हैं।

शशिकला की तमिलनाडु में वापसी के राजनीतिक प्रभाव को उत्सुकता से देखा जा रहा है क्योंकि यह ऐसे समय हुआ है जब राज्य में अगले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं।

शशिकला ने 66.65 करोड़ रुपये के आय से अधिक संपत्ति मामले में फरवरी, 2017 से बंगलूरू के परपाना अग्रहारा केंद्रीय जेल में अपनी सजा काटी और 27 जनवरी को उन्हें रिहा किया गया।

हालांकि, वह उसके बाद सरकारी विक्टोरिया अस्पताल में रहीं, जहां उन्हें कोरोना से संक्रमित पाए जाने के बाद भर्ती कराया गया था। शशिकला को 31 जनवरी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी जिसके बाद वह बेंगलुरु से लगभग 35 किलोमीटर दूर एक रिसॉर्ट में रुकी थीं।

 

News Desk

निष्पक्ष NEWS,जो मुख्यतः मेन स्ट्रीम MEDIA का हिस्सा नहीं बन पाती हैं।

News Desk has 5915 posts and counting. See all posts by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

seven + 19 =