दिल्ली में एडमिट बुढ़ाना का युवक आया कोरोना पोजिटिव, ग्रामीण खौफजदा
बुढ़ाना। विगत दिवस किसी बीमारी के चलते दिल्ली हस्पताल में भर्ती हुए बुढ़ाना के मौहल्ला शाहवाडा निवासी एक युवक की रिपोर्ट कोरोना पोजिटिव आने से एक बार फिर बुढ़ाना कस्बे में हड़कंप मच गया।
गुरुवार की सुबह मौहल्ला शाहवाडा (धोबियों वाली गली) में पहुंची चिकित्सकों की टीम ने कोरोना पोजिटिव युवक के परिवार के सभी सदस्यों के सैंपलघ् लिए और उनको 14 दिन के लिए होम क्वारंटाइन किया गया।
यहां पर बुढ़ाना नगर पंचायत ने गली को सेनेटाइजर से सेनेटाइज कर दोनों तरफ कई मीटर तक बल्लियां लगाकर मार्ग अवरूद्ध किया ताकि कोई इस एरिये में आवाजाही ना कर सके। पुलिस ने भी यहां पर डेरा डालकर आने जाने वाले लोगों की निगरानी करनी शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि बीती बुधवार के दिन बुढ़ाना ब्लाक के गांव कुरालसी में दो कोरोना मरीज मिले थे जिनको बीती रात 10 बजे के बाद बेगराजपुर मैडिकल कॉलेज ले जाया गया।
इसके अलावा गांव कुरालसी में मात्र 5 दिनों में कोरोना के 5 मरीजों के मिलने से यहां के ग्रामीण खौफजदा दिखाई पड़ रहे हैं। गुरुवार के दिन यहां पर भी सैंपलिंग की गई।
कुल मिलाकर लोगों में अभी कोरोना वायरस का पूरा खौफ है। दूसरी और बीती 28 जुलाई को जो तीन लोग छोटा बाजार में पोजिटिव आये थे उनके डिस्चार्ज होने की खबर है।
बाकी छोटा बाजार का जो एरिया सील किया गया है उसको 10 अगस्त की शाम तक खोले जाने की संभावना है। इस बारे में चिकित्सकों से बात हुई तो उन्होंने कहा कि अगर इस अवधि में कोई केस न मिला तो 10 अगस्त को यह एरिया खोल दिया जायेगा।
