News
खबरें अब तक...

समाचार

मुजफ्फरनगरः प्रियंका का हमला, कहा-सरकार ने किया बॉर्डर पर बेटों को भेजने वाले किसानों का अपमानImage 1 Min |
मुजफ्फरनगर। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने बघरा में एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि मैं कहना चाहती हूं कि यहां आना मेरा कर्तव्य है ओर मेरा धर्म है और मैं किसी पर अहसान नहीं कर रही हूं। हर नेता को यह अहसास होना चाहिए कि सबसे बड़ा अहसान उस पर जनता करती है। आप मेरी बातो को सुनने के लिए आये है इसलिए बहुत बहुत धन्यवाद। देश की जो स्थिति है वो शायद मेरे से ज्यादा आप सब जानते है। एक ऐसा समय आया है कि 90 दिनों से लाखों किसान इस देश की राजधानी दिल्ली के बाहर बैठे हुए है, संघर्ष कर रहे है आंदोलन कर रहे है 215 किसान शहीद हुए, बिजली काटी गयी, पानी रोका गया उन्हे मारा गया और पीटा गया वे शांति के साथ बैठे थे। देश की राजधानी की सीमा को इस तरह से बनाया गया जैसे देश की सीमा हो और तमाम पुलिस फोर्स लगायी गयी किसानों को प्रताडित किया गया। किसान को अपमानित किया गया और उसे जलील किया गया उसे देशद्रोही कहा और आतंकवादी कहा। प्रधानमंत्री जी ने उसका मजाक उडाया और परजीवी व आंदोलन जीवि कहा। इंसान की तरह देश का भी हृदय होता है उस हृदय के धडकने से देश जीवित होता है प्रियंका गांधी ने कहा कि मेरा मानना है कि हमारे देश का हृदय उसका दिल किसान है। जो जमीन से जुडा है। जमीन को सींचता है उसे उपजाऊ बनाता है। इस देश का अन्नदाता देश को जीवित करता है। लेकिन आज जब चौ. टिकैत जी के आंखों में आंसू आते है तो हमारे प्रधानमंत्री जी के होठों पर मुस्कुराहट आती है उन्हे मजाक सूझता है। आज किसान से लूट हो रही है और पीएम के दो पूंजीपति मित्रो को छूट दी गयी है। प्रधानमंत्री ने हर चुनाव में यह वादा किया था कि गन्ने का भुगतान आपको दिया जायेगा प्रियंका गाध्ां ने जनता से सवाल किया कि क्या गन्ने का भुगतान आपको मिला।

उन्होंने कहा कि किसान की आमदनी दुगनी होगी लेकिन नहीं हुई। आपको मालूम है कि पूरे देशभर में गन्ने का भुगतान 15 हजार करोड रूपये है और आज मैं आपके बताती हूं कि शायद आपके नहीं मालूम होगा कि प्रधानमंत्री जी ने अपने लिए दुनिया में भ्रमण करने के लिए दो हवाईजहाज खरीदे और उनकी कीमत 16 हजार करोड रूपये है। आपके गन्ने के भुगतान से ज्यादा उनके हवाईजहाज की कीमत है उनके पास उन्हे खरीदने के लिए पैसे है लेकिन किसान के गन्ना भुगतान के पैसे नहीं है। ये स्थिति आज देश की है। भुगतान का 14 दिनों में वादा हुआ था लेकिन पिछले चार सालों में कोई दाम गन्ने का नहीं बढा। 20 हजार करोड की स्कीम बन रही है कि जो देश की राजधानी इंडिया गेट और उसके आसपास की इमारते है उनके सौन्दर्यकरण के लिए 20 हजार करोड की स्कीम तो बन गयी है लेकिन भुगतान के 15 हजार करोड उपलब्ध नहीं है। डीजल 2018 में 60 मिलता था आज कहीं 80 तो कहीं 90में मिल रहा है। बिजली बिल बढ रहे हे, गैस सिलेंडरों की कीमत बढ रही है लेकिन गन्ने का दाम नहीं मिल रहा है।

1 Min 10 |
बिजनौर जाने पर कुछ किसानां ने मुझे पर्चिया दिखाई जिन पर जीरो-जीरो लिखा था। भाजपा सरकार में पिछले साल डीजल पर जो टैक्स लगाया उससे साढे तीन लाख करोड रूपये कमाये मैं पूछती हूं कि कहां गये वे रूपये। 2014 से अब तक मोदी सरकार ने पैट्रोल डीजल पर टैक्स बढाकर 21लाख 50 हजार करोड़ रूपये कमाये आखिर वो पैसा कहां गया? जिसका हक है जो दिनरात इस देश के लिए काम करता है जो पसीने व खून से इस देश को सींचता है उनको क्यों नहीं मिला ये पैसा उन्होंने सवाल किये कि ये किसानों को क्यों नहीं मिला ये पैसा और रोजगार नौजवानां को क्यों नहीं मिला? जब वहीं किसान प्रताडित होकर अपनी समस्या लेकर प्रधानमंत्री के पास आया तो उनकी बात क्यों नहीं सुनी गयी। जब पूरा देश तडप रहा है तो आप देखेंगे एक दो अरबपतियों ने हजारों करोड रूपये कमाया है और किसान अपने हक के लिए आंदेलन कर रहा है कोई सुनने को तैयार नहीं है। तीन कानूनों को आप जानते ही होगे। पहला कानून प्राईवेट मंडिया लगेगी और सरकारी मंडियों में जो टैक्स लिया जाता है वो प्राइवेट मंडियों में नहीं लिया जायेगा इसका मतलब सरकारी मंडिया बंद हो जायेगी और आप जानते है कि सरकारी मंडियों से न्यूनतम समर्थन मूल्य मिलता है। प्राईवेट मंडिया के खुलने से और उनके मजबूत बनाने से क्या होगा। बड़े-बडे खरबपतियों की मनमानी होगी। जब खरीदना चाहते है तभी खरीदेंगे जब बेचना चाहते है तभी बेचेंगे। दूसरे कानून में लिखा है कि कान्ट्रेक्ट फार्मिग होगी इसका मतलब यह है कि बड़े बडे अरबपति आपके साथ एक सौदा कर सकते है कि देखिये आप दस लोग है आप हमारे लिए गन्ना उगाईये तो हम आपको इसके लिए 500 रूप्ये देंगे। लेकिन जब आप उसको उगायेंगे तो अगर उस खरबपति का मन हो तो वो आपसे कह सकता है कि न मैं आपको रूपये दूंगा और न ही गन्ना चाहता हूं । उसको कहने की अनुमति है क्योंकि इस कानून के तहत कोई सुनवाई नहीं है आप अदालत में जाना चाहेंगे तो आप अपने हक के लिए लड नहीं सकते केवल एसडीएम के यहां आपकी सुनवाई होगी ऐसा इस कानून में लिखा है। आप देख सकते है कि एक तरफ आप और आपकी छोटी खेती और दूसरी तरफ प्रधानमंत्री के खरबपति मित्र आप ही बताईये किसकी सुनवाई होगी। ये नये कानूनों के तहत न्यूनतम समर्थन मूल्य खत्म होगा, सरकारी मंडिया खत्म होगी और आपके हक खत्म होंगे। जिस तरह से दो तीन मित्रों को पूरे देश को बेचा जा रहा है उस तरह आपको और आपकी जमीन को और आपकी कमाई को ये अपने खरबपति मित्रों को बेच देंगे। मैं जानती हूं आप कितना संघर्ष कर रहे है। हमारे पीएम पुरानी कहानियों के अहंकारी राजा की तरह हो रहे है। उनको समझ नहीं आ रहा है जो जवान देश की सीमा को सुरक्षित रखता है वह जवान किसान का बेटा है उस जवान का आदर करना चाहिए, किसान का आदर करना चाहिए और जो महीनो से संघर्ष करता आ रहा है वहीं देशवासी जिसने पीएम को सत्ता दी और प्रधानमंत्री बनाया उन्हे समझ मे ंनहीं आ रहा है कि उनकी सुनवाई होनी चाहिए, बातचीत होनी चाहिए वे कहते है कि कानून आपके लिए यानि किसानों के लिए बना है तो क्या वो बता सकते है किस किसान से बात कर ये कानून बनाया ओर देश का किसान चाह रहा है कि पीएम जी यह कानून नहीं चाहिए तो कानून वापस क्यों नहीं हो रहे है और कानून रद्द क्यों नहीं कर पा रहे है। जिसको सत्ता मिलती है दो तरह के नेता होते है कुछ ऐसे होते है जो सत्ता देने वालो के ही भूल जाते है जब राजा अहंकार में आ जाता है तो देश की जनता उसे सबक सिखाती है।

अहंकारी सरकार अपनी माया से निकले और इन्हे समझ में आये कि इनका धर्म क्या है? भाजपा सरकार ने छोटा व्यापारी की कमर तोडी, किसान की कमर तोडी, गरीब उनको मदद नहीं की और अपने पूंजीपतियों मित्रों की ही मदद की। तो हमको नहीं लगता है कि वे आपके लिए कोई काम करेगा लेकिन मुझे इस देश की जनता पर भरोसा है और आपसे बहुत बड़ी उम्मीद है मुझे उम्मीद है कि आप पीछे नहीं हटेंगे और अपने अधिकारों के लिए लडेंगे और इसके लिए कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता आपके साथ खडा रहेगा। इस लडाई में हम आपके साथ है। मेरा भाई राहुल गांधी आपके साथ है, कांग्रेस पार्टी का एक एक नेता व कार्यकर्ता आपके साथ है और मैं कहने आयी हूं कि मैं आपका साथ नहीं छोडूंगी। मेरी जात और मेरा धर्म आप है। अंत में उन्होंने किसान आंदोलन में शहीद हुए किसानां की आत्मा की शांति को दो मिनट का मौन रखा। रैली में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, जिलाध्यक्ष सुबोध शर्मा,पूर्व सांसद सईदुज्जमा, पूर्व सांसद हरेन्द्र मलिक, पूर्व जिलाध्यक्ष बिलकिश चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र पाल सिंह वर्मा, पूर्व विधायक पंकज मलिक, पूर्व विधायक इमरान मसूद,कमल किशोर, पूर्व सांसद दीपेन्द्र हुडडा, पूर्व मंत्री दीपक कुमार, आचार्य प्रमोद कृष्णम,धीर सिह,रविन्द्र मलिक, बिजेन्द्र सिह,कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा, वरिष्ठ नेता पं.उमादत्त शर्मा, बी.बी.गर्ग,पं.कालूराम शर्मा, शहर अध्यक्ष जुनेद रउफ,सलमान सईद,शानदार गुफरान,पूर्व जिलाध्यक्ष नानू मिया, पूर्व जिलाध्यक्ष हरेन्द्र त्यागी, कांग्रेस नेता सुदेश मलिक, कांग्रेस नेता जयकुमार, पूर्व शहर अध्यक्ष मौ.तारिक कुरैशी सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता तथा क्षेत्रिय ग्रामीण मौजूद रहे।
तितावी। कांग्रेस महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी की रैली के मददेनजर रैली स्थल व उसके आसपास भारी मात्रा मे पुलिस व पीएसी बल तैनात रहा। रैली स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रही। वहीं दूसरी और रैली के कारण जाम की स्थिती से निपटने के लिए रैली के दौरान शामली-मुजफ्फरनगर मार्ग पर पुलिस व टै्रफिक पुलिस व्यवस्था बनवाने मे जुटी रही। तितावी थाना प्रभारी राधेश्याम यादव सहित समस्त पुलिसकर्मी व्यवस्था बनाने मे जुटे रहे। सुबह से ही रैली मे शामिल होने के लिए टै्रक्टर-ट्राली,बसें, कार तथा अन्य वाहन बघरा पहुंचने शुरू हो गए थे।

बंदरो के आतंक से निजाद दिलाने की मांग3 Min 7 |
मुजफ्फरनगर। नई मन्डी निवासियो ने जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे. के नाम सौपे गए प्रार्थना पत्र मे बंदरो के आतंक से निजाद दिलाने की मांग की है। नई मन्डी कोतवाली क्षेत्र के मौहल्ला कम्बलवाला बाग के निवासी क्षेत्रवासियो ने जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे. के नाम सौपे गए प्रार्थना पत्र मे अवगत कराया कि नई मन्डी व मौहल्ला कम्बलवाला बाग मे आजकल बंदरो का आतंक चरम पर है। मौहल्लावासियो का कहना है कि बंदरो की वजह से धूप मे बैठना,धूप मे कपडे सुखाना तथा गेहूं आदि को धोकर सुखाना आदि घरेलू कार्यो मे भी दिक्कत आ रही है। इतना ही नही क्षेत्र मे करीब 65-70 बंदरो की टोली के कारण बुजुर्ग व नन्हे मुन्ने बच्चो पर बंदरो के हमले का भय भी बना रहता है। अतः जनहित मे बंदरो को पकडने वाली टीम को भिजवा कर उक्त बंदरो को कहीं दूरस्थ जंगलो मे छुडवाने की व्यवस्था की जाए। ताकि बंदरो के भय से राहत मिल सके। जिलाधिकारी को भेजे गए पत्र मे विजय अग्रवाल,राकेश अग्रवाल,अजय कुमार,सुरेश चन्द गुप्ता,प्रदीप सिंघल, पंकज मलिक, नीरज सिंघल, मोनिका सिंघल, यश वर्मा, अभिनव वर्मा, एन.सिंघल, उषा रानी, आशाराम गोयल, विकास शर्मा, प्रेमचन्द माहेश्वरी,मधु गर्ग, उषा गर्ग,खुश्बू सिंघल,भावना सिंघल,हर्षित, राजू गर्ग आदि कम्बलवाला बाग के निवासियो ने प्रार्थना पत्र के माध्यम से बंदरो से निजाद की गुहार लगाई है।

 

हादसे में कार सवार घायल
चरथावल। घने कोहरे के कारण कार पेड से टकरा जाने पर हादसे के तहत कार सवार कई लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसारथाना चरथावल क्षेत्र के गांव अलीगढ के समीप आज सुबह घने कोहरे के कारण एक कार पेड से टकरा गई। दिन निकलने के साथ हुए इस हादसे मे कई लोग घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के अनेक लोग मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणो ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलो को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया तथा उनके परिवारजनो को हादसे की सूचना दी।

 

कई को अवैध शस्त्र सहित गिरफ्तार किया
मुजफ्फरनगर। अलग अलग स्थानों से कई को अवैध शस्त्र सहित गिरफ्तार किया। थाना कोतवाली नगर पर नियुक्त उ0नि0 सतीश शर्मा द्वारा अभियुक्त जावेद उर्फ सोबी नफीस निवासी तबलशाह रोड दक्षिणी कृष्णापुरी थाना कोतवाली नगर जनपद मु0नगर को शाहबुद्ीनपुर रोड से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से 01 तमंचा मय 02 जिन्दा कारतूस 12 बोर नाजायज बरामद किए गए।इसके अलावा थाना कोतवाली नगर पर नियुक्त उ0नि0 बी0बी0 शर्मा द्वारा वारंटी अभियुक्त नितिन पुत्र श्रवण निवासी ग्राम लकडसन्धा थाना कोतवाली नगर जनपद मु0नगर को अभियुक्त के मसकन से गिरफ्तार किया गया। वहीं थाना कोतवाली नगर पर नियुक्त उ0नि0 सुखबीर सिंह द्वारा वारंटी अभियुक्त गौरव पुत्र पवन निवासी माता वाली गली लद्दावाला थाना कोतवाली नगर जनपद मु0नगर को अभियुक्त के मसकन से गिरफ्तार किया। वहीं थाना रामराज पर नियुक्त उ0नि0 कुमार गोरव द्वारा अभियुक्त अभिषेक पुत्र मुकेश निवासी मोमीनपुरदुर्गु थाना कोतवाली बिजनौर जनपद बिजनौर को गेगा बैराज से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से 01 तमंचा 12 बोर नाजायज बरामद किया गया।

 

पुलिस ने कई वांछितों को गिरफ्तार किया
मुजफ्फरनगर। अलग अलग स्थानों से कई वांछितों को गिरफ्तार किया। थाना कोतवाली नगर पर नियुक्त उ0नि0 सतीश शर्मा द्वारा वारंटी अभियुक्त इस्राईल पुत्र सुलेमान निवासी ग्राम शेरपुर थाना कोतवाली नगर जनपद मु0नगर को अभियुक्त के मसकन से गिरफ्तार किया।
वहीं थाना नई मण्डी पर नियुक्त उ0नि0 नेत्रपाल सिंह द्वारा वॉछित अभियुक्त फरमान पुत्र जाहिद निवासी ग्राम रथेडी थाना नई मण्डी जनपद मु0नगर को अभियुक्त के मसकन से गिरफ्तार किया। वहीं थाना खतौली पर नियुक्त उ0नि0 मुकेश कुमार द्वारा वारंटी अभियुक्त नीरज उर्फ बिट्टू पुत्र लेखराज निवासी ग्राम छछरपुर थाना खतौली जनपद मु0नगर को कैलावडा कांटे के पास से गिरफ्तार किया। वहीं थाना शाहपुर पर नियुक्त उ0नि0 निर्दोष त्यागी द्वारा वॉछित अभियुक्त रियाज पुत्र बसीर निवासी ग्राम बसीकलां थाना शाहपुर जनपद मु0नगर को ग्राम सोरम से गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा थाना भौराकलां पर नियुक्त उ0नि0 जितेन्द्र तेवतिया द्वारा वारंटी अभियुक्त राकेश पुत्र ज्ञानू निवासी कस्बा सिसौली थाना भौराकलां जनपद मु0नगर को अभियुक्त के मसकन से गिरफ्तार किया गया।

 

सिटी मजिस्ट्रेट ने सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया4 Min 6 |
मुजफ्फरनगर। नगरीय क्षेत्र के वार्डा में लगातार जिला प्रशासन को मिल रही शिकायतों के चलते जिला प्रशासन की पहल पर नगर मजिस्ट्रेट का अभियान आज भी जारी रहा। आज उन्होंने वार्ड ३१ में निरीक्षण करने के साथ लापरवाह या गैर हाजिर रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की चेतावनी दी। शहर में सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए सिटी मजिस्ट्रेट अभिषेक कुमार सिंह द्वारा नगर के वार्डों में जाकर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने साफ कहा है कि जो भी कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं मिलेगा। उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे। आज इसी क्रम में वार्ड नंबर ३१ से सिटी मजिस्ट्रेट अभिषेक कुमार सिंह ने घूम घूम कर निरीक्षण किया। गली मौहल्लों में सफाई व्यवस्था को लेकर मौहल्लावासियों व दुकानदारों से बातचीत की और पूछा कि वहां सफाईकर्मी किस समय आते हैं। कूड़ा किस समय निकालते है कब उठाते हैं। नालिया साफ होती कि नहीं होती हैं। सड़क पर झाड़ू लगती है कि नहीं लगती है। महिलाओं व दुकानदारों ने नगर पालिका सफाई कर्मचारियों कि जमकर शिकायत सिटी मजिस्ट्रेट को दर्ज कराई। सिटी मजिस्ट्रेट ने तुरंत मामले का संज्ञान लेते हुए नगरपालिका कोषाधिकारी को ऐसे कर्मचारियों का वेतन रोकने के लिए निर्देशित किया है। सफाई व्यस्था में सुधार के लिए हर वार्ड में सिटी मजिस्ट्रेट खुद रोज जारी रखेंगे। निरीक्षण में सिटी मजिस्ट्रेट के साथ नगरपालिका अधिकारी भी मौजूद रहे।

 

जिले के आला अधिकारियों के साथ बिजली व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक की5 Min 11 |
मुजफ्फरनगर। जिले में बिजली व्यवस्था को सुधारने के लिए तमाम प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही तीन माह से अधिक का बिल बकाया होने पर उपभोक्ता का कनेक्शन काटने के आदेश दिए हैं। पश्चिमांचल विद्युत विभाग के एमडी अरविंद मल्लपा ने आज जिले के आला अधिकारियों के साथ बिजली व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक की। इस दौरान वसूली को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने अधिकारियों को राजस्व बढाने के लिए काम करने के निर्देश दिए। एमडी ने कहा कि बिजली का बिल समय से उपभोक्ताओं तक पहुंचे और समय से उसे जमा कराया जाए। उन्होंने कहा कि जिस उपभोक्ता का बिल तीन महीने से ज्यादा बाकी हो जाएगा उसका कनेक्शन काट दिया जाएगा। इसलिए लोगों को चेताया जा है । उन्होंने इस बात पर चिंता जताई कि लगातार उपभोक्ता बड़े-बड़े बिजली बिल के पेमेंट रोके रखते हैं और जमा नहीं करते है। इसके बाद भारी बकाया हो जाने पर जब कनेक्शन काटते हैं तो बड़ी समस्याएं पैदा होती है। बैठक मौजूदा वित्तीय वर्ष के समाप्त होने से पूर्व राजस्व बढाने पर विशेष ध्यान देने और बकाया बिलों का भुगतान सुनिश्चित करने के आदेश भी एमडी ने दिए। उन्होंने अधिकारियों को संबंधित कर्मचारियों के साथ बैठक कर राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। आयोजित समीक्षा बैठक एमडी अरविंद मल्लप्पा ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में पहले पूरा से बिजली सप्लाई होती थी लेकिन अब हम लोगों ने नरा में एक नया फीडर शुरू किया है, जिससे बेगराजपुर औद्योगिक क्षेत्र में बिजली सप्लाई सुधरेगी और शटिंग भी नहीं होगी। पहले बिजली शटिंग कि वजह से बिजली के तार टूटने से बड़ी समस्याएं पैदा हो रही थी। इससे बेगराजपुर क्षेत्र में उद्योगों को नुकसान हो रहा था और विभाग का राजस्व भी नहीं बढ़ पा रहा था। इसी कारण एक नया फीडर शुरू किया गया है जो डायरेक्ट बिजली सप्लाई करेगा। क्षेत्र में एक नया फीडर शुरू हो जाने से राजस्व भी बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि मखियाली के औद्योगिक क्षेत्र में भी एक नया बिजली घर २०२१ के अंत तक शुरू हो जाएगा। मखियाली औद्योगिक क्षेत्र में आ रही बिजली की समस्या को लेकर ही यह बिजली घर बनने जा रहा है। वहां औद्योगिक क्षेत्र में बिजली की समस्या को देखते हुए शासन ने बिजलीघर प्रस्तावित किया है। आज संपन्न बैठक में पश्चिमांचल एमडी अरविंद मल्लपा के साथ-साथ अधिशासी अभियंता ओपी मिश्रा, अवर अभियंता अरविंद कुमार सहित जनपद के विद्युत विभाग के तमाम बड़े अधिकारी व जूनियर इंजीनियर और बिजली कर्मचारी मौजूद रहे।

 

कला प्रदर्शनी में कलाकारों की कलाकृतियों को सजाया7 Min 8 |
मुजफ्फरनगर। महामना मालवीय इंटर कालेज में महान शिल्पी पद्मभूषण राम वी. सुतार के ९६वें जन्मदिवस पर आयोजित कला प्रदर्शनी में कलाकारों की कलाकृतियों को सजाया गया।
कलाप्रेमियों ने हवन-पूजन किया। कलांगन के कलाकारों ने बताया कि महात्मा गांधी से लेकर सरदार पटेल, शहीद भगत सिंह, महात्मा ज्योतिराव फुले, डा. राजेंद्र प्रसाद, महाराजा छत्रपति शिवाजी व इंदिरा गांधी आदि महापुरुषों की राम सुतार के हाथों निर्मित सैकड़ों प्रतिमाएं संसद भवन से लेकर देश-विदेश तक लगी हैं। सरदार पटेल का १८२ मीटर ऊंचा स्टैच्यू, छत्रपति शिवाजी की २१२ मीटर ऊंची एवं भगवान श्रीराम की २५१ मीटर ऊंची गगनचुंबी प्रतिमाएं दुनिया को भारत जागरण का संदेश देने को आतुर हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक गजेंद्र कुमार ने आनंदवन कला प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कलाकारों ने कलाकृतियों को सजाया। कार्यक्रम अध्यक्ष डा. विनीत कुमार चौहान ने कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति में कला को प्रमुख स्थान तो दिया गया है परंतु उसका क्रियान्वयन भी ईमानदारी से किया जाना चाहिए। कलांगन के डायरेक्टर महावीर सिंह ने कला पितामह को नमन करते हुए कहा कि वर्तमान में हम पद्मभूषण राम वी. सुतार को कला रत्न एवं राष्ट्र रत्न के रूप में याद करते हैं। उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया जाए। प्रदर्शनी का संयोजन डा. अनिल सैनी ने किया। कलांगन के अनमोल सोनी, सुनील कुमार, शिवानी, राजबल सैनी, सुदीप कुमार, प्रीति प्रजापति, लवनिका, अंकिता, पुनीत, तमसा सैनी, सागर कल्याण, सीमा त्यागी, दीपिका अरोरा, इंदु आदि का सहयोग रहा। प्रदर्शनी का अवलोकन शहर के अनेक कलाप्रेमियो ने किया।

 

एक मार्च से जिलास्तर पर दो कार्य योजनाओं का निर्माण किया जाएगा
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वृहद अभियान मिशन शक्ति के तहत महिला कल्याण विभाग की ओर से बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक मार्च से जिलास्तर पर दो कार्य योजनाओं का निर्माण किया जाएगा। इसके तहत जिलास्तर पर एक ओर महिलाओं व किशोरियों के लिए श्सशक्तीकरण व बाल विवाह उन्मूलनश् व दूसरी ओर बाल अधिकारों के लिए श्बाल संरक्षण कार्ययोजनाश् की शुरुआत की जाएगी, जो वार्षिक अभिसरण कार्ययोजना होगी। प्रदेश में बाल निराश्रित संवासियों के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजना स्पांसरशिप, फोस्टर केयर से उनको लाभ मिल रहा है। साल २०१९-२०२० में २७१ बालकों को दत्तक ग्रहण के जरिए पुनर्वासित किया गया। इसके साथ ही अपने परिवार से बिछड़े ६,८०० से अधिक बालकों को उनके परिवार से मिलाया गया। साल २०२० से जनवरी माह, २०२१ तक जहां प्रदेश के ९६१ संवासियों की घर वापसी कराई गई। वहीं संप्रेक्षण गृह के लगभग २,८२२ संवासियों को कानूनी प्रक्रिया के जरिए घर भेजा गया।

छात्राओं ने मलिन बस्ती में सफाई कर जागरूकता रैली निकाली
मुजफ्फरनगर। सिसौली स्थित श्रीमती मुख्तयारी देवी टिकैत कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने राष्ट्रीय सेवा योजना के कैंप का आयोजन किया। दूसरे चरण में हरे कृष्णा मंदिर के निकट मलिन बस्ती में आयोजित कैंप में प्राचार्य डा. जीतेंद्र तोमर ने छात्राओं को स्वच्छता जागरूकता अभियान के संबंध में जानकारी दी । बताया कि यदि हम घर में सफाई रखें तो इसके कारण पूरा परिवार स्वस्थ रहता है। छात्राओं ने महिलाओं को जागरूक करने के लिए हाथों में नारे लिखी हुई तख्तियां लेकर रैली भी निकाली। इस मौके पर छात्राओं ने हरे कृष्णा मंदिर परिसर व मंदिर के सामने मलिन बस्ती में सफाई भी की। इस मौके पर कैंप प्रभारी सोनिया सैनी, डाक्टर मंजू, आंचल व सुनील उपस्थित रहे।

 

उत्कृष्ट कार्य करने पर दो चालक व परिचालक को सम्मानित किया जाएगा
मुजफ्फरनगर। खतौली रोडवेज डिपो में उत्कृष्ट कार्य करने पर दो चालक व परिचालक को सम्मानित किया जाएगा। इन तीनों लोगों ने डिपो में २० दिन से अधिक निर्भर ड्यूटी निभाई है और अन्य के मुकाबले डिपो को बेहतर आय व डीजल औसत दिया है। इन्हें सड़क सुरक्षा अभियान के समापन दिवस पर पुरस्कृत किया जाएगा।
रोडवेज डिपो के चालक जयदेव ने आनंद विहार से गोरखपुर मार्ग पर २१ जनवरी से १४ फरवरी तक निर्वात ड्यूटी निभाई है। उसने २३ दिन ड्यूटी करने के दौरान डिपो को ५.३४ किमी प्रतिलीटर डीजल खपत के साथ ८३१६ किलोमीटर बस चलाई है। वही दूसरे चालक सौरव ने दिल्ली-ऋषिकेश मार्ग पर ५.२४ प्रति लीटर डीजल खपत कर ७७८२ किलोमीटर बस चलाई है। इनके अलावा परिचालक दुर्गेश ने खतौली-सहारनपुर मार्ग पर २१ दिन ड्यूटी करने के उपरांत ३,१३,६३५ रुपये की आय को सौंपी है। खास बात यह है कि इन सभी लोगों ने अपनी ड्यूटी के दौरान बस को पूर्ण रूप से दुर्घटनारहित रखा है। बस को नियमों के तहत संचालित किया है। बसों को बाइपास से नहीं निकाला है। इन्होंने कहा..
परवेज बशीर, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, खतौली ने कहा कि दो चालक और एक परिचालक को जिले में होने वाले सड़क सुरक्षा अभियान समापन के दिवस पर प्रशस्ति-पत्र के साथ उपहार भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। इनका अनुभव अन्य चालक-परिचालकों के साथ साझा कराया जाएगा।

 

25 फरवरी को बाजार बंद रखेंगे व्यापारी9 Min 5 |
मुजफ्फरनगर। नगर पालिका मार्केट एसोसिएशन संबद्ध उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन रजि की एक बैठक गुरु तेग बहादुर मार्केट में वीरेंद्र अरोरा की अध्यक्षता एवं राजेंद्र अरोरा के संचालन में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मित्तल, नगर अध्यक्ष राकेश त्यागी उपस्थित रहे। बैठक में सभी व्यापारियों ने सर्वसम्मति तय किया की नगरपालिका के समस्त १७ मार्केट के ५०९ दुकानदार २५ तारीख को बाजार बंद रखेंगे तथा चेयरमैन आवाज से गिरफ्तारी देंगे। बाजार बंद को सफल बनाने के लिए नगर को चार सेक्टरों में बांटकर ४ सेक्टर प्रभारी मनोनीत किए गए। कोतवाली सेक्टर प्रभारी भानु प्रताप, सिविल लाइन क्षेत्र सेक्टर प्रभारी राजेंद्र अरोरा, झांसी की रानी, रेलवे रोड, शिव चौक, सेक्टर प्रभारी वीरेंद्र अरोरा, नई मंडी क्षेत्र सेक्टर प्रभारी किशन लाल नारंग होंगे। प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्णगोपाल मित्तल ने बताया कि मुजफ्फरनगर में नगरपालिका मार्किट के व्यापारियों की दुर्दशा से राष्ट्रीय अध्यक्ष मा० नरेश अग्रवाल जी को अवगत करवाया जाएगा,यदि समस्या का हल नहीं होता तो १७ मार्च को सभी व्यापारी लखनऊ कूच करेंगे और नगर पालिका चेयरमैन के उत्पीड़न के विरोध में प्रदर्शन करेगें। नगर अध्यक्ष राकेश त्यागी ने बताया कि व्यापारियों के एक जत्थे में २०० व्यापारी २५ को जेल भरो आंदोलन में शामिल होंगे,यदि समस्या का हल नहीं होता तो १००-१०० व्यापारियों के जत्थे बारी बारी से जेल भरो आंदोलन में गिरफ्तारी देंगे। बैठक में जयेन्द्र प्रकाश, प्रतीक अरोरा, भानु प्रताप, वीरेंद्र अरोरा, सचिन, महेंद्र नाथ, वैभव, भूषण, आदित्य, सुशील, गुलशन, सतीश, संजीव संगम, ओमबीर, सुशील नरेंद्र अरोड़ा, राजेंद्र कुमार, प्रतीक अरोरा, चंद्रप्रकाश, किशन लाल नारंग सैकड़ों व्यापारी उपस्थित रहे।

 

डीआईजी ने एसएसपी कार्यालय का निरीक्षण किया11 Min 8 |
मुजफ्फरनगर। डीआईजी सहारनपुर रेंज उपेन्द्र अग्रवाल ने आज एसएसपी कार्यालय का निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने जिले की अपराध स्थिति की समक्षा करने के साथ लंबित मामलों के खुलासे के लिए तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीआईजी ने अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए रात्रि गश्त बढाने के साथ सक्रिय अपराधी गिरोहों के खिलाफ भी कार्रवाई करने को कहा। आज सुबह यहां पहुंचे डीआईजी सहारनपुर रेंज उपेन्द्र अग्रवाल ने एसएसपी कार्यालय का निरीक्षण किया। इस मौके पर एसएसपी अभिषेक यादव भी मौजूद रहे। डीआईजी ने कार्यालय के निरीक्षण के दौरान जिले की अपराध स्थिति के बारे में जानकारी लेते हुए कई बडे मामलों के जल्द अनावरण पर संतोष जताया। इसके साथ ही उन्होंने तमाम आपराधिक मामलों पर सख्ती से कार्रवाई करने के साथ ऐसे मामलों का खुलासा करने और अपराधियों को समुचित सजा दिलाने के निर्देश दिए। संयुक्त निदेशक अभियोजन ओपी मिश्रा ने अभियोजन विभाग के उल्लेखनीय कार्यों से डीआइजी को अवगत कराया। डीआईजी ने अभियोजन विभाग के कार्यों पर संतोष जताते हुए कहा कि जब तक अपराधियों को कानून के हिसाब से सही सजा नहीं मिलेगी तब तक अपराधियों के दिलो दिमाग में खौफ नहीं पैदा होगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से गश्त पर जोर देने के साथ अपराधिक गिरोहों पर सख्ती के लिए भी कहा।

पुलिस ने चैकिंग अभियान चलाया
मुजफ्फरनगर। एसएसपी अभिषेक यादव के निर्देशन में जनपद में कानून व्यवस्था एवं अपराध की रोकथाम व शान्ति व्यवस्था सुदृढ़ बनाये रखने हेतु जनपदीय पुलिस द्वारा रात्रि में अपने अपने थाना क्षेत्रों के कस्बा, बाज़ार व आबादी वाले स्थानों पर गश्त करते हुए थाना क्षेत्रों में स्थित होटल ढाबे/हाइवे/चौराहों/संवेदनशील स्थानों पर ’संदिग्ध वाहन/व्यक्तियों की लगातार सघन चैकिंग की जा रही है।

 

पुलिस ने तमंचा सहित गिरफ्तार किया13 Min 6 |
रोहाना। शहर कोतवाल योगेंद्र शर्मा के निर्देशानुसार रोहाना चौकी प्रभारी सतपाल सिह ने रोहाना में चेकिंग अभियान जबरदस्त चलाएं सुबह-शाम पैदल गस्त होटलों की चेकिंग अभियान पेट्रोल पंपों की चेकिंग अभियान लगातार क्षेत्र में जारी है। रोहाना चौकी प्रभारी सतपाल सिंह अपनी समस्त टीम के साथ रोहना कस्बे के चरथावल मोड पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे रेलवे स्टेशन की ओर से आ रहे एक व्यक्ति कि मुखबिर की सूचना पर तलाशी ली गई तलाशी के दौरान उसके पास से एक ३१५ बोर का तमंचा दो जिंदा कारतूस पाए गए पूछताछ में उसने अपना नाम रुपिन उर्फ गजेंद्र सिंह पुत्र सतेंद्र सिंह निवासी बधाईकला थाना चरथावल बताया रोहाना पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल रोहाना चौकी प्रभारी सतपाल सिंह ने रोहाना क्षेत्र में चार्ज लेने के बाद अपराधियों पर शिकंजा कस दिया गया चौकी प्रभारी सतपाल सिंह का कहना है कि यह तो अपराधी रोहाना क्षेत्र छोड़ दे नहीं तो फिर सलाखों के पीछे जाने को तैयार हो जाएगा किसी भी तरह का अपराध बख्शा नहीं जाएगा चाहे वह कोई भी हो।

News Desk

निष्पक्ष NEWS,जो मुख्यतः मेन स्ट्रीम MEDIA का हिस्सा नहीं बन पाती हैं।

News Desk has 5917 posts and counting. See all posts by News Desk

Avatar Of News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

five + twelve =