समाचार (Muzaffarnagar News)
साइबर हेल्प सेन्टर का सराहनीय कार्य जारी
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) आवेदक यादेश सैनी निवासी लालबाग, अंकित बिहार थाना नई मण्डी, जनपद मुजफ्फरनगर द्वारा साइबर हेल्प सेन्टर को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि अज्ञात व्यक्ति (साइबर ठग) द्वारा परिचित बनकर कुल ४३,०००- रुपये की धोखाधडी की गयी है। साइबर हेल्प सेन्टर द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए आईपी पेय व सम्बन्धित बैंक को फ्रॉड से अवगत कराया गया तथा कुल धनराशि ४३,०००/- रूपये में से धनराशि ३३,०००/- रुपये को आवेदक के खाते में वापस कराया गया। आवेदक महबूब अली पुत्र जरीफ अहमद निवासी दधेडू कंला थाना चरथावल, जनपद मुजफ्फरनगर द्वारा साइबर हेल्प सेन्टर को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि अज्ञात व्यक्ति (साइबर ठग) द्वारा रिमोट एक्सिस ऐप डाउनलोड कराकर १६,८२३- रुपये की आनलाइन धोखाधडी की गयी है। साइबर हेल्प सेन्टर द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए फ्री चार्ज एंव एयरटेल पेयमेंट बैंक को फ्रॉड से अवगत कराया गया तथा सम्पूर्ण धनराशि १६,८२३/- रुपये को आवेदक के खाते में वापस कराया गया।
जिला कारागार में नवनिर्मित पुस्तकालय का स्वामी अवधेशानंद ने किया उद्घाटन
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) जिला कारागार परिसर मुजफ्फरनगर में नवनिर्मित पुस्तकालय एवं नवग्रह वाटिका और विस्तारीकरण का भव्य रूप से उदघाटन किया गया। कार्यक्रम मे मुख्य अतिथि के रूप मे पधारे जूना अखाडा पीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज एवं पुलिस महानिरीक्षक उत्तर प्रदेश कारागार,एडीजी मेरठ जोन राजीव सब्बरवाल ने संयुक्त रूप से कार्यक्र्रम का उदघाटन किया।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज जिला कारागार मे आयोजित इस कार्यक्रम मे कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम मे पधारे अतिथियों एवं गणमान्य लोगो ने जिला कारागार मे की गई सुव्यवस्थाओं की सराहना की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जूना पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज ने कहा कि कारागार परिसर मे स्थापित किये गए पुस्ताकालय से बंदियो को लाभ मिलेगा। उन्होने कहा कि शिक्षा मानव जीवन का अभिन्न अंग है तथा शिक्षित व्यक्ति संस्कारवान होता हो अपने देश व समाज की उन्नति मे सहयोगी होता है। आचार्य महामंडलेश्वर जी महाराज ने कहा कि पुस्तक मनुष्य का सबसे प्रिय साथी है। पुस्तकां से हमारा ज्ञान वर्धन होता है तथा देश व समाज से सम्बन्धित विभिन्न जानकारियां प्राप्त होती हैं। आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी तथा आईजी जेल ने नवग्रह वाटिका का अवलोकन कर समस्त व्यवस्थाओं की प्रशंसा की। इस दौरान एडीजी मेरठ जोन राजीव सब्बरवाल, डीआईजी जेल,एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय, जेल अधिक्षक सीताराम शर्मा समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
समर कैंप हुआ आयोजित
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) सनातन धर्म इंटर कॉलेज में शिक्षा विभाग के आदेशानुसार समर कैंप का आयोजन प्रातः ६ः०० बजे विधालय परिसर में किया गया। जिसमें प्रधानाचार्य सोहन पाल के सानिध्य व शारीरिक शिक्षक अरविंद कुमार के निर्देशन में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार की एक्सरसाइज व योगाभ्यास क्रिकेट, कैरम बोर्ड, खो-खो प्रतियोगिता, वॉलीबॉल प्रतियोगिता, और दौड़ आदि क्रीड़ाओं का प्रदर्शन किया।
इसके साथ साथ डॉ राजबल सैनी के निर्देशन व जय प्रकाश सिंह के सह संयोजन में सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों के द्वारा कलात्मक पोस्टरों का चित्रण किया गया। बच्चों में सड़क सुरक्षा नियम संबंधी प्रतियोगिता कराई गई जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़ चढ़कर भाग लिया इस प्रतियोगिता में राधिका सैनी प्रथम, सोनिया सैनी द्वितीय, अंशुल पाल एवं पूजा राठी तृतीय स्थान पर रहे। आँचल, वंशिका सैनी व वंशिका को शांत्वना पुरूस्कार प्रदान किया गया। अंत में विधालय के प्रधानाचार्य श्री सोहन पाल सिंह जी ने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए निरंतर अथक परिश्रम के द्वारा आगे बढ़कर जीवन में कामयाब होने का संदेश दिया। इस अवसर पर श्री राजकुमार श्री यशपाल सिंह श्री तेज पाल सिंह, श्री अमित कुमार शर्मा , श्री कुंदन कुमार , श्रीमती शिवानी राणा श्री अब्दुल मुन्तकीब आदि अध्यापक साथियों का विशेष योगदान रहा।
योग के शिविर में दिये टिप्स
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) जीवन शैली में बदलाव हेतु आजीवन प्रतिबद्धता की आवश्यकता है। मोटापा को नियंत्रित करने में योगाभ्यास अत्यंत प्रभावकारी है। शोध निष्कर्ष बताते हैं कि योगिक जीवन शैली अर्थात योगाभ्यास एवं संतुलित आहार विहार बिना किसी विपरीत प्रभाव के शारीरिक चयापचय एवं हार्मोन्स स्त्राव को संतुलित कर स्वास्थ्य को उत्तम बनाए रखता है। संकल्प पूर्वक यदि प्रतिदिन नियमित रूप से किसी योग्य योग प्रशिक्षक के मार्गदर्शन में योगाभ्यास किया जाए तो निश्चित ही मोटापा को नियंत्रण में लाया जा सकता है। उक्त विचार भारतीय योग संस्थान के प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य ने उच्च प्राथमिक विद्यालय रामलीला टिल्ला मुजफ्फरनगर में चल रहे पांच दिवसीय पेट रोग निवारण शिविर में पेट रोग को ठीक करने में आसन और प्राणायाम की भूमिका विषय पर बोलते हुए दिए। उन्होंने बताया कि मोटापे से ग्रस्त व्यक्ति में इच्छा शक्ति एवं योगाभ्यास के प्रति उसे प्रेरित करने की आवश्यकता होती है मोटे व्यक्ति को अपने गलत खानपान एवं जीवन चर्या को छोड़कर स्वस्थ जीवन चर्या अपनाने की आवश्यकता है ताकि शक्ति को स्वस्थ एवं रचनात्मक कार्यों की ओर दिशा दी जा सके। योगाभ्यास द्वारा इस उद्देश्य को भलीभांति पूरा किया जा सकता है। पेट के रोगी को नियमित रूप से ताड़ासन कटिचक्रासन पादहस्तासन भुजंगासन हलासन धनुरासन अर्धमत्स्येंद्रासन पश्चिमोत्तानासन उष्ट्रासन मंडूकासन आदि के साथ साथ सूर्य नमस्कार का नियमित अभ्यास अत्यंत लाभदायक है। इसी प्रकार कपालभाति प्राणायाम उज्जाई प्राणायाम भस्त्रिका प्राणायाम आदि पेट के रोगी के लिए लाभकारी हैं। इस अवसर पर जिला प्रधान राज सिंह पुंडीर ने बताया कि योग से शरीर निरोग रहता है। हमारी सभी प्रणालियां सुचारू रूप से कार्य करती है। हमारा पाचन और निष्कासन सहज एवं सरल होता है । उन्होंने बताया कि कल इस पांच दिवसीय पेट रोग निवारण शिविर का समापन प्रांतीय प्रधान श्री निर्मल जैन के द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम में सर्वप्रथम पेट रोग निवारण संबंधित आसन और प्राणायाम भारतीय योग संस्थान के योग्य योग शिक्षकों के द्वारा कराए गए। जिसमें मुख्य रुप से क्षेत्रीय प्रधान राजीव रघुवंशी जिला कार्यकारिणी सदस्य वीर सिंह आचार्य रामकिशन सुमन जिला प्रधान राज सिंह पुंडीर योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य एवं योग शिक्षिका सुमन गर्ग प्रमुख हैं।
समस्याओं को सुन किया निस्तारित
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह के आदेशों के अनुपालन में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ महावीर सिंह फौजदार, द्वारा अपने कार्यालय कक्ष में जनता दर्शन में सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन कराते हुए जन सामान्य की समस्याओं/शिकायतों को गम्भीरता पूर्वक सुन कर उसका समय से निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने निर्देशित किया कि संबंधित अधिकारी प्राप्त शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर करना सुनिश्चित करें। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जायेगी। इस अवसर सहित जनता दर्शन में आये आम जन उपस्थित रहे।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन ने बुके देकर सम्मानित किया
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन,राष्ट्रीय सेवा सुरक्षा परिषद एवं केसरिया हिंदू वाहिनी के कैंप कार्यालय सहारनपुर पर कुशल स्वभाव के हरियाणवी सिंगर विकास कुमार वं राष्ट्रीय संरक्षक स्वामी अविनाश महाराज, एव मुजफ्फरनगर से पहुंचे व्यापार संगठन के प्रदेश युवा उपाध्यक्ष व राष्ट्रीय सेवा सुरक्षा परिषद के प्रदेश युवा प्रभारी तरुण मित्तल का बुके एवं माला पहनाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रभारी सहारनपुर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन अभिजीत सिंह सैनी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष महिला किरण सैनी ने किया भव्य स्वागत। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा कैंप कार्यालय पर सभा को संबोधित करते हुए कहा गया कि उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन एवं राष्ट्र सेवा सुरक्षा परिषद द्वारा पूरे प्रदेश में व्यापारिक हितों एवं सामाजिक कार्यों के लिए कार्य किया जा रहा है
इस अवसर पर राष्ट्रीय सह सचिव अनूप गोयल,राष्ट्रीय मंत्री योगेश धीमान, प्रदेश उपाध्यक्ष संत प्रकोष्ठ पंडित पुनीश शर्मा, राम कुमार गुप्ता,पवन कुमार एवं मुजफ्फरनगर से शिव कुमार सिंघल, अनिल सिंघल, कार्तिक गोयल, अतुल वर्मा, सौरभ मित्तल उपस्थित रहे।
राणा पब्लिक स्कूल की बसों का फिटनेस किया चैक
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) आरआई टैक्नीकल अनुराग सिंह द्वारा यातायात पुलिस टीम के साथ राणा पब्लिक स्कूल में पहुंचकर बच्चों के आवागमन हेतु लगी बसों के फिटनेस का निरीक्षण किया गया। जिसमें ०६ बस व बस चालक मौजूद रहे, बसों के नम्बर, फिटनेस, फर्स्ट एड बॉक्स, टूल किट, रिफ्लेक्टर आदि को चेक किया गया। बस चालकों को सुरक्षा सम्बन्धी आवश्यक दिशा- निर्देश भी दिये गये।
क्रांति सेना ने दिया ज्ञापन
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) क्रांति सेना द्वारा मुस्लिम जनसंख्या पर नियंत्रण, भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित करने, मुस्लिम शासकों के नाम पर बसे नगरों व सडको के नाम बदलने की मांगो को लेकर १ जून को आयोजित सम्मेलन व त्रिशूल मार्च के संबंध में क्रांति सेना नेताओ ने केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान से मुलाकात की ओर सभी मांगो के संदर्भ में उनसे चर्चा की संजीव बालियान जी ने कहा की आपकी मांगे राष्ट्रहित में बहुत ही आवश्यक है ,उन्होंने सम्मेलन व त्रिशूल मार्च की सफलता की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा की वे लोकसभा में आपकी मांगों को उठाएंगे मुलाकात करने वालो में मुख्य रूप से प्रदेश महासचिव मनोज सैनी ,उद्योग व्यापार सेना अध्यक्ष आनंदप्रकाश गोयल महानगर अध्यक्ष देवेंद्र चौहान,युवा जिलाध्यक्ष लोकेश सैनी , नगर उपाध्यक्ष बसंत कश्यप ,मंगत राम शामिल थे
समाधान दिवस पर सुनी समस्याएं
बुढ़ाना।(Muzaffarnagar News) उप जिलाधिकारी बुढाना के नेतृत्व में तहसील बुढ़ाना क्षेत्र अंतर्गत थाना बुढ़ाना में तहसीलदार बुढाना द्वारा थाना समाधान दिवस में उपस्थित होकर जन समस्याओं को सुना गया। जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह के निर्देशानुसार उप जिलाधिकारी बुढाना अरुण कुमार के नेतृत्व में तहसीलदार बुढाना सतीश चंद बघेल के द्वारा तहसील बुढ़ाना क्षेत्र अंतर्गत थाना बुढ़ाना में थाना समाधान दिवस पर उपस्थित होकर जन समस्याओं को सुना गया।
दिव्य जननी कार्यक्रम के तहत मेडिटेशन कराया
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) ५० आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की दिव्य जननी कार्यक्रम के तहत मेडिटेशन कराया गया जिससे कि सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्री है इतने व्यस्ततम जीवन में स्ट्रेसफुल जीवन में थोड़ा सा रिलैक्सेशन महसूस कर सकें अपने केंद्र संचालन के साथ-साथ तथा कार्यालय द्वारा शॉप पर गए कार्यों के करने के साथ आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को दिव्या जननी कार्यक्रम में प्रतिभाग करने हेतु बुलाया गया साथ ही मिशन शक्ति के तहत टोल फ्री नंबर से भी कार्यकत्रियों को अवगत कराया गया तथा सभी कार्यकत्रियों को यह आदेश भी दिए गए कि वह अपनी सर्विस क्षेत्र में इन नंबरों को महिलाओं को उपलब्ध कराएं तथा उनको अपने अधिकारों के प्रति जागरूक भी करें जिससे कि समाज में एक नई ऊर्जा का संचार हो सके।
बागोवाली में तालाब की खुदाई का बीडीओ ने किया निरीक्षण
बीडीओ ने कहा- जलसंरक्षण करके भूगर्भ का जलस्तर बढाने में तालाबों का अहम योगदान होता है
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर ग्राम पंचायतों में तालाबों को कब्जा मुक्त कर उनकी खुदाई के लिए डीएम चन्द्र भूषण सिंह ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। ताकि बरसात के समय पानी एकत्रित किया जा सके।
बता दे कि प्रदेश भर मे मुख्यमंत्री के आदेश पर तालाबों को कब्जा मुक्त करने और उनकी खुदाई के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम मे आज बीडीओ सदर नेहा शर्मा ने ग्राम बागोवाली में मनरेगा के तहत किए जा रहे तालाब की खुदाई का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मजदूरों से बात करते हुए समय पर मजदूरी मिलने व कार्यो का जायजा लिया। इस दौरान बीडीओ सदर डाक्टर नेहा शर्मा ने कहा कि तालाब की खुदाई से वर्षा जल संरक्षण का प्रयास सार्थक होगा और भूगर्भ पर घटता जलस्तर भी ठीक रहेगा। इस दौरान बीडीओ सदर ने एडीओ पंचायत व ग्राम सचिव को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण दौरान एडीओ पंचायत सोमदत्त, ग्राम सचिव हरीश चन्द्र, बागोवाली प्रधानपति सैय्यद रोशन आदि अन्य उपस्थित रहे।
समाचार (Muzaffarnagar News)
उद्योगपति आलोक स्वरूप के आवास पर महामंडलेश्वर अवधेशानंद जी महाराज पहुंचे
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) जिला कारागार मे आयोजित कार्यक्रम मे शामिल होने के पश्चात जूना पीठाधीश्वर एवं महामंडलेश्वर अवधेशानंद जी महाराज भोपा रोड स्थित राजभवन पहुंचे। महामंडलेश्वर अवधेशानंद जी महाराज के आगमन सम्बन्धी कार्यक्रम के मददेनजर समाजसेवी कुंवर आलोक स्वरूप के आवास राजभवन पर कडे सुरक्षा प्रबन्ध किए गए। महामंडलेश्वर अवधेशानंद जी महाराज के राजभवन पहुंचने पर उद्यमी आलोक स्वरूप,अनिल स्वरूप आदि ने उनका स्वागत किया।उनके साथ राजीव शर्मा व हरिद्वार के साधुओं की संगत साथ थी। महामंडलेश्वर अवधेशानंद महाराज ने समाजसेवी एवं उद्यमी आलोक स्वरूप के परिवारजनो के साथ कुछ समय बिताया एवं अपना शुभ आर्शीवाद दिया। इस दौरान नगर के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आबकारी आयुक्त सहारनपुर प्रभार ने किया निरीक्षण
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) आबकारी आयुक्त सहारनपुर प्रभार एस के रॉय पहुंचे मुजफ्फरनगर आबकारी अधिकारियों ने शराब के ठेको का किया औचक निरीक्षण मुजफ्फरनगर आबकारी इंस्पेक्टर शैलेश कुमार भी रहे मौजूद शराब की सरकारी दुकानों पर पहुंचकर विस्तार से की चैकिंग। शराब की सरकारी दुकानों व कैंटीन पर साफ सफाई की व्यवस्था के भी दिए आदेश सरकारी शराब की दुकानों पर १० दिन से ज्यादा शराब स्टॉक नहीं रखे जाएंगे। आबकारी आयुक्त व आबकारी निरीक्षक ने संयुक्त रूप से किया जिले की विभिन्न सरकारी शराब की दुकानों का किया निरीक्षण। सरकारी शराब की दुकानों पर चौकिंग के दौरान अधिकारियों ने कहा किसी भी प्रकार की अनियमिता बरदाश्त नहीं की जाएंगी
जैन इंटर कॉलेज में समर कैंप का हुआ आयोजन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) मीनाक्षी चौक पर स्थित स्थानीय जैन इंटर कॉलेज में समर कैंप के अंतिम दिन बच्चों ने बहुत अच्छे ढंग से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति के गीतों पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत किए तथा राष्ट्रीय स्वच्छता अभियान से जुड़ने के लिए संकल्प। आज समर कैंप के अंतिम दिन जैन इंटर कॉलेज में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया उससे पहले एक स्वच्छता अभियान के ऊपर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति के गीतों पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया। सर्वप्रथम दिव्या और शीतल ने सरस्वती वंदना की प्रस्तुति दी जबकि आयशा ने स्वागत गान प्रस्तुत किया। इसके पश्चात, नमरा, आयशा, लीजा, शाहनुमा, सानिया इरम, आदि छात्राओं देशभक्ति गीतों पर अपनी प्रस्तुति दी। देश भक्ति गीत ए मेरी जमी पर नवरा का नृत्य, और श्जलवा जलवाश् रंजीत पर सानिया का नृत्य बहुत ज्यादा चलाया गया इसी क्रम में नावेद ने मां तुझे सलामऔर फिर भी दिल है हिंदुस्तानी पर एक आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। इससे पूर्व प्रधानाचार्य दिनेश कुमार जैन ने सभी छात्र छात्राओं को स्वच्छता के बारे में दीजिए जबकि विजय शर्मा विज्ञान अध्यापक ने आंतरिक और बाह्य सब प्रकार की स्वच्छता पर प्रकाश डाला। आज का कार्यक्रम सफल बनाने में विनीत गुप्ता विजय शर्मा, प्रवीण कुमार जैन राजेश कुमार शर्मा संजय शर्मा इत्यादि का सहयोग रहा जबकि कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर वशिष्ठ भारद्वाज ने किया।
कथा सुन किया भाव विभोर
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) शिव दुर्गा मंदिर लक्ष्मण विहार में सात दिवसीय श्री मद्भागवत कथा के पांचवें दिन की शुरुआत भगवान श्री कृष्ण के भजनों से हुई। श्री वृंदावन से पधारे कथा व्यास आचार्य श्री धर्मेन्द्र उपाध्याय जी महाराज ने पांचवें दिन भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, माखन चोरी तथा गोवर्धन पूजा की कथा श्रद्धालुओं को सुनाई। आचार्य धर्मेंद्र उपाध्याय ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण की लीलाएं मानव जीवन के लिए प्रेरणादायक हैं। भगवान कृष्ण ने बचपन में अनेक लीलाएं की। बाल कृष्ण सभी का मन मोह लिया करते थे। नटखट स्वभाव के चलते यशोदा मां के पास उनकी हर रोज शिकायत आती थी। मां उन्हें कहती थी कि प्रतिदिन तुम माखन चुरा के खाया करते हो, तो वह तुरंत मुंह खोलकर मां को दिखा दिया करते थे कि मैंने माखन नहीं खाया। कथा व्यास आचार्य धर्मेंद्र उपाध्याय जी महाराज ने कहा कि भगवान कृष्ण अपनी सखाओं और गोप-ग्वालों के साथ गोवर्धन पर्वत पर गए थे। वहां पर गोपिकाएं ५६ प्रकार का भोजन रखकर नाच गाने के साथ उत्सव मना रही थीं। कृष्ण के पूछने पर उन्होंने बताया कि आज के ही दिन देवों के स्वामी इंद्र का पूजन होता है। इसे इंद्रोज यज्ञ कहते हैं। इससे प्रसन्न होकर इंद्र व्रज में वर्षा करते हैं, जिससे प्रचुर अन्न पैदा होता है। भगवान कृष्ण ने कहा कि इंद्र में क्या शक्ति है। उनसे अधिक शक्तिशाली तो हमारा गोवर्धन पर्वत है। इसके कारण ही वर्षा होती है, अतं हमें इंद्र से बलवान गोवर्धन की पूजा करनी चाहिए। बहुत विवाद के बाद श्री कृष्ण की यह बात मानी गई और व्रज में गोवर्धन पूजा की तैयारियां शुरू हो गईं। इस दौरान श्रद्धालु भक्ति के सागर में मंत्रमुग्ध दिखे। श्रीमद् भागवत कथा में किसान चिंतक एवं वरिष्ठ समाजसेवी कमल मित्तल,बी के सूर्यवंशी , सचिन सिंघल , दिनेश बंसल, सुशील शर्मा, मोहित मलिक,प्रदीप गर्ग ,अर्जुन तिवारी, दयाशंकर तिवारी ,राकेश अग्रवाल आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे।
पी.आर. पब्लिक स्कूल में हुआ समर कैंप का समापन’
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) पचेंडा रोड स्थित पी. आर. पब्लिक स्कूल में समर कैंप का समापन हुआ। जिसमें बच्चों ने विभिन्न प्रकार की गतिविधियां सीखी। विद्यालय के समर कैंप में विद्यालय के बच्चों के अलावा अन्य विद्यालय के बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर और हर्षोल्लास के साथ बहुत सारी गतिविधियां सीखी। सभी बच्चों ने समर कैंप का आनंद उठाया। विद्यालय के प्रबंधक श्री अशोक सिंघल जी ने सभी अध्यापिकाओं की मेहनत की सराहना करते हुए बच्चे को भी नई-नई क्रियाओं में प्रतिभाग करते रहने की सलाह दी जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके। उन्होंने बच्चों को सर्वांगीण विकास का महत्व समझाते हुए कहा कि ’सर्वांगीण विकास से तात्पर्य बच्चों का शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और संवेदनात्मक विकास उनकी आयु के अनुरूप हो। बच्चों का समुचित पालन पोषण कोई आसान काम नहीं है’ साथ ही विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती मानसी सिंघल ने बच्चों को गर्मी से बचाव के उपाय बताएं। उन्होंने बताया कि ’गर्मी के मौसम में ठोस आहार की बजाए तरल पेय पदार्थ जैसे ठंडा पानी, शिकंजी, शर्बत, कैरी का पना, फलों का रस, छाछ, लस्सी ज्यादा मात्रा में लें, इनसे शरीर में तरावट बनी रहेगी और ऊर्जा का स्तर भी बना रहेगा’। समर कैंप की गतिविधियों को समापन कराने में विद्यालय की अध्यापिकाएं श्रीमती चांदनी कश्यप, कुमारी आंचल, कुमारी शिखा, श्रीमती नितिशा और अध्यापक श्री विश्व बंधु शर्मा आदि का सहयोग रहा।
साक्ष्य के अभाव में बरी
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) मुजफ्फरनगर की एक अदालत ने पुलिस कांस्टेबल के हत्यारोपित को साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया। २००२ में थाना नई मंडी में तैनात पुलिस कांस्टेबल की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद पुलिस ने एक बदमाश को एनकाउंटर में ढेर कर दिया था। जबकि एक हत्यारोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
बदमाशों को दबोचने में शहीद हो गया था पुलिस का जवान
अभियोजन के अनुसार २२ सितंबर २००२ को सुबह ४ बजे के करीब थाना नई मंडी में तैनात पुलिस कांस्टेबल आनंद कुमार पुत्र जयपाल निवासी गांव धराऊ जिला बुलंदशहर अपनी ड्यूटी खत्म कर लौट रहा था। वह जैसे ही जसवंतपुरी स्थित अपने निवास से पहले कौशल्य अरोड़ा के मकान के पास पहुंचे तो बदमाशों ने गोली मार दी। गंभीर घायल होने पर आनंद की मृत्यु हो गई थी। इस मामले में थाना सिविल लाइन में तैनात एसआइ डीसी मिश्रा ने मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी।
क्या हुआ था घटनाक्रम, किस तरह लगी थी आनंद को गोली
२२ सितंबर २००२ को देर रात ड्यूटी समाप्त कर बाइक पर लौट रहे कांस्टबल आनंद कुमार को मोहल्ला जसवंतपुरी थाना सिविल लाइन क्षेत्र में रात के करीब ४ बजे दो संदिग्ध जाते नजर आए थे। कांस्टेबल आनंद कुमार ने दोनों को रुकने के लिए कहा, लेकिन वे उन्हें देखकर दौड़ पड़े। आनंद ने बाइक पर बदमाशों का पीछा किया। जिसके बाद एक बदमाश को दबोच लिया। लेकिन दबोचते ही बदमाश ने कांस्टेबल आनंद के सीने पर तमंचा सटाकर गोली चला दी। गंभीर घायल होने के चलते आनंद की मृत्यु हो गई थी। जिसके बाद दोनों बदमाश फरार हो गए थे।
विवेचना के बाद प्रकाश में आए थे संदिग्ध शमीम व सरफराज
घटना के मुकदमे की विवेचना तत्कालीन एसएचओ थाना सिविल लाइन बलराज सिंह ने की थी। विवेचना के दौरान प्रकाश में आया था कि शहीद पुलिस कांस्टेबल आनंद ने संदिग्ध सरफराज उर्फ सिरफिरा पुत्र मुमताज एवं शमीम पुत्र बालू रांगड निवासी केवलपुरी को रोकने का प्रयास किया था। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध फरारी में ही आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल करते हुए उनकी तलाश शुरू कर दी थी। जिसके बाद दोनों के विरुद्ध कोर्ट से कुर्की वारंट जारी हुए थे। अभियोजन के मुताबिक एक आरोपित शमीम पुत्र बालू को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
मुठभेड़ में मारा गया था मुख्य हत्यारोपित सरफराज उर्फ सिरफिरा-पुलिस के अनुसार मुख्य हत्यारोपित सरफराज उर्फ सिरफिरा की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी। इस दौरान ४ सितंबर २००२ को थाना सिविल लाइन पुलिस को क्षेत्र के रुड़की रोड पर हत्यारोपित सरफराज उर्फ सिरफिरा के छिपे होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने एक घर पर दबिश दी तो बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में पुलिस की गोली लगने से घायल सरफराज उर्फ सिरफिरे की मृत्यु हो गई थी।
कोर्ट में पक्षद्रोही साबित हुए २ चश्मदीद, दूसरा हत्यारोपित बरी-बचाव पक्ष के अधिवक्ता काजी मो. अमजद ने बताया कि मुख्य हत्यारोपित सरफराज उर्फ सिरफिरा २००२ में ही पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था। उन्होंने बताया कि दूसरे आरोपित पर हत्या के मुकदमे की सुनवाई एडीजे-१० कमलापति की कोर्ट में हुई। उन्होंने बताया कि अभियोजन उनके मुवक्किल शमीम पर हत्या का आरोप साबित करने में विफल रहा। बताया कि इस मामले में चश्मदीद गवाह अली हसन व नसीम ने भी शमीम के हत्या में शामिल होने से इंकार किया। जिसके बाद कोर्ट ने शमीम को साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया।


