समाचार (Muzaffarnagar News)
बिजली से पानी गर्म करने वाली रोड में आये करंट दो बहनों की हुई मौत से मचा कोहराम
मंत्री कपिलदेव ने दी सांत्वना
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । । शहर में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। नहाने के लिए पानी गर्म करते समय इलेक्ट्रिक राड में आई खराबी के कारण फैले करंट ने दो सगी बहनों की जान ले ली। बड़ी बहन को करंट लगता देख छोटी बहन उसे बचाने दौड़ी, लेकिन खुद भी उसी करंट की चपेट में आ गई। कुछ ही पलों में दोनों की मौत हो गई। घटना से मोहल्ले में सन्नाटा पसर गया और परिवार में कोहराम मच गया।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला उत्तरी रामपुरी की गली नंबर तीन में बुधवार की सुबह अचानक चीख पुकार मचने लगी। कड़ाके की ठंड और कोहरे के बीच उठी ये चीखें देखते ही देखते पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना गईं। मोहल्ले में हलवाई का काम करने वाले विनोद कुमार पाल की बड़ी बेटी निधि 21 वर्ष सुबह स्नान के लिए पानी गर्म कर रही थी। उसने बाल्टी में डाली इलेक्ट्रिक राड से पानी का तापमान जांचने के लिए हाथ लगाया, तभी उसे जोरदार करंट लग गया। करंट के तेज दबाव में इलेक्ट्रिक राड फट भी गई, जिससे स्थिति और भयावह हो गई। बहन की चीख सुनकर उसे बचाने के लिए दौड़ी छोटी बहन लक्ष्मी 16 वर्ष भी करंट की चपेट में आ गई। दोनों किशोरियां कुछ ही क्षण में निढाल होकर जमीन पर गिर पड़ीं। परिवार के लोग और आसपास के निवासी उन्हें अस्पताल लेकर भागे, जहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घर में हुई इस दोहरी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गली में कोहराम मचा रहा। परिजन बिलखते रहे और किसी कानूनी कार्रवाई से इंकार कर दिया। दोनों बहनों के शवों को घर लाकर परिवार ने अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी। स्थानीय सभासद रजत धीमान ने भी शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने बताया कि मृतका निधि बीएससी नर्सिंग की छात्रा थी और लक्ष्मी भी पढ़ाई कर रही थी। दोनों बहनों की उज्ज्वल भविष्य की राह अचानक ही इस दर्दनाक हादसे ने छीन ली। घटना की जानकारी मिलने पर उत्तर प्रदेश सरकार में व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल भी श्मशान घाट जनकपुरी पहुंचे और परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की। मंत्री ने परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
1 फरवरी को धूमधाम के साथ मनाया जायेगा संत शिरोमणी रविदास जन्मोत्सव
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । सन्त शिरोमणी रविदास महासभा, मुजफ्फरनगर की एक बैठक मौहल्ला रविदासपुरी की अम्बेडकर धर्मशाला में सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी 1 फरवरी 2026 दिन रविवार को संत शिरोमणी रविदास जी के 649 वें जन्मदिवस को बडी धूमधाम से मनाने का निश्चय किया गया।
कमैटी के अध्यक्ष राजकुमार सिद्धार्थ व महासचिव दीपचन्द उर्फ माटू ने बताया कि रविदास जन्मोत्सव मनाने के लिए विशाल स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। मीडिया प्रभारी विजय कैमरिक ने बताया कि रविदास महाराज के अनुयायी अपने-अपने मौहल्लों से बैण्ड बाजों व आकर्षक झॉकियो के साथ टाउनहॉल मैदान मे पहुंचेगे। जहां से संयुक्त रूप से शोभायात्रा निकाली जाएगी। जो टाऊन हॉल से शुरू होकर झॉसी की रानी, शिव चौक, रूडकी रोड, सरवट चौक, बकरा मार्किट, आबकारी चौकी, हनुमान चौक, भगतसिंह रोड से होती हुई शिव चौक पर पहुंच कर सम्पन्न होगी।
बैठक में महासभा के संरक्षक रजनीश कुमार गौतम, अध्यक्ष राजकुमार सिद्धार्थ, महासचिव दीपचन्द उर्फ माटू, उपाध्यक्ष रामनिवास रप्पू, नीरज छपारिया, संजय जानिया, सचिव सोमदत्त मास्टर, सतीश डेन्टर, राजेश्वर दयाल उर्फ राजू, ऑडीटर किरणपाल उर्फ भूरा, कोषाध्यक्ष जितेन्द्र धीरयान, कानूनी सलाहकार कुलदीप एडवोकेट, डा.मुकेश गौतम, अरविन्द एडवोकेट, मीडिया प्रभारी विजय कैमरिक व अमित गौतम के अलावा महासभा के सदस्य राजपाल, सुन्दरलाल, दीपक, सुमित, शंकर पेन्टर, राजेन्द्र पेन्टर, अंकित, सागर, अभिषेक, आयुष, सन्नी, सोनू, शैंकी, अभिषेक कुमार, अन्नू सिद्धार्थ, अजय, विश्वजीत उर्फ वीशू आदि मौजूद रहे।
रैन बसेरे का अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने निरीक्षण किया
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जिलाधिकारी श्री उमेश मिश्रा के नेतृत्व में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार द्वारा रेलवे स्टेशन पर संचालित रैन बसेरे का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रैन बसेरे में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, प्रकाश, पेयजल एवं शीतलहर से बचाव की व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। अपर जिलाधिकारी द्वारा रेलवे स्टेशन परिसर का भ्रमण करते हुए खुले में सो रहे नागरिकों से संवाद स्थापित किया गया एवं उन्हें शीतलहर से होने वाले संभावित दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए सुरक्षित रैन बसेरे में रात्रि विश्राम हेतु प्रेरित किया गया। इस दौरान प्रशासनिक अमले द्वारा यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया कि कोई भी असहाय अथवा निराश्रित व्यक्ति ठंड के कारण जोखिम में न रहे। इसके उपरांत अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व द्वारा बस स्टैंड एवं नगर के प्रमुख चौराहों पर जल रहे अलावों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान वहां उपस्थित नागरिकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनी गईं तथा मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अलाव की निरंतरता, पर्याप्त ईंधन उपलब्धता एवं सुरक्षित संचालन पर विशेष बल दिया गया। जिला प्रशासन द्वारा आमजन से भी अपील की गई है कि यदि कहीं कोई व्यक्ति खुले में ठंड से प्रभावित अवस्था में दिखाई दे तो निकटतम प्रशासनिक इकाई को सूचना दें, ताकि समय रहते उसे सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जा सके। जनसामान्य की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य संरक्षण के प्रति जिला प्रशासन पूर्णतः प्रतिबद्ध है और यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। निरीक्षण के समय नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश, उप जिलाधिकारी सदर प्रवीण कुमार द्विवेदी, अधिशासी अधिकारी श्रीमती प्रज्ञा सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शीतलहर की अवधि में रैन बसेरों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
दो ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध खनन में जब्त
चरथावल। पुलिस ने अवैध खनन करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया है। पुलिस ने इन वाहनों को थाने लाकर सीज कर दिया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को लगातार अवैध खनन की सूचनाएं मिल रही थीं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा। उत्तर प्रदेश सरकार और सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार अवैध खनन पर सख्त प्रतिबंध है। जनपद के कप्तान और जिलाधिकारी के आदेश पर चरथावल कस्बा इंचार्ज राजेश कुमार शर्मा लोहारी खुर्द मार्ग पर पहुंचे। वहां उन्होंने ट्रैक्टर ड्राइवर रजनीश को दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ पकड़ा। इनमें से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में जेसीबी लगी हुई थी, जबकि दूसरी ट्रॉली में मिट्टी भरी हुई थी। पुलिस ड्राइवर रजनीश सहित दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को थाने ले आई और उन्हें सीज कर दिया। कस्बा इंचार्ज राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आगे की कार्रवाई उप जिलाधिकारी के निर्देशानुसार की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की नर्सिग होम और अस्पतालों पर छापेमारी
चरथावल। कस्बे में एसीएमओ एवं नोडल अधिकारी डॉ. विपिन ने अस्पतालों और नर्सिंग होम्स पर औचक छापेमारी की। यह कार्रवाई शासन के निर्देश पर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और अवैध रूप से संचालित संस्थानों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने निजी अस्पतालों के पंजीकरण, चिकित्सकों की डिग्री, स्टाफ विवरण, दवाइयों का स्टॉक, ओटी व्यवस्था और अन्य आवश्यक अभिलेखों की गहन जांच की। छापेमारी के दौरान डॉ. विपिन ने अस्पताल संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी चिकित्सकीय संस्थान शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही संचालित हों। टीम ने अस्पतालों के कागजातों की बारीकी से पड़ताल की, जिसमें यह सुनिश्चित किया गया कि कोई भी अस्पताल बिना पंजीकरण या नियमों की अनदेखी कर संचालित न हो। कुछ अस्पतालों में दस्तावेजों की कमी पाई गई, जिसके बाद संबंधित संचालकों को आवश्यक कागजात शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। एसीएमओ डॉ. विपिन ने बताया कि मरीजों की सुरक्षा और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना विभाग की सर्वाच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले अस्पतालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डॉ. विपिन ने यह भी कहा कि क्षेत्र में अवैध और मानकविहीन अस्पतालों पर प्रभावी नियंत्रण रखने के लिए इस तरह की जांच लगातार जारी रहेगी। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अस्पताल संचालकों में सतर्कता देखी गई। वहीं, आमजन ने विभाग की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनहित में एक आवश्यक कदम बताया।
रोहाना टोल प्लाजा पर चलाया चैकिंग अभियान
रोहाना। मुज़फ्फरनगर सहारनपुर स्टेट हाइवे-59 स्थित रोहाना टोल प्लाजा का है। जहाँ एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत, एएसपी सिद्धार्थ के मिश्रा के नेतृत्व में शहर कोतवाल बबलू कुमार, रोहाना चौकी प्रभारी मोहित कुमार ने भारी पुलिस बल के साथ नो हेलमेट नो हाईवे को लेकर चौकिग अभियान चलाया गया। जिसमे कुछ वाहन स्वामीयो को कड़ाई से हेलमेट लगाने को कहा तो वही कुछ वाहनो को वापस लौटाया गया। एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं व मौतों में कमी लाने के लिए नो हेलमेट नो हाईवे को लेकर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है जिसमें वाहन स्वामियों को पहले चरण में हेलमेट पहनने को लेकर समझाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वाहन स्वामियों को बताया गया है कि जब भी वह हाईवे पर जाए तो हेलमेट पहनकर जाये या फिर हेलमेट साथ लेकर जाए। यह अभियान एक हफ्ते तक चलाया जाएगा इसके बाद उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सीओ सिटी सिद्धार्थ के मिश्रा ने कहा कि बिना हेलमेट लगाकर सफर करने वालों को हाईवे पर नही चढने दिया जाएगा। उनका चालान कर कडी कार्रवाई की जाएगी। जीवन अनमोल है, सभी क्षेत्रवासी यातायात के नियमों का पालन करें और सुरक्षित घर पहुंचे। बेवजह दुर्घटना का शिकार होने से बचें। प्रतिदिन हाईवे पर दुर्घटना हो रही है। इस दौरान शहर कोतवाल बबलू कुमार, रोहाना चौकी प्रभारी मोहित कुमार, कास्टेबल राजू कुमार, रहीश खान आदि भारी पुलिस फोर्स के साथ मौजूद रहे।
छपार थानाध्यक्ष ने नो हेलमेट नो हाईवे रैली को दिखाई हरी झंडी
छपार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन पर चलाए जा रहे अभियान में छपार पुलिस ने चलाया हाइवे पर वाहन चालको क़ो जागरूक करने का अभियान। नो हेलमेट नो हाइवे क़ो लागु करने के लिए किया जागरूक. छपार थानाध्यक्ष मोहित सहरावत ने रैली क़ो हरी झंडी दिखाकर रवाना किया साथ ही युवाओ को यातायात के नियमों के प्रति शपथ भी दिलाई।छपार थानाध्यक्ष मोहित सहरावत ने कहा कि सभी वाहन चालक हेलमेट पहनें और युवाओं को खासतौर पर जागरूक रहने की आवश्यकता है, क्योंकि ज्यादातर जगहों पर वे ही सबसे अधिक लापरवाही करते पाए जाते हैं। वाहन चलाने वालों को समझना की जरूरत है कि हेलमेट बोझ नहीं, बल्कि जीवनरक्षक है और सड़क दुर्घटना के दौरान हेलमेट पहने व्यक्ति का सिर सुरक्षित रहता है। हाथ-पैर में चोट लगने का तो उपचार किया जा सकता है, लेकिन सिर में लगी गहरी चोट जिंदगी को खतरे में डाल देती है। बच जाने पर जीवन भर जटिलताएं बनी रहती हैं। ऐसे में दुर्घटना के बाद कई बार बीमा दावे में भी मुश्किल पेश आती है इसलिए नो हेलमेट जो हाईवे तथा यातायात के नियमों का पालन करें।
बिजली की चाक टूल किट का किया वितरण
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । रुड़की रोड स्थित सुदेश पैलेस में आज 50 प्रजापतियों को भारत सरकार की ओर से बिजली की चाक टूल किट का वितरण किया गया। जिससे कि उनके उत्पादन में वृद्धि हो सके और उनकी आर्थिक स्थिति में बदलाव आ सके। कार्यक्रम में सहारनपुर से आए सहायक निदेशक अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि उनका मंत्रालय वस्त्र मंत्रालय (भारत सरकार) 455 क्राफ्ट शिल्पियों को मदद कर रहा है इसका सीधा लाभ कारीगरों को मिलता है। वेलफेयर स्कीम के अंतर्गत मुजफ्फरनगर में आज 50 कुम्हारों को टूल किट का वितरण किया गया। जिससे वह आधुनिक तकनीक के माध्यम से सुंदर और सस्ते बर्तनों का निर्माण कर सके। इससे जहां एक और उनके कार्य में प्रगति होगी वहीं दूसरी ओर उनकी माली हालत भी सुधर जाएगी। इस कार्य के लिए सर्वधर्म संस्था को कार्यदाई संस्था मानकर उनके माध्यम से इन टूल किट का वितरण किया जा रहा है। प्रत्येक टूल किट की कीमत लगभग 10000 आ रही है। उनके साथ आए अरविंद यादव ने बताया कि अगले कुछ महीनो में कुछ नई योजनाएं भी मुजफ्फरनगर जनपद में यहां के लोगों के लिए शुरू की जाएगी उन्होंने बताया कि भारत सरकार का वस्त्र मंत्रालय जिसका एक कार्यालय विकास आयुक्त शिल्प के नाम से मिशन कंपाउंड सहारनपुर में कार्यरत है वह हैंडीक्राफ्ट यानी की हस्तशिल्पियों को बेहद मदद करता है। सहारनपुर का नक्काशी उद्योग भी इसी श्रेणी में है। उन्होंने यह भी बताया कि हस्तशिल्पियों द्वारा बनाई गई चीजे बाहर विदेशों में हमारे ब्रांड एंबेसडर के रूप में कार्य करती हैं। इस अवसर पर सर्व धर्म संस्था के ज्ञानेंद्र शर्मा, आचार्य सूर्यांश सहित अनेक लोगों ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किया। एक लाभार्थी मुकेश प्रजापति और संदीप ने बताया कि इस टूल किट से उनके रोजगार में वृद्धि होगी इसके लिए वे भारत सरकार के आभारी हैं।
आबकारी टीम का चला चैकिंग अभियान
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । अपर मुख्य सचिव, महोदया एवं आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज द्वारा दिये गये निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाये जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के अन्तर्गत विगत दिवस आबकारी टीम, जनपद मुजफ्फरनगर द्वारा जनपद के ग्राम रामपुर, हाजीपुर, नंगला बुजुर्ग आदि में दबिश की कार्यवाही की गयी। आबकारी टीम द्वारा दबिश के दौरान ग्रामों में जंगल क्षेत्रों, कतिपय मकानों एवं संचालित दुकानों, रेस्टोरेन्ट एवं फैक्ट्रीयों की भी आकस्मिक चौकिंग की गयी। आबकारी टीम द्वारा दिल्ली देहरादून मार्ग पर संचालित कतिपय होटलो, ढ़ाबों आदि पर की चौकिंग अभियान चलाया गया। चौकिंग के दौरान आबकारी टीम द्वारा मौके पर उपस्थित व्यक्तियों को अपना सी0यू0जी0 मोबाईल नम्बर इस आश्य से उपलब्ध कराते हुये अपील की गयी कि यदि भविष्य में कोई भी अवैध शराब की बिक्री, निर्माण एवं तस्करी के सम्बन्ध में कोई भी सूचना हो तो, तत्काल उसकी सूचना उन्हे उपलब्ध करा दी जाये। इसी कड़ी में आबकारी टीम द्वारा अर्न्तराज्य मदिरा की तस्करी के सम्भावंना के दृष्टिगत उत्तराखण्ड बार्डर पर ग्राम मजलिसपुर तौफिर में आने-जाने वाले वाहनों की सघन तलाशी ली गयी। तलाशी के दौरान आबकारी आबकारी टीम द्वारा अर्न्तराज्य मदिरा की तस्करी के सम्भावंना की सघन तलाशी ली गयी एवं मार्ग पर खड़े विभिन्न वाहनों की भी आकस्मिक चेकिंग की गयी। आबकारी टीम द्वारा अर्न्तराज्य मदिरा की तस्करी के सम्भावंना के दृष्टिगत विभिन्न-विभिन्न स्थानों पर निरन्तर चेकिंग की जायेगी।
भाकियू क्रांतिकारी का संगठन विस्तार
बुढाना। भारतीय किसान यूनियन क्रांतिकारी (भाकियू क्रांतिकारी) ने मंडावली खादर में संगठन विस्तार किया। इस दौरान ठाकुर संगीत सिंह सोम को युवा जिला अध्यक्ष मेरठ मनोनीत किया गया, जबकि संदीप सोम को मुजफ्फरनगर का जिला मंत्री नियुक्त किया गया। यह महत्वपूर्ण बैठक क्षेत्र के ग्राम मंडावली खादर में ठाकुर सुखपाल के आवास पर आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता भाकियू क्रांतिकारी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव राणा ने की। राजीव राणा ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन में सभी जाति वर्गों का पूर्ण सम्मान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से दिन-रात मेहनत कर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने यह भी दोहराया कि संगठन आम जनमानस की समस्याओं को लगातार मजबूती से उठा रहा है और भविष्य में भी जनहित के मुद्दों को उठाता रहेगा। संगठन विस्तार के क्रम में, ग्राम पंचायत मंडावली खादर निवासी ठाकुर संगीत सिंह सोम को युवा जिला अध्यक्ष मेरठ के पद पर मनोनीत किया गया। इसके अतिरिक्त, नकुल सोम को युवा जिला महासचिव मेरठ, संदीप सोम को जिला मंत्री मुजफ्फरनगर और विकास सोम को युवा जिला सचिव मेरठ के पद पर नियुक्त किया गया। इस अवसर पर रवि कुमार, विपिन राठी, अनुज कुमार शर्मा, इमरान खान, जरीफ अहमद, आमिर खान और माजिद नेता जी सहित बड़ी संख्या में अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हृदय रोग निवारण शिविर का निःशुल्क योग साधना केंद्र पर हुआ शुभारंभ
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । भारतीय योग संस्थान के निशुल्क योग साधना केंद्र ग्रीनलैंड मॉडर्न जूनियर हाई स्कूल मुजफ्फरनगर में पांच दिवसीय हृदय रोग निवारण शिविर का शुभारंभ जनपद प्रभारी एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य ने किया। इस अवसर पर सर्वप्रथम केंद्र प्रमुख नीरज बंसल ने ओम ध्वनि और गायत्री मंत्र से योग साधना शुरू करवाई। उन्होंने हाथ और पैरों की सूक्ष्म क्रियाएं करवाई।तत्पश्चात योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य ने ताड़ासन गोमुख आसन तथा उष्ट्रासन करवाया। जिला प्रधान राज सिंह पुंडीर ने उत्तानपाद हस्तासन,पवन मुक्त आसन, मर्कट आसन तथा शवासन करवाएं। अनुलोम विलोम तथा उज्जयी प्राणायाम योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य ने करवाए। योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य ने हृदय रोगी के लिए क्या-क्या सावधानियां बरतनी चाहिए, विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योगाभ्यास करते समय हृदय रोगी स्वांस न रोकें। क्षमता से कम समय तक आसन की पूर्ण स्थिति में रुके, यदि थकान अनुभव करें तो तुरंत शवासन आसन लगाएं,सायंकालीन भोजन भूख से कम तथा सूरज छिपने से पूर्व ग्रहण करें, रात्रि को समय पर सोए तथा पूरी नींद ले ,तला हुआ, जंक फूड ,आइसक्रीम, रिफाइंड आटा पूरी तरह वर्जित है भूख से अधिक खाने पर हृदय पर दबाव बनता है अतः भूख से कम ही खाएं ,रक्तचाप , मधुमेह तथा तनाव आदि को नियंत्रण में रखें, नमक का सेवन कम करें, धूम्रपान एवं मदिरा का सेवन न करें ,तनाव न बनने दे विपरीत परिस्थितियों में भी शांत और स्थिर रहे ,चिंता न करें ,हर हाल में खुश रहे और प्रतिदिन नियमित रूप से योगाभ्यास करें। सर्दियों में नस नाडियां सिकुड़ जाती है, जिससे हमारे हृदय को अधिक बल लगाना पड़ता है,और व्यक्ति हृदय रोगी बन जाता है इसलिए सर्दियों में योग का अत्यधिक महत्व है।
जिला प्रधान राज सिंह पुंडीर ने भारतीय योग संस्थान का परिचय देते हुए बताया कि भारतीय योग संस्थान की स्थापना 10 अप्रैल 1967 में नई दिल्ली में मानव मात्र के स्वास्थ्य के लिए निशुल्क योग साधना कराने तथा समाज में वसुद्येव कुटुम्बकम की भावना को लेकर की गई थी। उन्होंने बताया कि संस्थान समय समय पर विभिन्न रोग निवारण शिविर लगाकर लोगों को योग के प्रति जागरूक करने का कार्य करता है इसी कड़ी में संस्थान ने ग्रीनलैंड मॉडर्न जूनियर स्कूल मुजफ्फरनगर में पांच दिवसीय हृदय रोग निवारण शिविर लगाया है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से योग शिविर में आकर स्वस्थ लाभ उठाने का आव्हान किया। इस अवसर पर योग साधिका डॉक्टर शारदा मिश्रा ने बहुत ही मनमोहक योग गीत प्रस्तुत किया। शिविर में जिला मंत्री आचार्य रामकिशन सुमन,क्षेत्रीय प्रधान राजीव रघुवंशी,डॉक्टर आशीष मिश्रा, डॉक्टर रामवीर बालियान ,डॉक्टर अक्षय बालियान,कविंद्र बालियान,अशोक मित्तल, कुलदीप मित्तल, गौरव कुमार,यशपाल बरवाला,किशोर जैन,शालू,मोना,मंजू चौधरी, छवि तोमर एडवोकेट आदि ने भाग लिया।
मोमबत्ती जलाकर दी संयुक्त वैश्य अग्रवाल महासभा ने श्रद्धाजंलि
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । संयुक्त वैश्य अग्रवाल महासभा द्वारा शिव चौक स्थित तुलसी पार्क में बांग्लादेश में हिंदुओं पर लगातार हो रही हत्या एवं अत्याचार के विरोध में मृत आत्माओं को मोमबत्ती जलाकर श्रद्धांजलि दी गई तथा 2 मिनट का मौन रखा गया तत्पश्चात महासभा के अध्यक्ष संजय मित्तल ने कहां की जिस प्रकार बांग्लादेश में निर्दाष हिंदुओं की बांग्लादेशयों के द्वारा निर्मम हत्या की जा रही है जो की बहुत निंदनीय एवं अमानवीय है हम देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी से आग्रह करते हैं कि इस अमानवीय कृत्य को अविलम्ब रुकवाया जाए नहीं तो वह समय दूर नहीं है कि भारत की सारी जनता बांग्लादेश के खिलाफ सड़कों पर होगी, श्रद्धांजलि सभा में मृत आत्माओं के प्रति 108 बार राम नाम की माला की गयी श्रद्धांजलि सभा में मुख्य रूप से पूर्व विधायक अशोक कंसल, संजय मित्तल, भीमसेन कंसल, अनिल तायल, विश्व दीप गोयल, सुनील सिंघल, प्रमोद मित्तल, श्रीमोहन तायल राकेश कंसल योगेश कुमार सिंघल राहुल गोयल पवन सिंघल पवन बंसल रेनू गर्ग सौरभ मित्तल अजय कुमार सिंगला संजय गुप्ता विपिन सिंगल प्रमोद मित्तल,विपिन गोयल संजीव गोयल अशोक सिंघल पुरुषोत्तम सिंघल शिशु कांत गर्ग जनार्दन स्वरूप शलभ गर्ग अजय सिंघल आलोक अग्रवाल मुकेश गुप्ता शिवकुमार सिंगल, वैभव मित्तल, आशुतोष गुप्ता रजत गोयल, दिनेश गुप्ता, मित्र सेन, सुधीर कुमार आदि उपस्थित रहे
अलग अलग हादसों में घायल
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । सडक हादसे मे बाईक सवार युवक घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। मिली जानकारी के अनुसार नगर के मौहल्ला किदवईनगर निवासी साजिद अपने चचेरे भाई सुहैल के साथ बाईक द्वारा पुरकाजी रिश्तेदारी में जाते वक्त रूडकी रोड पर अज्ञात वाहन की चपेट में आकर घायल हो गया। राहगीरों ने घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया तथा परिजनो को हादसे की सूचना दी। सडक हादसे की जानकारी मिलते ही परिवारजन भी अस्पताल पहुंच गए।इसके अलावा कार की चपेट में आकर स्कूटी सवार युवक घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। चरथावल क्षेत्र निवासी सुनील स्कूटी द्वारा मुजफ्फरनगर किसी काम से आ रहा था कि शनिधाम के समीप पीछे की और से तेजगति से आ रही कार की चपेट मे आकर युवक सुनील घायल हो गया। ग्रामीणो ने घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया दिया।
बालक का मिला शव
भौराकलां। लापता चल रहे बालक का शव ईख के खेत में पडा मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्ट मार्टम के लिए मोर्चरी पर भिजवा दिया।
मिली जानकारी के अनुसार गांव भौराखुर्द निवासी करीब 8 वर्षीय समद पुत्र जमील बीते दिन अचानक कहीं लापता हो गया था। बालक के परिजनो ने इस समबन्ध में थाने पर गुमशुदगी दर्ज करायी। पुलिस व परिवारजन बालक की तलाश मे जुट गए। कि इसी बीच आज सुबह लापता चल रहे बालक समद का शव गांव के बाहर ईख के खेत में लावारिस अवस्था में पडा मिला। ईख के खेत में बालक का शव पडा देख आसपास के खेतो में काम कर रहे ग्रामीणों सहित दर्जनो ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणो ने बालक के परिजनो को जब इसकी सूचना दी तो घर मे कोहराम मच गया। परिवार के लोग व पडौसी घटना स्थल पर पहुंच गए। वहीं दूसरी और पुलिस भी सूचना मिलते ही गांव मे पहुंच गई। पुलिस ने भीड की मौजूदगी मे पंचनामा भरकर शव को पोस्ट मार्टम के लिए मोर्चरी पर भिजवा दिया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि मामले की जांच पडताल की जा रही है। जांचोपरांत इस सम्बन्ध में विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा सकेगी। बालक की मौत से ग्रामीणो मे शोक छा गया।
धूप निकलने से मिली राहत
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । हाड कंपकंपाने वाली सर्दी के बीच निकली धूप ने लोगों को ठण्ड से राहत दी। दोपहर तक बादलों व ठण्ड के बाद धूप निकलने पर बाजारों मे रौनक नजर आई। धूप निकलने से गली-मौहल्लो मे भी अच्छी-खासी चहल पहल रही।
जनवरी के पहले सप्ताह से ही सर्दी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। गलनभरी सर्दी, हाईवे पर कोहरे तथा धुंध के कारण वाहन रेंगते नजर आए। सर्दी के कारण बाजार में कामकाज पर भी फर्क पड रहा है। दुकानदारों का कहना है कि अक्सर सर्दी के मौसम मे बाजार में काम मन्दा रहता है। क्योंकि घने कोहरे व ठण्ड के कारण गांव-देहात से भी बहुत कम लोग शहर खरीदारी के लिए आ पाते हैं। हालाकि सर्दी के दृष्टिगत जिला प्रशासन एवं पालिका प्रशासन द्वारा रैन बसेरा, अलाव एवं कम्बल वितरण आदि की व्यवस्था की गई है। ताकि निराश्रितों को सर्दी से बचाया जा सके। दोपहर के वक्त धूप निकलने पर सर्दी से राहत मिली। स्कूलों मे छुटिटयों के कारण छोटे छोटे बच्चों ने भी जमकर क्रिकेट खेला तथा धमाचोकडी की।
एसएसपी के निर्देशन में पुलिस द्वारा की गयी त्वरित कार्यवाही
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । जनसुनवाई के दौरान आए 02 प्रकरणों का क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में किया गया त्वरित निस्तारिण । आवेदकों द्वारा पुलिस का किया गया धन्यवाद । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन मे मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा जनता की शिकायतों के निस्तारण हेतु सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं । इसी क्रम में दिनांक 01.01.2026 को आवेदकधनंजय देवेश पुत्र श्री कमलेश गौतम निवासी मौ0 कानूनगोयान कस्बा व चरथावल, मुजफ्फरनगर द्वारा पुलिस कार्यालय, मुजफ्फरनगर में जनसुनवाई के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर के समक्ष प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया गया कि विपक्षी द्वारा उनकी भूमि पर पिलर खड़े कर अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया है। प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा निष्पक्ष जांच कर शीघ्र निस्तारण हेतु क्षेत्राधिकारी डॉ0 रवि शंकर मिश्रा के नेतृत्व में एक टीम गठित की गयी । गठित टीम द्वारा 02.01.2026 को दोनों पक्षों को बुलाकर मौके पर वार्ता की गई तथा तथ्यों एवं अभिलेखों का अवलोकन करते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की गई। पुलिस टीम के प्रभावी प्रयासों से आवेदक को उसकी भूमि वापस दिलाई गई एवं प्रकरण का शांतिपूर्ण एवं विधिसम्मत त्वरित निस्तारण कराया गया। आज आवेदक धनंजय देवेश द्वारा क्षेत्राधिकारी सदर कार्यालय में उपस्थित होकर क्षेत्राधिकारी सदर डॉ० रवि शंकर मिश्रा व मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा की गई त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्यवाही के लिए आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया गया। वहीं आवेदिका श्रीमती साक्षी पत्नी स्व0 दीप अंसुल निवासी ग्राम जयभगवानपुर थाना छपार, मुजफ्फरनगर द्वारा महिला आयोग वआईजीआरएस के माध्यम से प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया कि आवेदिका के पति की मृत्यु के उपरांत क्लेम के पैसों को ससुरालीजन द्वारा आवेदिका को नहीं दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी सदर डॉ0 रवि शंकर मिश्रा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा दोनों पक्षों से वार्ता की गयी तथा आवेदिका के खाते में 02 लाख रुपये जमा कराए गए एवं आवेदिका के दोनों बच्चों की 03-03 लाख रुपयों की एफडी कराते हुए प्रकरण को शांतिपूर्ण तरीके से निस्तारित किया गया । आवेदिका द्वारा क्षेत्राधिकारी सदर डॉ० रवि शंकर मिश्रा व मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा की गई त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्यवाही के लिए आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
स्थापना दिवस मनाया
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । यूको बैंक की ’मुज़फ्फरनगर शाखा’ में बैंक का ’84वां स्थापना दिवस’ हर्षाल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बैंक के सम्मानित ग्राहक एवं सेवानिवृत्त कर्मचारी शाखा में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का नेतृत्व शाखा प्रमुख ’’श्री मोहम्मद अहसान ने किया। इस अवसर पर शाखा के कर्मचारी ’’श्री चौधरी सतेंद्र कुमार, श्री मोहित शर्मा, श्री प्रतीक चंचल, श्री अली, सुश्री मानिका एवं सुश्री लता’व प्रेमपाल सिंह उपस्थित रहे। स्थापना दिवस के अवसर पर बैंक के ’डिजिटल बैंकिंग उत्पादों एवं सेवाओं’ पर भी चर्चा की गई तथा ग्राहकों को इनके लाभों की जानकारी दी गई।
विष्णुलोक पर हुआ नव पंचाग का विमोचन
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन थाने के सामने स्थित धार्मिक संस्थान विष्णुलोक पर नववर्ष के तिथि पंचाग कलैण्डर का विमोचन किया गया। विष्णुलोक के संचालक पंडित विनय शर्मा ने बताया कि वे प्रत्येक वर्ष धार्मिक पंचाग का प्रकाशन कराते हैं। इस वर्ष भी आज नगर के गणमान्य व्यक्तियों द्वारा इस पंचाग का विमोचन किया गया। पंडित हेमन्त वशिष्ठ ने मंत्रोच्चार किया तथा शंख ध्वनि से वातावरण को गुंजाएमान कर दिया। विमोचन समारोह के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता डा.सुभाषचन्द शर्मा, कांग्रेस नेता पंडित सुबोध शर्मा, वरिष्ठ रालोद नेता पंडित उमादत्त शर्मा, रामपाल सिंह पुण्डीर एडवोकेट, पंडित ब्रहमप्रकाश शर्मा, जिला पंचायत के पूर्व प्रशासनिक अधिकारी राकेश शर्मा, पूर्व प्रधानाचार्य राकेश शर्मा, हास्य कलाकार रमेश केस्टो, सतीश कौशिक, नवनीत कौशिक आदि मौजूद रहे। सभी ने नवपंचाग के प्रकाशन पर पंडित विनय शर्मा व पंडित हेमन्त शर्मा को बधाई दी। कार्यक्रम के समापन पर प्रसाद वितरण किया गया।



Hi there, just became alert to your blog through Google, and found that it is really informative.
I am going to watch out for brussels. I’ll appreciate if you continue
this in future. Many people will be benefited from your writing.
Cheers!