समाचार (Muzaffarnagar News)
ऊंचे डीजे और तेज आवाज पर काटा चालान
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, निर्बाध यातायात व्यवस्था तथा शासन द्वारा निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा जनपद की समस्त सीमाओं एवं कांवड़ मार्गों पर डीजे वाहनों की सघन जांच की जा रही है। इसी क्रम में कश्यप डीजे नामक एक डीजे, जो हरिद्वार सा आ रहा था, जनपद मुजफ्फरनगर की सीमा में प्रवेश करने पर पुलिस द्वारा चेक किया गया। जांच के दौरान पाया गया कि उक्त डीजे की लंबाई, चैड़ाई एवं ध्वनि (डेसीबल) स्तर शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं था। साथ ही डीजे के ऊपर कई व्यक्ति बैठे हुए थे, जिससे ऊंचाई अधिक होने के कारण विद्युत लाइनों एवं अन्य अवरोधों से दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। इसके अतिरिक्त डीजे के कारण यातायात भी प्रभावित हो रहा था। उक्त गंभीर अनियमितताओं को दृष्टिगत रखते हुए मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा संबंधित डीजे का घ्50,000 का चालान किया गया। इसके उपरांत मौके पर ही डीजे को शासन द्वारा निर्धारित लंबाई, चैड़ाई एवं ध्वनि (डेसीबल) मानकों के अनुरूप कराया गया तथा सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित होने के बाद ही उसे आगे गंतव्य के लिए रवाना किया गया। मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा पूर्व में सभी डीजे संचालकों को शासन द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करने हेतु नोटिस प्रदान किए जा चुके हैं, इसके उपरांत भी गाइडलाइन का उल्लंघन करने पर उक्त डीजे संचालक के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। मुजफ्फरनगर पुलिस स्पष्ट करना चाहती है कि जनपद के सभी प्रवेश बार्डरों एवं कांवड़ मार्गों पर डीजे वाहनों की लगातार सघन जांच की जा रही है। जो भी डीजे शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप नहीं पाए जा रहे हैं, उन्हें मौके पर ही निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जा रहा है। किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गाइडलाइन का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मुजफ्फरनगर पुलिस सभी शिवभक्त कांवड़ियों एवं डीजे संचालकों से अपील करती है कि शासन द्वारा जारी समस्त दिशा-निर्देशों एवं सुरक्षा मानकों का पूर्णतः पालन करें। सुरक्षित, अनुशासित एवं व्यवस्थित कांवड़ यात्रा के संचालन में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें, जिससे सभी श्रद्धालु सकुशल अपने गंतव्य तक पहुंच सकें तथा यात्रा शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो।
कांवड़ यात्रा की मंत्री सोमेंद्र तोमर और कपिल देव अग्रवाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।विकास भवन, मुजफ्फरनगर में जिला प्रशासन समन्वय समिति (कोर कमेटी) एवं कांवड़ यात्रा-2026 की व्यवस्थाओं की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता माननीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सौमेन्द्र तोमर द्वारा की गई। बैठक में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा सहित जनपद के प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक प्रारंभ होने से पूर्व गार्द द्वारा माननीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सौमेन्द्र तोमर को सलामी दी गई। बैठक के दौरान कांवड़ यात्रा-2026 के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, डायवर्जन प्लान, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं, साफ-सफाई, कंट्रोल रूम संचालन, आपदा प्रबंधन तथा विभिन्न विभागों के मध्य बेहतर समन्वय सहित अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वाेच्च प्राथमिकता रहे तथा प्रत्येक व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जाए। बैठक उपरांत माननीय मंत्रीगण, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं अन्य अधिकारियों द्वारा कांवड़ मार्ग तथा शिव चैक स्थित एकीकृत कंट्रोल रूम का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए ताकि कांवड़ यात्रा का संचालन सुरक्षित, व्यवस्थित एवं निर्बाध रूप से संपन्न कराया जा सके। इसके उपरांत माननीय मंत्रीगण व अधिकारीगण द्वारा शिव चैक स्थित प्राचीन शिव मंदिर में विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर जनपद एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि तथा कांवड़ यात्रा के सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न होने की कामना की गई। साथ ही शिव चैक से गुजर रहे शिवभक्त कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन एवं स्वागत किया गया। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी प्रशासन एवं पुलिस द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। जनपद प्रशासन एवं मुजफ्फरनगर पुलिस कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ सतत कार्यरत है।
कांवड़ यात्रा के बीच पुलिस की तत्परता से प्रसूता को मिला नया जीवन
दिल्ली की महिला कांवड़िया ने दिया जुड़वा बच्चों को जन्म
मुजफ्फरनगर। श्रावण माह कांवड़ यात्रा 2026 के दौरान मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा एक बार फिर मानवता एवं संवेदनशीलता का परिचय देते हुए गर्भवती कांवड़िया की समय पर सहायता कर सुरक्षित उपचार सुनिश्चित कराया गया। दिल्ली निवासी महिला कांवड़िया नेहा, हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा के दौरान जनपद मुजफ्फरनगर पहुंची थीं। इसी दौरान उन्हें अचानक प्रसव पीड़ा (लेबर पेन) शुरू हो गई। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन एवं सहायक पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ के. मिश्रा के नेतृत्व में मुजफ्फरनगर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा बिना विलंब किए गर्भवती महिला कांवड़िया को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों की टीम द्वारा त्वरित एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराया गया, जिसके परिणामस्वरूप महिला कांवड़िया नेहा ने सकुशल दो जुड़वा शिशुओं को जन्म दिया। वर्तमान में प्रसूता एवं दोनों नवजात पूर्णतः सुरक्षित हैं तथा चिकित्सकीय निगरानी में हैं। घटना की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर श्री संजय कुमार वर्मा जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने प्रसूता एवं नवजात शिशुओं का कुशलक्षेम जाना, उन्हें शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान किया तथा उपहार भेंट कर उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
मुजफ्फरनगर पुलिस श्रावण मास कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं हरसंभव सहायता के लिए निरंतर तत्पर है, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु अपनी यात्रा सुरक्षित एवं सकुशल पूर्ण कर सके।
एसपी सिटी ने लिया श्रावण के प्रथम सोमवार पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। श्रावण मास के प्रथम सोमवार के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा शिव चैक एवं मीनाक्षी चैक का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया गया जायजा, ड्यूटी पर तैनात पुलिस को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश। श्रावण मास के प्रथम सोमवार के अवसर पर कांवड़ यात्रा एवं शिवभक्तों की अत्यधिक संख्या को दृष्टिगत रखते हुए जनपद में सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन द्वारा शिव चैक एवं मीनाक्षी चैक क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा कांवड़ मार्ग, बैरिकेडिंग, डायवर्जन व्यवस्था, ड्यूटी प्वाइंट, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता एवं सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा निर्देशित किया गया कि प्रत्येक ड्यूटी प्वाइंट पर नियुक्त पुलिस बल निरंतर भ्रमणशील रहकर संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखे। कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं संवेदनशील व्यवहार करते हुए उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा किसी भी प्रकार की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने, आपातकालीन सेवाओं के आवागमन को निर्बाध बनाए रखने तथा सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही कंट्रोल रूम एवं उच्चाधिकारियों से निरंतर संपर्क बनाए रखते हुए प्रत्येक गतिविधि की नियमित सूचना उपलब्ध कराने हेतु भी निर्देशित किया गया।
एसएसपी नेे किया कांवड़ सेवा शिविर का उद्घाटन
पुरकाजी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा द्वारा लाला सुखलाल सनातन धर्म इंटर कॉलेज, पुरकाजी में कांवड़ सेवा शिविर का उद्घाटन कर व्यवस्थाओं का लिया गया जायजा, शिवभक्त कांवड़ियों को प्रसाद वितरित कर सुरक्षित यात्रा की दी शुभकामनाएं। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 के दृष्टिगत जनपद मुजफ्फरनगर में शिवभक्त कांवड़ियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सेवा के लिए विभिन्न स्थानों पर सेवा शिविर संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा द्वारा थाना पुरकाजी क्षेत्रांतर्गत लाला सुखलाल सनातन धर्म इंटर कॉलेज में स्थापित कांवड़ सेवा शिविर का विधिवत उद्घाटन किया गया। उद्घाटन उपरांत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा सेवा शिविर में उपलब्ध कराई गई व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, भोजन-प्रसाद, चिकित्सा सहायता, विश्राम स्थल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं आयोजन समिति के पदाधिकारियों को शिवभक्तों को निर्बाध एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय ने शिवभक्त कांवड़ियों से संवाद स्थापित कर उनकी कुशलक्षेम पूछी तथा उन्हें प्रसाद का वितरण किया। साथ ही शिवभक्तों की मंगलमय एवं सुरक्षित यात्रा की कामना करते हुए उन्हें यातायात नियमों का पालन करने, अनुशासन बनाए रखने तथा प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करना मुजफ्फरनगर पुलिस की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसके लिए कांवड़ मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल, यातायात पुलिस, पीआरवी, सीसीटीवी निगरानी, कंट्रोल रूम एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं प्रभावी रूप से संचालित की जा रही हैं। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता एवं सेवा भाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। मुजफ्फरनगर पुलिस कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा शिवभक्तों की सेवा एवं सुरक्षा के लिए निरंतर तत्पर है।
फीता काटकर कांवड़ सेवा शिविर का एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ ने किया शुभारंभ
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। पुलिस अधीक्षक अपराध, मुजफ्फरनगर श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ द्वारा कांवड़ सेवा शिविर का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर शिविर संचालकों एवं आयोजकों द्वारा पुलिस अधीक्षक अपराध को पारंपरिक पगड़ी पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध महोदया द्वारा भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली, उत्तम स्वास्थ्य तथा कांवड़ यात्रा के सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न होने की कामना की गई। इस अवसर पर उन्होंने शिविर संचालकों से संवाद करते हुए कहा कि कांवड़ श्रद्धालुओं को स्वच्छ पेयजल, भोजन, विश्राम, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही श्रद्धालुओं की हर संभव सहायता की जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने शिविर संचालकों से प्रशासन एवं पुलिस का पूर्ण सहयोग करने, सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनपद पुलिस कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का संकल्प लिया।
आधी रात सड़कों पर उतरीं एसडीएम रश्मि लाम्बा और तहसीलदार श्रद्धा गुप्ता ने परखी कांवड शिविरों की व्यवस्था
जानसठ। श्रावण कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के मद्देनजर एसडीएम जानसठ रश्मि लाम्बा एवं तहसीलदार श्रद्धा गुप्ता ने रात्रि में भ्रमणशील रहते हुए तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कांवड़ सेवा शिविरों का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने शिविर में उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं का गहनता से जायज़ा लिया और कांवड़ियों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी हासिल की। एसडीएम जानसठ रश्मि लाम्बा तहसीलदार श्रद्धा गुप्ता ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पेयजल, भोजन, चिकित्सा, विश्राम स्थल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई तथा सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं शिविर संचालकों को निर्देश दिए कि कांवड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए तथा सभी व्यवस्थाएं चैबीसों घंटे सुचारु रूप से संचालित रहें। एसडीएम रश्मि लाम्बा ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधा प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए हर स्थिति पर सतर्क निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
तहसीलदार श्रद्धा गुप्ता ने शिविर में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त पेयजल, प्राथमिक उपचार और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिविर संचालकों द्वारा श्रद्धालुओं की सेवा के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना भी की।
कथा के अंतिम दिन गूंजा गीतापाठ
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। शिव पुराण कथा के विश्राम दिवस पर कृष्ण कृपा अमृत एवं अष्टादश श्लोकी गीतापाठ का आयोजन भी हुआ। श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार के सचिव अतुल कुमार गर्ग ने बताया कि श्री दुर्गा मंदिर, नुमाइश कैंप में 27 जौलाई से 02 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन सांय 04 बजे से 06 बजे तक होने वाली श्री शिव महापुराण कथा के विश्राम दिवस पर कथा व्यास आचार्य पंडित होती लाल शर्मा का श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार द्वारा आचार्य श्री को माल्यार्पण तथा गीतापाठ की पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया गया। आचार्य पं होती लाल शर्मा द्वारा प्रस्तुत शिव विवाह का प्रसंग सुनकर सभी उपस्थित श्रद्धालु जन मंत्र मुग्ध होकर झूम उठे । गीता पाठ परिवार के रामबीर सिंह ने सभी उपस्थित श्रद्धालु जनों को गीतापाठ के पत्रक भेंट किये।कथा मे समाज सेवी देवराज पंवार,अतुल गर्ग, रामबीर सिंह,राजेश वर्मा, सुभाष गर्ग, विपिन गुप्ता, सुनीता अरोड़ा, सोनिया सिंह, रंजू झा, सीताराम आचार्य, महेंद्र चैहान,दीपाली, राकेश तनेजा,रजनी, उषा,शुभम, संजीव,पूनम,संगीता,उमा, नवीन,चंद्रकांता,ज्योति, अशोक गुप्ता,एड संदीप दास, पं बृजेश दूबे,नंदिनी, सारिका,नूतन,आरती,अजय पाहूजा,उपेन्द्र भारद्वाज, संजीव आदि बड़ी संख्या मे सहयोगी संस्थाओ आचार्य कुल,बाल कृष्ण सेवा संस्थान, गुडविल सोसाइटी,श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार के सदस्य आदि सैकड़ो की संख्या मे श्रद्धालु तथा बडी संख्या मे नुमाइश कैंप से मातृशक्ति उपस्थित रही।अन्त मे आरती तथा भोग प्रसाद वितरण के उपरांत कथा को विश्राम दिया गया।
एसएसपी ने वाॅच टावर और कंट्रोल रूम का लिया जायजा
मुजफ्फरनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा द्वारा भूराहेड़ी चेकपोस्ट पर स्थापित कंट्रोल रूम एवं वॉच टावर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया गया जायजा।कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल एवं शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, संजय कुमार वर्मा द्वारा थाना पुरकाजी क्षेत्रांतर्गत भूराहेड़ी चेकपोस्ट पर स्थापित कंट्रोल रूम एवं वॉच टावर का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगरअमृत जैन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक सहित पुलिस के अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा कंट्रोल रूम में स्थापित सीसीटीवी कैमरों, संचार व्यवस्था, निगरानी प्रणाली एवं पुलिस बल की तैनाती का जायजा लिया गया। वॉच टावर से कांवड़ मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की आवाजाही का अवलोकन करते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान उन्होंने निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर सतत निगरानी रखी जाए, प्रत्येक सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखते हुए श्रद्धालुओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही सभी पुलिसकर्मी आपसी समन्वय बनाए रखते हुए संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतें, जिससे कांवड़ यात्रा सकुशल एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराई जा सके।
आकर्षण का केंद्र बनी नोटो से सीज कांवड
मंदिर में दान होंगे सभी रुपये
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान जनपद मुजफ्फरनगर की सड़कों पर अद्भूत और अलौकिक दृश्य देखने को मिल रहे हैं। यहां से गुजर रहे शिवभक्तों के अनोखे रूप और अटूट श्रद्धा श्रद्धालुओं व राहगीरों को भावविभोर कर रही है। इसी कड़ी में दिल्ली से आए एक शिवभक्त की नोटों से सजी कांवड़ अनोखी रही। दिल्ली के हर्ष विहार निवासी शिवभक्त दीपांशु अपने चार साथियों के साथ हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। उनकी कांवड़ की खासियत यह है कि उसे 10, 20, 50 और 100 रुपये के भारतीय करेंसी नोटों से बेहद खूबसूरती से सजाया गया है। दूर से देखने पर ऐसा लगता है मानो पूरी कांवड़ पर नोटों की चादर बिछी हो।
दीपांशु ने बताया कि उन्होंने कांवड़ में लगे नोटों की कभी गिनती नहीं की है। उनके लिए यह केवल धन नहीं, बल्कि महादेव के प्रति अटूट आस्था और समर्पण का प्रतीक है। शिवभक्त दीपांशु ने अपनी भावना व्यक्त करते हुए बताया कि यह पूरी कांवड़ भगवान भोलेनाथ की कृपा से ही संभव हो सकी है। जलाभिषेक संपन्न होने के बाद कांवड़ में लगे सभी नोट हर्ष विहार स्थित शिव मंदिर में दान कर दिए जाएंगे। इस दान की गई राशि से विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिससे शिवभक्तों की सेवा की जा सकेगी। यह एक कंधा कांवड़ है, जिसे दीपांशु पूरी यात्रा के दौरान अपने कंधों पर उठाकर चल रहे हैं, जबकि उनके चार साथी यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने में उनका सहयोग कर रहे हैं।
आस्था का अलौकिक दृश्य
411 दिन की कठिन कांवड़ यात्रा पर निकले मेरठ के हरपाल नाथ
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान मुजफ्फरनगर की सड़कों पर आस्था, संकल्प और भक्ति का ऐसा अलौकिक दृश्य देखने को मिल रहा है, जो हर किसी को भावविभोर कर रहा है। रविवार रात मेरठ निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग शिवभक्त हरपाल नाथ जब मुजफ्फरनगर से गुजरे, तो उनकी कठिन तपस्या देख लोग स्तब्ध रह गए। हरपाल नाथ हरिद्वार से 33 लीटर पवित्र गंगाजल लेकर सामान्य तरीके से नहीं, बल्कि घुटनों के बल रेंगते हुए अपनी यात्रा पूरी कर रहे हैं। हरपाल नाथ हाथ में पकड़ी हुई चार पहियों वाली एक विशेष रेहड़ीनुमा कांवड़ को घुटनों के बल खींचते हुए आगे बढ़ा रहे हैं। इस कांवड़ में पवित्र गंगाजल के साथ-साथ उनके दैनिक उपयोग की सामग्रियां रखी हुई हैं। कांवड़ पर लहराती भगवान भोलेनाथ की ध्वजा के साथ राष्ट्रध्वज तिरंगा उनकी अगाध शिवभक्ति के साथ देशभक्ति का भी संदेश दे रहा है। वृद्ध शिवभक्त के इस अद्वितीय समर्पण को देखकर मुजफ्फरनगर की सड़कों पर श्रद्धालुओं और राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई। लोग न सिर्फ रुककर उनका हौसला बढ़ा रहे हैं, बल्कि उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद भी ले रहे हैं। कई श्रद्धालुओं ने इस अलौकिक यात्रा के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किए। घुटनों के बल धीरे-धीरे आगे बढ़ता उनका यह कठिन सफर हर किसी के लिए दृढ़ संकल्प का मिसाल बना हुआ है। हरपाल नाथ ने बताया कि यह उनकी इस तरह की तीसरी कठिन यात्रा है। इस बार वह लगभग 411 दिनों की अवधि में 2400 किलोमीटर की विशाल दूरी तय करेंगे। इस यात्रा के दौरान वहरू
मुजफ्फरनगर के संभलहेड़ा स्थित प्रसिद्ध शिवधाम, मध्य प्रदेश स्थित द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक महाकालेश्वर मंदिर, और नेपाल स्थित प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर पहुंचकर भगवान आशुतोष का जलाभिषेक करेंगे। अपनी इस कठिन तपस्या पर बात करते हुए 65 वर्षीय हरपाल नाथ ने कहा कि उनकी इस यात्रा के पीछे कोई निजी मनोकामना या सांसारिक इच्छा नहीं है। यह यात्रा पूरी तरह से भगवान भोलेनाथ के प्रति उनकी अटूट श्रद्धा और पूर्ण समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जब तक उनके शरीर में सांसें हैं और महादेव की कृपा बनी रहेगी, तब तक वह इसी तरह भक्ति के मार्ग पर अग्रसर रहेंगे। मार्ग में मिल रहे सहयोग पर उन्होंने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रास्ते में शिवभक्त उन्हें भोजन, पानी और हरसंभव मदद दे रहे हैं, जो यह साबित करता है कि कांवड़ यात्रा में भक्तों की सेवा ही वास्तव में शिव की सच्ची सेवा है।
जिलाधिकारी व एसएसपी ने अस्थायी पुलिस चैकी का किया निरीक्षण
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित, दुर्घटनामुक्त एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद मुजफ्फरनगर में पुलिस व प्रशासन द्वारा निरंतर सुरक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा द्वारा थाना बुढाना क्षेत्र में कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत की गई सुरक्षा, यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन कर उनकी समीक्षा की गई। इस दौरान क्षेत्राधिकारी बुढाना गजेन्द्र पाल सिंह, थाना प्रभारी बुढाना सुभाष अत्री सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। इस दौरान अधिकारियों द्वारा चैधरी चरण सिंह तिराहा पर स्थापित अस्थायी कांवड़ पुलिस चैकी का भी निरीक्षण किया गया तथा वहां तैनात पुलिस बल को ड्यूटी के दौरान पूर्ण सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही कांवड़ियों की निर्बाध एवं सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने तथा आमजन एवं श्रद्धालुओं से विनम्र व्यवहार बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान शासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। कांवड़ मार्ग पर निरंतर भ्रमणशील रहकर प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क दृष्टि रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की समस्या अथवा आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मानवता की अनूठी मिसाल
साक्षी वेलफेयर ट्रस्ट की अध्यक्ष शालू सैनी ने दो लावारिस शवों का कराया सम्मानजनक अंतिम संस्कार
मुजफ्फरनगर। जीवन की सबसे बड़ी सच्चाई मृत्यु है, लेकिन उससे भी अधिक पीड़ादायक वह क्षण होता है जब किसी इंसान की अंतिम यात्रा में उसे कंधा देने वाला भी कोई अपना न हो। कोई बहन नहीं, कोई बेटी नहीं, कोई बेटा नहीं और न ही कोई परिजन। ऐसे दर्दनाक क्षणों में यदि कोई अनजान व्यक्ति रिश्तों से बढ़कर अपना बन जाए, तो वह केवल समाजसेवा नहीं, बल्कि जीवित मानवता की सबसे बड़ी मिसाल बन जाती है। ऐसी ही एक मार्मिक तस्वीर एक बार फिर मुजफ्फरनगर में देखने को मिली, जब भोपा और खतौली थाना क्षेत्र से मिले दो अज्ञात शवों की सूचना साक्षी वेलफेयर ट्रस्ट की राष्ट्रीय अध्यक्ष क्रांतिकारी शालू सैनी को मिली। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचीं। पुलिस की सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उन्होंने दोनों शवों को अपने संरक्षण में लिया और पूरे सम्मान, वैदिक मंत्रोच्चार तथा धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ उनकी अंतिम यात्रा संपन्न कराई। उन दोनों अनजान लोगों की अर्थी पर रोने वाला कोई अपना नहीं था, लेकिन शालू सैनी ने बेटी और बहन का फर्ज निभाते हुए उन्हें सम्मानजनक विदाई दी। जिनकी पहचान तक दुनिया नहीं जान सकी, उनकी अंतिम यात्रा को भी उन्होंने सम्मान और संवेदनाओं से भर दिया। क्रांतिकारी शालू सैनी का यह मानवीय अभियान वर्षों से लगातार जारी है। अब तक वह हजारों लावारिस, बेसहारा और अज्ञात शवों का उनके धर्म और परंपराओं के अनुसार अंतिम संस्कार करा चुकी हैं। चाहे हिंदू हो, मुस्लिम, सिख या ईसाईकृहर धर्म के मृतकों को उनकी धार्मिक मान्यताओं के अनुसार अंतिम विदाई देकर उन्होंने यह संदेश दिया है कि इंसानियत की कोई जाति या धर्म नहीं होता। क्रांतिकारी शालू सैनी ने कहा कि हर इंसान सम्मान के साथ इस दुनिया से विदा होने का अधिकार रखता है। यदि किसी की अंतिम यात्रा में उसका अपना कोई नहीं है, तो समाज को उसका परिवार बनना चाहिए। उनका संकल्प है कि कोई भी लावारिस या बेसहारा शव बिना सम्मान के अंतिम विदाई से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि उनकी संस्था केवल लावारिस शवों का अंतिम संस्कार ही नहीं करती, बल्कि बेसहारा और परित्यक्त वृद्ध माताओं के लिए वृद्धाश्रम का संचालन, निर्धन परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण, आत्मरक्षा का प्रशिक्षण, जरूरतमंदों को भोजन, वस्त्र और अन्य सामाजिक सहायता जैसे अनेक सेवा कार्य भी लगातार कर रही है। इस मानवीय कार्य की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र के लोगों ने शालू सैनी के प्रति गहरा सम्मान व्यक्त किया। लोगों का कहना है कि आज के समय में जब कई बार अपने भी साथ छोड़ देते हैं, तब शालू सैनी उन लोगों की अंतिम उम्मीद बन जाती हैं, जिनका इस दुनिया में कोई नहीं बचता।
श्रावण माह के प्रथम सोमवार को हर हर महादेव के साथ हुआ शिवालयों में जलाभिषेक
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।पवित्र श्रावण मास के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर पूरा जनपद भक्ति, अगाध आस्था और उल्लास के रंग में सराबोर नजर आया। सावन के पहले सोमवार का विशेष धार्मिक महत्व होने के कारण तड़के से ही शहर के सभी छोटे-बड़े मंदिरों में भगवान आशुतोष के दर्शन व जलाभिषेक के लिए शिवभक्तों का तांता लग गया। पूरा शहर हर-हर महादेव, ओम नमः शिवाय और बम-बम भोले के गगनभेदी जयकारों से भक्तिमय हो उठा। महिलाएं, पुरुष, बच्चे और बुजुर्गकृसभी हाथों में गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और पूजन सामग्री लिए अपनी बारी का इंतज़ार करते दिखाई दिए। नगर के हृदय स्थल से लेकर गलियों में स्थित शिवालयों तक, हर जगह शिवभक्तों का सैलाब देखने को मिला। अंसारी रोड स्थित प्राचीन बोहरों का मंदिररू ऐतिहासिक बोहरों के मंदिर में तड़के भव्य आरती के साथ ही जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हुआ, जो दोपहर तक अनवरत चलता रहा। मुख्य केंद्र शिव चैक पर श्रद्धालुओं ने विशेष पूजा-अर्चना की और परिक्रमा कर भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। गांधी कॉलोनी स्थित अनंतेश्वर महादेव मंदिर और अंकित विहार स्थित परशुराम महादेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी लाइनें देखने को मिलीं। इसके अलावा नदी घाट स्थित देवी मंदिर, बिंदल बाज़ार (नई मंडी) स्थित माता वाला मंदिर, श्री बालाजी धाम, गणपति धाम, कटार सिंह का मंदिर तथा बिलासपुर स्थित सिद्धपीठ शिव मंदिर में भी भक्तों ने कतारबद्ध होकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर समितियों और स्थानीय पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा व व्यवस्था के पुख्ता इंतज़ाम किए गए थे। श्रद्धालुओं की सुगमता के लिए महिला व पुरुष भक्तों की अलग-अलग कतारें बनाई गई थीं। मंदिर प्रांगणों में वालंटियर्स और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा, जिससे सभी श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित ढंग से दर्शन-पूजन किया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सावन का सोमवार भगवान शिव को अत्यंत प्रिय है। इस दिन जलाभिषेक और व्रत रखने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। सावन के पहले सोमवार पर उमड़ी यह अपार भीड़ इस बात का प्रमाण है कि पूरे महीने शहर में शिवभक्ति की यह बयार इसी तरह बहती रहेगी और आगामी दिनों में कांवड़ यात्रा के साथ यह उत्साह अपने चरम पर पहुंचेगा।
संभलहेड़ा स्थित श्री पंचमुखी महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
जानसठ। श्रावण मास के प्रथम सोमवार के अत्यंत पावन अवसर पर मीरापुर थाना क्षेत्र के ऐतिहासिक एवं प्राचीन गांव संभलहेड़ा स्थित श्री पंचमुखी महादेव मंदिर में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अलौकिक संगम देखने को मिला। सावन के पहले सोमवार का विशेष धार्मिक महत्व होने के कारण तड़के से ही भगवान आशुतोष के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।
भोलेनाथ के दर्शनों की लालसा में सुबह 4 बजे से ही मंदिर प्रांगण में भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, श्रद्धालुओं की संख्या में भारी इजाफा होता चला गया। पूरा मंदिर परिसर ष्हर-हर महादेवष्, जय शिव शंभू और बम-बम भोले के गगनभेदी जयघोषों से गूंज उठा, जिससे संपूर्ण वातावरण पूर्णतः शिवमय हो गया। दूर-दराज के क्षेत्रों और आसपास के ग्रामीण इलाकों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर अनुशासित तरीके से मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश किया। भक्तों ने अत्यंत श्रद्धाभाव एवं विधि-विधान के साथ भगवान पंचमुखी महादेव का गंगाजल व दूध से अभिषेक किया। शिवभक्तों ने भोलेबाबा को अत्यंत प्रिय बेलपत्र, धतूरा, भांग, शमी पत्र, पुष्प, फल और अक्षत अर्पित कर अपने परिवार की सुख-शांति, समृद्धि तथा पूरे क्षेत्र की खुशहाली व संपन्नता की मनोकामनाएं मांगीं। पूजा-अर्चना करने वालों में पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं, युवतियों और बच्चों में विशेष उत्साह देखा गया। सावन के प्रथम सोमवार पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए मीरापुर थाना पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए मंदिर परिसर और आसपास के मुख्य मार्गों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिसकर्मी लगातार गश्त कर हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर बनाए हुए थे, जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन करने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को सुगमता से दर्शन कराने और व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने में मंदिर प्रबंधन कमेटी के पदाधिकारियों और सेवादारों का विशेष योगदान रहा। कतारों को सुव्यवस्थित करने से लेकर पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं का ध्यान रखने में कमेटी के सदस्य दिनभर मुस्तैद रहे। इन विशेष व्यवस्थाओं को सफल बनाने में कृष्णपाल सैनी, अमित प्रजापति, जगपाल प्रजापति, शुभम पाल, राजू दीवान, सत्येंद्र कश्यप सहित मंदिर कमेटी के अन्य सदस्यों एवं समाजसेवियों का सराहनीय सहयोग रहा।
भारत विकास परिषद की कार्यकारिणी सभा का हुआ सफल आयोजन.
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।भारत विकास परिषद जिला मुजफ्फरनगर की जिला कार्यकारिणी सभा का सफल आयोजन स्थानीय ट्यूलिप रेस्टोरेंट, रेलवे रोड, मुज़फ्फरनगर में किया गया, जिसका संचालन जिला सह-समन्वयक अकुल अग्रवाल द्वारा किया गया। मंच सज्जा के उपरांत प्रांतीय अध्यक्ष आदरणीय सरल माधव जी, प्रांतीय महासचिव आदरणीय मुकेश चंद गुप्ता जी, प्रांतीय वित्तसचिव आदरणीय प्रवीण गुप्ता जी, प्रांतीय संयोजिका महिला सहभागिता आदरणीय श्रीमती आशा जैन जी, प्रांतीय उपाध्यक्ष आदरणीय अचिन कंसल जी, प्रांतीय प्रकल्प प्रभारी समूह गान आदरणीय श्री संजीव गुप्ता जी, प्रांतीय प्रकल्प प्रभारी भारत को जानो आदरणीय श्री पंकज अग्रवाल जी, प्रांतीय प्रकल्प प्रभारी संस्कृति सप्ताह श्री सुशील संगल जी तथा जिला कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन किया गया, जिसके पश्चात जिला महिला सहभागिता श्रीमती पूर्णिमा कांबोज एवं समृद्धि शाखा महिला सहभागिता श्रीमती पारुल गुप्ता द्वारा राष्ट्रगीत वन्दे मातरम् की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर क्षेत्रीय संयोजक पर्यावरण जगदीश पालीवाल जी, मुख्य अतिथि प्रांतीय अध्यक्ष सरल माधव जी, अति विशिष्ट अतिथि प्रांतीय महासचिव मुकेश चंद गुप्ता जी, प्रांतीय वित्तसचिव प्रवीण गुप्ता जी, प्रांतीय संयोजिका महिला सहभागिता श्रीमती आशा जैन जी, तथा प्रांतीय प्रकल्प प्रभारी भारत को जानो पंकज अग्रवाल जी, प्रांतीय प्रकल्प प्रभारी समूह गान संजीव गुप्ता जी, एवं प्रांतीय प्रकल्प प्रभारी संस्कृति सप्ताह सुशील संगल जी सहित सभी अतिथियों का पटका पहनाकर स्वागत किया गया तथा समयबद्धता को प्रोत्साहित करते हुए 7रू15 से 7रू30 बजे तक ड्रा के माध्यम से 2 समयबद्धता पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके उपरांत विभिन्न शाखाओं जैसे विराट, संकल्प, संगम, समृद्धि, सम्राट, विवेक, अमेठी, दिव्य, शक्ति और उदय के सचिवों द्वारा अप्रैल से जुलाई 2026 तक की चार माह की प्रगति रिपोर्ट (मासिक आख्या) दो प्रतियों में प्रस्तुत की गई, जिसके बाद उपस्थित अतिथियों एवं प्रांतीय पदाधिकारियों द्वारा सभा को बहुमूल्य मार्गदर्शन प्रदान किया गया, जिसमें निवर्तमान प्रांतीय अध्यक्ष, मार्गदर्शक, प्रांतीय संगठन सचिव, प्रांतीय दायित्वधारी एवं विभिन्न शाखाओं के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष, महिला सहभागिता उपस्थित रहे। सभा से पूर्व सभी सदस्यों के लिए चटपटी चाट की व्यवस्था रही और जिला समन्वयक विशाल शर्मा द्वारा चार माह में मुजफ्फरनगर की शाखाओं द्वारा जिला कार्यकारिणी के कार्यक्रमों में भाग लेने पर सभी का धन्यवाद करते हुए भविष्य में भी मिलजुलकर कार्य करने का निवेदन किया गया, तथा कार्यक्रम का समापन जिला मीडिया प्रभारी शरद ऐरन द्वारा राष्ट्रगान के साथ किया गया जिसके अंत में सभी ने सप्रेम रात्रिभोज का आनंद लिया।
होनहार छात्र कामरान अहमद को जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने किया प्रोत्साहित
मुजफ्फरनगर। सीबीएसई बोर्ड के फेज-2 परीक्षा परिणाम में मुजफ्फरनगर जनपद के सुजड़ू निवासी प्रतिभाशाली छात्र कामरान अहमद ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर एक नई उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे जिले का नाम गौरवान्वित किया है। माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल, मुजफ्फरनगर के छात्र कामरान अहमद ने अखिल भारतीय स्तर पर तीसरी रैंक तथा मुजफ्फरनगर जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त कर यह सिद्ध कर दिया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और परिश्रम निरंतर किया जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। उनकी इस शानदार उपलब्धि पर जिले में खुशी का माहौल है और विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक तथा प्रशासनिक क्षेत्रों से उन्हें लगातार बधाइयाँ मिल रही हैं।
इसी क्रम में आज मुजफ्फरनगर के जिलाधिकारी उमेश मिश्रा से कामरान अहमद ने मुलाकात की, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कामरान अहमद को सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा ही जीवन की सबसे बड़ी शक्ति है और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को अपनी सफलता को समाज और राष्ट्र की उन्नति से जोड़ते हुए निरंतर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कामरान अहमद को जीवन में निरंतर प्रगति करने, बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और अपनी मेहनत के बल पर नई ऊँचाइयाँ हासिल करने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया जाना न केवल कामरान अहमद के लिए गौरव का विषय है, बल्कि यह जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। कामरान अहमद की यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि मुजफ्फरनगर की धरती प्रतिभाओं से समृद्ध है और उचित मार्गदर्शन, अनुशासन तथा कठिन परिश्रम के बल पर यहां के छात्र राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर सकते हैं।


