तबादले के लिए परिषदीय विद्यालयों के 488 शिक्षकों ने किया आवेदन
मुजफ्फरनगर। सीएम योगी ने परिषदीय विद्यालयों के 54120 शिक्षकों के अंतरजनपदीय तबादले की मंजूरी दी है। शासन के निर्देश मिलने पर बेसिक शिक्षा विभाग ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। जनपद के 488 अध्यापकों और अध्यापिकाओं ने दूसरे जिले में स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन आवेदन किए हैं।
इनमें से 70 ने पारस्परिक तबादले के लिए आवेदन किए है। यदि काफी शिक्षकों के दूसरे जिले में तबादले हुए तो जिले के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों की कमी होगी। वैसे भी छात्र संख्या और विद्यालयों के अनुसार जिले में करीब 1200 शिक्षकों की कमी पहले से चल रही है।
सीएम योगी की अंतरजनपदीय तबादले मंजूर किए जाने की घोषणा से परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक सक्रिय हो गए है। कई सालों से अंतरजनपदीय तबादले नहीं हुए हैं।
दूसरे जिले के रहने वाले शिक्षक और खास कर शिक्षिकाएं अपने गृह जनपदों में तबादला चाहते है। गत वर्ष जनपद के ऐेसे 488 शिक्षक और शिक्षिकाओं ने विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किए थे।
इनमें से 70 शिक्षकों ने पारस्परिक तबादले (दो जिलो में एक दूसरे के स्थान पर शिक्षकों का स्थानांतरण) के लिए आवेदन किए थे।
बाद में यह प्रक्रिया रुक गई थी। जनपद में परिषदीय विद्यालयों की संख्या 1263 है, जिनमें 881 प्राथमिक विद्यालय और 382 उच्च प्राथमिक विद्यालय है। इन विद्यालयों में 3513 शिक्षक कार्यरत है, जिनमें प्राथमिक के 2542 और जूनियर के 971 शिक्षक, शिक्षिकाएं कार्यरत है। वर्तमान में परिषदीय विद्यालयों में 136244 बच्चे पंजीकृत हैं।
जिनके सापेक्ष जिले में करीब 1200 अध्यापकों की पहले से कमी चल रही है।
जिले में 36 एकल स्कूल, 35 में नहीं शिक्षक
मुजफ्फरनगर। जनपद में वर्तमान समय से 36 एकल विद्यालय संचालित है, जहां पर केवल एक ही शिक्षक नियुक्त है। इसके अलावा 35 विद्यालय शिक्षक विहीन है, जहां पर केवल शिक्षा मित्र ही नियुक्त है।
– शासन का आदेश मिलने पर शिक्षकों के तबादले से संबंधित प्रक्रिया शुरु कर दी गई है। हालांकि अभी तक एनआईसी लखनऊ से संचालित बीएसए का पॉर्टल बंद है। फिर भी मिले निर्देशों के अनुसार कार्य शुरु किया गया है। जनपदीय समिति की ओर से आवेदनों के सत्यापन का कार्य शुरु कराया जाएगा। पहले 28 सितंबर तक आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। – भीम सिंह, प्रभारी बीएसए
