वैश्विक

गाजियाबाद: पुलिस ने बीच चौराहे पर लगाए उपद्रवियों के पोस्टर

उत्तर प्रदेश में नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ हिंसक प्रदर्शन करनेवालों की पहचान के लिए पुलिस सख्त हो गई है। उनकी पहचान करने के लिए गाजियाबाद के लोनी में पोस्टर लगाए गए हैं। चौराहों पर लगे इन बड़े-बड़े पोस्टरों में उपद्रवियों की तस्वीरें हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे तस्वीरों में चिन्हित उपद्रवियों की पहचान कर उनकी जानकारी दें। 

 गाजियाबाद में शुक्रवार को नमाज के बाद हुए बवाल के बाद पुलिस-प्रशासन ने उत्पातियों को लेकर सख्त रूख अपना लिया है। अभी तक जिले के पांच थानों में 6000 लोगों के खिलाफ सात एफआईआर दर्ज की गई हैं। 135 से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है।

डीएम-एसएसपी ने शनिवार सुबह अधीनस्थों के साथ बैठक कर बवालियों के खिलाफ कार्रवाई की रणनीति तैयार की। एसपी सिटी मनीष मिश्र, एसपी देहात नीरज कुमार जादौन को बवालियों की पहचान कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसएसपी ने कहा कि अगर एक ही क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर बवाल काटा गया तो उनकी अलग से एफआईआर दर्ज की जाए। बवालियों पर किसी तरह की नरमी न बरती जाए।

पुलिस ने यह आश्वस्त किया है कि जानकारी देने वालों के नाम गुप्त रखे जाएंगे।  पोस्टरों पर उपद्रवियों की पहचान बताने वालों के लिए पुलिस के संपर्क सूत्र भी दिए गए हैं। पोस्टरों पर लोनी सीओ (9643322910) और लोनी एसएचओ (9643322925) के फोन नंबर दिए गए हैं। 

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 21485 posts and counting. See all posts by News-Desk