कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद डीएम-एसएसपी ने नईमंडी क्षेत्र का जायजा लिया
मुजफ्फरनगर। नई मन्डी मे युवक कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद नए हॉट स्पॉट नई मन्डी क्षेत्र को अधिकारियो की मौजूदगी मे सील कर दिया गया। डीएम-एसएसपी ने मौके पर पहुंच कर व्यवस्था का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला प्रशासन के अनुसार मुजफ्फरनगर में 14 कोरोना पाजिटीव केस थे जहां गत रात्रि नई मंडी क्षेत्र में एक पाजिटीव ओर आ जाने के बाद संख्या 15 हो गयी थी वहीं दूसरी ओर पांच कोरोना मरीजों की इलाज के बाद निगेटिव रिपोर्ट आ जाने से अब जनपद में कुल कोरोना पाजिटीवों की संख्या 10 शेष रह गयी है।
नगर के शेरनगर ओर किदवईनगर के बाद शहर के एक और नए हॉट स्पॉट बने नई मन्डी जानसठ रोड क्षेत्र की कालोनी को कोविड-19 सस्पेक्टिड मिलने के बाद सनसनी फैल गई थी।
सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार व सीओ नई मन्डी धनंजय कुश्वाहा की मौजूदगी मे नई मन्डी के जानसठ रोड के कई इलाको को सेनेटाइजेशन के बाद सील कर दिया गया। विदित हो कि बीती शाम इस इलाके मे प्रशासन को इसकी जानकारी मिलने के बाद इस इलाके मे हलचल बढती देखकर लोगो मे अचंभा था।
बाद मे सीएमओ डा.प्रवीण चोपडा ने एक कोराना पॉजिटिव मिलने की बात की पुष्टि करते हुए कहा कि इस मामले को लेकर इलाके मे आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी। कई दिनो की शांति के बाद नई मन्डी क्षेत्र मे कोरोना पॉजिटिव मिलना शहर के लिए एक बुरी खबर रही। शहर के सामान्य हालात होने की उम्मीद मे जुटे लोगो को बीती देर शाम के समय एक और कोरोना संदिग्ध मिलने के बाद झटका लगा।
सीएमओ की पुष्टि के बाद मैडिकल एक्टिविटी प्रारम्भ कर दी गई। प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग ने हरकत मे आने के साथ जांच मे परिवार के अन्य चार सदस्यो की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। संदिग्ध के मकान को सेनेटाइज करने के साथ ही पूरे इलाके मे सेनेटाइजेशन अभियान चलाया गया। अलमासपुर से लेकर जानसठ रोड तक इस पूरे इलाके को हॉट स्पॉट घोषित करने के साथ अधिकारियो की मौजूदगी मे उसे सील कर दिया गया। इस दौरान पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियो के अलावा रैपिड टीम भी मौके पर मौजूद रही। बताया जाता है कि इस इलाके मे संदिग्ध व्यक्ति के संपर्क मे आए लोगों की छानबीन शुरू कर दी गई है। ताकि इन लोगो के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा सकें। इस इलाके मे शहर के तमाम प्रमुख लोगो के भी आवास हैं। आज दोपहर के वक्त नई मन्डी जानसठ रोड पहुंची डीएम सेल्वा कुमारी जे. व एसएसपी अभिषेक यादव ने मौके पर मौजूद अधिकारियो से की जा रही व्यवस्थाओ का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

