समाचार
बाइक सवार युवक एवं महिला घायल
खतौली। बुआडा गाँव के पास सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक व एक महिला गम्भीर रूप से घायल हो गये राहगीरों ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस ने घायलों को एम्बुलेंस की मदद से खतौली सीएचसी में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार युवक गोल्डी पुत्र सरजीत व उसके साथ एक महिला सरविष्टा पत्नी बबलू बाइक से अपने गाँव रेहड़ा थाना भोपा जा रहे थे कि अचानक बाइक के आगे एक बकरी आ गयी जिस कारण बाइक अनियंत्रित हुई और दोनों बाइक सवार घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार हेतु चिकित्सालय में भर्ती कराया।
एसडीएम व सीओ ने ईदगाह का निरीक्षण किया
जानसठ। एसडीएम व सीओ ने ईद के त्यौहार के मद्देनजर ईदगाह का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ईद उल फित्तर के त्यौहार के दृष्टिगत एसडीएम जानसठ कुलदीप मीणा आई.ए.एस. व सीओ शकील अहमद ने ईदगाह का निरीक्षण कर अधिनस्थो को निर्देशित किया। इस दौरान नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी,इंस्पैक्टर योगेश शर्मा, सभासद आदि मौजूद रहे। अधिकारियो ने ईद के त्यौहार के मददेनजर उचित साफ-सफाई व्यवस्था के भी निर्देश दिए।
ईद-उल-फितर आज, की खरीदारी
मुजफ्फरनगर। ईद उल फितर के त्यौहार को लेकर मुस्लिम समाज के लोगो ने बाजारों मे खरीदारी की। इस दौरान नगर के विभिन्न बाजारों मे अच्छी-खासी भीड देखने को मिली। पुलिस दिनभर व्यवस्था बनवाती नजर आई।
पवित्र रमजान माह के आज आखिरी दिन तथा ईद उल फितर के त्यौहार के कारण नगर के विभिन्न बाजारों भगत सिह रोड, शिव चौक, कटहेरा मोचियान, तारा चन्द मार्किट आदि मे अच्छी खासी भीड रही। विदित हो कि करीब दो माह से लोग कोरोना से जंग जीतने मे लगे हुए थे। सब बाजार मार्केट बंद कर अपने घरो मे ही रह रहे थे। पर आज प्रशासन की और से दी गई छूट के कारण नागरिको ने विशेष तौर पर मुस्लिम समाज के लोगो ने जूते, कपडे तथा श्रंगार के सामान की खरीदारी की। वहीं कई जगह सोशल डिस्टेन्सिग की धज्जिया भी उडी।
वहीं दूसरी और डीएम सेल्वा कुमारी जे. व एसएसपी अभिषेक यादव के निर्देशो के चलते पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी बाजारों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं खास तौर पर सोशल डिस्टेंसिग के अनुपालन को सुनिश्चित कराते नजर आए। सिटी मजिस्टै्रट अतुल कुमार, एसडीएम सदर, सीओ सिटी हरीश भदौरिया, इंस्पैक्टर कोतवाली अनिल कप्परवान आदि मौजूद रहे।
झांसी की रानी पर ठेला लगाने को लेकर हुआ हंगामा, पुलिस मौके पर पहुंची
मुजफ्फरनगर। झांसी की रानी के समीप ठेले वालों में सुबह बाजार खुलने पर मारपीट हो गयी, जिसके चलते वहां अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और झगडे को शांत कराया। पुलिस इस मामले में कार्यवाही करने में जुटी थी।
जानकारी के अनुसार आज प्रातः के समय ठेले लगाने को लेकर ठेले वालों के बीच मामूली कहासुनी पर मारपीट हो गयी। वहां तमाशबीनों की भीड जमा हो गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया। इस दौरान ठेले वाले एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे थे, जिनका पुलिस समाधान कराने का प्रयास कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने कुछ ठेले वालों को हिरासत में लिया हुआ है।
चोरों ने हजारों रूपये का सामान चोरी किया
मंसूरपुर। मंसूरपुर स्थित स्वास्थ्य केन्द्र में लॉकडाउन के दौरान ही अज्ञात चोरों ने हाथ साफ करते हुए वहां रखा फ्रिज, बेंट्रा, इन्वर्टर और माइक सिस्टम समेत हजारों रूपये का सामान चोरी कर लिया। इस मामले की सूचना मिलने पर पुलिस विभाग में हडकम्प मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार लॉकडाउन के दौरान ही मंसूरपुर स्वास्थ्य केन्द्र में गत रात्रि अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। इस दौरान अज्ञात चोरों ने वहां रखा फ्रिज, बेंट्रा, इन्वर्टर और माइक सिस्टम चोरी कर लिया। इस बात का पता आज प्रातः के समय चला। मामले की जानकारी मंसूरपुर थाना पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हडकम्प मच गया। आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। थाना प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि चोरों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
गमगीन माहौल मे अंतिम विदाई दी
मुजफ्फरनगर। व्यापारी नेता की माताजी को गमगीन माहौल मे अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान क्षेत्र के गणमान्य लोग तथा समाजसेवी मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि नई मन्डी पटेल नगर निवासी एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश वरिष्ठ प्रचार मंत्री अनिल कंसल की माताजी श्रीमति सरला कंसल धर्मपत्नि स्व.रामकृष्ण कंसल लोहे वाले का बीती रात बीमारी के चलते आकस्मिक निधन हो गगया। इस दुखद खबर से नगर मे शोक छा गया। आज गमगीन माहौल के बीच स्व.सरला कंसल का नई मन्डी शमशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान वरिष्ठ सपा नेता गौरव स्वरूप,व्यापारी नेता संजय मित्तल, राजेन्द्र काटी, अजय अग्रवाल सीए, डा.अशोक अग्रवाल,डा.अजय अग्रवाल,डा.कमल गोयल,डा.विवेक,व्यापारी नेता अमित गर्ग, जुगल किशोर गोयल, कमल किशोर गोयल, नरेन्द्र मित्तल, सभासद विकास गुप्ता, सभासद विपुल भटनागर आदि मौजूद रहे। अंतिम संस्कार शासन द्वारा लागू लॉक डाउन नियमो के अनुसार किया गया।
ट्रैफिक पुलिस की कार्यवाही से रोष
मुजफ्फरनगर। व्यापारियो ने ट्रैफिक पुलिस की कार्यवाही पर रोष व्यक्त करते हुए अधिकारियो से उनकी समस्या पर गंभीरता से ध्यान देने की मांग की। कोरोना वायरस के प्रभाव के कारण तथा लॉकडाउन के पालन हेतु जिला पुलिस प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा नागरिको के स्वास्थ्य के दृष्टिगत भीड से बचने तथा अधिक से अधिक समय तक घर मे ही रहने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन ईद के त्यौहार तथा नागरिको की सुविधा को ध्यान मे रखते हुए प्रशासन द्वारा आज सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक बाजार खोलने की अनुमति दी गई। जिससे नागरिको तथा व्यापारियो ने राहत महसूस की। बताया जाता है कि आज दोपहर के वक्त चर्च के समीप स्थित भगवती मार्किट पहुंचे टै्रफिक पुलिसकर्मियो ने भगवती मार्किट के बाहर खडे वाहनो मे से कुछ वाहनो को अतिक्रमण का हवाला देते हुए क्रेन की मदद से उठवा लिया। जिससे बाजार मे खरीदारी करने आए ग्राहको मे हडकम्प मच गया। टै्रफिक पुलिस की इस कार्यवाही से व्यापारियो मे भी रोष बन गया।
मशीन फटने से मचा हडकंप
बुढाना। बुढाना स्थित शुगर मिल में आज उस समय बडा हादसा हो गया, जब शुगर मिल में सेंट्रीफ्यूअल मशीन अचानक फट गई। इस दौरान गनीमत यह रही कि वहां कोई कर्मचारी नहीं था, अन्यथा बडी अनहोनी भी हो सकती थी। कर्मचारियों ने बताया कि शुगर मिल में पहले भी इस तरह के बडे हादसे हो चुके हैं।
मिली जानकारी के अनुसार बुढाना के भैंसाना स्थित शुगर मिल में रात्रि के समय तेज आवाज के साथ अचानक सेंट्रीफ्यूअल मशीन फट गई, जिससे शुगर मिल में अफरा-तफरी मच गई। दौडकर आये कर्मचारियों ने देखा कि मशीन फटने के समय वहां कोई कर्मचारी नहीं था, जिस कारण उन्होंने राहत की सांस ली। कर्मचारियों का कहना है कि यदि मशीन फटने के समय वहां कोई कर्मचारी होता तो बडा हादसा भी हो सकता था। कर्मचारियों का यह भी कहना है कि शुगर मिल में पहले भी इस तरह के हादसे हो चुके हैं। उनका कहना है कि शुगर मिल की मशीन काफी पुरानी हो चुकी है, जिसके चलते आये दिन इस तरह का खतरा मंडराता रहता है।
ख़राब लाइटों की मरम्मत कराई 
मुजफ्फरनगर। पालिका अध्यक्ष श्रीमती अंजू अग्रवाल के निर्देश पर आज वार्ड संख्या २८, २९, ३६ व ३७ में ख़राब लाइट की मरम्मत करते हुए ठीक कराई गई। इसके अतिरिक्त वार्ड संख्या २० स्टेडियम के पास एवं पचेंडा रोड का मुख्य नाला साफ कराया गया कई स्थानों ना लो से निकली सिल्ट का निस्तारण डंपर एवं ट्रैक्टर ट्रॉली के माध्यम से निस्तारण कराया गया। लीकेज मरम्मत कार्य के साथ-साथ वार्ड संख्या ३० श्री सलेक चंद एवं वार्ड संख्या ८ मोहम्मद आबिद अली एवं वार्ड संख्या २ व ४ के मान्य सभासदगण श्रीमती सुनीता देवी पत्नी नरेश खटीक एवं सचिन कुमार के वार्ड में ठंडे पानी की मशीन को ठीक कराया गया। वार्ड संख्या ४० मोहम्मद सरफराज के वार्ड में पावर स्प्रे सैनिटाइजर का कार्य कराया गया। इसके अतिरिक्त नगर के विभिन्न मोहल्लों की छोटी गलियों में छोटी मशीन से मैनुअली सैनिटाइजर का कार्य कराया गया। नुमाइश ग्राउंड एवं क्वॉरेंटाइन सेंटरों पर शाम के समय फागिंग कार्य कराया गया। अभियान में डॉक्टर रविंद्र सिंह राठी नगर स्वास्थ्य अधिकारी, राजीव कुमार चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर, संजय पुंडीर, उमाकांत शर्मा सेनेटरी इंस्पेक्टरगण, गोपीचंद वर्मा पथ प्रकाश लिपिक के अलावा सफाई, सैनिटाइजर, लीकेज एवं फागिंग टीम सम्मिलित रही।
सोशल डिस्टेंसिंग के साथ शुरू हुआ कॉपी मूल्यांकन का कार्य
मुजफ्फरनगर। शासन के आदेशो का पालन करते हुए इंटरमीडिएट उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जा रहा है। राजकीय इंटर कॉलेज के प्रवक्ता नितिन कुमार ने बताया कि उनके यहां इंटरमीडिएट उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू हो चुका है जिसमें उन्होंने लॉक डाउन का पालन करते हुए सोशल डिस्टेंसिंग, फेस मास्क व सैनिटाइजर आदि इस्तेमाल करने का बखूबी ध्यान रखा है। ऐसा करने से न तो मूल्यांकन कार्य में कोई बाधा आएगी और न कोरोना का संक्रमण और बढ़ेगा।
साथ ही नितिन कुमार ने बताया कि जो भी अध्यापक मूल्यांकन के लिए आते हैं उनकी कॉलेज के गेट पर ही थर्मल स्कैनिंग की जाती है जिससे किसी के अंदर बीमारी का कोई लक्षण हो तो उसकी जानकारी तुरंत उपलब्ध हो सके और समय रहते उस व्यक्ति को उपचार मिल जाए।
गर्मी से लोग बेहाल, पारा पहुंचा 39 डिग्री के पार
मुजफ्फरनगर। जिले में गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। बीते चार दिनों से तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। रविवार को 39 डिग्री सेल्सियस रहा। ऐसे में दोपहर में हवा गरमी में लू बन कर शरीर को झुलसा रही है।
मई के महीने में गर्मी अपना प्रचंड रुप दिखाने लगी है। लगातार बारिश के चलते मई माह का पहला पखवाड़ा यहां गर्मी से अछूता ही रहा। लोगों को यह अहसास ही नहीं हुआ कि मई का महीना आ गया है। शुरू के 15 दिन बारिश में ही निकल गए।
बीते चार दिन से मौसम लगातार बदल रहा है और गर्मी बढ़ती जा रही है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आसपास चल रहा है। रविवार को यह 39 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान जो 15 मई तक 15 डिग्री के आस-पास ही रहा, वह अब लगातार बढ़ रहा है। एक सप्ताह 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के बाद रविवार को यह 25 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।
न्यूनतम तापमान के इतना बढ़ते ही लोग गर्मी से भी बेहाल दिखाई देने लगे हैं। बाजार में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों पर भीड़ देखने को मिली।

